प्रदेश
बीजापुर-सुकमा के सक्रिय माओवादियों ने तेलंगाना में किया आत्मसमर्पण, 16 महिला सहित 64 नक्सलियों ने डाला हथियार…
रायपुर। छत्तीसगढ़ के 64 नक्सलियों ने आज तेलंगाना पुलिस के समक्ष आत्मसमर्पण किया है. ये नक्सली बस्तर संभाग के सुकमा और बीजापुर जिलों के अलग-अलग बटालियन के सदस्य थे. आत्मसमर्पित नक्सलियों में से 16 महिलाएं हैं. इन सभी माओवादियों ने आज एक साथ समाज के मुख्यमार्ग पर लौटने का फैसला किया है. सभी ने पुलिस मुख्यालय में ऑपरेशन कार्यक्रम के हिस्से के रूप में मल्टी जोन-1 आईजीपी चंद्रशेखर रेड्डी के सामने आत्मसमर्पण किया है.
बता दें, माओवादी पार्टी के नाम पर, आदिवासी क्षेत्रों के विकास को रोकने की कोशिश की जाती है. इससे तंग आकर बीते 3 महीनों में 122 माओवादी सदस्यों ने आत्मसमर्पण किया है. डवीसीएम, एसीएम, मिलीशिया सदस्य, पार्टी सदस्य, पीपीसीएम की 16 महिलाओं सहित कुल 64 नक्सलियों ने आज सामाज से जुड़ कर विकास में सहयोग देने के उद्देश्य से आत्मसमर्पण किया है. इनके पुनर्वास के लिये सरकार ने राज्यों में पुनर्वास योजना के तहत उन्हें नई जिंदगी जीने का एक मौका देती है.
तेलंगाना पुलिस ने आज आत्मसमर्पण करने वाले सभी नक्सलियों को 25- 25 हजार रुपये नकद प्रोत्साहन राशि दी है. इस दौरान रेंज आईजी चंद्रशेखर रेड्डी , एसपी रोहित राज, अन्य पुलिस अधिकारी मौजूद रहे.
चैतन्य बघेल से पूछताछ को लेकर पूर्व मुख्यमंत्री का बड़ा बयान, बोले- मीडिया हाइप क्रिएट कर रही ED, नहीं मिला कोई भी नोटिस
रायपुर। छत्तीसगढ़ में चैतन्य बघेल से प्रवर्तन निदेशालय की पूछताछ मामले पर पूर्व सीएम भूपेश बघेल का बड़ा बयान सामने आया है. दरअसल, बीते दिनों पूर्व सीएम भूपेश बघेल के घर पर ईडी ने दबिश दी थी. जिसके बाद से राजनीतिक माहौल गर्म है. कार्रवाई में भूपेश बघेल के घर से कैश और दस्तावेज मिले थे. खबरों के मुताबिक इस दस्तवेजों की जानकारी के संबंध में ईडी आज चैतन्य बघेल से पूछताछ करने वाली थी.
पूरे मामले पर पूर्व सीएम भूपेश बघेल ने बड़ा बयान देते हुए कहा कि ईडी की ओर से किसी भी तरह का नोटिस नहीं दिया गया है. वहीं उन्होंने केंद्रीय एजेंसी प्रवर्तन निदेशालय पर मीडिया हाइप क्रिएट करने का गंभीर आरोप लगाया है. इसके साथ ही उन्होंने कहा कि किसी भी नेता को बदनाम करने का ये भाजपा का षड्यंत्र है.
14 ठिकानों पर ईडी की टीम ने दी दबिश
बता दें कि भूपेश बघेल के निवास पर ED की टीम ने 10 मार्च को छापा मारा था. ED की टीम ने भिलाई स्थित भूपेश बघेल के आवास सहित चैतन्य बघेल के घर और प्रदेशभर में कुल 14 ठिकानों पर दबिश दिया था.
कई महत्वपूर्ण दस्तावेज किए गए जब्त
सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार पूर्व सीएम भूपेश बघेल के घर से 6 अलग-अलग मोबाइल फोन के डिटेल्स खंगाले गए थे. इसके अलावा डिजिटल ट्रांजेक्शन के हिसाब भी ईडी के अफसर निकाला था. साथ ही कई महत्वपूर्ण दस्तावेजों का जब्त भी किया था.
बता दें कि ईडी की टीम ने पूर्व मुख्यमंत्री के घर से 33 लाख रुपए जब्त किए थे. जिसका खुलासा खुद भूपेश बघेल ने किया था.
छत्तीसगढ़ में भीषण गर्मी का प्रकोप जारी, 40 डिग्री से ऊपर चढ़ा पारा, जानिए कैसा होगा आज मौसम…
रायपुर। छत्तीसगढ़ में मार्च महीने की शुरुआत से ही गर्मी ने अपना असर दिखाना शुरू कर दिया है. शुक्रवार को प्रदेश के राजनांदगांव में अधिकतम तापमान 40.5 डिग्री सेल्सियस और अंबिकापुर में रात का सबसे कम तापमान 14.4 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया. वहीं रायपुर और बिलासपुर में भी लू जैसे हालात देखने को मिले.
मौसम विभाग के अनुसार, अगले 2 दिन प्रदेश के तापमान में कोई खास बदलाव की संभावना नहीं है. हालांकि कल यानि 16 मार्च को दुर्ग, खैरागढ़-छुईखदान, राजनांदगांव, रायपुर और गौरेला-पेंड्रा-मरवाही में हल्की बारिश की संभावना जताई जा रही है.
