प्रदेश
जिला बाल कल्याण समिति सदस्य पर लगा चुनाव प्रचार करने का आरोप
कोरबा। किरणमयी नायक और डॉ. रमन सिंह के बाद अब तीसरे शख्स के खिलाफ संवैधानिक पद पर रहते हुए चुनाव प्रचार करने की शिकायत हुई है. मामला कोरबा जिला बाल कल्याण समिति की सदस्य उमा भारती सराफ से जुड़ा है.
भाजपा की जिला और राज्य स्तरीय पदाधिकारी रह चुकीं उमा भारती सराफ के खिलाफ छत्तीसगढ़ प्रदेश कांग्रेस कमेटी ने निर्वाचन आयुक्त से शिकायत की है. आरोप है कि संवैधानिक पद पर रहते हुए भी भाजपा महापौर प्रत्याशी के पक्ष में प्रचार करने कर रही हैं.
इसके पहले बीजेपी ने छत्तीसगढ़ राज्य महिला आयोग की अध्यक्ष किरणमयी नायक पर बिलासपुर से कांग्रेस के महापौर प्रत्याशी प्रमोद नायक के पक्ष में काम करने का आरोप लगाया था. शिकायत में कहा गया है कि कांग्रेस के लिए प्रचार करते हुए राज्य महिला आयोग अध्यक्ष द्वारा संवैधानिक पद का दुरुपयोग किया गया है.

वहीं दूसरी ओर छत्तीसगढ़ कांग्रेस ने राजनांदगांव में भाजपा प्रत्याशी के चुनाव प्रचार में शामिल होने पर विधानसभा अध्यक्ष डॉ. रमन सिंह के खिलाफ चुनाव आयोग में शिकायत की है. कांग्रेस ने डॉ. रमन सिंह पर संवैधानिक पद की मर्यादा का उल्लंघन करने का आरोप लगाया था.
महाकुंभ से लौट रही बोलेरो को ट्रेलर ने मारी टक्कर, 4 की मौत, 6 घायल, छत्तीसगढ़ वापस जा रहे थे श्रद्धालु
सोनभद्र। बभनी के दरनखाड़ के पास भीषण सड़क हादसा हो गया है. जहां श्रद्धालुओं से भरी बोलेरो को ट्रेलर ने टक्कर मार दी. इस दुर्घटना में 4 लोगों की मौत हो गई है. वहीं 6 गंभीर रूप से घायल बताए जा रहे हैं. जिन्हें जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है.
जानकारी के मुताबिक बोलेरो सवार श्रद्धालु महाकुंभ स्नानकर छत्तीसगढ़ के रायपुर लौट रहे थे. टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि बोलेरो के परखच्चे उड़ गए. मरने वालों की पहचान रायपुर निवासी लक्ष्मीबाई (30) अनिल प्रधान (37), ठाकुर राम यादव (58) और रुक्मणी यादव (56) के रूप में हुई है. वहीं रामकुमार (33), दिलीप देवी (58), अभिषेक, अहान (4), योगी लाल (36), हर्षित (ढाई वर्ष), सुरेंद्री देवी (32) गंभीर रूप से घायल हुए हैं.
सीएम योगी ने जताया दुख
हादसे को लेकर सीएम योगी आदित्यनाथ ने गहरा शोक व्यक्त किया है. उन्होंने मृतकों के परिजनों के प्रति संवेदना प्रकट की और अधिकारियों को राहत कार्य में तेजी लाने के निर्देश दिए हैं. साथ ही, सीएम योगी ने घायलों के समुचित इलाज की व्यवस्था सुनिश्चित करने के लिए कहा है.
डीएनए रिपोर्ट में बच्चों की अदला-बदली हुई साबित, वास्तविक माता-पिता को सौंपे गए बच्चे
दुर्ग। जिला अस्पताल प्रबंधन की लापरवाही से हुई बच्चों की अदला-बदली के मामले का सुखद पटाझेप हो गया. डीएनए जांच रिपोर्ट के आधार पर जिला प्रशासन ने तत्काल प्रभाव से दोनों बच्चों को उनके असली माता-पिता को सौंप दिया. इस फैसले के बाद दोनों परिवारों में खुशी की लहर दौड़ गई और उन्होंने जिला प्रशासन को धन्यवाद दिया.
कुरैशी और सिंह परिवारों में बच्चा अदला-बदली का मामला पिछले आठ दिनों से सुर्खियों में था. इस घटना के बाद से दोनों परिवारों में तनाव बना हुआ था और वे अपने असली बच्चों को पाने के लिए जिला प्रशासन से न्याय की मांग कर रहे थे.
मामले की गंभीरता को देखते हुए जिला प्रशासन ने डीएनए परीक्षण का फैसला लिया. डीएनए जांच के लिए दोनों नवजात शिशुओं और उनके संभावित माता-पिता के सैंपल लिए गए जो बाल कल्याण समिति के पास डीएनए रिपोर्ट बंद लिफ़ाफे में पहुंची.
दोनों परिवारों की मौजूदगी में खोले गए डीएनए रिपोर्ट में स्पष्ट हो गया कि अस्पताल में वास्तव में बच्चों की अदला-बदली हुई थी. बच्चों के सही माता-पिता को मिलने के बाद दोनों परिवारों ने राहत की सांस ली. साधना सिंह ने कहा, “हमें हमारे बच्चे से अलग होने का जो दर्द मिला, वह अब खत्म हो गया है. हम प्रशासन के शुक्रगुजार हैं.”
वहीं मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. मनोज दानी ने पुष्टि की कि डीएनए टेस्ट के परिणाम आने के बाद बच्चों को सही माता-पिता को सौंप दिया गया है. उन्होंने कहा कि प्रशासन की प्राथमिकता परिवारों को उनके असली बच्चे सौंपना था, और यह सुनिश्चित किया गया कि पूरी प्रक्रिया पारदर्शिता के साथ हो. अब आगे जांच के बाद दोषी डॉक्टर और नर्स पर कार्रवाई होगी.
बागी प्रत्याशियों पर गिरी गाज, भाजपा ने नपा अध्यक्ष के साथ चार पार्षद प्रत्याशियों को किया निष्कासित…
डोंगरगढ़। नगरीय निकाय चुनाव में अधिकृत प्रत्याशियों के खिलाफ चुनाव लड़ने वाले बागी प्रत्याशियों के खिलाफ भाजपा नेतृत्व ने कड़ा रुख अपनाया है. पार्टी ने डोंगरगढ़ नगर पालिका चुनाव में अध्यक्ष पद के एक प्रत्याशी और पार्षद पद के चार प्रत्याशियों को प्राथमिक सदस्यता से छह वर्षों के लिए निष्कासित कर दिया है.
