प्रदेश
मुख्यमंत्री ने विश्व बाल अधिकार दिवस की दी बधाई और शुभकामनाएं
रायपुर। मुख्यमंत्री श्री साय ने विश्व बाल अधिकार दिवस के अवसर पर सभी बच्चों के सुरक्षित, स्वस्थ और खुशहाल भविष्य की कामना की है। विश्व बाल अधिकार दिवस के अवसर पर जारी अपने संदेश में उन्होंने कहा है कि वयस्कों के समान बच्चों को भी कुछ अधिकार दिए गए हैं। हर बच्चे को जीने के अधिकार के साथ ही स्वास्थ्य, शिक्षा, सुरक्षा, समानता और पोषण पाने सहित कई अधिकार हैं।
मुख्यमंत्री श्री साय ने कहा कि बच्चे हमारे देश का भविष्य हैं। बच्चों के अधिकारों के प्रति समाज में जागरूकता जरूरी हैं। बच्चों को स्वस्थ,सुपोषित,शिक्षित और सुरक्षित जीवन देना हम सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है। बाल अधिकार दिवस ऐसा ही अवसर है, जब हम बच्चों के लिए अपनी जिम्मेदारियों और प्रतिबद्धताओं को फिर से दोहराते हैं। उन्होंने कहा कि हम सभी की कोशिश हो कि प्रत्येक बच्चे को विकास के लिए सकारात्मक और सुरक्षित वातावरण मिल सके। श्री साय ने बच्चों को ढेर सारा प्यार देते हुए ईश्वर से अपनी कृपा सभी बच्चों पर बनाए रखने की प्रार्थना की है।
तीन दिन की धान खरीदी में आकड़ा 3 लाख टन के पार, किसानों को 502.53 करोड़ रूपए का हो चुका भुगतान
रायपुर। खाद्य, नागरिक आपूर्ति एवं उपभोक्ता संरक्षण मंत्री दयालदास बघेल ने कहा कि मुख्यमंत्री विष्णु देव साय की पहल पर छत्तीसगढ़ में 14 नवंबर से धान खरीदी का महाअभियान शुरू हो चुका है। 14 नवम्बर से अब तक मात्र तीन दिन की खरीदी में राज्य में समर्थन मूल्य पर धान उपार्जन का आकड़ा 3 लाख टन के पार पहुंच गया है। मंत्री श्री बघेल ने कहा कि धान खरीदी सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है। राज्य सरकार पूरी प्रतिबद्धता के साथ प्रदेश के पंजीकृत किसानों से 2739 उपार्जन केन्द्रों में समर्थन मूल्य पर धान खरीद रही है। चालू विपणन वर्ष में 160 लाख टन धान उपार्जन का अनुमान है।
देव-दीवाली 14 नवंबर से शुरू हुए धान खरीदी महापर्व के 6वें दिन तक 3.09 लाख मीट्रिक टन धान की खरीदी हो चुकी है। राज्य के 68,668 किसान अब तक धान बेच चुके हैं। धान खरीदी के एवज में किसानों को बैंक लिंकिंग व्यवस्था के तहत् 502.53 करोड़ रूपये का भुगतान किया गया है। धान खरीदी का यह महाअभियान 31 जनवरी 2025 तक चलेगा। खाद्यमंत्री श्री बघेल ने बताया कि प्रदेश के विभिन्न जिलों में आज 20,296 किसानों से 93 हजार 581 मीट्रिक टन धान की खरीदी हुई है। राज्य में धान बेचने के लिए इस साल 27.68 लाख किसानों का पंजीयन हुआ है, जिसमें 1.42 लाख नए किसान शामिल है। उन्होंने बताया कि 19 नवम्बर के लिए कुल 23791 टोकन जारी किए गए थे। आगामी दिवस के लिए 19934 टोकन जारी किए गए है।
मंत्री श्री बघेल ने बताया कि मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने किसानों के हित को ध्यान में रखते हुए उपार्जन केन्द्रों के माइक्रो एटीएम से दो हजार रूपए से लेकर दस हजार रूपए तक की राशि निकालने की सुविधा दी है, इससे किसानों को धान बेचने परिवहन के लिए किराए पर लिए गए ट्रैक्टर, मेटाडोर आदि का भाड़ा और हमाली-मजदूरी का भुगतान करने में सुविधा होगी। मुख्यमंत्री के इस फैसले से किसान बेहद प्रसन्न है।
