प्रदेश
तेज रफ्तार पुलिस स्कॉर्पियो की टक्कर से डिप्टी कलेक्टर घायल, कलेक्ट्रेट के सामने हुआ हादसा
कवर्धा। तेज रफ्तार पुलिस स्कॉर्पियो की टक्कर से डिप्टी कलेक्टर आरबी देवांगन घायल हो गए. उन्हें जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उनका इलाज जारी है. इस हादसे में डिप्टी कलेक्टर की गाड़ी क्षतिग्रस्त हो गई है. यह हादसा कलेक्ट्रेट के सामने हुआ. सिटी कोतवाली पुलिस घटना की जांच में जुटी है.
जानकारी के मुताबिक, डिप्टी कलेक्टर आरबी देवांगन लंच करने अपने घर जा रहे थे, इस दौरान कलेक्ट्रेट के सामने ही तेज रफ्तार पुलिस स्कॉर्पियो ने डिप्टी कलेक्टर की गाड़ी को जोरदार टक्कर मार दी.

रायपुर में कल मनाया जाएगा राष्ट्रीय मतदाता दिवस, उत्कृष्ट योगदान देने वाले अधिकारी-कर्मचारी होंगे सम्मानित
रायपुर। राष्ट्रीय मतदाता दिवस के अवसर पर इंदिरा गांधी कृषि विश्वविद्यालय रायपुर के विवेकानंद सभागार में 25 जनवरी को प्रातः 11 बजे से राज्य निर्वाचन आयुक्त अजय सिंह के मुख्य आतिथ्य में राष्ट्रीय मतदाता दिवस कार्यक्रम का आयोजन किया जाएगा।कार्यक्रम में निर्वाचन कार्यों में उल्लेखनीय योगदान देने वाले अधिकारियों-कर्मचारियों को सम्मानित किया जाएगा।
मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी रीना बाबासाहेब कंगाले ने जानकारी दी कि रायगढ़ कलेक्टर कार्तिकेय गोयल को प्रदेश में लोकसभा निर्वाचन 2024 में सर्वाधिक 81.66 प्रतिशत मतदान कराए जाने, दुर्ग कलेक्टर ऋचा प्रकाश चौधरी को शहरी क्षेत्र होने के बावजूद विगत लोकसभा चुनाव की तुलना में वर्ष 2024 में लोकसभा निर्वाचन में मतदान प्रतिशत में 2.48 प्रतिशत वृद्धि, दंतेवाड़ा कलेक्टर मयंक चतुर्वेदी को धुर नक्सल प्रभावित क्षेत्र होते हुए भी विगत लोकसभा निर्वाचन की तुलना में लोकसभा निर्वाचन 2024 में 10.39 प्रतिशत वृद्धि के लिए उत्कृष्ट जिला निर्वाचन अधिकारी के रूप में सम्मानित किया जाएगा। रायपुर कलेक्टर गौरव कुमार सिंह को लोकसभा निर्वाचन 2024 के दौरान मतदान दलों का प्रशिक्षण कार्य उत्कृष्ट तरीके से संपन्न कराने, राजनांदगांव जिले की मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी सुरुचि सिंह को गुणवत्ता पूर्ण स्वीप गतिविधियां आयोजित करने और मुंगेली जिले के जिला पंचायत मुख्य कार्यपालन अधिकारी प्रभाकर पांडे को प्रवासी मजदूरों को मतदान के लिए प्रेरित करने संबंधी स्वीप गतिविधियों के लिए स्पेशल अवार्ड से सम्मानित किया जाएगा।
नगरीय निकाय चुनाव : प्रत्याशी चयन में बीजेपी– कांग्रेस से आगे निकली आम आदमी पार्टी, महापौर समेत प्रत्याशियों का किया ऐलान, देखें लिस्ट …
रायपुर। नगरीय निकाय चुनाव में प्रत्याशी चयन को लेकर आम आदमी पार्टी बीजेपी और कांग्रेस से आगे निकल गई है. एक तरफ जहां दोनों ही पार्टियां बैठकों का आयोजन कर रही है. वहीं दूसरी तरफ आम आदमी पार्टी ने अपनी दूसरी लिस्ट जारी कर दी है. आप ने बिलासपुर महापौर समेत अन्य जगहों के लिए उम्मीदवारों का ऐलान किया है.
देखें लिस्ट




श्री सीमेंट की जांच रिपोर्ट आई सामने, लापरवाही पर कलेक्टर ने नोटिस जारी कर मांगा जवाब, एक के बाद एक 40 बच्चों की बिगड़ी थी तबीयत…
बलौदाबाजार। श्री सीमेंट से निकलने वाली बदबूदार गैस के कारण खपराडीह स्कूल के विद्यार्थियों की तबीयत अचानक बिगड़ने के मामले में अब सीमेंट कंपनी के खिलाफ सख्त कार्रवाई हो सकती है. कलेक्टर दीपक सोनी ने मामले में सख्त रुख अपनाते हुए कंपनी प्रबंधन को नोटिस जारी कर जवाब मांगा है और तत्काल व्यवस्था सुधारने निर्देश दिया है।
बता दें, हाल ही में बलौदाबाजार-भाटापारा जिले के खपराडीह स्कूल में अचानक कई बच्चों की तबीयत बिगड़ गई थी. इस मामले में श्री सिमेंट प्लांट पर आरोप लगे कि प्लांट के FR से निकलने वाली बदबूदार गैस की वजह से बच्चों की तबीयत बिगड़ी. घटना के दिन कलेक्टर-एसपी तत्काल अस्पताल में बच्चों से मिलने पहुंचे थे. उन्होंने घटना के बाद तत्काल जांच टीम बनाकर जांच करवाई, जिसमें श्री सीमेंट कंपनी की लापरवाही सामने आई है. जांच रिपोर्ट मिलने के बाद कलेक्टर ने मामले को गंभीरता से लेते हुए श्री सीमेंट को नोटिस जारी कर दिया है.