प्रदेशाध्यक्ष किरण सिंह देव के निर्देश पर अध्यक्ष पद के प्रत्याशी मुकेश रामटेके, वार्ड क्रमांक 3 से राकेश वैष्णव, वार्ड क्रमांक 5 से प्रीति चमन समुद्रे, वार्ड क्रमांक 13 से गगन लारोकर और पालिका में पूर्व नेता प्रतिपक्ष अमित छाबड़ा के खिलाफ कार्रवाई की है.

उल्लेखनीय है कि इन पांच प्रत्याशियों के अलावा भी नगर में बड़ी संख्या में भाजपा के वरिष्ठ कार्यकर्ता, पदाधिकारी और सक्रिय सदस्य पार्टी के अधिकृत प्रत्याशियों को हराने में जुटे हुए हैं. कार्यकर्ता उम्मीद लगाए हुए हैं कि पार्टी ऐसे नेताओं के खिलाफ भी सख्त कार्रवाई करे, जो संगठन में रहते हुए अधिकृत प्रत्याशियों के खिलाफ माहौल बनाने में लगे हैं.
मुख्यमंत्री साय ने विशाल रोड शो कर मीनल चौबे के पक्ष में किया प्रचार
रायपुर। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के नेतृत्व में कल रायपुर में भाजपा का भव्य और ऐतिहासिक रोड शो आयोजित हुआ, जिसमें जनसैलाब उमड़ पड़ा. भनपुरी से शुरू हुए इस भव्य रोड शो में भाजपा कार्यकर्ताओं और स्थानीय नागरिकों ने पूरे उत्साह के साथ भाग लिया. सड़कों के दोनों ओर हाथ में कमल का झंडा थामे भाजपा कार्यकर्ताओं और आम जनों द्वारा पुष्पवर्षा के माध्यम से रोड शो का जगह-जगह स्वागत किया गया. मुख्यमंत्री ने भी जनता का अभिवादन स्वीकार किया. उन्होंने रोड शो में उमड़ी भारी भीड़ के लिए जनता का आभार भी जताया.

इस रोड में मुख्यमंत्री ने साथ कैबिनेट मंत्री राम विचार नेताम, सांसद और चुनाव संचालक बृजमोहन अग्रवाल, चुनाव सहसंचालक व विधायक राजेश मूणत, विधायक सुनील सोनी, मोतीराम साहू,पुरंदर मिश्रा और महापौर प्रत्याशी मीनल चौबे, सहित अन्य भाजपा नेता प्रचार शामिल हुए.

इस दौरान सीएम साय ने जनता से अपील की कि नगरीय निकाय चुनाव में कमल का बटन दबा कर महापौर प्रत्याशी मीनल चौबे सहित सभी 70 वार्डों के पार्षद प्रत्याशियों को भारी मतों से विजयी बनाएं और ट्रिपल इंजन सरकार का लाभ रायपुर को दिलाएं. रायपुर शहर के विकास की जिम्मेदारी हमारे कंधों पर छोड़िए. हम रायपुर नगर निगम को नए सिरे से संवारेंगे और जनता को उत्कृष्ट सुविधाएं मुहैया कराएंगे.

सीएम साय ने कहा कि भाजपा सरकार ने नगरीय निकायों के विकास के लिए ₹7,000-8,000 करोड़ से अधिक की राशि जारी की है, जिससे शहरों का समग्र विकास सुनिश्चित होगा. उन्होंने जनता को आश्वस्त किया कि आने वाले वर्षों में 3 लाख से अधिक प्रधानमंत्री आवास बनाए जाएंगे, नजूल भूमि पर बसे परिवारों को मालिकाना हक देने के लिए नया कानून लाया जाएगा, महिलाओं के नाम पर संपत्ति कर में 25% की छूट मिलेगी, समय पर बिजली बिल और संपत्ति कर भरने वालों को पीएम आवास योजना का लाभ मिलेगा, स्व-सहायता समूह की महिलाओं को ₹2.5 लाख तक का बिना गारंटी लोन, स्ट्रीट वेंडर्स को ₹30,000 की आर्थिक सहायता और यूपीएससी पास करने वाले छात्रों को महापौर सम्मान निधि के तहत ₹1 लाख की सहायता दी जाएगी.

मुख्यमंत्री साय ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की गारंटी के तहत प्रदेश में अभूतपूर्व योजनाएं लागू की गई हैं, जिनका लाभ जनता को सीधे मिल रहा है. 18 लाख परिवारों को प्रधानमंत्री आवास योजना का लाभ मिला है, धान का समर्थन मूल्य ₹3100 प्रति क्विंटल तय किया गया है और प्रति एकड़ 21 क्विंटल धान की खरीदी हो रही है. किसानों को दो साल का बकाया बोनस, 70 लाख माताओं-बहनों को ‘महतारी वंदन योजना’ का लाभ, तेंदूपत्ता संग्रहण दर ₹5500 प्रति मानक बोरा, 20 हजार से अधिक श्रद्धालुओं को श्रीरामलला दर्शन और काशी यात्रा का लाभ तथा भूमिहीन कृषि मजदूरों को ‘पं. दीनदयाल उपाध्याय योजना’ के तहत हर साल ₹10,000 की आर्थिक सहायता दी जा रही है.
हमारी प्राथमिकता और लक्ष्य दोनों – विष्णुदेव साय
जन आशीर्वाद यात्रा रैली के दौरान मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने उपस्थित जनसमुदाय को संबोधित किया उन्होंने कहा कि हमारा प्रदेश छत्तीसगढ़ ना सिर्फ हम छत्तीसगढ़ वासियों का अपितु भारत रत्न पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी बाजपेई के सपनों का प्रदेश है उनका स्वप्न था कि छत्तीसगढ़ को देश के उत्कृष्ट राज्यों में शामिल करना था प्रदेश के सर्वांगीण विकास जैसे अधोसंरचना , शिक्षा , स्वास्थ्य बेहतर जीवन शैली , आधुनिकीकरण जैसी विभिन्न सुविधाओं से संपन्न प्रदेश का निर्माण अटल जी का स्वप्न था और इसलिए भारतीय जनता पार्टी का मुख्य स्लोगन है हमने बनाया है हम ही संवारेंगे और रायपुर नगर निगम को लेकर भी हमारा लक्ष्य है देश की सर्वश्रेष्ठ नगर निगम में शुमार करना है और निश्चित ही हम रायपुर नगर निगम को देश के मेट्रो शहरों की तर्ज पर विकसित करने की योजना बना रहे है हमने सदैव जनता से किए वादे सिरे से पूरे किए हैं चाहे बात महतारी वंदन योजना की हो , किसानों को बोनस देने की या गरीब के सर पर पक्की छत का सपना पूरा करने की हमने हर वादे पूरा करने में कोई कसर नहीं छोड़ी आज प्रदेश के धर्म प्रेमियों को हम रामलला दर्शन की योजना के माध्यम से हजारों प्रदेश वासियों को निशुल्क अयोध्या में निर्मित भव्य श्री राम मंदिर का दर्शन करवाया .उन्होंने आगे कहा कि आप रायपुर नगर निगम में भाजपा प्रत्याशी मीनल चौबे और भाजपा पार्षदों को जीत का आशीर्वाद दीजिए और रायपुर नगर निगम के सर्वांगीण विकास की जिम्मेदारी हमारे कंधों पर छोड़िए हम रायपुर निगम को नए सिरे से संवारेंगे और जन सुविधाओं को तरस रही रायपुर निगम की जनता को उत्कृष्ट सुविधाएं मुहैया करवाना हमारी प्राथमिकता है .