मंत्री दयाल दास बघेल ने बताया कि दूसरे राज्यों से धान के अवैध आवक/परिवहन की रोकथाम के लिए बॉर्डर इलाकों में विशेष निगरानी रखने के लिए चेक पोस्ट स्थापित किए गए हैं। धान खरीदी व्यवस्था पर निगरानी के लिए अलग अलग जिलों के लिए राज्य स्तरीय वरिष्ठ अधिकारियों की टीम बनाई गई है, जो लगातार इसकी मानिटरिंग कर रहे हैं।
महाविद्यालय के कोष में प्राचार्यों ने लगाई सेंध: लाखों का किया हेरफेर, उच्च शिक्षा विभाग ने निलंबन का आदेश किया जारी
रायपुर। उच्च शिक्षा विभाग ने दो अलग-अलग जिलों के महाविद्यालयों में पदस्थ प्रभारी प्राचार्यों को वित्तीय अनियमितताओं के आरोप में निलंबित किया है। उच्च शिक्षा संचालनालय के प्रभारी अधिकारी ने यह आदेश जारी किया है।
बता दें कि डौंडीलोहारा के शासकीय एकलव्य महाविद्यालय के तत्कालिक प्रभारी प्राचार्य डॉ. राजू लाल कोसरे पर जनभागीदारी मद की राशि से सामग्री क्रय करने में भंडार क्रय नियमों का पालन नहीं करने और लेखा संधारण में लापरवाही बरतने का दोषी पाया गया हैं। इसके अलावा कवर्धा के आचार्य पंतश्री गंधमुनि नाम साहेब शासकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय में लगभग 50 लाख रुपये के जनभागीदारी मद के गबन और लेखा संधारण में लापरवाही का मामला सामने आया था। इस मामले में प्रभारी प्राचार्य डॉ. बी.एस. चौहान पर आरोप है कि उन्होंने शासकीय कार्यों में घोर लापरवाही बरती और नियमों की अवहेलना की, जिसके चलते उन्हें निलंबित कर दिया गया है। निलंबन अवधि में उनका मुख्यालय दुर्ग संभाग कार्यालय, उच्च शिक्षा रायपुर में निर्धारित किया गया है।
देखें आदेश –


तखतपुर CHC को मिली सोनोग्राफी मशीन, अब मरीजों को इलाज के लिए नहीं जाना पड़ेगा बिलासपुर, शव वाहन की भी मिलेगी सुविधा
तखतपुर। सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र तखतपुर को सोनोग्राफी मशीन और शव वाहन की सौगात मिलने से नगर सहित ग्रामीण क्षेत्र के लोगों ने खुशी जताई है. लगातार तखतपुर क्षेत्र में ग्रामीणों की मांग रही है कि सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में सोनोग्राफी मशीन उपलब्ध कराया जाए, जिससे ग्रामीणों को सोनोग्राफी के लिए प्राइवेट अस्पताल में मोटी रकम ना चुकाना पड़े और ना ही बिलासपुर का चक्कर लगाना पड़े.
ग्रामीणों की मांग को देखते हुए तखतपुर विधायक डॉ. धर्मजीत सिंह की सक्रियता से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र को एक सोनोग्राफी मशीन उपलब्ध करवाया गया. इससे अब तखतपुर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में गर्भवती महिलाओं का सोनोग्राफी होगा और उनको इलाज करवाने में सहूलियत होगी. वहीं एक शव वाहन भी दिया गया है, जिससे किसी व्यक्ति की अस्पताल या दुर्घटना में मौत हो जाने पर शव ले जाने में सुविधा होगी. शव वाहन नहीं होने पर पहले शव को घर ले जाने में परिजनों को काफी परेशानी होती थी. वहीं निजी वाहन मालिक को मोटी रकम चुकानी पड़ती थी.