जानकारी के मुताबिक, मामले में कलेक्टर के निर्देश के बाद अनुविभागीय अधिकारी (राजस्व) सिमगा, सहायक संचालक, औद्योगिक स्वास्थ्य एवं सुरक्षा, सहायक संचालक, हाईजिन लैब रायपुर, प्रबन्धक, जिला व्यापार एवं उद्योग केन्द्र बलौदाबाजार, क्षेत्रीय अधिकारी, पर्यावरण संरक्षण मण्डल, रायपुर, सहायक अभियंता, पर्यावरण संरक्षण मण्डल रायपुर एवं वैज्ञानिक पर्यावरण संरक्षण मण्डल रायपुर ने 22 जनवरी 2025 को श्री सीमेंट प्लांट खपराडीह की संयुक्त जांच की.


जांच में पाया गया कि श्री सीमेंट संयंत्र में कारखाना अधिनियम 1948 के तहत नियमों का उल्लंघन किया जा रहा है. इस पर सहायक संचालक औद्योगिक स्वास्थ्य एवं सुरक्षा ने कारखाने के अधिभोगी नीरज अखौरी और कारखाना प्रबंधक विजय अग्रवाल को तत्काल व्यवस्था सुधारने करने के निर्देश दिए और कारण बताओ नोटिस जारी कर 7 दिन के अंदर जवाब मांगा है. ऐसा नहीं करने पर आगे कड़ी कार्रवाई करने की भी चेतावनी दी गई है.
मिली जानकारी अनुसार, जांच के दौरान सहायक संचालक, हाइजिन लैब के द्वारा कारखाने के नार्थ वेस्ट में स्थित AFR में मटेरियल व परिसंकटमय अपशिष्ट का भंडारण और लाईन-3 में रखा गया ए एफ आर मटेरियल का मल्टी गैस डिटेक्टर के माध्यम से हाईजिन लैब के द्वारा हानिकारक गैस का जांच किया गया. जांच में पाया गया कि क्षेत्र में हानिकारक गैस की उपस्थिति नहीं है.
वहीं सहायक संचालक, औद्योगिक स्वास्थ्य एवं सुरक्षा द्वारा कारखाने में जांच में पाया गया कि कारखाने में उत्तर पश्चिम में स्थापित ए एफ आर भंडारण कारखाने के लाईन 3 में स्थापित ए एफ आर भंडारण में परिसंकटमय अपशिष्ट खुले में रखा जाना पाया गया. निकासी हेतु नियमानुसार नालियां व पिट का निर्माण नहीं किया जाना पाया गया. SOP और MSDS प्रदर्शित नहीं किया जाना पाया गया. श्रमिकों को कार्य अनुरूप सुरक्षा उपकरण प्रदाय नहीं किया जाना पाया गया, जो कि कारखाना अधिनियम 1948 की धारा 12, धारा 7 A 2 (b ), 7 A2 (a) और नियम 73 (1), नियम 127 एवं नियम 128 का उल्लंघन है.
क्षेत्रीय कार्यालय, छ.ग. पर्यावरण संरक्षण मण्डल, रायपुर द्वारा कारखाने की जांच में पाया गया, कि कारखाने में उत्तर पश्चिम में स्थापित ए एफ आर भंडारण कारखाने के लाईन 3 में स्थापित ए एफ आर भंडारण में परिसंकटमय अपशिष्ट खुले में रखा जाना पाया गया. उद्योग के आंतरिक मार्गों में वाहनों के परिवहन के दौरान फ्यूजिटिव डस्ट उत्सर्जन होना पाया गया और हाऊस कीपिंग व्यवस्था संतोषजनक नहीं पाया गया.
श्री सीमेंट संयंत्र में नियमों के पालन न किए जाने को लेकर सहायक संचालक, औद्योगिक स्वास्थ्य एवं सुरक्षा ने वैधानिक कार्रवाई करते हुए कारखाना अधिनियम 1948 की धारा 40 (2) के तहत कारखाने के AFR भंडारण क्षेत्र, AFR फीडर एवं AFR श्रेडर मशीन को आगामी आदेश तक प्रतिबंधित करते हुए सील कर दिया गया है.
देखना अब यह होगा कि क्या वाकई श्री सीमेंट की इस बड़ी लापरवाही पर जिला प्रशासन सहित राज्य शासन कड़ी कार्रवाई करता है, या केवल खानापूर्ति करता है.
पटवारियों की हड़ताल खत्म, मंत्री टंकराम वर्मा ने कहा – अब राजस्व संबंधित कामों में आएगी तेजी
रायपुर। ऑनलाइन कामों में आ रही परेशानियों को लेकर जारी पटवारियों की हड़ताल आज समाप्त हो गई है. आदर्श आचार संहिता और लोगों के कामों को देखते हुए पटवारियों ने हड़ताल खत्म करने का ऐलान किया है. आज से ऑनलाइन काम फिर शुरू करेंगे. राजस्व मंत्री टंकराम वर्मा ने कहा है कि पटवारियों से चर्चा जारी थी. आम जनता के हित में उचित निर्णय लिया है. अब प्रदेश में राजस्व संबंधित कामों में तेजी आएगी.
बता दें कि शासन से आवश्यक संसाधन की मांग करते हुए पटवारी बीते 9 दिसंबर से काली पट्टी लगाकर काम कर रहे थे. इसके बाद भी मांग पूरी नहीं होने पर 15 दिसंबर से सभी प्रकार के ऑनलाइन कार्यों और ट्रेनिंग का बहिष्कार किया था. 16 दिसंबर से प्रदेशभर के पटवारी सभी वाट्सएप ग्रुप का बहिष्कार करते हुए हड़ताल पर बैठे थे.
