राहुल गांधी की पहल पर छत्तीसगढ़ में छात्रों से संवाद करेगी कांग्रेस, चार संभागों में होंगे कार्यक्रम
जगदलपुर। कांग्रेस पार्टी लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी के नेतृत्व में देशभर में छात्रों की गूंज कार्यक्रम आयोजित कर रही है। इसी कड़ी में अब छत्तीसगढ़ के चार और संभागों में भी इस कार्यक्रम का आयोजन किया जाएगा। इसकी जानकारी छत्तीसगढ़ प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष दीपक बैज ने दी।
दीपक बैज ने कहा कि NEET पेपर लीक के मामले से लेकर छात्रों की समस्याओं पर सीधे संवाद करने के लिए कांग्रेस ने इस कार्यक्रम का आयोजन किया है। इसके तहत आने वाले समय में छत्तीसगढ़ के चार संभागों रायपुर, दुर्ग, सरगुजा और बस्तर में यह कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा।
उन्होंने बताया कि छत्तीसगढ़ में पहले बिलासपुर संभाग में 12 जुलाई को यह कार्यक्रम आयोजित किया गया था। वहीं आने वाले समय में अन्य चार संभाग में इस कार्यक्रम के माध्यम से छात्रों से सीधे संवाद किया जाएगा,जिसके लिए प्रदेश कांग्रेस कमेटी तैयारी शुरू कर दी गई है।