तखतपुर विधायक डॉ. धर्मजीत ने बताया कि तखतपुर में सोनोग्राफी मशीन नहीं होने के कारण हमारी गर्भवती माताओं को काफी परेशानी होती थी और बिलासपुर जाकर सोनोग्राफी करवाना पड़ता था. मैंने बिलासपुर कलेक्टर से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र के लिए सोनोग्राफी मशीन की मांग की. मांग की गंभीरता और लोगों को सुविधा को देखते हुए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र को सोनोग्राफी मशीन उपलब्ध कराई गई है.
सप्ताह में दो दिन होगी सोनोग्राफी जांच : खन्ना
प्रशिक्षु आईएएस तन्मय खन्ना ने बताया कि तखतपुर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में सोनोग्राफी मशीन की मांग काफी समय से थी. इसे देखते हुए तखतपुर विधायक और कलेक्टर की मदद से पहले एक रूम को सोनोग्राफी रखने लायक बनाया गया. इसके बाद आज सोनोग्राफी मशीन को वहां व्यवस्थित किया गया. अब दूरस्थ ग्रामीण क्षेत्रों से यहां इलाज करवाने आए ग्रामीणों को काफी मदद मिलेगी. सप्ताह में दो दिन सोनोग्राफी से जांच की जाएगी.
DRM ने ली 25 लाख की रिश्वत… CBI ने किया गिरफ्तार, छत्तीसगढ़ से जुड़ा पूरा मामला
रायपुर। केंद्रीय जांच ब्यूरो (CBI) ने 25 लाख रुपये रिश्वत लेने के आरोप में पूर्वी तट रेलवे (वॉल्टेयर डिवीजन) के मंडल रेल प्रबंधक (DRM) सौरभ प्रसाद और मुंबई तथा पुणे स्थित दो फर्मों के मालिकों को गिरफ्तार किया. सौरभ प्रसाद भारतीय रेलवे मैकेनिकल इंजीनियरिंग सेवा (1991 बैच) के अधिकारी हैं. डीआरएम पिछले दिनों जगदलपुर के दौरे पर थे, जहां उन्होंने बताया था कि उक्त कंपनी पर करीब 3 करोड़ से अधिक का जुर्माना लगाया गया है. बता दें कि जगदलपुर, विशाखापट्नम रेल मंडल के अधिन आता है.
ये है पूरा मामला
सीबीआई के अनुसार, यह मामला एक निजी फर्म द्वारा अनुबंध कार्य में देरी के कारण रेलवे द्वारा लगाई गई भारी जुर्माने की राशि को कम करने से जुड़ा है. रेलवे के पास इस फर्म के 3.17 करोड़ रुपये के बिल लंबित थे. आरोप है कि इस जुर्माने को कम करने के बदले सौरभ प्रसाद ने 25 लाख रुपये की रिश्वत मांगी थी. शनिवार को मुंबई में सीबीआई ने एक ट्रैप ऑपरेशन के दौरान सौरभ प्रसाद और मुंबई स्थित फर्म के मालिक एस. राठौड़ को कथित तौर पर रिश्वत लेते हुए पकड़ा. इसके अलावा पुणे स्थित फर्म के मालिक ए. भगत को भी मामले में उनकी कथित भूमिका के लिए गिरफ्तार किया गया.
सीबीआई ने क्या-क्या बरामद किया ?
सीबीआई ने छापेमारी के दौरान 87.6 लाख रुपये नकद (भारतीय और विदेशी मुद्रा), 72 लाख रुपये के आभूषण, कलाईन (ठाणे) में फ्लैट में निवेश से संबंधित दस्तावेज, लॉकर की चाबियां और बैंक खातों में भारी धनराशि बरामद की.
