रायपुर। इस वर्ष फरवरी से अब तक रायपुर जिले में कुल 7970 अपराध दर्ज किए गए हैं, जो पिछले साल के इसी अवधि में दर्ज 8224 अपराधों के मुकाबले 3 प्रतिशत कम हैं. यह आंकड़ा रायपुर पुलिस ने जारी किया है. रायपुर पुलिस की तरफ से अपराधों में कमी लाने के लिए प्रतिबंधात्मक कार्रवाइयों, बदमाशों पर कार्रवाई, विजिबल पुलिसिंग और नशे के खिलाफ सख्त कदम उठाए जा रहे हैं.
आईजीपी रायपुर अमरेश मिश्रा और एसएसपी संतोष सिंह के निर्देश पर जिलेभर में विशेष अभियान चलाए जा रहे हैं.जिला रायपुर में माह फरवरी से अब तक आईपीसी/बीएनएस के तहत 7970 अपराध दर्ज किए गए हैं. पिछले साल इसी अवधि में 8224 अपराध दर्ज हुए थे. इस तुलनात्मक अवधि में अपराधों में 3 प्रतिशत की आंशिक कमी आई है.
तुलनात्मक आंकड़ों के अनुसार, पिछले साल चाकूबाजी की 171 घटनाओं की तुलना में इस वर्ष 102 घटनाएं दर्ज की गईं, जो 40 प्रतिशत की कमी को दर्शाती है. वहीं, हत्या की घटनाओं में 7 प्रतिशत की बढ़ोतरी हुई है, जिनकी संख्या 54 से बढ़कर 58 हो गई है. इसके अलावा, छेड़छाड़/यौन हिंसा में 28 प्रतिशत, बलात्कार में 8 प्रतिशत, चोरी में 9 प्रतिशत और मारपीट में 3 प्रतिशत की कमी देखी गई है।
इस वर्ष फरवरी माह से चलाए जा रहे नशा विरोधी अभियान के कारण एनडीपीएस एवं आबकारी के तहत दर्ज मामलों में वृद्धि होने से कुल पंजीकृत अपराधों में भी वृद्धि हो रही है.
रायपुर। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय अब ट्रेन से भी प्रदेश के विविध क्षेत्रों का दौरा करेंगे। यह निर्णय श्री साय ने उस वक्त अचानक लिया जब बिलासपुर में आयोजित कवि सम्मेलन में शामिल होने के लिए बिलासपुर जाने की तैयारियों की बात चली।
मुख्यमंत्री ने कहा कि ट्रेन यात्रा मेरे लिए नई नहीं है। विधायक एवं सांसद रहते हुए मैने अनेक बार ट्रेन यात्रा की है। मुख्यमंत्री ने कहा कि ट्रेन से यात्रा करने का आनंद यह है कि बहुत से नए लोगों से परिचय होता है, उनसे आत्मीय मुलाकात होती है और ऐसा लगता है कि बहुत बड़े परिवार के साथ यात्रा पर जा रहे हों।
श्री साय आज शाम अमरकंटक एक्सप्रेस से रायपुर से बिलासपुर के लिए रवाना हुए। वे मुख्यमंत्री निवास से कार द्वारा रेल्वे स्टेशन पहुंचे। वहां बिना विशेष ताम झाम के प्लेटफार्म तक पहुंच गए। मुख्यमंत्री को अचानक प्लेटफार्म पर देखकर लोगों की खुशियों का ठिकाना न रहा। उन्होंने उत्साह के साथ मुख्यमंत्री का अभिवादन किया, श्री साय ने भी गर्मजोशी से उनसे मुलाकात कर बातचीत की।
मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने कहा कि ट्रेन की यात्राएं हमेशा खास होती है। रेल यात्राओं की आम भारतीय के जीवन में खास जगह है। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय आज अमरकंटक एक्सप्रेस से रायपुर से बिलासपुर की यात्रा को लेकर खासे उत्सुक दिखे। वे प्लेटफार्म पर बैटरी चलित कार छोड़ आम यात्रियों की तरह प्लेटफॉर्म पर पैदल चले और ट्रेन से अपने गंतव्य की ओर रवाना हुए। उन्होंने आम यात्री की तरह मूंगफली खाते हुए देशी अंदाज में कहा कि इसके बिना भारतीयों की रेल यात्रा पूरी नहीं हो सकती। उन्होंने कहा कि ट्रेन सार्वजनिक संपत्ति है और ट्रेन की स्वच्छता का ध्यान रखना चाहिए। साथ ही यात्रियों को जागरूकता का परिचय देते हुए ट्रेन में खाने के बाद मूंगफली के छिलके इधर-उधर नहीं फेंकने चाहिए जिससे अन्य यात्रियों को परेशानी हो। मुख्यमंत्री श्री साय ने कहा मैंने ट्रेन से खूब यात्राएं की है और यात्रियों के साथ उन्होंने इससे जुड़े कुछ मजेदार किस्से और अनुभव भी साझा किए।
मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के साथ इस यात्रा के दौरान रेलवे के अधिकारी भी मौजूद रहे। उन्होंने रेलवे में हुए नवाचार और यात्री सुविधाओं की जानकारी ली। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के शासनकाल में रेलवे की सुविधाएं बेहतर हुई है। यात्री सुविधाएं बढ़ी हैं और लगातार इसका विस्तार भी हो रहा है। छत्तीसगढ़ को भी इसका लाभ मिला है और यहां रेलवे से जुड़ी आधारभूत संरचनाएं बढ़ी है। उन्होंने कहा कि हमारे देश में रेल यात्राओं के बिना आम आदमी का सफर पूरा नहीं होता है और हमारी डबल इंजन की सरकार इस पूरी व्यवस्था को बेहतर करने में जुटी हुई है।
इस मौके पर विधायक अनुज शर्मा, भैयालाल राजवाड़े और गुरु खुशवंत साहेब भी यात्रा के दौरान उनके साथ उपस्थित थे।
रायपुर। महिला एवं बाल विकास मंत्री लक्ष्मी राजवाड़े की कार को कुसमी जाते वक्त ट्रक ने जोरदार टक्कर मार दी, जिससे उनकी गाड़ी बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई. हादसे में मंत्री और उनके साथ चल रहे लोग सुरक्षित रहे, जिससे सभी ने राहत की सांस ली. इस हादसे सूचना मिलते ही सीएम विष्णुदेव साय ने मंत्री लक्ष्मी राजवाड़े से फोन पर बात की और उनका हालचाल जाना.