रायपुर में आज भी 40 डिग्री के आसपास रहेगा पारा:
रायपुर, बिलासपुर, दुर्ग, सरगुजा और बस्तर संभाग के जिलों में अधिकतम तापमान सामान्य से अधिक चल रहा है. मौसम विभाग के मुताबिक, आसमान साफ होने के कारण सूरज की धूप सीधे जमीन पर आ रही है, जिससे दिन में गर्मी बढ़ गई है.
रायपुर में आज अधिकतम तापमान 40 डिग्री और न्यूनतम तापमान 25 डिग्री के आसपास रहने का अनुमान है. शुक्रवार को रायपुर में पारा 39.8 डिग्री तक पहुंचा था, जो नॉर्मल से 5.1 डिग्री अधिक था. न्यूनतम तापमान भी 24.5 डिग्री रहा, जो औसत से 3.7 डिग्री ज्यादा था.
मुख्यमंत्री जशपुर जिले के टाटीडांड में सनातन समाज के अनुष्ठान में हुए शामिल, प्रदेशवासियों को दी होली की शुभकामनाएँ
रायपुर। होली के पावन अवसर पर मुख्यमंत्री विष्णु देव साय अपनी धर्मपत्नी कौशल्या साय के साथ जशपुर जिले के कांसाबेल विकासखंड स्थित ग्राम टाटीडांड पहुँचे, जहाँ उन्होंने सनातन समाज के दुर्गा देवी संत समाज द्वारा आयोजित वार्षिक अनुष्ठान में भाग लिया। इस दौरान मुख्यमंत्री ने भगवान राधा-कृष्ण की पूजा-अर्चना कर प्रदेशवासियों के सुख, समृद्धि और खुशहाली की कामना की।
कार्यक्रम में गुरु महाराज स्व. धनपति पंडा के पुत्र सहदेव पंडा की विशेष उपस्थिति रही। यह अनुष्ठान हर वर्ष फाल्गुन माह में होली के पावन पर्व पर आयोजित किया जाता है, जिसमें मुख्यमंत्री श्री साय अनेक वर्षों से शामिल होते रहे हैं।
होली भाईचारे और खुशियों का पर्व – मुख्यमंत्री
मुख्यमंत्री श्री साय ने सभी को होली की हार्दिक शुभकामनाएँ देते हुए कहा कि होली केवल रंगों का नहीं, बल्कि प्रेम, सौहार्द्र और भाईचारे का पर्व है। उन्होंने कहा कि टाटीडांड में सनातन समाज द्वारा आयोजित यह अनुष्ठान परंपराओं और सांस्कृतिक मूल्यों को संजोए रखने का माध्यम है, जिससे समाज में समरसता बनी रहती है।
शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं से प्रदेश में विकास की नई रफ्तार
मुख्यमंत्री श्री साय ने इस अवसर पर राज्य सरकार की प्रमुख जनकल्याणकारी योजनाओं का उल्लेख करते हुए कहा कि प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत 18 लाख परिवारों को आवास उपलब्ध कराए जा रहे हैं। किसानों से देश में सर्वाधिक मूल्य पर धान खरीदी की जा रही है, जिससे कृषि समृद्ध हो रही है। महतारी वंदन योजना के तहत 70 लाख महिलाओं को हर माह ₹1000 की सहायता राशि दी जा रही है, जिससे महिलाओं के आर्थिक सशक्तिकरण को बढ़ावा मिल रहा है।
महाशिवपुराण कथा के लिए आमंत्रण
मुख्यमंत्री श्री साय ने कहा कि 21 मार्च से 27 मार्च तक कुनकुरी विकासखंड में देश के सबसे बड़े प्राकृतिक शिवलिंग स्थल मधेश्वर पहाड़ के समीप महाशिवपुराण कथा का आयोजन किया जा रहा है। इस दौरान प्रसिद्ध कथा वाचक पंडित प्रदीप मिश्रा कथा का वाचन करेंगे। मुख्यमंत्री श्री साय ने प्रदेशवासियों से इस दिव्य आयोजन में भाग लेने का आग्रह किया।
मुख्यमंत्री श्री साय की धर्मपत्नी कौशल्या साय ने भी होली की शुभकामनाएं देते हुए अपने अनुभव साझा किए। उन्होंने कहा कि इस तरह के आयोजन सामाजिक एकता को मजबूत करते हैं और लोगों में आध्यात्मिक ऊर्जा का संचार करते हैं। इस अवसर पर सनातन समाज के श्रद्धालु और स्थानीय ग्रामीण बड़ी संख्या में उपस्थित थे।
पूर्व CM के बेटे चैतन्य आज ED दफ्तर में होंगे पेश, शराब घोटाला मामले में ईडी करेगी पूछताछ…
रायपुर। पूर्व सीएम भूपेश बघेल के बेटे चैतन्य बघेल आज ईडी दफ्तर में पेश होंगे. वे ईडी को सोमवार को की गई छापेमारी में मिले दस्तावेजों की जानकारी देंगे. बता दें, 10 मार्च को ईडी ने पूर्व सीएम भूपेश बघेल के निवास सहित एक दर्जन से अधिक ठिकानों पर छापेमारी की थी. रेड कार्रवाई में मिले 33 लाख रुपये और कुछ दस्तावेज, जिसमें मंतूराम केस की पेन ड्राइव भी शामिल है, ईडी अपने साथ ले गई. इसके बाद छत्तीसगढ़ शराब घोटाला मामले में ईडी ने चैतन्य बघेल को समन भेजा था.