सीबीआई ने रेलवे अधिकारी और दोनों व्यापारियों सहित अन्य के खिलाफ आपराधिक षड्यंत्र और भ्रष्टाचार के आरोपों में मामला दर्ज किया है. आरोप है कि अनुबंध में देरी के चलते रेलवे द्वारा जुर्माना लगाया गया था. इस भारी जुर्माने से बचने के लिए मुंबई और पुणे स्थित फर्मों के मालिकों ने डीआरएम से संपर्क किया और रिश्वत की पेशकश की.
सीबीआई अधिकारियों के मुताबिक, आरोपी डीआरएम ने हस्तक्षेप किया, जिससे जुर्माने की राशि कम कर दी गई और फर्म के बिल का भुगतान किया गया. इसके बाद, मुंबई की फर्म के मालिक ने 25 लाख रुपये की रिश्वत देने की व्यवस्था की, जिसे सौरभ प्रसाद ने शनिवार को मुंबई में प्राप्त किया.
राजधानी में डबल मर्डर के बाद मचा बवाल: मृतक के परिजनों ने नेशनल हाइवे किया जाम, TI को निलंबित कर माफी मांगने की मांग पर अड़े
रायपुर। राजधानी रायपुर में सोमवार की रात हुए डबल मर्डर से हड़कंप मच गया है। मृतक हरीश साहू के परिजनों ने मंगलवार की शाम राजधानी में विधानसभा रोड स्वर्णभूमि के पास रायपुर-बलौदाबाजार मुख्य मार्ग को जाम कर दिया है, जिससे सड़क के दोनों ओर जाम लग गया और वाहनों की लंबी कतारे लग गई है। पीड़ित परिवार के परिजनों का आरोप है कि पुलिस ने उनसे बदसलूकी की और जाती सुचक गाली दी है। उनका कहना है कि जब तक पुलिस अपने कृत्य के लिए माफ़ी नहीं मांग लेती और थाना प्रभारी को निलंबित नहीं करती तब तक आंदोलन जारी रहेगा।
मृतक हरीश साहू के परिजन पन्ना लाल साहू ने कहा कि पुलिस को आरोपियों हत्यारों पर कार्रवाई करना चाहिए लेकिन पीड़ित परिवार को पुलिस अंदर करके रात भर प्रताड़ित किया है अभद्रता की गई है। वहीं लक्ष्मीनाथ साहू ने कहा कि पीड़ित परिवार से अभद्रता करते हुए पुलिस ने समाज वालों को जातिगत गाली दी है, ये हम सहन नहीं करेंगे। दोषी थाना प्रभारी को तत्काल निलंबित किया जाना चाहिए। इसके अलावा भारत साहू ने कहा कि यहां पर ये लड़ाई झगड़े का मुख्य अड्डा शराब भट्ठी है, इसे तत्काल बंद किया जाना चाहिए, जब तक हमारी मांग नहीं मानी जाएगी हम यहां से नहीं हटेंगे।
बता दें कि सोमवार 18 नवंबर की शाम विधानसभा थाना इलाके में स्थित आमासिवनी शराब दुकान के पास गैंगवॉर हुई। इस घटना का सीसीटीवी फुटेज भी सामने आया है। इससे पता चला कि हरीश साहू और उसके साथियों ने रोहित सागर पर चाकू और लाठियों से हमला किया। इस हमले में रोहित सागर की मौत हो गई। उसकी हत्या की खबर लगते ही रोहित गैंग के लड़के भी भड़क गए। आरोपी बड़ी संख्या में हरीश साहू के घर पहुंच गए। उन्होंने हरीश को घर से घसीटकर बाहर निकाला और उसे किडनैप कर करीब सवा तीन किलोमीटर दूर खालबाड़ा की ओर ले गए। जहां आरोपियों ने हरीश को यहां एक कुर्सी से बांधकर टॉर्चर किया। इस दौरान उस पर चाकू से भी हमले किए, जिससे हरीश की मौके पर ही मौत हो गई।
पुलिस ने 11 आरोपियों को किया गिरफ्तार