जनता का भरोसा भाजपा के साथ दिल्ली चुनाव के नतीजे हैं प्रमाण – बृजमोहन अग्रवाल
रायपुर के सर्वाधिक लोकप्रिय नेता लोकसभा सांसद और नगर निगम रायपुर चुनाव संचालक बृजमोहन अग्रवाल भी आज जन आशीर्वाद रैली में जनता से नगर निगम चुनाव में भाजपा प्रत्याशी मीनल चौबे और पार्षदों के पक्ष में मतदान स्वरूप आशीर्वाद की अपील की उन्होंने कहा कि आप सभी ने दशकों तक मुझे अपरिमिति प्रेम, सहयोग और आशीर्वाद से सराहा है मुझे लगातार रायपुर का नेतृत्व करने का अवसर प्रदान किया भारतीय जनता पार्टी पर जनता का भरोसा दिनों दिन प्रगाढ़ होते जा रहा है पंचायत से सदन तक भाजपा के प्रत्याशी जनता की पहली पसन्द बन चुके हैं और उसका प्रत्यक्ष प्रमाण दिल्ली विधानसभा चुनाव के नतीजे हैं जहां दिल्ली की जनता ने सभी दलों को नकारते हुए भाजपा को पुराण बहुमत प्रदान किया और यह भरोसा हमने अर्जित किया है जनता से किए गए अपने वादों को पूरा करके और आज आप सभी से हमारा वादा है कि मीनल चौबे के नेतृत्व में रायपुर नगर निगम को देश की उत्कृष्ट नगर निगम बना कर रहेंगे.
माहौल भाजपा के पक्ष में होने जा रही है ऐतिहासिक जीत – रामविचार नेताम
जन आशीर्वाद रैली के दौरान जनता से आशीर्वाद मांगने निकले भाजपा नेताओं में कैबिनेट मंत्री और निगम चुनाव प्रभारी मंत्री राम विचार नेताम भी शामिल थे इस दौरान उन्होंने कहा कि चप्पा-चप्पा भाजपा है और रायपुर नगर निगम का पूरा माहौल भाजपा मय है हम ऐतिहासिक जीत की ओर अग्रसर हैं इस बार नगर निगम में बहुमत के साथ भाजपा बैठेगी.
विश्वास दोनों तरफ है, जनता साथ देगी हमें विश्वास है हम काम करके दिखाएंगे जनता को विश्वास है – राजेश मूणत
रायपुर पश्चिम विधायक और चुनाव सहसंचालक राजेश मूणत ने कहा विश्वास दोनों तरफ है, जनता साथ देगी हमें विश्वास है हम काम करके दिखाएंगे जनता को विश्वास है. इस विश्वास के साथ जनता ने विधानसभा चुनाव लोकसभा चुनाव और उपचुनाव में भाजपा को प्रचंड बहुमत से विजयी बनाया. और उनका यही विश्वास नगर निगम चुनाव में भी भाजपा के साथ रहेगा.
हमारी लड़ाई निगम में व्याप्त भ्रष्टाचार और अनियमितताओं के खिलाफ – मीनल चौबे
जन आशीर्वाद रैली में भाजपा महापौर प्रत्याशी मीनल चौबे का जगह-जगह जनता ने गर्म जोशी से स्वागत किया महिलाओं में मीनल के प्रति खासा उत्साह और समर्थन देखने को मिल रहा है विभिन्न स्थानों पर महिलाओं के दल ने अपने मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय और प्रत्याशी मीनल का पुष्पवर्षा कर स्वागत किया रैली के दौरान पत्रकारों से चर्चा करते हुए मीनल चौबे ने कहा कि हमारी लड़ाई सिर्फ जीत हार तक सीमित नहीं हम जनता के हक की लड़ाई लड़ रहे हैं जिसमें नगर निगम रायपुर में व्याप्त भ्रष्टाचार और अनियमितताओं का निवारण करना हमारी प्राथमिकताओं में है दोषियों की जांच भी की जाएगी और जनता को उनका हक सुविधाओं के माध्यम से दिलाना हमारी प्राथमिकता है.
नारायणपुर पुलिस को मिली सफलता, जनताना सरकार के अध्यक्ष समेत तीन नक्सलियों ने किया सरेंडर
नारायणपुर। छत्तीसगढ़ के नारायणपुर में माओवादियों के खिलाफ चलाये जा रहे ऑपरेशन में पुलिस ने सफलता हासिल की है. दरअसल, नक्सलियों के आधारहीन विचारधारा और उनके शोषण से तंग आकर जनताना सरकार के अध्यक्ष और दो सदस्य ने आज नारायणपुर पुलिस के समक्ष आत्मसमर्पण किया है. तीनों नक्सली कुतुल एरिया कमेटी के है.
आत्मसमर्पण करने वाले नक्सलियों को राज्य शासन की पुनर्वास नीति के तहत 25 हजार रूपये की सहायता राशि के साथ छत्तीसगढ़ शासन द्वारा मिलने वाली अन्य सुविधाएं जैसे 10 हजार रुपये की मासिक आर्थिक सहायता, तीन वर्ष तक निःशुल्क आवास तथा भोजन, कौशल विकास के लिए प्रशिक्षण, कृषि भूमि आदि मुहैया कराई जाएगी.