मुख्यमंत्री श्री साय ने गृह ग्राम बगिया में मनाई होली, कुलदेवता की पूजा कर आम लोगों संग खेली रंगों की होली
जशपुर। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने अपने गृह ग्राम बगिया में पारंपरिक रीति-रिवाज के साथ होली का पर्व धूमधाम से मनाया. उन्होंने सबसे पहले अपने कुलदेवता की पूजा-अर्चना की, इसके बाद परिवार, स्थानीय लोगों और कार्यकर्ताओं के साथ रंग-गुलाल खेलते हुए होली की खुशियां साझा कीं.

इस दौरान पत्रकारों से चर्चा करते हुए सीएम विष्णुदेव साय ने कहा कि आज होली का त्योहार है. मैं सबसे पहले समस्त छत्तीसगढ़वासियों को होली की बहुत-बहुत बधाई और शुभकामनाएं देता हूं. यह रंगों और भाईचारे का त्योहार है, जिसे सभी को मिलजुलकर हंसी-खुशी के साथ मनाएं.
सीएम साय ने आगे कहा कि होली बुराई पर अच्छाई की जीत का प्रतीक है. हमें मन से हर तरह की बुराई को त्याग कर आपसी मतभेदों को भुलाना चाहिए. यदि किसी से कोई छोटा-मोटा मनमुटाव है, तो उसे भुलाकर नए सिरे से दोस्ती बढ़ा कर आगे जीवन जिएं. यह ऐसा ही त्योहार है.
रंगों में डूबा छत्तीसगढ़, सीएम साय, डिप्टी सीएम, पूर्व सीएम समेत अन्य नेताओं ने दी होली की शुभकामनाएं
रायपुर। प्रदेशभर में होली का उल्लास छाया हुआ है. बच्चे, युवा और बुजुर्ग सभी रंगों के इस पावन पर्व में गुलाल और अबीर से सराबोर नजर आ रहे हैं. इस उत्साह में जनप्रतिनिधि भी पीछे नहीं हैं और उन्होंने एक्स (पूर्व में ट्विटर) के माध्यम से प्रदेशवासियों को शुभकामनाएं दी हैं और अपने संदेश साझा किए हैं. मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय, रायपुर सांसद बृजमोहन अग्रवाल, उपमुख्यमंत्री अरुण साव और विजय शर्मा, पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल, विधानसभा अध्यक्ष डॉ. रमन सिंह, मंत्री ओपी चौधरी, प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष दीपक बैज और नेता प्रतिपक्ष डॉ. चरण दास महंत सहित कई नेताओं ने होली की बधाइयां दीं और लोगों से सौहार्द और भाईचारे के साथ त्योहार मनाने की अपील की.
सीएम विष्णुदेव साय ने गृहग्राम में मनाई होली
मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने अपने गृहग्राम बगिया में होली का पर्व धूमधाम से मनाया. उन्होंने ट्वीट कर लिखा ‘गृहग्राम बगिया में होली की धूम है. क्षेत्र से आए लोगों से आत्मीय मुलाकात की एवं रंग-गुलाल लगाकर प्रेम और उमंग के पावन पर्व होली की बधाई एवं शुभकामनाएं दीं.”

सीएम साय ने ग्राम टाटीडांड में सपत्नी भगवान राधाकृष्ण की पूजा-अर्चना कर प्रदेशवासियों की खुशहाली और समृद्धि की कामना की. इसके बाद दुर्गा देवी संत समाज द्वारा आयोजित अनुष्ठान में शामिल हुए और वहां मौजूद लोगों को होली की शुभकामनाएं दीं. इस अवसर पर स्व. गुरु जी धनपति पंडा के पुत्र सहदेव पंडा और बड़ी संख्या में आमजन उपस्थित रहे.
सांसद बृजमोहन अग्रवाल ने दी होली की बधाई
सांसद बृजमोहन अग्रवाल ने एक्स पर कहा कि सभी प्रदेश और देशवासियों को रंगों से भरी, खुशियों से सजी, प्रेम और उल्लास से ओतप्रोत होली की अनंत शुभकामनाएं! रंगों का यह पावन त्योहार आपके जीवन में सुख, समृद्धि और सौहार्द के नए रंग भरे. प्रेम और भाईचारे की फुहार हर घर में बहती रहे. होलिका दहन कर बुराइयों का अंत करें.
डिप्टी सीएम अरुण साव और विजय शर्मा ने दी बधाई
डिप्टी सीएम अरुण साव ने एक्स पोस्ट कर कहा, प्रेम और सौहार्द की भावनाओं को विविध रंगों में अभिव्यक्त करने वाले पर्व होली की समस्त प्रदेशवासियों को हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं.
वहीं डिप्टी सीएम विजय शर्मा ने अपने संदेश में लिखा, रंग, उमंग, प्रेम, उल्लास और सामाजिक समरसता के महापर्व होली की प्रदेश वासियों को हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं! आप सभी का जीवन खुशियों के विविध रंगों से परिपूर्ण हो, समाज सुख, शांति और सद्भावना के आत्मीय रंगों से सराबोर हो, यही कामना है.