साय सरकार आने के बाद आगे बढ़ रहा छत्तीसगढ़, भाजपा के कमल पर बैठकर आई है मां लक्ष्मी – केदार गुप्ता
रायपुर। साय सरकार आने के बाद छत्तीसगढ़ आगे बढ़ रहा है. पूर्व सीएम भूपेश बघेल की सरकार में आर्थिक संकट था. कांग्रेस के कार्यकाल में घोटाले, भ्रष्टाचार से छत्तीसगढ़ महतारी को लूटा जा रहा था. भाजपा के कमल पर मां लक्ष्मी बैठकर आई है. यह बात भाजपा प्रवक्ता केदार गुप्ता ने आर्थिक और नक्सलवाद के विषय पर आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस में कही.
केदार गुप्ता ने आगे कहा कि साय सरकार ने हर अंतिम व्यक्ति के बारे में सोचा है. उद्योग, टैलेंट, किसान से भूपेश बघेल को कभी मतलब नहीं था, लेकिन साय सरकार आने के बाद से प्रदेश में हर दिन दिवाली मनाई जा रही है. लूटने वाली कांग्रेस सरकार से जनता को मुक्ति मिल गई है. पूर्व सीएम भूपेश बघेल केवल घोषणावीर थे. उन्होंने कहा कि जिन्होंने छत्तीसगढ़ को लूटने का काम किया, उसे साय सरकार में जेल भेजने का काम किया गया है.
कांग्रेस सरकार में फला-फूला नक्सलवाद : केदार गुप्ता
केदार गुप्ता ने विपक्ष पर आरोप लगाते हुए कहा कि कांग्रेस सरकार में नक्सलवाद फलने-फूलने लगा. कांग्रेस पार्टी नक्सलवाद को अपना संरक्षक मानती है.
अदानी के छत्तीसगढ़ में इनवेस्टमेंट पर बयान:
इसे लेकर केदार गुप्ता ने कहा कि कांग्रेस ने 10 जनपद में इन्वेस्ट कर के अपनी कुर्सी बचाने का काम किया. वहीं भाजपा अपने प्रदेश को बचाने इन्वेस्टर्स को बुलाया. निवेश और रोजगार को बढ़ावा देने के लिए सरकार काम कर रही है. बता दें, हाल ही में गौतम अदानी ने छत्तीसगढ़ में बिजली संयंत्र के विस्तार के लिए 65 करोड़ इनवेस्ट करने का ऐलान किया है.
गणतंत्र दिवस पर पर्यावरण को बचाने का देंगे संदेश; जल शक्ति अभियान की थीम पर निकलेगी झांकी, ‘कॉमन पोशार्ड पक्षी’ रहेगा आकर्षण का केंद्र
खैरागढ़। गणतंत्र दिवस के उपलक्ष्य में इस बार खैरागढ़ में आयोजित परेड में जल संरक्षण और जैव विविधता पर आधारित विशेष झांकी प्रस्तुत की जाएगी. झांकी का थीम “जल शक्ति अभियान” पर केंद्रित है, जिसमें जिले की उपलब्धियों और पर्यावरण संरक्षण के प्रति किए गए प्रयासों को प्रदर्शित किया जाएगा.
खैरागढ़ जिले ने जल शक्ति अभियान के तहत 2 लाख 50 हजार घन मीटर पानी संरक्षित करने में सफलता प्राप्त की है. इन प्रयासों के चलते जिले में जल स्तर में सुधार हुआ है. यह क्षेत्र अब जैव विविधता के लिए एक आदर्श स्थल बन गया है. पानी के संरक्षण ने न केवल प्राकृतिक संसाधनों को सुरक्षित किया, बल्कि स्थानीय पारिस्थितिकी तंत्र को भी मजबूती दी है. पानी की उपलब्धता और पर्यावरणीय संतुलन में सुधार के परिणामस्वरूप खैरागढ़ की आद्र भूमि अब प्रवासी पक्षियों का बसेरा बन गई है. इस क्षेत्र में विशेष रूप से कॉमन पोशार्ड (Common Pochard) पक्षी बड़ी संख्या में देखे जा रहे हैं. ये पक्षी अपनी खूबसूरती और प्रवास के लिए मशहूर हैं. इनके आगमन से स्थानीय जैव विविधता और पर्यटन को बढ़ावा मिल रहा है.

झांकी के माध्यम से पर्यावरण संरक्षण का देंगे संदेश : डीएफओ
खैरागढ़ डीएफओ, आलोक तिवारी ने बताया, गणतंत्र दिवस परेड के दौरान प्रस्तुत की जाने वाली झांकी को कॉमन पोशार्ड पक्षी के आकार और स्वरूप के आधार पर डिजाइन किया गया है. झांकी में जल संरक्षण के महत्व और जैव विविधता को उभारा जाएगा. इसके माध्यम से पर्यावरण संरक्षण के प्रति जनजागरूकता फैलाने का प्रयास किया जाएगा. झांकी में नदियों, तालाबों और आद्र भूमि के चित्रण के साथ जल संरक्षण से होने वाले लाभों को भी दर्शाया जाएगा. गणतंत्र दिवस समारोह के इस विशेष आयोजन से यह संदेश दिया जाएगा कि जल ही जीवन है और इसे संरक्षित करना हम सभी की जिम्मेदारी है. झांकी की यह पहल जिले को गौरवान्वित करने के साथ ही पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूकता बढ़ाने का एक सशक्त माध्यम बनेगी.