सुकमा में नक्सलियों का आत्मसमर्पण पुलिस के लिए एक महत्वपूर्ण उपलब्धि माना जा रहा है. छत्तीसगढ़ के विभिन्न क्षेत्रों में नक्सलियों को समाज की मुख्यधारा से जोड़ने के लिए विशेष अभियान चलाए जा रहे हैं. इससे पहले भी राज्य के अन्य जिलों में कई नक्सलियों ने पुलिस के सामने आत्मसमर्पण किया है. 2024 से अब तक 79 से अधिक बड़े/छोटे कैडर के माओवादी आत्मसमपर्ण कर चुके है.
आत्मसमर्पण करने वाले नक्सलियों के नाम
1 . रैनू उसेण्डी पिता कोहला उसेण्डी उम्र 48 वर्ष निवासी फरसबेड़ा थाना कोहकामेटा जिला नारायणपुर (छ0ग0) पद- जनताना सरकार अध्यक्ष ।
2 . मैनू वड़दा पिता अगनू वड़दा उम्र 45 वर्ष, निवासी कोड़कामरका थाना कोहकामेटा जिला नारायणपुर (छ0ग0) पद- जनताना सरकार सदस्य।
3 . सन्नू उसेण्डी पिता मुरा उसेण्डी उम्र 35 वर्ष निवासी फरसबेड़ा थाना कोहकामेटा जिला नारायणपुर (छ0ग0) पद- जनताना सरकार सदस्य।
महासमुंद में पकड़ाया कंबल से भरा ट्रक, चुनाव में खपाने की थी तैयारी
महासमुंद। नगरीय निकाय चुनाव से पहले महासमुंद पुलिस ने कार्रवाई करते हुए कंबल से भरे ट्रक को जब्त किया है. हरियाणा के पानीपत से कंबल को छत्तीसगढ़ में खपाने के लिए लाया गया था. यह कंबल किसने मंगाया था इसकी बात की पुष्टि फिलहाल नहीं हो पाई है. पुलिस मामले की जांच में जुटी है.
जानकारी के मुताबिक, कोतवाली पुलिस ने दलदली रोड से संधिग्ध ट्रक (RJ 11 GC 4072) को रुकवाया. जब ट्रक की जांच की गई तो बड़ी मात्रा में कंबल मिला. चालक ने कंबल के संबंध दस्तावेज प्रस्तुत करने में असमर्थ रहा. पुलिस को ट्रक में से 2000 पीस कम्बल मिला. जिसकी कीमत 1.5 लाख रुपए बताई जा रही है.
पानीपत से लाया गया कंबल
पूछताछ में पता चला कि यह कंबल हरियाणा के पानीपत से लाया गया है, जिसे छत्तीसगढ़ में खपाने की तैयारी थी. पुलिस BNSS की धारा 106 के तहत ट्रक में भरकर पहुंचे कंबल को जब्त कर जांच कर रही है. साथ ही यह कंबल किसने मंगवाया था इसकी भी जानकारी जुटाई जा रही है.
वोटिंग से पहले कांग्रेस को करारा झटका, प्रत्याशी ने थामा भाजपा का दामन
कोंडागांव। नगर पालिका चुनाव से ठीक दो दिन पहले कोंडागांव जिले में कांग्रेस को बड़ा झटका लगा है. आड़का छेपड़ा वार्ड से कांग्रेस की पार्षद प्रत्याशी पूर्णिमा पोयाम ने कांग्रेस छोड़कर भाजपा का दामन थाम लिया है. उनके इस फैसले से कांग्रेस पार्टी को करारा झटका लगा है.
पूर्णिमा पोयाम ने आज कोंडागांव पालिका चुनाव प्रभारी शुभाऊ कश्यप और विधायक लता उसेंडी की उपस्थिति में भाजपा में शामिल हुई. इस मौके पर उन्होंने कांग्रेस पार्टी पर गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि कांग्रेस से वह चुनाव प्रत्याशी नहीं होना चाहती थी, मगर जबरन फॉर्म भरवा दिया गया और उसके बाद उनकी कोई पूछपरख नहीं हुई. न ही प्रचार में उनके साथ पार्टी का कोई नेता खड़ा हुआ. इसी कारण आज उन्होंने पार्टी बदलने का फैसला किया.
पूर्णिमा पोयाम ने बताया कि वह पहले से भारतीय जनता पार्टी के यतेंद्र छोटू सलाम के साथ पार्टी का काम करती रही हैं. उन्हें कांग्रेस से केवल टिकट दिया गया, लेकिन प्रचार-प्रसार में किसी भी तरह का सहयोग नहीं मिला, इसलिए उन्होंने भाजपा ज्वाइन कर लिया है.
दिल्ली में बीजेपी को बंपर जीत : विधानसभा अध्यक्ष रमन सिंह ने कार्यकर्ताओं को दी बधाई
रायपुर। दिल्ली विधानसभा चुनाव में 27 साल बाद भारतीय जनता पार्टी का सूखा खत्म हो गया. 48 सीटों पर भाजपा ने स्पष्ट बहुमत हासिल किया. पूर्व मुख्यमंत्री और छत्तीसगढ़ विधानसभा अध्यक्ष रमन सिंह ने भाजपा की जीत पर खुशी जाहिर की और कार्यकर्ताओं को बधाई दी.
जनता ने मोदी की गारंटी पर जताया विश्वास
छत्तीसगढ़ विस अध्यक्ष रमन सिंह ने कहा कि जनता ने मोदी की गारंटी पर विश्वास जताते हुए 48 सीटों पर भाजपा को स्पष्ट जनादेश दिया है. केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह के नेतृत्व में और मोदी की गारंटी के बाद दिल्ली की जनता ने भाजपा पर पूर्ण विश्वास प्रकट किया है. केजरीवाल ने लगातार झूठ और भ्रष्टाचार की राजनीति की, गंगा को प्रदूषित करने के बाद बेशर्मी से उसे स्वीकार नहीं करने का जवाब जनता ने चुनाव में दिया है. ये जीत भाजपा के हजारों कार्यकर्ताओं की मेहनत और पीएम मोदी का आशीर्वाद से हासिल हुई है. इस ऐतिहासिक जीत के लिए सभी कार्यकर्ताओं को बधाई.
उन्होंने कहा कि दिल्ली में भाजपा 27 साल तक विपक्ष की भूमिका में रही. केजरीवाल के झूठे वादों से जनता ऊब चुकी थी. उनकी सारी योजनाएं धरातल पर फेल हो गई. पूरे देश की जनता के बीच केजरीवाल सरकार के सरकार शराब घोटाले की चर्चा हुई. और केजरीवाल को जेल इसलिए हुई क्योंकि उन्होंने मुख्यमंत्री रहते हुए पद का दुरूपयोग किया. अब जनता समझ गई, चेहरे का नकाब हट गया. वह खुद चुनाव हारे और पूरी पार्टी को डूबा दिया.
मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय का ऐतिहासिक रोड शो: मुख्यमंत्री ने जनता से भाजपा की प्रचंड जीत सुनिश्चित करने की अपील
जगदलपुर। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के नेतृत्व में आज जगदलपुर में भाजपा का ऐतिहासिक और अभूतपूर्व रोड शो आयोजित हुआ, जिसमें भारी जनसमर्थन देखने को मिला. एयरपोर्ट से शुरू हुए इस भव्य रोड शो में भाजपा कार्यकर्ताओं और स्थानीय नागरिकों ने पूरे जोश के साथ भाग लिया. कमल के झंडों से सजी सड़कों पर उमड़े जनसैलाब ने भाजपा की प्रचंड जीत का संकेत दे दिया.

मुख्यमंत्री साय ने जनता से अपील करते हुए कहा कि 11 फरवरी को कमल का बटन दबाकर भाजपा को प्रचंड बहुमत से विजयी बनाएं और महापौर प्रत्याशी संजय पांडे सहित सभी 48 वार्डों के पार्षद प्रत्याशियों को भारी मतों से विजयी बनाकर ट्रिपल इंजन सरकार का लाभ जगदलपुर को दिलाएं. उन्होंने कहा कि जैसे विधानसभा और लोकसभा चुनाव में कांग्रेस को सबक सिखाया गया, वैसे ही नगर निगम चुनाव में भी भाजपा को जिताकर कांग्रेस को मजा चखाना है.
“अटल विश्वास पत्र” के हर वादे को भाजपा सरकार पूरा करेगी
मुख्यमंत्री साय ने कहा कि भाजपा ने “अटल विश्वास पत्र” जारी किया है और उसमें किए गए हर वादे को पूरी ईमानदारी और प्रतिबद्धता के साथ पूरा किया जाएगा. उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार बनते ही मात्र 13 महीनों में विकास की गंगा बहाई गई है, जिससे जनता का भाजपा पर विश्वास और मजबूत हुआ है.

उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार ने नगरीय निकायों के विकास के लिए ₹7,000-8,000 करोड़ से अधिक की राशि जारी की है, जिससे शहरों का समग्र विकास सुनिश्चित होगा. उन्होंने जनता को आश्वस्त किया कि आने वाले वर्षों में 3 लाख से अधिक प्रधानमंत्री आवास बनाए जाएंगे, नजूल भूमि पर बसे परिवारों को मालिकाना हक देने के लिए नया कानून लाया जाएगा, महिलाओं के नाम पर संपत्ति कर में 25% की छूट मिलेगी, समय पर बिजली बिल और संपत्ति कर भरने वालों को पीएम आवास योजना का लाभ मिलेगा, स्व-सहायता समूह की महिलाओं को ₹2.5 लाख तक का बिना गारंटी लोन, स्ट्रीट वेंडर्स को ₹30,000 की आर्थिक सहायता और यूपीएससी पास करने वाले छात्रों को महापौर सम्मान निधि के तहत ₹1 लाख की सहायता दी जाएगी.

मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की गारंटी के तहत प्रदेश में अभूतपूर्व योजनाएं लागू की गई हैं, जिनका लाभ जनता को सीधे मिल रहा है. 18 लाख परिवारों को प्रधानमंत्री आवास योजना का लाभ मिला है, धान का समर्थन मूल्य ₹3100 प्रति क्विंटल तय किया गया है और प्रति एकड़ 21 क्विंटल धान की खरीदी हो रही है. किसानों को दो साल का बकाया बोनस, 70 लाख माताओं-बहनों को ‘महतारी वंदन योजना’ का लाभ, तेंदूपत्ता संग्रहण दर ₹5500 प्रति मानक बोरा, 20 हजार से अधिक श्रद्धालुओं को श्रीरामलला दर्शन और काशी यात्रा का लाभ तथा भूमिहीन कृषि मजदूरों को ‘पं. दीनदयाल उपाध्याय योजना’ के तहत हर साल ₹10,000 की आर्थिक सहायता दी जा रही है.
भाजपा की जीत से नगर निगम क्षेत्रों में होगा तेज गति से विकास
मुख्यमंत्री ने कहा कि भाजपा सरकार बनते ही छत्तीसगढ़ में विकास की नई इबारत लिखी गई है, और अब नगर निगम चुनाव में भाजपा की प्रचंड जीत से शहरों के विकास की रफ्तार और तेज होगी. उन्होंने जनता से अपील करते हुए कहा कि भाजपा को भारी मतों से विजयी बनाएं ताकि जगदलपुर को स्मार्ट और समृद्ध नगर बनाया जा सके.
मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के इस ऐतिहासिक रोड शो ने यह स्पष्ट कर दिया कि जगदलपुर की जनता भाजपा को नगर निगम चुनाव में ऐतिहासिक जीत दिलाने के लिए तैयार है. मुख्यमंत्री श्री साय ने 11 फरवरी को कमल के पक्ष में भारी मतदान कर भाजपा की जीत सुनिश्चित करते हुए जगदलपुर का सुनहरा भविष्य सुनिश्चित कर विकास की ऊंचाइयों तक ले जाने में सहयोग देने की सभी से अपील की.
इस ऐतिहासिक रोड शो में भाजपा प्रदेश अध्यक्ष एवं जगदलपुर विधायक किरण सिंह देव, कैबिनेट मंत्री केदार कश्यप, बस्तर सांसद महेश कश्यप, विधायक विनायक गोयल, महापौर प्रत्याशी संजय पाण्डे, पूर्व विधायक संतोष बाफना, पूर्व महापौर सफीरा साहू सहित बड़ी संख्या में भाजपा के वरिष्ठ नेता, पदाधिकारी और कार्यकर्ता उपस्थित थे.
7 लोगों की मौत का मामला: जिला प्रशासन ने जारी किया स्पष्टीकरण, फूड पॉइजनिंग और सर्पदंश को बताया मौत की वजह
बिलासपुर। बिलासपुर जिले के लोफंदी गांव में सात लोगों की संदिग्ध मौत से पूरे क्षेत्र में हड़कंप मच गया. पहले यह आशंका जताई जा रही थी कि इन मौतों का कारण जहरीली शराब का सेवन हो सकता है, लेकिन जिला प्रशासन ने इस संबंध में स्पष्टीकरण जारी किया है, जिसमें बताया गया है ग्रामीणों की मौत का कारण जहरीली शराब नहीं, बल्कि फूड पॉइजनिंग और सर्पदंश से हुई है. वहीं प्रशासन की टीम ने एक शव का पोस्टमॉर्टम करवा लिया है और विस्तृत रिपोर्ट का इंतजार है. फिलहाल, गांव में मेडिकल कैंप लगाकर लोगों की जांच की जा रही है.