पूर्व सीएम भूपेश बघेल ने खेली होली
पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने घर वालों के साथ होली खेलते हुए तस्वीर साझा कर लिखा, ‘होली के रंग, अपनों के संग’. ‘उत्साह, उमंग और रंगों के त्यौहार ‘होली’ की सभी देश एवं प्रदेशवासियों को हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं. रंगोत्सव का यह त्यौहार आप सभी के जीवन में खुशियों के रंग भरे, ऐसी कामना करता हूं’.

विधानसभा अध्यक्ष डॉ. रमन सिंह का संदेश
विधानसभा अध्यक्ष डॉ. रमन सिंह ने ट्वीट कर कहा, रंगोत्सव के पावन पर्व होली की सभी प्रदेशवासियों को हार्दिक शुभकामनाएं. यह रंगों का उत्सव हमें सौहार्द, भाईचारे और एकता का संदेश देता है. आइए, इस होली को सद्भाव, सम्मान और उल्लास के साथ मनाएँ. सुरक्षित, स्वच्छ और आनंदमयी होली खेलें.
मंत्री ओपी चौधरी, पीसीसी चीफ बैज और नेता प्रतिपक्ष ने दी शुभकामनाएं
मंत्री ओपी चौधरी ने रायगढ़ स्थित निवास कार्यालय में होली मिलन समारोह का आयोजन किया और लोगों के साथ गुलाल लगाकर होली का जश्न मनाया. उन्होंने ट्वीट कर लिखा, रंगों का ये प्यारा त्योहार, लाए जीवन में बहार. होली मिलन, निवास कार्यालय, रायगढ़. आज रायगढ़ निवास कार्यालय में प्रियजनों के साथ रंगों के पर्व होली के शुभ अवसर पर प्रेम, उल्लास और स्नेह के रंगों से सराबोर माहौल. आप सभी को होली की हार्दिक शुभकामनायें.
कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष दीपक बैज ने ट्वीट कर लिखा, रंगों के उत्सव होली की आप सभी को हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं! यह पावन पर्व आपके जीवन में प्रेम, उल्लास और सौहार्द के रंग भर दे. मंगलमय होली!
नेता प्रतिपक्ष डॉ. चरण दास महंत ने ट्वीट कर प्रदेशवासियों को होली की बधाई देते हुए कहा, ‘रंग, उमंग, प्रेम, उल्लास और सामाजिक समरसता के महापर्व होली की आप सभी को हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं. ईश्वर से प्रार्थना है कि आप सभी का जीवन खुशियों के विविध रंगों से परिपूर्ण हो, और सुख, शांति और सद्भावना के आत्मीय रंगों से सराबोर हो.’
होली के रंग में रंगे केंद्रीय राज्य मंत्री तोखन साहू: पहले खुद बजाय नगाड़ा, फिर फाग गीतों पर जमकर झूमे, देखें वीडियो
लोरमी। रंगों का त्योहार होली पूरे देश में धूमधाम से मनाया जा रहा है। प्रदेश में भी लोग उत्साह के साथ रंग-गुलाल में सराबोर होकर एक-दूसरे से गले मिलते हुए पर्व की बधाइयां देते नजर आ रहे हैं। मुंगेली जिले के लोरमी स्थित अपने गृहग्राम डिंडौरी में केंद्रीय राज्य मंत्री तोखन साहू ने पारंपरिक अंदाज में होली का जश्न मनाया।
बता दें कि त्योहार की मस्ती में सराबोर मंत्री साहू ने फाग गीत टोली के साथ मिलकर जमकर नृत्य किया और खुद नगाड़ा बजाते नजर आए। उनके इस अनोखे अंदाज की अब हर ओर चर्चा हो रही है। गांव के लोगों ने भी उत्साहपूर्वक उनके साथ होली खेली और एक-दूसरे को गुलाल लगाकर शुभकामनाएं दीं।
तोखन साहू ने इस दौरान देशवासियों को होली की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि “यह पर्व आपसी प्रेम, भाईचारे और हमारी सांस्कृतिक विरासत को सहेजने का प्रतीक है।” उन्होंने आगे कहा कि “हम अपने पूर्वजों की परंपराओं को निभाते हुए नगाड़े की धुन पर होली मना रहे हैं, और यह त्योहार हमें एकता और सौहार्द का संदेश देता है।”
देखें वीडियो
लोरमी सहित पूरे क्षेत्र में हर्षोल्लास के साथ यह पर्व मनाया जा रहा है। लोग ढोल-नगाड़ों की थाप पर झूमते दिखे और एक-दूसरे को अबीर-गुलाल लगाकर बधाई दी। इस रंगीन माहौल ने होली की खुशियों को और भी खास बना दिया।
प्रेम, सौहार्द और भाईचारे के रंग सबसे अनमोल: मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने प्रदेशवासियों को होली की दी हार्दिक शुभकामनाएं
रायपुर। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने प्रदेशवासियों को रंगों और उल्लास के महापर्व होली की हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएँ दी हैं। उन्होंने इस पावन अवसर पर सभी नागरिकों के जीवन में सुख, समृद्धि, आनंद और परस्पर प्रेम की कामना की है।