सीएम साय ने एक्स पर पोस्ट कर लिखा, बलरामपुर जिले के राजपुर में मंत्रिमंडल की साथी लक्ष्मी राजवाड़े के काफिले की गाड़ियों के आपस में टकराने की सूचना प्राप्त हुई. लक्ष्मी राजवाड़े जी से अभी फोन पर बात हुई और उन्होंने स्वयं सहित अन्य सभी के सकुशल होने की जानकारी दी है. प्रभु श्रीराम की कृपा सभी पर बनी रहे.
बता दें कि यह दुर्घटना बलरामपुर जिले के राजपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत चारगढ़ के पास हुई. जानकारी के अनुसार, मंत्री लक्ष्मी राजवाड़े अपने काफिले के साथ कुसमी जा रही थीं. इसी दौरान क्लिंकल लोड ट्रक ने उनकी गाड़ी को टक्कर मार दी. टक्कर के बाद काफिले की गाड़ियां एक के बाद एक आपस में टकरा गईं, जिससे अफरा-तफरी का माहौल बन गया. दुर्घटना के बाद प्रशासन ने स्थिति को नियंत्रित करते हुए ट्रक चालक और संबंधित वाहन की जांच शुरू कर दी है.
रायपुर। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने आज राजधानी रायपुर के शंकर नगर में काशी स्पाइन हॉस्पिटल का लोकार्पण किया। इस अवसर पर वित्त मंत्री ओ.पी. चौधरी, सांसद बृजमोहन अग्रवाल, विधायक मोती लाल साहू और पुरंदर मिश्रा, पूर्व विधायक विजय अग्रवाल, अस्पताल परिवार के संतोष अग्रवाल, लीलाधर सुल्तानिया, डॉ. विमल अग्रवाल भी उपस्थित थे। मुख्यमंत्री ने अस्पताल के संचालकों को बधाई और शुभकामनाएं दी।
रायपुर। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय आज जशपुर जिले के पत्थलगांव तहसील के ग्राम बागबहार मिनी स्टेडियम में आयोजित 33 वें ओपन चैलेंज ट्रॉफी फुटबॉल प्रतियोगिता के समापन समारोह में शामिल हुए। मुख्यमंत्री श्री साय ने इस मौके पर प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र बागबहार के 10 बेड के अस्पताल को 30 बेड में उन्नयन करने की घोषणा भी की। उन्होंने बागबहार के शिव मंदिर के पास तालाब के सौंदर्यीकरण, विश्रामगृह निर्माण, बागबहार चौक- चौराहों में हाई मास्क लगाने, मिनी स्टेडियम में आवश्यक सुविधाओं का विकास तथा कोतबा में अपेक्स बैंक खोलने की घोषणा की।
समापन समारोह को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने आयोजकों एवं खिलाडियों को इस प्रतियोगिता के सफल आयोजन के लिए बधाई और शुभकामनाएं देते हुए कहा कि हमारी सरकार राज्य में खेलों के विकास और प्रतिभावान खिलाडियों को आगे बढ़ाने के लिए प्रतिबद्ध है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने खेलों को आगे बढ़ाने के लिए खेलो इंडिया की शुरुआत की है। इससे भारत में कई प्रतिभावान खिलाड़ी उभर कर सामने आ रहे है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि अभी हाल ही मैंने बिलासपुर की पर्वतारोही निशा यादव से फोन पर बात की। उसने मुझे बताया कि वह अफ्रीका सबसे ऊंची चोटी किलिमंजारों पर्वत पर तिरंगा फहराना चाहती है। मैंने उन्हें 3 लाख 45 हजार रुपए का चेक प्रदान किया, ताकि वह अपने सपने को पूरा कर सके। इसी तरह मैंने धमतरी की गरीब परिवार की बेटी बैडमिंटन खिलाड़ी बिटिया रितिका ध्रुव से भी फोन पर बात कर सरकार की तरफ से पूरी मदद करने की जिम्मेदारी ली गई है।
इस अवसर पर विधायक गोमती साय एवं विधायक जशपुर रायमुनी भगत ने कहा कि छत्तीसगढ़ सरकार द्वारा लोगों को विभिन्न योजनाओं का लाभ दिया जा रहा है।
मुख्यमंत्री ने एफ. सी. माकरचुंवा, तहसील पत्थलगांव और गोंड ब्रदर्स किंजिरकेला उड़ीसा के बीच खेले गए फाइनल मुकाबले का आनंद लिया और खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन किया।
बलरामपुर। महिला बाल विकास मंत्री लक्ष्मी राजवाड़े सड़क दुर्घटना में बाल-बाल बच गईं. कुसमी जा रही मंत्री की गाड़ी को ट्रक ने जोरदार टक्कर मारी, जिससे गाड़ी बुरी तरह से क्षतिग्रस्त हो गई. मंत्री के सुरक्षित होने पर उनके साथ चल रहे लोगों ने राहत की सांस ली.
जानकारी के अनुसार, मंत्री लक्ष्मी राजवाड़े अपने काफिले के साथ कुसमी जा रही थीं. इस दौरान राजपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत चारगढ़ के पास क्लिंकल लोड ट्रक ने गाड़ी को जोरदार टक्कर मारी. इसके साथ एक के बाद एक काफिले की गाड़ियां टकराती गईं. दुर्घटना होते ही अफरा-तफरी की स्थिति बन गई.