वैवाहिक भोज और मछली खाने से बिगड़ी तबीयत – जिला प्रशासन
जिला प्रशासन की प्रारंभिक जांच में यह सामने आया है कि लोफंदी निवासी श्रवण देवांगन के घर 3 से 6 फरवरी के बीच शादी समारोह का आयोजन किया गया था, जिसमें गांव के लोगों को सामूहिक भोज में आमंत्रित किया गया. ग्रामीणों के अनुसार, 6 फरवरी को कुछ लोगों ने नदी किनारे मछली पकाकर खाई थी, जिसके बाद से कई ग्रामीणों की तबीयत बिगड़ने लगी. पेट दर्द, उल्टी, चक्कर और सुस्ती जैसे लक्षण सामने आने के बाद कई ग्रामीणों को अस्पताल में भर्ती कराया गया, लेकिन इलाज के दौरान 7 लोगों की मौत हो गई.
मामले में जिला प्रशासन ने जांच में पाया कि 5 फरवरी को देवप्रसाद पटेल और शत्रुहन देवांगन की मौत हुई थी. देवप्रसाद पटेल की मौत को सर्पदंश से हुई मृत्यु बताया गया है, जिसकी पुष्टि उसके बेटे के बयान और पुलिस रिकॉर्ड से हुई है.

वहीं 7 और 8 फरवरी को 5 और लोगों की मौत हुई, जिनमें रामूराम सुनहले, कोमल लहरे, कन्हैया पटेल, बलदेव पटेल और कुन्नू देवांगन शामिल हैं. बलदेव पटेल की मौत श्रीराम केयर अस्पताल में हुई, जहां मृत्यु प्रमाण पत्र में कार्डियो रेस्पिरेटरी अरेस्ट को मौत का कारण बताया गया है.

जिला प्रशासन ने यह भी बताया कि ग्रामीणों ने अधिकतर मृतकों का अंतिम संस्कार खुद ही कर दिया और इस संबंध में किसी भी विभाग को सूचना नहीं दी गई. हालांकि, प्रशासन की टीम ने मृतक रामूराम सुनहले के शव को मौके से बरामद किया और पोस्टमार्टम के लिए सिम्स भेजा. सिम्स से प्राप्त पीएम रिपोर्ट में ‘मृत्यु का कोई विशेष कारण अभी नहीं बताया जा सकता है, बिसरा, हिस्टो पैथोलॉजी एवं ब्लड एनालिसिस रिपोर्ट के बाद ही मृत्यु के कारण का निष्कर्ष निकाला जा सकेगा.’ (no specific cause of death could be ascertained as of now. confirmation of cause of death remains pending till viscera, histopathology report and blood analysis report.) अंकित है.
मृतक ग्रामीणों के नाम
कन्हैयालाल पटेल (60 वर्ष)
शत्रुहन देवांगन (40 वर्ष)
बलदेव पटेल (52 वर्ष)
कोमल प्रसाद लहरे (56 वर्ष)
रामूराम सुनहले (50 वर्ष)
कुन्नू देवांगन (35 वर्ष)
देव कुमार पटेल (45 वर्ष)
दिल्ली को भाजपा और प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में अटूट विश्वास: बृजमोहन अग्रवाल
रायपुर। रायपुर सांसद बृजमोहन अग्रवाल ने दिल्ली विधानसभा चुनावों में भारतीय जनता पार्टी को मिले प्रचंड जनादेश के लिए समस्त दिल्लीवासियों का हृदय से आभार व्यक्त किया है। उन्होंने कहा कि यह विजय यशस्वी प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की गारंटी पर जनता के अटूट विश्वास और विकास के प्रति उनके समर्पण का परिणाम है।
सांसद श्री अग्रवाल ने कहा, "दिल्ली की जनता ने 26 वर्षों के बाद इतिहास रचते हुए पूर्ण बहुमत के साथ भारतीय जनता पार्टी को विजयी बनाया है। इस अभूतपूर्व जनादेश ने न केवल दिल्ली के विकास का मार्ग प्रशस्त किया है, बल्कि यह भी सिद्ध कर दिया है कि देश और दिल्ली की जनता भाजपा और मोदी जी के नेतृत्व में अटूट विश्वास रखती है।"
उन्होंने कहा कि यह जीत प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के कुशल नेतृत्व, भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जे.पी. नड्डा की सशक्त संगठनात्मक रणनीति और केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के मार्गदर्शन का परिणाम है। दिल्ली के कार्यकर्ताओं ने अथक परिश्रम कर इस विजय को सुनिश्चित किया है, जिसके लिए वे सभी अभिनंदन के पात्र हैं।
श्री अग्रवाल ने कहा कि यह जीत विकास, सुशासन और राष्ट्रवादी नीतियों के प्रति जनता के विश्वास को दर्शाती है। उन्होंने दिल्ली की जनता, भाजपा कार्यकर्ताओं और समस्त नेतृत्व को इस ऐतिहासिक विजय के लिए हार्दिक बधाई और शुभकामनाएँ दीं। बृजमोहन ने यह भी कहा कि, आने वाले निकाय चुनाव में रायपुर की जनता भी दिल्ली की तरह यहां कमल खिलाएगी।
भाजपा उम्मीदवारों के समर्थन में सांसद बृजमोहन अग्रवाल ने संभाला मोर्चा, रोड शो और जनसभा कर जीत का दिलाया आशीर्वाद