मुख्यमंत्री श्री साय ने कहा कि होली केवल रंगों का उत्सव नहीं, बल्कि यह हमारे जीवन में नई ऊर्जा और सकारात्मकता का संचार करने वाला पर्व है। यह त्यौहार हमें सिखाता है कि जीवन में प्रेम, सौहार्द और भाईचारे के रंग सबसे अनमोल हैं।
मुख्यमंत्री श्री साय ने कहा कि होली का त्यौहार सदियों से भारतीय संस्कृति का एक अभिन्न अंग रहा है, जहां भेदभाव मिट जाते हैं, और लोग आपसी स्नेह, उल्लास और उमंग के रंगों में घुल-मिल जाते हैं। यह पर्व हमें बुराई पर अच्छाई की विजय, प्रेम की जीत और समाज में सौहार्द्र को और मजबूत करने का संदेश देता है।
मुख्यमंत्री श्री साय ने सभी प्रदेशवासियों से आग्रह किया कि हम सभी होली के पावन पर्व को प्रेम, सौहार्द और आनंद के साथ मनाएं, एक-दूसरे के जीवन में खुशियों के रंग भरें और छत्तीसगढ़ की समरसता और एकता को और अधिक सशक्त बनाएं।
बेरंग रहेगा बर्खास्त सहायक शिक्षकों की होली, समायोजन की मांग को लेकर धरना जारी
रायपुर। छत्तीसगढ़ बर्खास्त सहायक शिक्षकों की होली इस बार बेरंग है. समायोजन की मांग को लेकर बर्खास्त बीएड प्रशिक्षित सहायक शिक्षकों का प्रदर्शन तूता धरना स्थल में जारी है. कल सभी धरना स्थल पर ही होली मनाएंगे. बता दें कि हाईकोर्ट के आदेश पर 2600 से ज़्यादा सहायक शिक्षकों को बर्खास्त किया गया है. बर्खास्त के बाद समयोजन के लिए सरकार ने कमेटी का गठन किया है, इस पर भी अब आंदोलनकारी बीएड अभ्यर्थी सवाल उठा रहे.
बीएडधारी बर्खास्त सहायक शिक्षक अमित शर्मा ने कहा, हम बीएड प्रशिक्षित सहायक शिक्षक अत्यधिक असमंजस और अनिश्चितता के दौर से गुजर रहे हैं. 2023 में लोक शिक्षण संचालनालय द्वारा जारी विज्ञापन (दिनांक 4 मई 2023) के सहायक शिक्षक के पद पर हमारा चयन हुआ. वर्तमान में उच्च न्यायालय की याचिका क्रमांक 3541/2023 एवं अवमानना प्रकरण 970/2024 के परिपालन में हमारी सेवाएं समाप्त की जा चुकी है, जिससे हमारी सामाजिक और आर्थिक स्थिरता भी गहराई से प्रभावित हो रही है.
उन्होंने कहा, लगभग 2,897 सहायक शिक्षकों के भविष्य पर गंभीर संकट उत्पन्न हो गया है. विभाग द्वारा प्रचलित कार्यवाही के बाद हम बीएड अहर्ताधारी सहायक शिक्षकों के भविष्य को देखते हुए प्रभावित अभ्यर्थी की ओर से मुख्य सचिव, छत्तीसगढ़ शासन की अध्यक्षता में गठित अंतर्विभागीय समिति को समायोजन से संबंधित अभ्यावेदन भेजा किया जा चुका है. इसके बाद 28 जनवरी एवं 27 फरवरी को समिति और सरकार को ज्ञापन सौंपकर त्वरित निर्णय लेने के लिए आग्रह किया गया है. वर्तमान में 11 मार्च 2025 को मुख्य सचिव, छत्तीसगढ़ शासन एवं सचिव, स्कूल शिक्षा विभाग से सार्थक बैठक कर समायोजन के लिए प्रस्तुत हमारे अभ्यावेदन पर समिति के कार्यकाल को समयबद्ध करने और शीघ्र रिपोर्ट प्रस्तुत करने का आग्रह किया था. हालांकि अब तक इस संबंध में कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई है.
अमित शर्मा ने कहा, हम सहायक शिक्षक वर्तमान में बस्तर और सरगुजा संभाग के सुदूर अंचलों में डेढ़ वर्ष से अपनी सेवा दे रहे थे. हमारी भर्ती तत्कालीन राज्यपाल द्वारा अनुमोदित छत्तीसगढ़ राज्य भर्ती नियम 2019 के तहत हुई थी. हम सभी ने व्यापम की परीक्षा उत्तीर्ण कर मेरिट में स्थान प्राप्त किया है. 3000 चयनित सहायक शिक्षकों में लगभग 71% अनुसूचित जनजाति (ST) और अनुसूचित जाति (SC) समुदाय से आते हैं जनहित में समायोजन की मांग को लेकर हमने 14 दिसंबर 2024 को सरगुजा से रायपुर तक 350 किमी की पैदल यात्रा की. इस यात्रा में लगभग 2000 सहायक शिक्षक एवं शिक्षिकाएं अपने बच्चों सहित कड़कड़ाती ठंड और जंगली जानवरों के खतरे की परवाह किए बिना सम्मिलित हुए. 19 दिसंबर 2024 से हमने अनिश्चितकालीन धरना प्रारंभ किया, जो आचार संहिता लागू होने के कारण स्थगित करना पड़ा. हालांकि 1 मार्च 2025 से यह धरना फिर प्रारंभ कर दिया गया है. जब तक समायोजन की हमारी मांग पूरी नहीं होती, हम इस आंदोलन को निरंतर जारी रखने के लिए बाध्य हैं.