बता दें कि इसके पहले शुक्रवार को कृषि मंत्री रामविचार नेताम बेमेतरा से रायपुर लौटते वक्त सड़क हादसे में घायल हो गए थे. उन्हें ग्रीन कॉरिडोर बनाकर रायपुर लाया गया. रायपुर-बेमेतरा मार्ग पर जेवरा गांव के पास पिकअप से भिड़ंत के बाद मंत्री की गाड़ी के परखच्चे उड़ गए थे. हादसे में मंत्री रामविचार नेताम बेहोश हो गए थे, वहीं उनके सहयोगी धीरज को गंभीर चोटें आई थी.
बीजापुर। जंगल के विशालकाय पेड़ों को गिराकर संचार कंपनी बीएसएनएल का ऑप्टिकल फाइबर केबल (ओएफसी) बिछाया जा रहा था. मामले की जानकारी होने पर वन अमले ने कार्रवाई करते हुए कार्य में लगे तीन जेसीबी को जब्त किया है. इसके साथ ही वन विभाग कंपनी को नोटिस जारी करने जा रहा है.
दरअसल भोपालपट्टनम ब्लॉक के तारलागुड़ा के पास भारत नेट JTO का कार्य चल रहा है. यह कार्य तारलागुड़ा रोड के किनारे तीन जेसीबी के जरिए विशालकाय पेड़ों और पौधों को गिराकर 10 फीट से अधिक गहरा गड्ढा खोदकर किया जा रहा है. वन मंडलाधिकारी के आठ बिंदुओं पर जारी आदेश का कंपनी द्वारा उल्लंघन किया जा रहा था. इस बात की जानकारी मिलने पर वन विभाग के परिक्षेत्र अधिकारी विनोद तिवारी मौके पर पहुंचकर कार्य को बंद करवाकर तीन जेसीबी को जब्त कर तारलागुड़ा वनोपज जांच नाका में रखा.
मामले पर परिक्षेत्र अधिकारी विनोद तिवारी ने बताया कि बीजापुर वन मंडलाधिकारी द्वारा जारी आदेश कॉपी हमें प्राप्त नहींं हुई है. इस कार्य की जानकारी हमें नहीं थी. सूचना मिलने के बाद मौके पर जाकर नियम विरुद्ध चल रहे कार्य को बंद करवाया गया है. इसके साथ कार्य में लगे तीनों गाड़ियों को जब्त कर कार्रवाई की गई है. सोमवार को पूरी टीम इस कार्य की जांच कर कंपनी को नोटिस जारी करेगी.
रायपुर। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय आज राजधानी रायपुर के पंडित दीनदयाल उपाध्याय ऑडिटोरियम में आयोजित छत्तीसगढ़ अनुसूचित जनजाति शासकीय सेवक विकास संघ के शपथ ग्रहण समारोह में शामिल हुए। मुख्यमंत्री ने कार्यक्रम में कहा छत्तीसगढ़ का अनुसूचित जनजाति समाज हमारी सांस्कृतिक धरोहर, परंपराओं और मूल्यों का संवाहक है। मुख्यमंत्री ने लोकसंस्कृति पर केंद्रित श्री डुमन लाल ध्रुव की किताब ‘‘लोक जीवन के बदलते संदर्भ‘‘ और छत्तीसगढ़ी कहानियों के संग्रह ‘‘मन के पाखी‘‘ का विमोचन किया।
मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने छत्तीसगढ़ अनुसूचित जनजाति शासकीय सेवक विकास संघ के नवनिर्वाचित पदाधिकारियों को बधाई और शुभकामनाएं देते हुए कहा कि जनजाति समाज के विकास और उत्थान के लिए राज्य शासन के प्रयासों के साथ-साथ आप सभी की सहभागिता और समर्पण महत्वपूर्ण है। जनजातीय समाज के कल्याण के लिए यह स्वर्णिम समय है। राज्य और केन्द्र सरकार ने जनजातीय समाज के उत्थान को अपनी सर्वाेच्च प्राथमिकता में रखा है। मुख्यमंत्री ने कहा कि डबल इंजन की सरकार ने जनजातीय समाज के उत्थान के लिए जो योजनाएं, नीतियां और कार्यक्रम बनाए हैं, उन्हें सफ़ल करने का दायित्व आपका भी है। हम सभी का सौभाग्य है कि हमें यशस्वी प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी का मजबूत नेतृत्व मिला है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि मैं एक बात आपसे विशेष रूप से कहना चाहता हूं कि हमारी-आपकी प्राथमिकता भले ही जनजातीय समाज है, लेकिन हम और आप प्रदेश के सभी नागरिकों के विकास के लिए जिम्मेदार हैं। सबका साथ, सबका विकास, सबका विश्वास और सबका प्रयास हमारा ध्येय होना चाहिए।
मुख्यमंत्री ने कहा कि आज का यह शपथ समारोह यह बताता है कि आप सभी एकजुट होकर प्रदेश को एक नई दिशा देने के लिए तैयार हैं। प्रदेश के और खासकर जनजातीय समुदायों के विकास के लिए सरकार के प्रयासों के साथ-साथ आप जैसे कर्मठ सेवकों का योगदान बेहद महत्वपूर्ण है। शिक्षा, स्वास्थ्य, रोजगार और पर्यावरण संरक्षण जैसे क्षेत्रों में आपका कार्य समाज को प्रेरणा देता है। मुझे विश्वास है कि आपकी सेवाओं के माध्यम से हमारे प्रदेश का हर कोना विकास और समृद्धि की ओर अग्रसर होगा।
मुख्यमंत्री ने कहा कि मैं इस मंच से यह कहना चाहता हूँ कि हमारी सरकार आपकी हर सकारात्मक पहल में आपका साथ देगी। हम सब मिलकर छत्तीसगढ़ को एक सशक्त, आत्मनिर्भर और समावेशी प्रदेश बनाएंगे। आशा करता हूँ कि आपके प्रयास प्रदेश के हर नागरिक के जीवन में सकारात्मक बदलाव लाएंगे।