रायपुर। रायपुर लोकसभा सांसद बृजमोहन अग्रवाल ने शुक्रवार को अभनपुर, गोबरा नवापारा, आरंग, खरोरा और तिल्दा नेवरा में भव्य रोड शो एवं जनसभाओं के माध्यम से भारतीय जनता पार्टी के उम्मीदवारों के पक्ष में जनता से समर्थन की अपील की।
नगर निकाय चुनावों में भाजपा प्रत्याशियों की जीत सुनिश्चित करने के लिए आयोजित इन कार्यक्रमों में अपार जनसमर्थन और उत्साह देखने को मिला।
जनता को संबोधित करते हुए बृजमोहन अग्रवाल ने कहा कि केंद्र और राज्य में भाजपा सरकार के सफल नेतृत्व के बाद अब नगरीय निकायों में भी कमल खिलाना आवश्यक है, जिससे हर गांव, कस्बे और शहर को विकास की नई ऊंचाइयों तक ले जाया जा सके। उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार गरीबों को प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत पक्के मकान, हर घर जल योजना के माध्यम से स्वच्छ पेयजल और ज़मीन का पट्टा दिलाने के लिए प्रतिबद्ध है। भाजपा की सरकार में कोई भी गरीब बेघर और बेरोजगार नहीं रहेगा। इसके साथ ही सभी माताओं-बहनों को महतारी वंदन योजना के तहत ₹1000 प्रतिमाह की सहायता और अन्य कल्याणकारी योजनाओं का लाभ दिया जाएगा।
बृजमोहन अग्रवाल ने नगर पालिका परिषद अभनपुर अध्यक्ष प्रत्याशी शिव नारायण बघेल, गोबरा नवापारा नगर पालिका अध्यक्ष प्रत्याशी ओमकुमारी साहू, आरंग नगर पालिका परिषद अध्यक्ष प्रत्याशी डॉ. संदीप जैन, खरोरा नगर पंचायत अध्यक्ष प्रत्याशी सुनीता अनिल सोनी, तिल्दा नेवरा नगर पालिका अध्यक्ष प्रत्याशी चंद्रकला वर्मा समेत सभी भाजपा पार्षदों को जिताने की अपील की।
रोड शो और जनसभाओं में मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल, विधायक इंद्र कुमार साहू, भाजपा वरिष्ठ नेता श्याम नारंग, अशोक बजाज, विजय गोयल सहित कई गणमान्य नेता एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
श्री अग्रवाल ने जनता से भाजपा प्रत्याशियों को भारी मतों से विजयी बनाने का आह्वान किया और कहा कि जनता का यह स्नेह और आशीर्वाद भाजपा की ऊर्जा को कई गुना बढ़ा देता है। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि जनता विकास और प्रगति के पथ पर आगे बढ़ने के लिए प्रतिबद्ध है और भाजपा को पूर्ण समर्थन देगी।













सेवानिवृत्ति के 6 माह पश्चात् जीपीएफ से नहीं कर सकते वसूली, हाई कोर्ट ने सुनाया अहम फैसला…
बिलासपुर। सेवानिवृत्त होने के बाद मिलने वाली सामान्य भविष्य निधि (जीपीएफ) की राशि किसी भी कर्मचारी के लिए आगे के जीवन का आधार होती है. ऐसे में जीपीएफ से वसूली के आदेश को चुनाती देते हुए दायर याचिका पर हाई कोर्ट ने अहम फैसला सुनाया है. बेंच ने कहा कि सेवानिवृत्ति के छह माह पश्चात जीपीएफ से राशि की वसूली नहीं की जा सकती है.
अधिवक्ता अभिषेक पाण्डेय ने बताया कि स्वास्थ्य विभाग में पर्यवेक्षक (पुरुष) के पद से गौरेला निवासी हृदयनारायण शुक्ला 30 जून 2020 को सेवानिवृत्त हुए थे. इसके 9 महीने बाद महालेखाकार कार्यालय ने जीपीएफ राशि से अधिक वेतन की निकासी बताते हुए उनके जीपीएफ एकाउन्ट में ऋणात्मक शेष बताते हुए वसूली आदेश जारी किया था.
वसूली आदेश को चुनौती देते हुए हृदयनारायण शुक्ला ने अधिवक्ता अभिषेक पाण्डेय व स्वाति सराफ के माध्यम से हाई कोर्ट के समक्ष याचिका दायर की थी.
अधिवक्ताओं ने छत्तीसगढ़ सामान्य भविष्यनिधि नियम 1955 और छत्तीसगढ़ सिविल सेवा (पेंशन) नियम 1976 का हवाला देते हुए बताया कि जीपीएफ खाते से ऋणात्मक शेष राशि की वसूली सेवानिवृत्ति से पूर्व या सेवानिवृत्ति के पश्चात् सिर्फ छह माह तक की अवधि में ही वूसली की जा सकती है. इससे अधिक की अवधि व्यतीत हो जाने पर जी.किसी प्रकार की वसूली नहीं की जा सकती है.
मामले में याचिकाकर्ता के सेवानिवृत्त होने के नौ माह पश्चात् महालेखाकार कार्यालय की ओर से जीपीएफ खाते में ऋणात्मक शेष बताते हुए वसूली आदेश जारी किया गया जो कि नियमों का उल्लंघन है. हाई कोर्ट ने याचिका को स्वीकार करते हुए याचिकाकर्ता के विरूद्ध जारी वसूली आदेश को निरस्त कर महालेखाकार कार्यालय को निर्देशित किया गया कि याचिकाकर्ता के सम्पूर्ण बकाया जीपीएफ राशि का तत्काल भुगतान करें.