बीएडधारी अभ्यर्थियों की ये हैं मांगें
-
अंतर्विभागीय समिति बैठक के लिए शीघ्रतम एजेंडा निर्धारित कर लैब असिस्टेंट पद या सहायक शिक्षक के समकक्ष पद में समायोजन के लिए जल्द रिपोर्ट प्रस्तुत किया जाए.
-
अंतर्विभागीय समिति की रिपोर्ट आने के पश्चात् छत्तीसगढ़ सरकार 30 दिनों के भीतर समायोजन की प्रकिया पूर्ण करे.
पांचवें चरण की सहायक शिक्षक भर्ती प्रक्रिया शुरू, 18 को जारी होगी डीएड अभ्यर्थियों की शाला आवंटन की सूची
रायपुर। हाईकोर्ट के निर्देश के बाद स्कूल शिक्षा विभाग सहायक शिक्षक पद पर भर्ती कर रही. पांचवें चरण की भर्ती प्रक्रिया ऑफलाइन मोड़ में की जा रही है. इसका आदेश लोक शिक्षण संचालनालय ने जारी किया है. बता दें कि हाईकोर्ट के आदेश पर बीएड धारी 2621 सहायक शिक्षकों की सेवा समाप्त की गई है. उनके स्थान पर डीएड धारियों को पांचवे चरण की भर्ती प्रक्रिया में शामिल किया गया.
पांचवे चरण की भर्ती प्रक्रिया में पूर्व की भांति पोर्टल पर जाकर ऑनलाइन काउंसिलिंग का अवसर नहीं मिलेगा. शाला आवंटन की सूची विभाग के पोर्टल पर 18 मार्च को जारी की जाएगी. शाला आवंटन के बाद दस्तावेज सत्यापन आवंटी जिले के जिला शिक्षा अधिकारी कार्यालय में किया जाएगा. अभ्यर्थियों की सूची विभाग की वेबसाइट पर उपलब्ध है.
मत्स्य निरीक्षक भर्ती परीक्षा 23 को, यहां से डाउनलोड करें प्रवेश पत्र
रायपुर। छत्तीसगढ़ व्यवसायिक परीक्षा मंडल ने 23 मार्च 2025 को मत्स्य निरीक्षक भर्ती परीक्षा (FF124) रखी है. ये परीक्षा संचालनालय मछली पालन विभाग के अंतर्गत आयोजित की जा रही है. अभ्यर्थी 13 मार्च 2025 से छत्तीसगढ़ व्यवसायिक परीक्षा मंडल की आधिकारिक वेबसाइट vyapam.cgstate.gov.in से अपने प्रवेश पत्र डाउनलोड कर सकते हैं. इसके अलावा पंजीकृत मोबाइल नंबर पर भेजे गए एसएमएस में दिए गए यूआरएल पर क्लिक करके भी सीधे प्रवेश पत्र डाउनलोड कर सकते हैं और उसका प्रिंट आउट निकाल सकते हैं.
परीक्षा केंद्रों में इन नियमों का पालन अनिवार्य
-प्रवेश पत्र के बिना परीक्षा में शामिल नहीं हो सकते
-मूल फोटो पहचान पत्र अनिवार्य
-परीक्षा समय से पहले पहुंचे
-मोबाइल और इलेक्ट्रॉनिक डिवाइस वर्जित
व्यापम ने जारी किया हेल्पलाइन नंबर
अगर अभ्यर्थियों को किसी भी प्रकार की समस्या या जानकारी की जरूरत हो तो उनके लिए व्यापम ने हेल्पलाइन नंबर भी जारी किए हैं। 0771-2972780 या 82698-01982 इन नंबरों पर कॉल किया जा सकता है।
ईडी पर चढ़ गया ‘भगवा रंग’ कांग्रेस के बयान पर मुख्यमंत्री का जवाब, कहा- चुनाव में हार के बाद उन्हें रात-दिन भगवा रंग ही नजर आता है
रायपुर। ईडी पर ‘भगवा रंग’ चढ़ने के कांग्रेस के आरोप पर मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने पलटवार किया है. सीएम साय ने कहा कि कांग्रेसी इतने बुरे तरीके से सभी चुनाव में हारे हैं. इसलिए वे बौखलाए हुए हैं, उनको अभी कुछ सूझ नहीं रहा है. रात-दिन ईवीएम और भगवा रंग ही नजर आता है.
दरअसल, मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय रायपुर सिविल लाइन हेलीपैड से अपने गृह ग्राम बगिया (जशपुर) के लिए रवाना हुए हैं. इस दौरान उन्होंने पत्रकारों से चर्चा करते हुए प्रदेशवासियों को होली की बधाई दी और भाईचारे के इस पर्व को शांतिपूर्ण तरीके से मनाने की अपील की. उन्होंने कहा कि होली सिर्फ रंगों का त्योहार नहीं, बल्कि प्रेम और आपसी सद्भाव का संदेश देने वाला पर्व है. यह पुराने गिले-शिकवे भुलाकर नए सिरे से जीवन जीने का अवसर देता है.