सरायपाली बस हादसा : सीएम साय ने बच्ची की मौत पर जताया दुख, घायलों के बेहतर इलाज के लिए प्रशासन को दिए निर्देश
रायपुर। महासमुंद जिले के सरायपाली में यात्री बस और ट्रक के बीच हुई सड़क दुर्घटना में एक बच्ची की मौत और 43 लोगों के घायल होने की खबर पर सीएम विष्णुदेव साय ने दुख जताया है. उन्होंने ट्वीट कर कहा, यह घटना अत्यंत दुखद है. घायलों का इलाज जारी है. प्रशासन को बेहतर चिकित्सकीय व्यवस्था के निर्देश दिए हैं.
सीएम साय ने कहा, ईश्वर से दिवंगत बच्ची की आत्मा की शांति एवं उनके शोक संतप्त परिजनों को संबल प्रदान करने व घायलों के जल्द से जल्द स्वास्थ्य लाभ की प्रार्थना करता हूं.

मिली जानकारी के अनुसार, बस क्रमांक CG 23 N 2400 दुर्ग से पुरी जा रही थी. रास्ते में सुबह करीबन चार बजे सरायपाली के घंटेश्वरी मंदिर से करीब 200 मीटर की दूरी पर खड़े ट्रक (RJ 17 GA 5673) से बस जा भिड़ी. दुर्घटना के तुरंत बाद यात्रियों की चीख-पुकार शुरू हो गई. इस हादसे में एक बच्ची की मौत हो गई. वहीं कई लोग घायल हुए हैं. दुर्घटना की सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची पुलिस ने सभी घायलों को उपचार के लिए सरायपाली सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र पहुंचाया.

नगरीय निकाय चुनाव के लिए बीजेपी की बैठक शुरू, ओबीसी आरक्षण पर कांग्रेस के आरोपों का विधायक धरम लाल कौशिक ने दिया जवाब…
रायपुर। नगरीय निकाय चुनाव में ओबीसी आरक्षण को मुद्दा बनाते हुए कांग्रेस भाजपा को घेरने में जुटी है. कांग्रेस के आरोपों को नौटंकी करार देते हुए भाजपा के वरिष्ठ विधायक धरम लाल कौशिक ने कहा कि यह कोई बीजेपी का निर्णय नहीं है. सुप्रीम कोर्ट के गाइडलाइन के हिसाब से चुनाव हो रही है. ओबीसी वर्ग को पर्याप्त टिकट दिया जाएगा. कांग्रेस केवल भ्रम फैलाने का काम कर रही है.
बता दें कि नगरीय निकाय चुनाव को लेकर भारतीय जनता पार्टी की प्रदेश मुख्यालय में मैराथन बैठक का सिलसिला आज सुबह से शुरू हो गया है. राष्ट्रीय सह संगठन महामंत्री शिव प्रकाश, प्रदेश प्रभारी नितिन नबीन, बीजेपी प्रदेश अध्यक्ष किरण सिंह, मुख्यमंत्री विष्णु देव साय की मौजूदगी में बैठक हो रही है. निकाय चुनाव के लिए बनाए गए समितियों के साथ चर्चा हो रही है. समितियों और कोर कमिटी के सदस्यों से वन टू वन चर्चा हो रही है.
बैठक में शामिल होने पहुंचे भाजपा के वरिष्ठ विधायक धरम लाल कौशिक ने मीडिया से चर्चा करते हुए कहा कि कुछ नाम यहां से तय हो जाएंगे, और कुछ नाम का पैनल बनाया जाएगा. बहुत शीघ्र नाम घोषित होने की संभावना है. महापौर का नाम एक दिन बाद आएगा.
पिटने वाले हैं कांग्रेस के सारे मोहरे
कौशिक ने पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल द्वारा चुनाव आयोग को लिखे गए पत्र पर कहा कि जहां सरकार आती है, वहां सभी बातों को भूल जाते हैं. हार के बाद कांग्रेस को क्या बोलना है, उसकी भूमिका भूपेश बघेल तैयार कर रहे हैं. नगरीय निकाय में भी कांग्रेस की हार होने वाली है. कांग्रेस के सारे मोहरे पीटने वाले हैं.
नक्सली चलपति को भगवान बताए जाने पर डिप्टी सीएम विजय शर्मा की तीखी प्रतिक्रिया
रायपुर। दो दिन पहले मारे गए एक करोड़ के ईनामी नक्सली चलपति को उसके ससुर द्वारा भगवान बताए जाने पर डिप्टी सीएम विजय शर्मा ने कड़ी प्रतिक्रिया दी है. उन्होंने कहा कि जिन्होंने स्कूल बनने नहीं दिया, बिजली-पानी पहुंचने नहीं दी, कई बच्चों को बेघर किया, पुलिस से मिले होने की बात कहते हुए सैकड़ों लोगों की हत्या कर दी. उसके लिए ऐसी बातें समझ से परे है.
डिप्टी सीएम विजय शर्मा ने भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश कार्यालय में आयोजित संगठन बैठक से पहले मीडिया से चर्चा की. इस दौरान उन्होंने छत्तीसगढ़ में मनी म्यूल मामले में साइबर रेंज ने कार्रवाई करते हुए 3 नाइजीरियन सहित 62 लोगों को गिरफ्तार किए जाने पर रायपुर रेंज की तारीफ की।
उन्होंने कहा कि आगे भी कार्रवाई होगी. इसमें और बड़ी सफलताएं पुलिस को मिलेगी. एनडीपीएस और साइबर क्राइम के जितने मामले हैं, उन सभी को मिलाकर देखा जा रहा है. जो भी बाहर से आकर या आस-पास के देशों से आकर यह काम कर रहे हैं, प्रदेश में पूरी योजना के साथ उनकी शिनाख्त कर कार्रवाई की जाएगी.