छत्तीसगढ़ अनुसूचित जनजाति शासकीय सेवक विकास संघ के प्रांताध्यक्ष आर. एन. ध्रुव ने अपने सम्बोधन में समाज की विभिन्न मांगों से अतिथियों को अवगत कराया। मुख्यमंत्री ने उनकी मांगों पर विचार कर उचित निर्णय का आश्वासन दिया।
इस अवसर पर राज्यसभा सांसद देवेंद्र प्रताप सिंह, पूर्व संसदीय सचिव शिशुपाल सोरी, समाज के पूर्व प्रांताध्यक्ष सरजियस मिंज, प्रांताध्यक्ष आर. एन. ध्रुव, आर ठाकुर, बी. एल. ध्रुव सहित छत्तीसगढ़ अनुसूचित जनजाति शासकीय सेवक विकास संघ के पदाधिकारी उपस्थित रहे।
रायपुर। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने आज पुलिस मैस रायपुर में पुलिस जवानों के साथ मन की बात में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का संबोधन सुना। प्रधानमंत्री ने मन की बात में बताया कि ओमन में भारतीय मूल के लोग किस तरह अपनी संस्कृति को सहेज कर रखे हैं। स्लोवाकिया में भारतीय उपनिषद का हिंदी में अनुवाद किया गया है। श्री मोदी ने यह भी बताया कि एक पेड़ मां के नाम अभियान का असर विदेशों में भी है। मुख्यमंत्री ने प्रदेशवासियों से मोदी के एक पेड़ मां के नाम अभियान के तहत पेड़ लगाने और गौरैया के संरक्षण का आव्हान किया। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने इस कार्यक्रम में डिजिटल अरेस्ट के संबंध में भी प्रधानमंत्री ने लोगों को जागरूक किया।
मुख्यमंत्री श्री साय ने कहा कि मन की बात के माध्यम से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी हर माह देशवासियों से रूबरू होते हैं और नई-नई जानकारियां साझा करते हैं। नवाचारों के बारे में भी बात करते हैं जिनका फायदा देश को होता है।
रायपुर। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय आज राजधानी रायपुर के पुलिस परेड ग्राउण्ड में आयोजित 76वें एनसीसी दिवस समारोह में शामिल हुए। एनसीसी दिवस समारोह को सम्बोधित करते हुए मुख्यमंत्री श्री साय ने कहा कि एनसीसी युवाओं में राष्ट्रप्रेम और अनुशासन की भावना को जगाता है और राष्ट्रीय एकता को मजबूत करता है। मुख्यमंत्री ने एनसीसी कैडेट्स की परेड की सलामी ली। एनसीसी दिवस कार्यक्रम में एनसीसी के छात्र-छात्राओं द्वारा मार्च पास्ट, सांस्कृतिक कार्यक्रमों की मनोहारी प्रस्तुति के साथ ही हार्स राइडिंग, एरो मॉडलिंग, सेक्शन मूवमेंट, सीमा फोर जैसे प्रदर्शन किये गए। मुख्यमंत्री ने उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले केडेट्स को पुरस्कृत किया। साथ ही 76वें एनसीसी दिवस समारोह के मौके पर प्रकाशित पुस्तक का विमोचन किया।
मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने सभी को 76वें एनसीसी दिवस की बहुत-बहुत बधाई देते हुए कहा कि आज एक बार फिर मुझे आप लोगों के बीच आने का अवसर मिला है। आप लोगों के बीच जब भी आता हूं, नई ऊर्जा से भर जाता हूं। आज आप लोगों ने एनसीसी दिवस पर शानदार परेड मार्च किया, एरो मॉडलिंग प्रदर्शन किया, घुड़सवारी का प्रदर्शन किया और सेक्शन अटैक का प्रदर्शन किया। आप लोगों के प्रदर्शन से मैं भी जोश से भर गया हूं।
मुख्यमंत्री श्री साय ने कहा कि मुझे अच्छी तरह याद है कि नई दिल्ली में आयोजित गणतंत्र दिवस परेड में शामिल होकर जब हमारे कैडेट लौटे थे, तब भी आप लोगों से मुलाकात हुई थी। गणतंत्र दिवस के मौके पर नई दिल्ली के कर्तव्य पथ पर छत्तीसगढ़ के एनसीसी कैडेटों को परेड करते हुए देखना बड़ा ही सुखद होता है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि हमारे कैडेट भारत के विभिन्न राज्यों से आए एनसीसी कैडेटों के साथ कदम से कदम मिलाते हुए जब तिरंगे को सलामी देते हैं तो प्रत्येक छत्तीसगढ़िया गर्व से भर उठता है। हमारे देश की यही खूबसूरती है। अलग-अलग भाषा और अलग-अलग क्षेत्रों के होने के बावजूद हम सभी में राष्ट्रप्रेम की भावना कूट कूट कर भरी हुई है। एनसीसी इसी राष्ट्र प्रेम को सींचता है, राष्ट्रीय एकता को मजबूत करता है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि एनसीसी एक ऐसा संगठन है जो युवाओं को अनुशासन सिखाता है, उनके चरित्र का निर्माण करता है, उन्हें साहसी बनाता है और निःस्वार्थ सेवा के लिए प्रेरित करता है। एनसीसी का ध्येय वाक्य ही है- ‘एकता और अनुशासन’। एनसीसी हमारे युवाओं को सेना और अन्य सुरक्षा बलों में अपना कैरियर बनाने के लिए प्रेरित करता है।