छत्तीसगढ़ में नक्सलियों के पुनर्वास को लेकर मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने कहा कि राज्य में पहले से पुनर्वास नीति लागू थी, लेकिन अब उसे हम और बेहतर बना रहे है. इसके लिए गृहमंत्री विजय शर्मा कई प्रदेशों का दौरा करके पुनर्वास नीति बनाए हैं.
भारतमाला प्रोजेक्ट में गड़बड़ी को लेकर मुख्यमंत्री साय ने कहा कि इस मामले की जांच आर्थिक अपराध अन्वेषण शाखा (EOW) करेगी. उन्होंने साफ कहा कि जांच में जो भी दोषी पाए जाएंगे उन पर कड़ी से कड़ी कार्रवाई होगी.
शराब घोटाला: पूर्व आबकारी मंत्री लखमा के खिलाफ ED ने स्पेशल कोर्ट में 3841 पन्नों की चार्जशीट की दाखिल
रायपुर। छत्तीसगढ़ में बहुचर्चित 2161 करोड़ के शराब घोटाले मामले में प्रवर्तन निदेशालय (ED) ने स्पेशल कोर्ट में 3,841 पन्नों का चालान पेश किया है, जिसमें जेल में बंद पूर्व आबकारी मंत्री कवासी लखमा समेत 21 अन्य को आरोपी बनाया गया है।अब इस मामले में अगली सुनवाई 22 मार्च को होगी।
बता दें कि रायपुर जेल में बंद कारोबारी अनवर ढेबर के आवेदन पर कोर्ट ने डिस्टलरियों को भी आरोपित बनाया है। इन आरोपियों में अनवर ढेबर, पूर्व IAS अनिल टुटेजा, त्रिलोक सिंह ढिल्लन, छत्तीसगढ़ डिस्टलरी, वेलकम डिस्टलरी, टॉप सिक्योरिटी, ओम साईं ब्रेवेरेज, दिशिता वेंचर, नेस्ट जेन पावर, भाटिया वाइन मर्चेंट और सिद्धार्थ सिंघानिया सहित अन्य 21 लोगों के नाम शामिल हैं।
कोर्ट में पेश की गई चार्जशीट में ED ने बताया है कि कवासी लखमा को शराब घोटाले की जानकारी थी और आबकारी नीति बदलने में भी उनकी अहम भूमिका रही। इस मामले से जुड़ी छत्तीसगढ़ डिस्टलरी को 48%, भाटिया वाइन मर्चेंट को 28% और वेलकम डिस्टलरी को 24% दुकानों में शराब आपूर्ति का काम दिया गया था। इस घोटाले से अर्जित अवैध वसूली से लखमा को 1.50 करोड़ रुपए प्रति माह मिलते थे। आरोप है कि कवासी लखमा दस्तावेजों में हस्ताक्षर करने के एवज में 50 लाख रुपए तक की राशि वसूलते थे। यह राशि सिंडिकेट से जुड़े लोगों द्वारा विभिन्न माध्यमों से पहुंचाई जाती थी। पूर्ववर्ती कांग्रेस सरकार के कार्यकाल में तीन साल तक यह सिलसिला चला। 36 महीने में प्रोसीड ऑफ क्राइम 72 करोड़ रुपए का है।
21 जनवरी से जेल में हैं कवासी लखमा
गौरतलब है कि शराब घोटाले मामले में ED ने 15 जनवरी को कवासी लखमा को गिरफ्तार किया था। इससे पहले उनसे 2 बार ED दफ्तर बुलाकर पूछताछ की गई थी। गिरफ्तारी के 7 दिन बाद पूर्व आबकारी मंत्री कवासी लखमा को पहले ED ने 7 दिन कस्टोडियल रिमांड में लेकर पूछताछ की थी। उसके बाद 21 जनवरी से 4 फरवरी तक लखमा को 14 दिन के न्यायिक रिमांड पर भेजा गया था। पिछली सुनवाई के दौरान जेल में पर्याप्त सुरक्षा बल नहीं होने के कारण लखमा की वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए पेशी हुई थी। सुनवाई के बाद कोर्ट ने लखमा की 18 फरवरी तक रिमांड बढ़ा दी थी।
क्या है शराब घोटाला?