VVPAT पर भूपेश बघेल के सवाल पर कसा तंज
EVM में VVPAT नहीं होने को लेकर पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल के निर्वाचन आयोग से किए गए सवालों पर गृह मंत्री विजय शर्मा ने तंज कसा है. उन्होंने कहा कि सरकार आने पर भूल जाते है कि ईवीएम से ही चुनाव हुए हैं. ये वही लोग हैं, जो महाराष्ट्र में चुनाव हारने पर धरने पर बैठते हैं, और झारखंड में चुनाव जीतने पर कपड़े बदलकर शपथ लेते हैं.
मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने राष्ट्रीय बालिका दिवस की दी बधाई
रायपुर। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने राष्ट्रीय बालिका दिवस के अवसर पर शुभकामनाएं देते हुए सभी बेटियों के उज्ज्वल भविष्य की कामना की है। उन्होंने कहा कि समाज में बालिकाओं को उनके अधिकारों के प्रति जागरुक करने और उनके साथ होने वाले भेदभाव के प्रति लोगों को जागरुक करने के उद्देश्य से प्रत्येक वर्ष 24 जनवरी को राष्ट्रीय बालिका दिवस मनाया जाता है। श्री साय ने कहा कि बालिकाएं देश-प्रदेश, समाज और परिवार की शान, मान और अभिमान होती हैं। उन्हें सशक्त बनाने के लिए सुरक्षित और सहज माहौल देने की जरूरत है। इसके लिए समाज को अधिक जागरूक होने की आवश्यकता है। मुख्यमंत्री श्री साय ने कहा कि छत्तीसगढ़ में महिलाओं के सम्मान की परंपरा रही है। इसी कारण प्रदेश की प्रगति में छत्तीसगढ़ की बेटियां अप्रतिम योगदान दे रही हैं। यह बहन बेटियों और माताओं के लिए बेहतर वातावरण से संभव हुआ है। उन्होंने कहा कि बेटियां खूब पढ़ें, निडर होकर आगे बढ़ें, अपने सपनों को साकार करें और घर परिवार के साथ देश-प्रदेश की उन्नति में भी सहभागी बने, इसके लिए हमारी सरकार दृढ़ संकल्पित है।
छत्तीसगढ़ में भगवा पार्टी की सरकार फिर भी सनातनी सरकारी कर्मचारी महाकुंभ पुण्यस्नान से वंचित!
रायपुर। छत्तीसगढ़ में नगरीय निकाय चुनाव और पंचायत चुनाव को लेकर को लेकर बिगुल फूंका जा चुका है। आचार संहिता के चलते सरकारी कर्मचारियों की सारी छुट्टियां रद्द कर दी गई है। किसी आकस्मिक कार्य के लिए उन्हें कलेक्टर के परमिशन के बाद ही छुट्टी प्राप्त हो सकेगी। ऐसे में सपरिवार प्रयागराज महाकुंभ स्नान करने की राज्य के लाखों सरकारी कर्मचारियों की इच्छा पूर्ण होती नहीं दिख रही है। वहीं दूसरी तरफ सरकार में बैठे लोग सपरिवार कुंभ स्नान कर पुण्य लाभ कमा रहे हैं।
महाकुंभ स्नान से वंचित हो रहे सनातनी सरकारी कर्मचारियों का कहना है कि सरकार ने जब नगरीय निकाय में प्रशासक बिठा ही दिया था तो चुनाव को एक महीना आगे टालने में कोई दिक्कत नहीं होती। इससे महाकुंभ जाने की सरकारी कर्मचारी परिवार की चाह भी पूर्ण हो जाती। वे कहते है कि प्रयागराज में 144 साल बाद हो रहा यह महाकुंभ भव्य और दिव्य है। हर सनातनी यहां अपनी हाजिरी लगाना चाहता है, क्योंकि जीवन में ऐसा सौभाग्य दोबारा मिलने वाला नहीं है। इसलिए सनातन धर्म के इस पवित्र आयोजन में हर कोई भागीदार बनना चाहता है और त्रिवेणी संगम में स्नान करके पुण्य लाभ लेना चाहता है।
महाकुंभ समापन के 1 दिन शेष रहते ही इधर आचार संहिता भी समाप्त होगा। वे दुखी मन से कहते है कि यहां भगवा पार्टी की ही सरकार है। और यह सरकार हम सनातनियों के दम पर ही बनी है। इसके बाद भी अगर हम महाकुंभ जाने से वंचित है तो यह हमारा दुर्भाग्य ही है।
छत्तीसगढ़ की इरजा कुरैशी ने एक साल की उम्र में किया ये बड़ा कमाल, तोड़े कई नेशनल और इंटरनेशनल रिकॉर्ड्स
बिलासपुर। बिलासपुर की एक नन्ही सी बच्ची ने अपनी कम उम्र में ऐसी मिसाल पेश की है, जिसे देखकर हर कोई हैरान है. व्यापार विहार स्थित नगर निगम कॉलोनी में रहने वाली एक वर्षीय इरजा कुरैशी ने न केवल शासन की योजनाओं का भरपूर लाभ उठाया, बल्कि अपने अद्भुत कौशल और परिश्रम से कई नेशनल और इंटरनेशनल रिकॉर्ड्स भी अपने नाम किए हैं. इरजा ने एक साल की उम्र में 42 से अधिक सरकारी प्रमाणपत्र और 102 जंपिंग के रिकॉर्ड दर्ज किए हैं.

