PM मोदी के जन्मदिन पर दीप जलाने पर भूपेश के सवाल का डिप्टी सीएम अरुण साव ने दिया जवाब, बोले-
रायपुर। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिन पर लाखों दीप जलाए जाने पर पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल के सवाल उठाए जाने पर उप मुख्यमंत्री अरुण साव ने तीखा जवाब दिया है. उन्होंने कहा कि उन्हें जहां हिसाब मांगना है, वहां मांगें. 140 करोड़ जनता के आशीर्वाद के दीप जल रहे हैं. कांग्रेस का दिल जल रहा है तो जलता रहे. कांग्रेस को जनसेवा से कोई लेना-देना नहीं है.
उप मुख्यमंत्री अरुण साव ने मीडिया से चर्चा में कहा कि प्रधानमंत्री मोदी 25 साल से लगातार जनसेवा कर रहे हैं. एक भी दिन बिना छुट्टी लिए देश सेवा कर रहे हैं. 140 करोड़ जनता इस अवसर पर दीप जलाकर पीएम मोदी को आशीर्वाद देगी. वहीं कांग्रेस ने टिप्पणियों पर उन्होंने कहा कि जनता का प्यार देखकर कांग्रेस और ‘टुकड़े-टुकड़े गैंग’ के दिल जल रहे हैं. एक परिवार की चाकरी करने वाली पार्टी को जनता का प्यार-दुलार पसंद नहीं आएगा.
वहीं पीएम मोदी के जन्मदिन पर कांग्रेस के महंगाई बेरोजगारी दिवस मनाने पर अरुण साव ने कहा कि कांग्रेस का दिल जल रहा है, इसलिए उसे दिखाना चाह रहे हैं. महंगाई पर कांग्रेस प्रेसकॉन्फ्रेंस कर रही है. कांग्रेस को पाकिस्तान से बहुत प्रेम है. कांग्रेस का प्रेम बार-बार झलकता है. भूपेश बघेल और कांग्रेस पार्टी के लोग पाकिस्तान जरा हो आएं. पाकिस्तान में महंगाई का क्या हाल है, उन्हें समझ में आएगा. भारत में मोदी के कुशल अर्थ प्रबंधन के कारण दुनिया के तुलना में महंगाई नहीं है.
वहीं CGPSC की 2025 की परीक्षा में दस्तावेज सत्यापन और साक्षात्कार को स्थगित किए जाने पर डिप्टी सीएम ने कहा कांग्रेस पर निशाना साधते हुए कहा कि जिन्होंने षड्यंत्र करके पीएससी घोटाला किया. घोटाले के तार बड़े-बड़े लोगों से जुड़े रहे. उन्हें पीएससी के किसी भी भर्ती में घोटाले का आरोप लगाने के अधिकारी नहीं है. हमारी सरकार निष्पक्ष और पारदर्शी भर्ती के लिए प्रतिबद्ध है.
रावतपुरा फेस-2 में बिना लेआउट के 40 मकानों पर निगम के बुलडोजर चलने पर नगरीय प्रशासन मंत्री अरुण साव ने कहा कि निर्माण के दौरान ही अधिकारियों को सजग और अलर्ट रहना चाहिए. अवैध निर्माण पर अधिकारियों को शुरुआत में ही रोक लगानी चाहिए. जब भी अवैध निर्माण की जानकारी मिली, जांच कर कार्रवाई हुई. अवैध निर्माण होने ही न पाए इसकी अधिकारियों को चिंता करनी चाहिए.