युवाओं को सेना में कैरियर निर्माण के लिए प्रेरित करने के लिए आप लोगों ने अभी कुछ दिनों पहले राजधानी रायपुर में भव्य सैन्य प्रदर्शनी का आयोजन भी देखा होगा। मुख्यमंत्री ने कहा कि मुझे यह देखकर भी बहुत खुशी होती है कि एनसीसी में बालिकाओं की भागीदारी बढ़ रही है। प्रदेश में अनेक गर्ल्स बटालियन संचालित की जा रही है, यह बड़ी प्रसन्नता की बात है। हमारी बेटियों ने राष्ट्रीय से लेकर अंतरराष्ट्रीय स्तर तक एनसीसी का नेतृत्व कर छत्तीसगढ़ का गौरव बढ़ाया है। भारत दुनिया का सबसे युवा देश है। आज भारत की उपलब्धियों का गौरवगान पूरी दुनिया कर रही है। इन उपलब्धियों में निश्चित रूप से युवाओं की सबसे बड़ी भागीदारी है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि हमारे यशस्वी प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने वर्ष 2047 तक विकसित भारत के निर्माण का लक्ष्य देश के सामने रखा है। हमारे ऊर्जावान युवाओं के योगदान से हम सब अवश्य ही विकसित छत्तीसगढ़ और विकसित भारत के लक्ष्य को हासिल करेंगे। मुख्यमंत्री ने कहा कि इनमें से बहुत से कैडेट सेना में अपना कैरियर बनाएंगे। हमने अपनी नई औद्योगिक नीति में अग्नि वीरों के लिए विशेष प्रावधान किए हैं। नई शिक्षा नीति में शिक्षा को कौशल विकास से जोड़ा है। जिससे आप लोग विभिन्न क्षेत्रों के माध्यम से देश की सेवा कर सकें।
रायपुर के साथ बिलासपुर, अंबिकापुर, जगदलपुर, जशपुर की हवाई पट्टियों में एनसीसी कैडेटस को हवाई उड़ान का दिया जाना चाहिए प्रशिक्षण
मुख्यमंत्री श्री साय ने कहा कि वर्तमान में हमारे एनसीसी कैडेटों को हवाई उड़ान का अनुभव और प्रशिक्षण रायपुर में दिया जाता है, जिसका खर्च छत्तीसगढ़ शासन द्वारा वहन किया जाता है। प्रदेश में रायपुर के साथ-साथ बिलासपुर, अंबिकापुर, जगदलपुर, जशपुर में भी हवाई पट्टियां हैं, यह प्रशिक्षण वहां भी शुरू किया जा सकता है। इससे इन अंचलों के कैडेटों को भी लाभ होगा।
मेजर जनरल विकांत एम. धुमने ने कहा कि छत्तीसगढ़ के 900 एनसीसी कैडेट्स का चयन अग्निवीर में हुआ है, यह यहां के कैडेटों के उच्च कोटि के प्रशिक्षण को प्रतिबिंबित करता है।
कार्यक्रम में स्कूल शिक्षा विभाग के सचिव सिद्धार्थ कोमल परदेसी, ब्रिगेडियर वाय. एस. चौहान, एस. एम. एनसीसी ग्रुप समादेशक, मध्यप्रदेश एवं छत्तीसगढ़ के अतिरिक्त महानिदेशक मेजर जनरल विकांत एम. धुमने, प्रशासनिक अधिकारी लेफ्टिनेंट कर्नल प्रदीप कुमार, विभिन्न महाविद्यालयों, विद्यालयों के एनसीसी कैडेट्स के अलावा सैन्य अधिकारी, एनसीसी अधिकारी, पीआई स्टाफ, गणमान्य नागरिक उपस्थित थे।
सुकमा। एरिया डॉमिनेशन के लिए दल के साथ निकला डीआरजी (DRG) का जवान प्रेशर आईईडी (Presser IED) की चपेट में आने से घायल हो गया. घायल जवान के प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर उपचार की व्यवस्था की जा रही है. फिलहाल, जवान की हालत खतरे से बाहर बताई गई है.
जानकारी के अनुसार, जिला सुकमा के थाना चिंतलनार क्षेत्रांतर्गत नवीन स्थापित कैम्प रायगुड़ा से डीआरजी का बल एरिया डॉमिनेशन के लिए निकला था.
इस दौरान सुबह लगभग 11 बजे रायगुड़ा के जंगल में माओवादियों द्वारा लगाये गए प्रेशर आईईडी की चपेट में आने से आरक्षक पोड़ियाम विनोद घायल हो गया. घायल जवान को प्राथमिक उपचार के पश्चात बेहतर इलाज के लिए उचित व्यवस्था की जा रही है.
रायपुर। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने रायपुर दक्षिण विधानसभा उप चुनाव में भाजपा की जीत पर क्षेत्र की जनता को मोदी की गारंटी और विष्णु के सुशासन पर विश्वास जताने के धन्यवाद दिया. उन्होंने कहा कि जितना वोट कांग्रेस नहीं पाई, उतने वोट से बीजेपी जीती है. यह एक बड़ी ही शानदार जीत है. सरकार के सुशासन की जीत है.
मुख्यमंत्री विष्णु देव साय एनसीसी के 76वां स्थापना दिवस के अवसर पर पुलिस परेड ग्राउंड में आयोजित कार्यक्रम में शामिल होने पहुंचे थे. इस दौरान उन्होंने मीडिया से चर्चा में एनसीसी के स्थापना दिवस पर सभी कैडेट को बधाई दी. इसके साथ ही उन्होंने प्रधानमंत्री मोदी के मन की बात रेडियो कार्यक्रम को लेकर कहा कि उन्होंने डिजिटल अरेस्ट की बात कही. वो कई बातों में लोगों को जागरूक कर रहे हैं. देश को किन बातों में सतर्क रहना चाहिए, इससे अवगत कराया.
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री ने किताबों के साथ भी दोस्ती रखने के साथ गौरैया चिड़िया के संरक्षण और संवर्धन पर बातें रखी. इसके अलावा रायपुर दक्षिण उपचुनाव के नतीजों पर भी कहा. वहीं छत्तीसगढ़ में नए डीजीपी की नियुक्ति को लेकर कहा कि समय आने पर यहां भी DGP की नियुक्ति होगी. अभी वर्तमान डीजीपी का कार्यकाल खत्म होने में समय है.