दरअसल, महाराणा प्रताप चौक के पास रहने वाले आर्किटेक्ट पिता अलफरहान और माता स्वालेहा कुरैशी ने बताया कि अपनी एक वर्षीय बेटी इरजा कुरैशी को शासन की कमोबेश सभी योजनाओं का लाभ दिलाने का प्रयास किया है. कम उम्र में बच्चों को जो योजनाएं शासन की ओर से दी जा रही हैं लगभग सभी की सभी का इस परिवार ने लाभ लेकर जागरूक परिवार होने का प्रमाण दिया है. आधार कार्ड से लेकर जन्म प्रमाण पत्र, सुकन्या समृद्धि योजना, पासपोर्ट, आंगनबाड़ी योजना, पेन कार्ड जैसे लगभग 42 प्रकार के प्रमाणपत्र की यह बच्ची धारक है. जंपिंग के मामले में भी उसने रिकॉर्ड कायम किया है, 1 मिनट में 102 बार जंपिंग कर बच्ची ने पिछले 72 बार के जंपिंग का रिकॉर्ड तोड़ा है.

इरजा के नाम पर इंटरनेशनल बुक ऑफ रिकॉर्ड, वर्ल्ड वाइड बुक ऑफ रिकॉर्ड, गोल्डन बुक ऑफ रिकॉर्ड, वर्ल्ड रिकॉर्ड आफ इंडिया, कलाम वर्ल्ड रिकॉर्ड इंटरनल, ज़खी बुक ऑफ वर्ल्ड रिकॉर्ड,चेतन बुक ऑफ़ वर्ल्ड रिकॉर्ड, इंडिया बुक ऑफ वर्ल्ड रिकॉर्ड, किंग बुक ऑफ़ वर्ल्ड रिकॉर्ड, एक्सक्लूसिव वर्ल्ड रिकॉर्ड जैसे तमाम रिकॉर्ड पर इसका नाम दर्ज है.
सिविल जज परीक्षा को लेकर हाईकोर्ट का बड़ा फैसला, सरकारी कर्मचारी भी दे सकेंगे एग्जाम, आवेदन की तिथि बढ़ी
बिलासपुर। छत्तीसगढ़ हाईकोर्ट ने अपने का महत्वपूर्ण फैसले में कहा है कि सिविल जज की परीक्षा में वह उम्मीदवार भी भाग ले सकते हैं, जो सरकारी कर्मचारी हैं और जिनका बार काउंसिल में नामांकन नहीं है. कोर्ट ने आदेशित किया है कि एक उम्मीदवार जो विधि स्नातक है, चाहे वह अधिवक्ता के रूप में नामांकित हो या नहीं, इससे कोई फ़र्क नहीं पड़ेगा क्योंकि उसे भी उसी जांच से गुजरना होगा, जिससे दूसरे उम्मीदवार को गुजरना होगा, जो अधिवक्ता के रूप में नामांकित है. वहीं हाईकोर्ट ने इसके साथ ही सीजीपीएससी को सिविल जज की परीक्षा के आवेदन की अंतिम तिथि को 24 जनवरी 2025 से 1 महीने तक के लिए आगे बढ़ने का आदेश दिया है.
दरअसल, मध्यप्रदेश के जबलपुर की रहने वाली विनीता यादव विधि स्नातक है, जिसने रानी दुर्गावती विश्वविद्यालय, जबलपुर से विधि में डिग्री प्राप्त की है. वह छत्तीसगढ़ लोक सेवा आयोग द्वारा विज्ञापित सिविल जज (जूनियर डिवीजन) परीक्षा, 2024 में शामिल होने की इच्छुक थी. लेकिन वर्तमान में वह सरकारी कर्मचारी के रूप में कार्यरत है तथा अधिवक्ता अधिनियम, 1961 (संक्षेप में 1961 का अधिनियम) के तहत अधिवक्ता के रूप में नामांकित नहीं है तथा पूर्णकालिक सरकारी कर्मचारी होने के कारण उसे 1961 के अधिनियम के तहत बनाए गए बार काउंसिल ऑफ इंडिया रूल्स के नियम 49 के तहत अधिवक्ता के रूप में नामांकन करने से वैधानिक रूप से रोक दिया गया है, जो किसी भी पूर्णकालिक व्यवसाय में लगे व्यक्तियों के नामांकन पर रोक लगाता है.
याचिकाकर्ता ने अपनी अधिवक्ता शर्मिला सिंघई के माध्यम से छत्तीसगढ़ हाईकोर्ट में याचिका दायर की. मुख्य न्यायाधीश रमेश कुमार सिन्हा और न्यायाधीश रविन्द्र कुमार अग्रवाल की डबल बैंच में सुनवाई हुई. बैंच ने सुनवाई के दौरान कहा प्रथम दृष्टया, हमारा विचार है कि फिलहाल याचिकाकर्ता को अपना ऑनलाइन फॉर्म भरने की अनुमति दी जानी चाहिए और यदि वह अन्य सभी मानदंडों को पूरा करती है, तो उसे भर्ती प्रक्रिया में भाग लेने की अनुमति दी जा सकती है. भर्ती प्रक्रिया में भाग लेने की अनुमति दी गई है. चूंकि ऑनलाइन फॉर्म जमा करने की अंतिम तिथि 24.01.2025 है, इसलिए छत्तीसगढ़ लोक सेवा आयोग को निर्देश देते हुए ऑनलाइन फॉर्म जमा करने की अंतिम तिथि को एक महीने के लिए बढ़ा देने आदेश दिया. इसके अलावा, विशुद्ध रूप से अंतरिम उपाय के रूप में छत्तीसगढ़ लोक सेवा आयोग उम्मीदवारों को अपने ऑनलाइन फॉर्म भरने की अनुमति देगा, भले ही वे 1961 के अधिनियम के तहत अधिवक्ता के रूप में नामांकित न हों.
