महतारी वंदन योजना पर राजनीति गरम, उपमुख्यमंत्री अरुण साव ने कांग्रेस को घेरा
रायपुर। छत्तीसगढ़ में इन दिनों महतारी वंदन को लेकर सियासत जारी है। छत्तीसगढ़ के उपमुख्यमंत्री अरुण साव ने प्रदेश में शराब और महतारी वंदन योजना को लेकर कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष दीपक बैज के बयानों पर पलटवार किया है। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार की जनहितैषी योजनाओं से कांग्रेस के पेट में दर्द हो रहा है।
जनता अब कांग्रेस के बहकावे में नहीं आने वाली
सरगुजा में शराब को लेकर महिलाओं के प्रदर्शन पर दीपक बैज के बयान पर अरुण साव ने कहा कि कांग्रेस की सरकार में घर-घर शराब पहुंचाई गई, पूरे प्रदेश को नशे का अड्डा बना दिया गया और बड़ा शराब घोटाला हुआ। आज जब हमारी सरकार में 70 लाख महिलाओं को महतारी वंदन योजना का लाभ मिल रहा है और वे आर्थिक रूप से सक्षम हो रही हैं, तो कांग्रेस को परेशानी हो रही है। उन्होंने साफ किया कि 18 लाख परिवारों को पीएम आवास का लाभ मिला है और प्रदेश की जनता अब कांग्रेस के बहकावे में नहीं आने वाली।
कांग्रेस नेताओं की एकजुटता पर कसा तंज
डिप्टी सीएम अरुण साव ने सूरजपुर में कांग्रेस नेताओं की एकजुटता पर तंज कसते हुए कहा कि कांग्रेस के नेता कभी आम जनता के मुद्दों पर खड़े नहीं होते, वे हमेशा खामोश रहते हैं। साव ने आरोप लगाया कि कांग्रेसी सिर्फ अपराधियों के लिए ही एकजुट होते हैं। यही वजह है कि प्रदेश की जनता ने इन्हें पूरी तरह नकार दिया है। उन्होंने आगे कहा कि कांग्रेस जिसके लिए आंदोलन कर रही थी, उसके खिलाफ आर्म्स एक्ट जैसी गंभीर धाराओं में अपराध दर्ज है।
महंत की टिप्पणी पर जताया आक्रोश
जगद्गुरु रामभद्राचार्य पर कांग्रेस से जुड़े महंत की टिप्पणी पर आक्रोश जताते हुए उपमुख्यमंत्री ने कहा कि हिंदू देवी-देवताओं और संत-महात्माओं के खिलाफ टिप्पणी करना कांग्रेस की पुरानी आदत बन चुकी है। इससे उनका सनातन विरोधी चेहरा बार-बार उजागर होता है। साव ने खुली चुनौती देते हुए कहा, अगर कांग्रेस में हिम्मत है, तो किसी अन्य धर्म के संत के खिलाफ बोलकर दिखाएं। इस तरह की अमर्यादित टिप्पणी बेहद दुर्भाग्यजनक है और इसका अधिकार किसी को नहीं है।
एक्सप्रेसवे को ट्रैफिक के लिए खोलने पर दिया बयान
एक्सप्रेसवे को ट्रैफिक के लिए खोले जाने के सवाल पर अरुण साव ने कहा कि यह पूरा मामला सरकार के संज्ञान में है और इसकी गहन जांच की जा रही है। जांच रिपोर्ट के आधार पर उचित निर्णय लेकर कार्रवाई की जाएगी।
विधायक और तहसीलदार के बीच मारपीट पर बोले
वहीं, सीतापुर विधायक रामकुमार टोप्पो और तहसीलदार के बीच हुए विवाद और मारपीट के मामले पर डिप्टी सीएम ने संभलकर बयान देते हुए कहा कि इस मामले की जांच की जा रही है, जांच पूरी होने के बाद ही पूरी स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।