गरियाबंद। छत्तीसगढ़ के गरियाबंद जिले में राजस्व विभाग और पुलिस की संयुक्त टीम ने अवैध रेत उत्खनन पर बड़ी कार्रवाई की है. फिंगेश्वर के सूखे नदी में रात के अंधेर में धड़ल्ले से अवैध रेत उत्खनन किया जा रहा था, जहां प्रशासन की टीम ने पहुंचकर रेत माफियाओं के इरादों पर पानी फेर दिया है. कलेक्टर के निर्देश पर पहुंचे पुलिस और राजस्व के अधिकारियों को देखते ही रेत माफिया मौके से 2 चैन माउंटेन वहीं छोड़ कर रफु चक्कर हो गए, जिसे जब्त कर लिया गया है और मामले में आगे की कार्रवाई में जुट गई है. इस कार्रवाई से रेत माफियाओं में हड़कंप मच गया है.
वहीं गरियाबंद क्षेत्र के तर्रा, कुरुसकेरा, छिंदौला और चौबेबांधा खदानों से रेत का अवैध परिवहन अब भी बदस्तूर जारी है, जहां से रोजाना करीब 200 ट्रकों में रेत रायपुर, दुर्ग, महासमुंद और अन्य जिलों में भेजी जा रही है.
राजनीतिक संरक्षण में फल-फूल रहा अवैध खनन
सूत्रों के मुताबिक, इन खदानों से 10 चक्का हाईवा के लिए 7 हजार और 12 चक्का के लिए 9 हजार रुपये का भुगतान करना होता है. राजनीतिक संरक्षण के चलते खनन माफियाओं को बिना किसी कार्रवाई के रेत निकालने की गारंटी दी गई है. यहां पहले सील की गई चेन माउंटेन मशीनों को भी फिर से चालू कर दिया गया है, और 24 घंटे खनन कार्य जारी है.
सड़कों पर खुलेआम रेत भरे हाईवा
राजिम से रायपुर जाने वाली सड़कों पर दिनदहाड़े रेत से लदी हाईवा ट्रक खुलेआम देखे जा सकते हैं. प्रशासन द्वारा कुछ समय पहले आयातित ठेकेदारों पर की गई कार्रवाई के बाद अब लोकल सिंडिकेट ने इसका फायदा उठाते हुए अवैध रेत परिवहन को फिर से तेज कर दिया है. बताया जा रहा है कि राजनीतिक दबाव के कारण प्रशासन चिन्हित खदानों पर कार्रवाई करने में हिचकिचा रहा है.
रायपुर। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने गुरु तेगबहादुर के 24 नवंबर को शहीदी दिवस पर उन्हें नमन किया है। इस अवसर पर श्री साय ने कहा कि सिख धर्म के नौवें गुरू तेगबहादुर जी मानवीय धर्म और वैचारिक स्वतंत्रता के लिए अपना बलिदान देने वाले एक क्रांतिकारी युगपुरुष के रूप मे जाने जाते हैं। समस्त मानवता के लिए दिये गये उनके बलिदान के कारण उनको 'हिंद की चादर' कहा गया है। श्री साय ने कहा कि गुरु तेग बहादुर जी का जीवन और शिक्षाएं आज भी प्रासंगिक हैं। धर्म की रक्षा के लिए दिया गया उनका बलिदान सदैव याद रखा जाएगा।
रायपुर। झारखंड विधानसभा चुनाव की तस्वीर अब लगभग साफ हो गई है। 81 सीटों वाली विधानसभा में 56 सीटें जीतकर एक बार फिर से कांग्रेस और झारखंड मुक्ति मोर्चा गठबंधन सरकार बनाने जा रही है। हालांकि, छत्तीसगढ़ के जिन मंत्रियों की ड्यूटी लगाई गई थी उनमें से वित्त मंत्री ओपी चौधरी और गृह मंत्री विजय शर्मा की जिम्मेदारी वाली सीटों पर भाजपा की जीत का स्ट्राइक करीब 80 फीसदी रहा है।
बता दें कि झारखंड चुनाव के लिए छत्तीसगढ़ के वित्त मंत्री ओपी चौधरी को 6 विधानसभा सीटों की जिम्मेदारी मिली थी, जिनमें बरही, बड़कथा, हजारीबाग, बढ़ कथा में बीजेपी प्रत्याशी को जीत मिली है। वहीं, 2 सीट रामगढ़ और मांडू में पार्टी प्रत्याशी को हार मिली है। इसके अलावा छत्तीसगढ़ के गृहमंत्री विजय शर्मा को 5 सीटों में प्रचार प्रसार की जिम्मेदारी दी गई थी, जिनमें बगोदर, धनवार, जमुआ में बीजेपी को जीत मिली है। वहीं, गांडेया और गिरिडीह में हार का सामना करना पड़ा है।
कौन कहां से जीता देखिए लिस्ट:
वित्त मंत्री ओपी चौधरी को इन सीटों की मिली थी जिम्मेदारी
इन सीटों पर मिली जीत
बरही – मनोज कुमार यादव – 113274 वोट मिले – 49291 वोटों से मिली जीत
बड़कागांव – रोशन कुमार चौधरी – 122904 वोट मिले – 31106 वोटों से मिली जीत
बड़कथा – अमित कुमार यादव – 82221 वोट मिले – 3660 वोटों से मिली जीत
हजारीबाग – प्रदीप प्रसाद – 137372 वोट मिले – 43516 वोटों से जीत
मांडू – निर्मल महतो (AJSU पार्टी) – 90871 वोट मिले – 231 वोटों से मिली जीत
इन सीटों पर मिली हार
रामगढ़ – ममता देवी (कांग्रेस) – 89818 वोट मिले – 6790 वोटों से मिली जीत
गृहमंत्री विजय शर्मा को इन सीटों की मिली थी जिम्मेदारी
इन सीटों पर मिली जीत
बगोदर – नागेंद्र महतो – 126781 वोट मिले – 32675 वोटों से मिली जीत