तत्कालीन भूपेश सरकार में पूर्व IAS अनिल टुटेजा, उनके बेटे यश टुटेजा और CM सचिवालय की तत्कालीन उपसचिव सौम्या चौरसिया के खिलाफ आयकर विभाग ने दिल्ली की तीस हजारी कोर्ट में 11 मई, 2022 को याचिका दायर की थी, जिसमें कहा गया कि छत्तीसगढ़ में रिश्वत, अवैध दलाली के बेहिसाब पैसे का खेल चल रहा है। इसमें रायपुर महापौर रहे एजाज ढेबर का भाई अनवर ढेबर अवैध वसूली करता है। दिल्ली की तीस हजारी कोर्ट में दायर याचिका के आधार पर ED ने 18 नवंबर, 2022 को PMLA एक्ट के तहत मामला दर्ज किया था। आयकर विभाग से मिले दस्तावेजों के आधार पर ED ने जांच के बाद 2161 करोड़ के घोटाले की बात का कोर्ट में पेश चार्जशीट में जिक्र किया था।
ED ने अपनी चार्जशीट में बताया कि किस तरह एजाज ढेबर के भाई अनवर ढेबर के आपराधिक सिंडिकेट के ज़रिए आबकारी विभाग में बड़े पैमाने पर घोटाला किया गया। ED ने चार्जशीट में कहा कि 2017 में आबकारी नीति में संशोधन कर CSMCL के ज़रिए शराब बेचने का प्रावधान किया गया, लेकिन 2019 के बाद शराब घोटाले के किंगपिन अनवर ढेबर ने अरुणपति त्रिपाठी को CSMCL का MD नियुक्त कराया। उसके बाद अधिकारियों, कारोबारियों और राजनैतिक रसूख वाले लोगों के सिंडिकेट के ज़रिए भ्रष्टाचार किया गया, जिससे 2161 करोड़ का घोटाला हुआ। इस मामले में ED ने 15 जनवरी को कवासी लखमा को गिरफ्तार किया था।
नगर पालिका अध्यक्ष और पार्षदों ने लिया शपथ, भाजपा पार्षद रहे अनुपस्थित
तखतपुर। तखतपुर नगर पालिका के नवनिर्वाचित अध्यक्ष और पार्षदों का शपथ ग्रहण समारोह आयोजित किया गया, जिसमें नगर पालिका अध्यक्ष पूजा मक्कड़ ने पद एवं गोपनीयता की शपथ ली. उन्होंने तखतपुर के विकास के लिए निष्ठा और ईमानदारी से काम करने का संकल्प लिया. कार्यक्रम में पूर्व उपमुख्यमंत्री टीएस सिंहदेव ने भी शिरकत की और तखतपुर की जनता का आभार व्यक्त किया. शपथ ग्रहण समारोह में कांग्रेस के 9 पार्षदों ने शपथ ली, लेकिन भाजपा के 6 पार्षद समारोह से अनुपस्थित रहे. उन्होंने 18 मार्च को शपथ लेने की बात कही, जिससे यह मुद्दा पूरे कार्यक्रम में चर्चा का विषय बना रहा.
ईडी की कार्रवाई पर भाजपा पर साधा निशाना
मीडिया से बातचीत के दौरान टीएस सिंहदेव ने ईडी की कार्यशैली पर सवाल खड़े करते हुए एक पक्षीय कार्रवाई करने का आरोप लगाते हुए कड़े शब्दों में निंदा किया. साथ में भाजपा के द्वारा ईडी जैसी बड़ी जांच एजेंसी का लगातार दुरुपयोग किया जा रहा है अधिकतर मामलों में सिर्फ कांग्रेसियों के ऊपर ईडी की छापेमार कार्यवाही होती है जबकि भाजपा वालों के ऊपर कार्यवाही नहीं होती है. टी एस सिंह देव ने बताया कि ईडी की निष्पक्षता मेरे लिए समाप्त हो चुकी है ईडी सिर्फ भाजपा के इशारे में कार्रवाई करती है.

मनेंद्रगढ़ चिरमिरी भरतपुर जिले में भाजपा के जिला पंचायत उपाध्यक्ष चुनाव में हार पर नाराज भाजपा जिला अध्यक्ष के द्वारा कलेक्ट्रेट में ताला बंदी की. इस घटना की निंदा करते हुए टीएस सिंहदेव ने भाजपा के जिला अध्यक्ष के ऊपर कार्रवाई करने की मांग की.
18 मार्च को लेंगे भाजपा पार्षद शपथ
नगर पालिका तखतपुर के 15 पार्षदों का शपथ ग्रहण होना था, लेकिन सिर्फ कांग्रेस के 9 पार्षदों ने शपथ ली, जबकि भाजपा के 6 पार्षद अनुपस्थित रहे. अब ये पार्षद 18 मार्च को शपथ लेंगे. इसको लेकर नगर में चर्चाओं का दौर जारी है.
मुख्यमंत्री श्री साय ने राज्यपाल रमेन डेका को दी होली की शुभकामनाएं
रायपुर। राज्यपाल रमेन डेका से आज राजभवन में मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने भेंट कर होली की शुभकामनाएं दीॅ और राज्य हित से जुड़े विषयों पर चर्चा की। श्री डेका ने भी उन्हें होली की शुभकामनाएं दीं। राज्यपाल श्री डेका को मुख्यमंत्री श्री साय ने राजकीय गमछा पहनाकर सम्मानित किया।
होली से पहले चढ़ा पारा, प्रदेश में तापमान में 3 डिग्री तक बढ़ोतरी, आने वाले दिनों में और बढ़ सकती है गर्मी
रायपुर। होली से पहले ही प्रदेश में गर्मी ने अपना रंग दिखाना शुरू कर दिया है. बीते 24 घंटे में तापमान में 2 से 3 डिग्री सेल्सियस की बढ़ोतरी दर्ज की गई है. पश्चिमी चक्रवात और विक्षोभ के कारण प्रदेश में तापमान तेजी से बढ़ रहा है, जिससे लोगों को भीषण गर्मी का सामना करना पड़ रहा है.
प्रदेश के कई जिलों में पारा चढ़ने लगा है. सारंगढ़ में अधिकतम तापमान 40 डिग्री तक पहुंच गया, जबकि रायपुर और बिलासपुर में तापमान 39 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया. मौसम विभाग के अनुसार, आज प्रदेश का मौसम शुष्क रहेगा और गर्मी का असर लगातार बढ़ सकता है.