यह भी स्पष्ट किया है कि यह आदेश प्रतिवादी के रूप में लागू होगा, न कि व्यक्तिगत रूप से और यहां तक कि वे अभ्यर्थी जिन्होंने उपरोक्त राहत के लिए इस उच्च न्यायालय का दरवाजा नहीं खटखटाया है, उन्हें भी वर्तमान आदेश का लाभ उठाने की अनुमति दी जाएगी.
वहीं यह भी कहा जैसा कि पूर्वोक्त शीर्ष न्यायालय के 6 निर्णयों के प्रकाश में है. संबंधित प्रतिवादी अगली सुनवाई की तारीख से पहले अपना रिटर्न दाखिल कर सकते हैं. इसके साथ ही cgpsc के अधिवक्ता अनिमेष तिवारी को निर्देश दिया कि वे इस आदेश को छत्तीसगढ़ लोक सेवा आयोग को तत्काल सूचित करें. इस मामले को 17 फरवरी, 2025 को रखी गई है.
बीजेपी प्रदेश प्रभारी नितिन नबीन का बड़ा बयान, कहा- पंच से पार्लियामेंट तक भाजपा का सपना होगा पूरा
रायपुर। नगरीय निकाय और त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव की तैयारी को लेकर बीजेपी के प्रभारी नितिन नबीन छत्तीसगढ़ दौरे पर पहुंचे. रायपुर एयरपोर्ट पर पत्रकारों से चर्चा करते हुए उन्होंने बड़ा बयान दिया. नितिन नबीन ने कहा कि पंच से पार्लियामेंट तक बीजेपी का सपना पूरा होगा.
बीजेपी प्रदेश प्रभारी नितिन नबीन ने आगामी निकाय चुनाव को लेकर कहा कि पार्टी अपने कार्यकर्ताओं के साथ मिलकर पूरी तैयारी के साथ मैदान में उतरेगी. उन्होंने बताया कि चुनाव के लिए कई स्तर पर नाम सामने आए हैं, जिनमें राज्य स्तर के नाम भी शामिल हैं. नितिन नबीन ने यह भी कहा कि बीजेपी सबको साथ लेकर आगे बढ़ने का काम करेगी.
मुख्यमंत्री साय ने ”छत्तीसगढ़ इन्वेस्टर कनेक्ट मीट” में देश के जाने माने उद्योगपतियों से की मुलाक़ात, राज्य में स्वास्थ्य, शिक्षा, आईटी और पर्यटन के क्षेत्रों में निवेश की संभावनाओं पर की चर्चा
रायपुर। देश की आर्थिक राजधानी मुंबई में गुरुवार 23 जनवरी को आयोजित “छत्तीसगढ़ इन्वेस्टर कनेक्ट” मीट का आयोजन किया गया, जिसमें देश के बड़े उद्योपति और निवेशक शामिल हुए। इस दौरान छत्तीसगढ़ को 6000 करोड़ के निवेश प्रस्ताव मिला है। कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने आदित्य बिड़ला ग्रुप के अध्यक्ष कुमारमंगलम बिड़ला, गोदरेज समूह की कार्यकारी निदेशक तान्या डुबाश, अमेरिकी महावाणिज्यदूत माइक हैंकी और रूस के महावाणिज्यदूत इवान वाई फेटिसोव के साथ चर्चा की। सीएम साय इस दौरान लीग गई तस्वीरों को अपने आधिकारिक एक्स अकॉउंट पर साझा किया है।
मुख्यमंत्री साय ने आदित्य बिड़ला ग्रुप के अध्यक्ष कुमारमंगलम बिड़ला के साथ चर्चा की तस्वीरों को एक्स पर साझा करते हुए लिखा, ”आज मुंबई में आयोजित “छत्तीसगढ़ इन्वेस्टर कनेक्ट” मीट में आदित्य बिड़ला ग्रुप के अध्यक्ष कुमारमंगलम बिड़ला जी से मुलाकात हुई। उन्होंने छत्तीसगढ़ में निवेश संभावनाओं पर सारगर्भित चर्चा की।”
मुख्यमंत्री साय ने गोदरेज समूह की कार्यकारी निदेशक तान्या डुबाश से मुलाक़ात की तस्वीरों को साझा करते हुए लिखा, ”आज मुंबई में आयोजित “छत्तीसगढ़ इन्वेस्टर कनेक्ट” मीट में गोदरेज समूह की कार्यकारी निदेशक तान्या डुबाश जी से मुलाकात हुई। इस अवसर पर उनसे छत्तीसगढ़ की नई औद्योगिक विकास नीति और राज्य में उद्योगों के लिए अनुकूल वातावरण के विषय में चर्चा हुई। उन्होंने छत्तीसगढ़ में रासायनिक उर्वरक, कृषि और खाद्य प्रसंस्करण तथा मोल्डेड फर्नीचर निर्माण जैसे क्षेत्रों में निवेश की व्यापक संभावनाओं को लेकर विशेष रुचि जताई।”
CM साय ने राज्य में विदेशी निवेश के लिए नए दरवाजे खोले
मुख्यमंत्री साय ने “छत्तीसगढ़ इन्वेस्टर कनेक्ट” मीट के जरिये राज्य में विदेशी निवेश के लिए नए दरवाजे खोले हैं। उन्होंने मुंबई में इन्वेस्टर कनेक्ट मीट में अमेरिकी महावाणिज्यदूत माइक हैंकी और रूस के महावाणिज्यदूत इवान वाई फेटिसोव के साथ चर्चा की।
गौरतलब है कि “छत्तीसगढ़ इन्वेस्टर कनेक्ट” मीट के दौरान छत्तीसगढ़ के अंदर स्वास्थ्य, शिक्षा, आईटी और पर्यटन जैसे क्षेत्रों में निवेश की संभावनाओं पर बात हुई। चर्चा के बाद राज्य में 6000 करोड़ रुपये के निवेश के प्रस्ताव मिले हैं। मुंबई में निवेश मीट के दूसरे चरण में प्लास्टिक, कपड़ा, आईटी और फूड प्रोसेसिंग कंपनियों ने छत्तीसगढ़ में निवेश करने का फैसला किया है। सबसे ज्यादा 2,367 करोड़ रुपये का निवेश प्रस्ताव एक सीमेंट कंपनी ने रखा है।

मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने कहा कि नई औद्योगिक नीति के लागू होने के बाद से छत्तीसगढ़ को रायपुर, दिल्ली और मुंबई में आयोजित इन्वेस्टर कनेक्ट मीट में एक लाख करोड़ रुपये का निवेश मिला है।

छत्तीसगढ़ में निवेश करना चाहते हैं उद्योगपति
देश-विदेश के प्रमुख उद्योगपतियों ने मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के साथ राज्य में निवेश के अवसरों पर विस्तृत चर्चा की। विभिन्न क्षेत्रों के निवेशकों ने राज्य में व्यवसाय शुरू करने में गहरी रुचि दिखाई। राज्य की नई औद्योगिक नीति 2024-30 पर प्रकाश डालते हुए सीएम साय ने कहा कि निवेशकों को ध्यान में रखते हुए उन्होंने “न्यूनतम शासन, अधिकतम प्रोत्साहन” का आदर्श वाक्य अपनाया है। इसके तहत, अनापत्ति प्रमाण पत्र (एनओसी) की प्रक्रिया को सुव्यवस्थित किया गया है और अब सिंगल विंडो से मंजूरी मिल जाती है। इससे निवेशकों को काफी राहत मिली है।
रोजगार बढ़ाने के लिए बेस्पोक पॉलिसी
सीएम साय ने कहा कि निवेश और रोजगार के अवसरों को बढ़ावा देने के लिए बेस्पोक पॉलिसी शुरू की गई है। जिस कंपनी में 1,000 करोड़ रुपये का निवेश किया गया है या 1,000 लोगों को रोजगार दिया गया है। वह कंपनी बेस्पोक पाॉलिसी का लाभ ले सकती है। इस नीति के तहत कंपनी 30% से 50% तक का स्थायी पूंजी निवेश कर सकती है। निवेश की राशि 200 करोड़ रुपये से 450 करोड़ रुपये के बीच हो सकती है। इसके साथ ही जीएसटी में छूट और कई अन्य लाभ भी मिलते हैं।
नवा रायपुर में डेटा सेंटर का शुभारंभ
मुख्यमंत्री ने कहा कि छत्तीसगढ़ में आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस, रोबोटिक्स, कंप्यूटिंग और ग्रीन हाइड्रोजन जैसे उभरते उद्योगों में निवेश किया जा सकता है। उन्होंने नवा रायपुर में एक नए डेटा सेंटर के शुभारंभ की भी घोषणा की। इससे नवा रायपुर को आईटी हब बनाने में मदद मिलेगी। कई आईटी कंपनियों ने पहले ही इस क्षेत्र में काम शुरू कर दिया है। इसके अलावा इलेक्ट्रॉनिक्स, फार्मास्यूटिकल्स, टेक्सटाइल, फूड और कृषि प्रसंस्करण जैसे क्षेत्रों में विशेष रियायतें दी गई हैं। इस दिशा में एक बड़ा कदम नवा रायपुर में फार्मास्युटिकल पार्क की स्थापना है, जो मध्य भारत का सबसे बड़ा फार्मास्युटिकल पार्क बनने वाला है।
बस्तर और सरगुजा में निवेश पर जोर
मुख्यमंत्री ने कहा कि बस्तर में नगरनार स्टील प्लांट के पास नियानार गांव में 118 एकड़ में एक नया औद्योगिक क्षेत्र बनाया जाएगा। यह नया औद्योगिक केंद्र बड़े पैमाने पर लघु, सूक्ष्म और मध्यम उद्यमों के विकास के लिए महत्वपूर्ण अवसर पैदा करेगा। बस्तर और सरगुजा को औद्योगिक निवेश प्रोत्साहन के लिए सर्वोच्च प्राथमिकता वाले क्षेत्रों के रूप में नामित किया गया है। इन क्षेत्रों में विकास को प्रोत्साहित करने के लिए कोर सेक्टरों में प्रोत्साहन के साथ-साथ लोहे और कोयले की रॉयल्टी पर 50% से 100% तक की छूट दी जा रही है। इसके अतिरिक्त, 150% तक टैक्स की प्रतिपूर्ति का भी प्रावधान है।
बैठक में उद्योग विभाग के मंत्री लखन लाल देवांगन, छत्तीसगढ़ के मुख्य सचिव अमिताभ जैन, मुख्यमंत्री के सचिव राहुल भगत, उद्योग विभाग के सचिव रजत कुमार, नई दिल्ली में छत्तीसगढ़ की निवेश आयुक्त रितु सैन और सीएसआईडीसी के प्रबंध निदेशक विश्वेश कुमार सहित कई वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित थे।
किस क्षेत्र में कितना निवेश?
- प्लास्टिक और टेक्सटाइल के क्षेत्र में 500 करोड़ रुपए का निवेश
- पालतू पशुओं के भोजन का उत्पादन बढ़ाने के लिए राजनांदगांव में 625 करोड़ रुपए का निवेश
- ऊर्जा जरूरतों को पूरा करने के लिए 30 मेगावाट का सौर ऊर्जा संयंत्र भी लगाया जाएगा
- आईटी क्षेत्र में 600 करोड़ रुपए का निवेश
- स्वास्थ्य सेवा क्षेत्र में 700 करोड़ रुपए का निवेश