धनवार – बाबूलाल मरांडी – 72433 वोट मिले – 24147 वोटों की लीड
जमुआ – मंजू कुमारी – 117532 वोट मिले – 32631 वोटों से मिली जीत
इन सीटों पर मिली हार
गांडेय – कल्पना सोरेन (JMM) – 111618 वोट मिले – 13056 वोटों की लीड
गिरिडीह – सुदिव्य कुमार – 94042 वोट मिले – 3838 वोटों से मिली जीत
गृहमंत्री विजय शर्मा और वित्त मंत्री ओपी चौधरी के अलावा पंडरिया विधायक भावना बोहरा को जमशेदपुर पूर्वी की जिम्मेदारी दी गई थी। बीजेपी ने यहां से ओडिशा के राज्यपाल रघुवर दास की बहु पूर्णिमा दास साहू को अपना उम्मीदवार बनाया था। इस चुनाव में पूर्णिमा साहू ने अपने निकटतम प्रतिद्वंदी अजय रॉय को 42871 वोटो से हराया है।
रायपुर। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने न्यायधानी बिलासपुर में आज शहर के पुराने और प्रतिष्ठित शासकीय बहुउद्देशीय उच्चतर माध्यमिक शाला “मल्टीपरपज़ स्कूल“ के मैदान को संवार कर बिलासपुर स्मार्ट सिटी लिमिटेड द्वारा 21 करोड़ 79 लाख रूपये की लागत से तैयार किए गए मिनी स्टेडियम का लोकार्पण किया। इस दौरान उन्होंने मैदान में उतर कर बल्ला थामा और शॉट्स लगाए। इनडोर स्टेडियम में अवलोकन के दौरान उन्होंने बिलियर्ड्स स्नूकर में भी हाथ आजमाए। यहाँ फिजिकल एक्सरसाइज के लिए लगाए गए जिम में भी कसरत कर सभी को फिट रहने का संदेश दिया। लोकार्पण अवसर पर अपने प्रदेश के मुख्यमंत्री को क्रिकेट का बल्ला थामे और शॉट्स लगाते देख मैदान में मौजूद अन्य जनप्रतिनिधियों और खिलाड़ियों में उत्साह नजर आया। सभी ने तालियों के साथ मुख्यमंत्री श्री साय का अभिनन्दन किया। उपमुख्यमंत्री अरुण साव ने मैदान पर बॉलिंग की।
भव्य आतिशबाजी के बीच खिलाड़ियों और जनप्रतिनिधियों की उपस्थिति में मुख्यमंत्री द्वारा दी गई इस सौगात के पश्चात बिलासपुर के खिलाड़ियों में खुशी नजर आई। इस सौगात के बाद खेल के साथ खिलाड़ियों को भी आगे बढ़ने और पहचान बनाने का मौका मिलेगा। मिनी स्टेडियम में 14115 वर्ग मीटर का सर्व सुविधायुक्त क्रिकेट मैदान तैयार किया गया है। जिसकी दर्शक क्षमता 850 है, मिनी स्टेडियम में दिन और रात में भी मैच खेले जा सकेंगे। मैदान में दो अलग से भवन का निर्माण किया गया है जिसके एक भवन में इनडोर गेम्स जैसे स्नूकर, बिलियर्ड्स, टेबल टेनिस, स्क्वैश, खेले जाएंगे, इसके अलावा आधुनिक उपकरणों के साथ जिम तैयार किया गया है । दूसरे भवन में एक ट्रेनिंग हाल का निर्माण किया गया है जो खिलाड़ियों को प्रशिक्षण देने के काम आएगा। इसी भवन में अलग से वीआईपी गैलरी, एनाउंसमेंट बॉक्स और पेंट्री रूम भी बनाया गया है इसके अलावा स्टेडियम में ही एक हास्टल बनाया गया है जिसमें बाहर से आए खिलाड़ियों के ठहराने की व्यवस्था की जाएगी, दो लान टेनिस कोर्ट भी बनाया गया है। स्मार्ट सिटी द्वारा बनाए जा रहे स्टेडियम में सौंदर्यीकरण के साथ-साथ फ्लड लाइटिंग की पूरी व्यवस्था की गई है ताकी डे नाइट मैच का आयोजन हो सके।
शहर में एक सर्व सुविधायुक्त क्रिकेट स्टेडियम की ज़रूरत काफी समय से महसूस की जा रही थी, जहां बड़े स्तर के मैच का आयोजन किया जा सके। बिलासपुर जिसे अरपा नदी दो भागों में विभक्त करती है, नदी के इस तरफ बीच शहर में कोई दूसरा स्टेडियम नहीं था, जहां सुविधा हो और बड़े स्तर के आयोजन किया जा सके, इसके लिए मिनी स्टेडियम की नींव रखी गई। यहां क्रिकेट के अलावा विभिन्न प्रकार के इनडोर गेम्स के लिए पूरा सेटअप है, जिससे खिलाड़ी प्रशिक्षण भी प्राप्त कर सकेंगे और खेल भी सकेंगे। मिनी स्टेडियम के शुरू होने से ना सिर्फ बिलासपुर पूरे अंचल के खिलाड़ियों को इसका लाभ मिलेगा। इस अवसर पर उपमुख्यमंत्री अरूण साव, केन्द्रीय राज्य मंत्री तोखन साहू, विधायक अमर अग्रवाल, धर्मजीत सिंह, धरमलाल कौशिक उपस्थित थे।
पीएससी की तैयारी कर रहे विद्यार्थियों ने मुख्यमंत्री को कहा थैंक्यू
मिनी स्टेडियम लोकार्पण समारोह में पहुँचे मुख्यमंत्री श्री साय का बिलासपुर में पीएससी परीक्षा की तैयारी कर रहे विद्यार्थियों ने जोरदार अभिवादन किया। प्रतिभागियों ने पीएससी में हुए गड़बड़ी की निष्पक्ष जाँच कराने को लेकर उन्हें धन्यवाद भी दिया।