जहरीली महुआ शराब पीने से 7 की मौत: प्रदेश कांग्रेस कमेटी ने मामले में गठित की 6 सदस्यीय जांच समिति
बिलासपुर। कोनी थाना क्षेत्र के लोफंदी में जहरीली महुआ शराब पीने से 7 लोगों की मौत से हड़कंप मच गया है। वहीं 4 लोगों की हालत गंभीर है, जिन्हें इलाज के लिए सिम्स में भर्ती कराया गया है। इस बीच प्रदेश कांग्रेस कमेटी (PCC) ने मामले में 6 सदस्यीय जांच समिति गठित की है, जो मौके पर जाकर पीड़ित परिवारों से मुलाकात करेगी।
बता दें कि कांग्रेस की इस जांच समिति में मस्तूरी विधायक दिलीप लहरिया, कोटा विधायक अटल श्रीवास्तव, डीसीसी ग्रामीण विजय केशरवानी, पूर्व विधायक बिल्हा सियाराम कौशिक, पूर्व विधायक तखतपुर रश्मि सिंह और बेलतरा के पूर्व विधायक प्रत्याशी राजेंद्र डब्बू साहू को शामिल किया गया है। पार्टी ने इस समिति को जल्द से जल्द मौके पर जाकर जांच करने और रिपोर्ट सौंपने के निर्देश दिए हैं।

एक के बाद एक मौत से गांव में फैली सनसनी
लोफंदी के ग्रामीणों के मुताबिक, बीते बुधवार को पहले एक ग्रामीण की मौत हुई, फिर दो लोगों की जान गई। बीमारी समझकर मृत ग्रामीणों का अंतिम संस्कार कर दिया गया था। शुक्रवार की रात सरपंच के भाई समेत एक साथ चार लोगों की मौत हुई तो गांव में सनसनी फैल गई। ग्रामीणों ने महुआ शराब पीने से मौत की आशंका जताई है। हालांकि, पोस्टमॉर्टम के बाद मौत की असल वजह साफ हो पाएगी। पुलिस और अधिकारियों की टीम मौके पर पहुंचकर मामले की जांच कर रही है।
ग्रामीणों का कहना है कि अब तक 7 लोगों की मौत हो चुकी है, जबकि 4 लोग सिम्स में भर्ती हैं। बताया जा रहा है कि जहरीली शराब के सेवन से ये मौतें हुई हैं और बीते एक हफ्ते से लगातार ऐसी घटनाएं सामने आ रही हैं।
प्रशासन का अलग दावा
वहीं, इस मामले में प्रशासन का कहना है कि पिछले 2-3 दिनों में 4 से 5 लोगों की मौत हुई है। मृतकों का अंतिम संस्कार भी किया जा चुका है। शुक्रवार को गांव के सरपंच के भाई की मौत हुई, जिसके बाद प्रशासन ने अंतिम संस्कार से पहले मर्ग पंचनामा कर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा।
पोस्टमार्टम रिपोर्ट से होगा मौत के कारणों का खुलासा
अधिकारियों के मुताबिक, मृतकों में से 2 की रिपोर्ट सामान्य आई है। प्रशासन का कहना है कि 5 फरवरी को कोनी में एक शादी समारोह आयोजित हुआ था, जिसमें मृतक और उनके परिवार के लोग शामिल हुए थे और वहां खाना खाया था। इसके अलावा, कुछ मृतकों ने तालाब से मछली पकड़कर भी खाई थी। प्रशासन ने कहा कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के सही कारणों का खुलासा हो सकेगा।
इन लोगों की हुई मौत
देव कुमार पटेल
शत्रुहन देवांगन
कन्हैया पटेल
कोमल लहरे
बलदेव पटेल
कोमल देवांगन ऊर्फ नानू
रामू सुनहले
दिल्ली में बीजेपी की जीत पर मुख्यमंत्री विष्णुदेव ने जताई खुशी, कहा- छल कपट ज्यादा दिन तक नहीं चलता
रायपुर। दिल्ली विधानसभा चुनाव में भाजपा की ऐतिहासिक जीत पर मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने खुशी जाहिर की है. वहीं बीजेपी नेताओं ने अपनी प्रतिक्रिया दी है.
दिल्ली की प्रगति के लिए जनता ने दिया भाजपा को अपना मत : मुख्यमंत्री साय
मुख्यमंत्री साय ने दिल्ली चुनाव में भाजपा की 27 साल बाद वापसी को लेकर कहा कि सुशासन है, विकास है. प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सबका साथ सबका विकास सबका प्रयास को मूल मंत्र मानकर सभी वर्गों को ध्यान में रखते हुए काम किया है. इसलिए जनता का विश्वास पीएम मोदी और भाजपा पर है. छल कपट ज्यादा दिन तक चलता नहीं है. भारतीय जनता पार्टी से ही दिल्ली की प्रगति संभव है, इसलिए जनता ने अपना मत भाजपा को दिया है.
मोदी की गारंटी पर जनता का मुहर
दिल्ली में बीजेपी की जीत पर उपमुख्यमंत्री अरुण साव ने ट्वीट किया है. उन्होंने कहा कि दिल्ली की जनता ने “आप”दा से मुक्ति पाई मोदी की गारंटी पर मुहर लगाई. छत्तीसगढ़ से लेकर दिल्ली तक शराब से दौलत का सैलाब खड़ा करने वालों को जनता जनार्दन ने शांति से साफ कर दिया।
केजरीवाल सरकार को जनता ने उखाड़ फेंका : उपमुख्यमंत्री विजय शर्मा
उपमुख्यमंत्री विजय शर्मा ने दिल्ली चुनाव में बीजेपी की जीत पर जनता को प्रणाम करते हुए कहा कि जिस तरह छत्तीसगढ़ में जिस तरह शराब घोटाला करने वाली कांग्रेस सरकार को जतना ने सत्ता से बाहर किया वैसे ही अब दिल्ली में शराब घोटाला करने वाली केजरीवाल सरकार को जनता ने उखाड़ फेंका है.
मंत्री ओपी चौधरी ने दिल्ली की जनता का जताया आभार
वित्त मंत्री ओपी चौधरी ने कहा कि दिल्ली में झूठ की राजनीति का अंत हुआ. यह घमंड व अराजकता की हार है. प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के विकास के दृष्टिकोण पर दिल्लीवासियों के विश्वास की विजय है. जनादेश के लिए दिल्ली की जनता का आभार.
दिल्ली में 27 साल बाद भाजपा की बनेगी सरकार
देश की राजधानी दिल्ली में 27 सालों के बाद भारतीय जनता पार्टी की सरकार बनने जा रही हैं. नतीजे घोषित होने से पहले सीएम पद को लेकर अटकलें तेज हो गई हैं. विधानसभा चुनाव में पूर्व सीएम अरविन्द केजरीवाल को हारने वाले प्रवेश वर्मा के नाम पर सियासी गलियारों में अटकलें हैं. हालांकि राष्ट्रीय उपाध्यक्ष बैजयंत जय पांडा ने कहा है कि अगले 10 से 15 दिनों में दिल्ली को नया मुख्यमंत्री मिल जाएगा. हमारे पास सामूहिक नेतृत्व है और मुख्यमंत्री का चयन एक प्रक्रिया के तहत किया जाएगा.
‘झूठ बोले कौवा काटे, केजरीवाल जेल चले जाएंगे तुम…’ भाजपा नेताओं ने मनाया दिल्ली जीत का जश्न, देखिए वीडियो
रायपुर। दिल्ली विधानसभा चुनाव में भाजपा की जीत का उल्लास छत्तीसगढ़ तक छलक रहा है. इस जीत से भाजपा के स्थानीय नेता भी फूले नहीं समा रहे हैं. इसका नजारा रायपुर स्थित पार्टी कार्यालय में देखने को मिला, जहां प्रेस कांफ्रेंस में मौजूद मंत्री रामविचार नेताम, अशोक बजाज, अमित चिमनानी, संदीप शर्मा सहित अन्य नेताओं ने एक स्वर में ‘झूठ बोले कौवा काटे, काले कौवे से डरियो, केजरीवाल जेल चले जाएंगे तुम देखते रहियो…’ गाकर न केवल अपनी बल्कि पार्टी के नेताओं-कार्यकर्ताओं की खुशी का इजहार किया.
आप भी सुनिए छत्तीसगढ़ भाजपा का दिल्ली जीत का गीत…
