क्या मेडिकल घोटाले पर सदन में दहाड़ेंगे अजय चंद्राकर?
छत्तीसगढ़ |
28-Feb-2025
रायपुर/ छत्तीसगढ़ विधानसभा के बजट सत्र में अब तक फायरब्रांड नेता कुरूद विधायक एवं पूर्व मंत्री अजय चंद्राकर छाए हुए हैं।उनकी शेर सी दहाड़ सत्र के हर दिन सुनाई दे रही है। ये अच्छी बात है कि वे लगातार जनहित के मुद्दे उठाकर अपनी ही सरकार को आइना दिखाते हुए जागरूक जनप्रतिनिधि होने का परिचय दे रहे है। ऐसे में अब देखना दिलचस्प होगा कि छत्तीसगढ़ के बहुचर्चित लगभग 2000 करोड़ के मेडिकल घोटाले पर सदन में उनकी कैसी प्रतिक्रिया होगी?
गौरतलब है कि कांग्रेस सरकार के दौरान सीजीएमएससी यानी छत्तीसगढ़ मेडिकल सर्विसेज कॉरपोरेशन में हुए इस घोटाले को भाजपा ने अपना चुनावी मुद्दा बनाया था। इसके बावजूद सत्ता आने के बाद साल भर तक इस मामले में किसी तरह की उच्चस्तरीय जांच नहीं की गई थी। प्रदेश के पूर्व गृह मंत्री ननकीराम कंवर ने जब इस मामले की प्रधानमंत्री से शिकायत की तब जाकर बीते विधानसभा सत्र में ईओडब्ल्यू जांच की घोषणा हुई।
आपको बता दे कि इस घोटाले में अब तक ईओडब्ल्यू ने सिर्फ एक गिरफ्तारी मेडिकल सप्लाई करने वाली कंपनी मोक्षित कारपोरेशन के मुखिया शशांक चोपड़ा के रूप में की है। जबकि इस घोटाले से कई आईएएस अफसरों के साथ कई कर्मचारियों, सप्लायरों के तार जुड़े हुए है। सबसे आश्चर्य की बात तो यह भी रही की भाजपा सरकार आने के बाद भी विभागीय मंत्री के संरक्षण के चलते अफसरों की जुर्रत कम नहीं हुई। नए घोटाले की तैयारी कर डाली थी। पर समय रहते करस्तानी पकड़ी गई। ऐसे में इस मामले में सदन को सबसे जागरूक विधायक अजय चंद्राकर की प्रतिक्रिया का इंतजार है।
मेडिकल घोटाले को लेकर विधायक अजय चंद्राकर से उम्मीद इसलिए भी है क्योंकि इस बजट सत्र के दौरान विधानसभा में वे बेहद ही आक्रमक अंदाज में नजर आ रहे हैं। बीते दिनों उन्होंने जहां वेटलैंड सर्वे का मुद्दा उठाकर जल संसाधन मंत्री केदार कश्यप को कटघरे में खड़ा किया वही जल जीवन मिशन में हो रही अनियमिताओ को लेकर उपमुख्यमंत्री अरुण साव पर निशाना साधा और राजस्व मामले में हो रही गड़बड़ियों को लेकर राजस्व मंत्री टंकराम वर्मा को अपने निशाने पर लिया। हालांकि यह भी देखा गया कि जब पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल अजय चंद्राकर के साथ उनकी बातों के समर्थन में खड़े हुए तो अजय चंद्राकर ने उनसे कहा यह आपका समय की करनी है ये भोग रहे है।