रायपुर। भारतीय संविधान के 75वें वर्ष पूर्ण होने पर 26 नवंबर 2024 से साल भर स्मरणोत्सव का आयोजन किया जाएगा। वर्ष भर चलने वाले इस स्मरणोत्सव को ‘हमारा संविधान, हमारा स्वाभिमान‘ के टैगलाइन के तहत संचालित किया जाएगा। स्मरणोत्सव का यह आयोजन चार स्तंभों संविधान की प्रस्तावना, अपने संविधान को जानें, संविधान का निर्माण और संविधान के गौरव विषय पर केन्द्रित होगी। संविधान दिवस 26 नवम्बर को मुख्य कार्यक्रम में राज्यपाल, मुख्यमंत्री, उपमुख्यमंत्री के साथ सभी मंत्रीगण, विधायकगण और अन्य गणमान्य व्यक्तियों द्वारा संविधान की प्रस्तावना वाचन किया जाएगा। संविधान दिवस पर स्कूलों और कॉलेजों में प्रश्नोत्तरी वाद-विवाद एवं भाषण प्रतियोगिताओं का आयोजन किया जाएगा। साथ ही इस मौके पर अनुसूचित जाति, जनजाति गांवों में 15 दिवसीय संविधान यात्रा निकाली जाएगी।
कार्यक्रम सार्वजनिक स्थान पर बड़ी संख्या में लोगों के साथ आयोजित किया जाएगा तथा उक्त कार्यक्रम में भारत सरकार, संस्कृति मंत्रालय द्वारा संविधान के ऊपर निर्मित फिल्म का प्रदर्शन भी किया जाएगा। रायपुर में आयोजित कार्यक्रम में संविधान निर्माण में राज्य के विशिष्ट लोगों की भूमिका को केन्द्रित किया जाएगा तथा संविधान से संबंधित कला-प्रदर्शनी प्रदर्शित की जाएगी। संविधान दिवस पर आयोजित इस कार्यकम हेतु संस्कृति विभाग नोडल विभाग होगा एवं की गई सभी कार्यवाहियों की जानकारी एवं छायाचित्र को भारत सरकार की वेबसाइट में अपलोड होगा।
संविधान दिवस के अवसर पर पंचायतों में 15 दिवसीय संविधान यात्रा का भी आयोजन किया जाएगा। ये यात्राएं अनुसूचित जाति, जनजाति की आबादी के बहुलता वाले गांवों में आयेाजित की जाएगी। यात्रा के दौरान, जहां भी बाबा साहेब की प्रतिमाएं होंगी, उन पर पुष्पांजलि अर्पित किया जाएगा। ग्राम पंचायतों में ग्राम सभाओं का भी आयोजन होगा, जिसमें संविधान के अनुच्छेद 51ए के तहत नागरिकों के मौलिक कर्तव्यों को पढ़ा और समझाया जाएगा। साथ ही इस मौके पर जीवित स्वतंत्रता सेनानियों को सम्मानित किया जाएगा। संविधान सभा के सदस्यों से जुड़े गांवों में, जिसमें संविधान सभा की महिला सदस्यों के योगदान पर विशेष जोर देते हुए विशेष समारोह आयोजित किए जाएंगे।
इसके साथ ही स्कूलों और कॉलेजों में संविधान के प्रावधान, संविधान निर्माण की प्रकिया, मौलिक अधिकार, कर्तव्य एवं राज्य के नीति-निर्देशक सिद्धांत तथा नवीनतम संशोधन आदि विषयों पर प्रश्नोत्तरी आयोजित किया जाएगा। साथ ही नागरिकों के अधिकारों और कर्तव्यों तथा अन्य संवैधानिक मुद्दों पर वाद-विवाद सेमिनार, जिसमें सामाजिक सशक्तिकरण, महिला सशक्तिकरण, लैंगिक समानता को बढ़ावा देने, समय के साथ चुनौतियों का सामना करने के लिए संविधान को लचीला बनाने तथा नवीनतम तथा प्रमुख संशोधनों पर विशेष ध्यान दिए जाने हेतु आयोजित करेंगे। स्कूली बच्चों को https://www.mygov.in पर MyGov प्रतियोगिताओं और MyBharat.gov.in पर युवा सहभागिता गतिविधियों में भाग लेने के लिए प्रोत्साहित किया जाएगा।
बलौदाबाजार। जिले में स्कूलों में शिक्षा के साथ ही बच्चों के अंदर छुपी प्रतिभाओं को आगे लाने प्रयास किया जा रहा है. इसी क्रम में गुरुकुल स्कूल बलौदाबाजार में बच्चों को वेस्ट पदार्थों से सजावटी सामान बनाने का भी प्रशिक्षण दिया जा रहा. इसको लेकर आज एक प्रदर्शनी का आयोजन किया गया, जिसमें बच्चों ने वेस्ट पदार्थों से बने सजावटी सामान का प्रदर्शन किया. वही वैज्ञानिक अविष्कारों की भी प्रदर्शन कर पालकों का ध्यान खींचा।
प्रदर्शनी में बच्चों ने बताया कि कैसे हम वेस्ट पदार्थ के साथ ही वेस्ट पानी का ऊपयोग कर सकते हैं. इसके अलावा स्वास्थ्य व पर्यावरण को कैसे सुरक्षित व सुव्यवस्थित करे इसको बताया. बच्चों ने बताया कि स्कूल में एक दिन हमे इस तरह के सजावटी सामान बनाना सिखाया जाता है और यह वे सामान हैं, जिसे हम उपयोगी नहीं समझते.
बच्चों ने बताया वेस्ट पदार्थों को हम कलर पेंट कर सजावटी सामान बनाना सीख रहे हैं, जिससे हम घर को सजा सकते हैं. इससे एक फायदा यह होगा कि कचरा नहीं फैलेगा और घर भी सज जायेगा। वहीं पालकों ने बच्चों के प्रदर्शन की जमकर तारीफ की. उन्होंने कहा कि यह बहुत जरूरी है कि बच्चों के अंदर इस तरह से कलात्मक चीजें बनाने की जागरूकता आये निश्चित ही यह बहुत उपयोगी होगा.