GST 2.0 की नई दरें लागू, सांसद बृजमोहन अग्रवाल ने मनाया बजट उत्सव
रायपुर। शारदीय नवरात्रि के प्रथम दिन से लागू हुए GST 2.0 का स्वागत करते हुए रायपुर सांसद एवं वरिष्ठ भाजपा नेता बृजमोहन अग्रवाल ने आज बजट उत्सव मनाया। इस अवसर पर उन्होंने मालवीय रोड मार्केट का भ्रमण कर उपभोक्ताओं एवं व्यापारियों से भेंट की और उन्हें मिठाई खिलाकर इस ऐतिहासिक कर सुधार की खुशी साझा की।









जनता और व्यापारियों की प्रतिक्रिया
मार्केट भ्रमण के दौरान उपभोक्ताओं ने खुशी जताई कि आवश्यक वस्तुएँ सस्ती हो गई हैं जिससे उनके घर का बजट सुधरेगा।
वहीं व्यापारियों ने सांसद को बताया कि नए प्रावधानों से व्यापारिक गतिविधियों में तेजी आ रही है और कारोबार का माहौल और बेहतर होगा। इस अवसर पर उपस्थित सभी लोगों ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण को धन्यवाद ज्ञापित किया।
सांसद श्री अग्रवाल ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में लागू हुआ GST 2.0 देश की अर्थव्यवस्था को नई गति देगा और यह आमजन व व्यापार जगत दोनों के लिए लाभकारी सिद्ध होगा। उन्होंने बताया कि दूध एवं डेयरी उत्पाद, मिठाई, नमकीन, बिस्कुट, कपड़े, जूते-चप्पल जैसी दैनिक उपयोग की वस्तुएँ सस्ती होने से उपभोक्ताओं को सीधे राहत मिली है।
उन्होंने कहा कि GST 2.0 कर व्यवस्था में सरलता, पारदर्शिता और सुगमता का मार्ग प्रशस्त करता है। यह कदम छोटे और मध्यम व्यापारियों को विशेष लाभ देगा और "ईज ऑफ डूइंग बिजनेस" की दिशा में ऐतिहासिक सुधार है।
सांसद बृजमोहन अग्रवाल ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की दूरदर्शी और जनता-हितैषी नीतियों से आम उपभोक्ता, व्यापारी और देश की अर्थव्यवस्था तीनों को मजबूती मिल रही है।
इस दौरे में विधायक सुनील सोनी और भाजपा जिला अध्यक्ष रमेश सिंह ठाकुर भी उनके साथ उपस्थित रहे।