गौरतलब है कि इस डबल मर्डर के बाद पूरे इलाके में सनसनी फैली हुई है। आज पुलिस ने 11 लोंगो हिरासत में लिया है। पुलिस का कहना है कि मामले में कानून के मुताबिक कार्रवाई जारी है। मौके से मिले साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
उप मुख्यमंत्री अरुण साव ने विकास कार्यों की समीक्षा की
रायपुर। उप मुख्यमंत्री अरुण साव ने आज बीजापुर जिला मुख्यालय में अधिकारियों की बैठक लेकर विकास कार्यों और योजनाओं के क्रियान्वयन की समीक्षा की। उन्होंने बस्तर संभाग के नारायणपुर, सुकमा एवं दंतेवाड़ा जिले में लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी, लोक निर्माण और नगरीय प्रशासन एवं विकास विभाग सहित बीजापुर जिले में विभिन्न विभागों के कार्यों की विस्तृत समीक्षा की। श्री साव ने बैठक में अंदरूनी इलाकों में सड़कों और पुल-पुलियों के निर्माण कार्यो में तेजी लाते हुए समय-सीमा में गुणवत्ता के साथ कार्य पूर्ण करने के निर्देश दिए। उन्होंने निर्माण कार्यों में अनावश्यक लेट-लतीफी करने वाले और गुणवत्ता पर ध्यान नहीं देने वाले ठेकेदारों के कार्यों को निरस्त कर ब्लैक लिस्टेड करने को कहा। लोक निर्माण विभाग के सचिव डॉ. कमलप्रीत सिंह और लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग के सचिव मोहम्मद कैसर अब्दुलहक भी समीक्षा बैठक में शामिल हुए।
उप मुख्यमंत्री तथा लोक निर्माण मंत्री श्री साव ने बैठक में बीजापुर के आवापल्ली, बासागुड़ा, जगरगुंडा मार्ग की प्रगति की जानकारी ली और इसका निर्माण कार्य आगामी दिसम्बर माह तक पूर्ण करने के निर्देश दिए। उन्होंने 50 किलोमीटर लंबाई के नेलसनार-गंगालूर मार्ग के शेष बचे 11 किलोमीटर का निर्माण कार्य भी जल्दी पूरा करने को कहा। श्री साव ने बीजापुर से भोपालपटनम मार्ग में मोदकपाल के पास सड़क दुर्घटनाओं पर नाराजगी व्यक्त करते हुए दुर्घटनाओं को रोकने के लिए आवश्यक उपाय करने के निर्देश दिए। उन्होंने भारत सरकार के महत्वाकांक्षी जल जीवन मिशन के कार्यों को दिसम्बर-2024 तक पूर्ण करने को कहा। उन्होंने बीजापुर, सुकमा, नारायणपुर और दंतेवाड़ा के मुख्य नगर पालिका अधिकारियों को प्रधानमंत्री आवास योजना (शहरी) 2.0 के अंतर्गत तीन चरणों के सर्वे कार्य को जल्द पूरा करते हुए सभी पात्र हितग्राहियों को योजना से लाभान्वित करने के निर्देश दिए।
उप मुख्यमंत्री श्री साव ने बैठक में अधिकारियों को संबोधित करते हुए कहा कि बीजापुर एवं बस्तर संभाग सुदूरवर्ती एवं दूरस्थ क्षेत्र है। यहां काम करने में कई बड़ी चुनौतियों का सामना करना पड़ता है। चुनौतियों के बीच काम करने का अनुभव अलग होता है। आप लोगों को बस्तर के सरल-सहज आदिवासी भाई-बहनों के विकास और कल्याण के कार्य करने का मौका मिला है। आप लोग संवेदनशीलता के साथ बस्तरवासियों की तकलीफों को समझें और उनसे प्रेमपूर्वक बातें कर उनकी समस्याओं का समाधान करें। बीजापुर के कलेक्टर संबित मिश्रा ने बैठक में विकास योजनाओं और जिले में संचालित योजनाओं की जानकारी दी। पूर्व मंत्री महेश गागड़ा, पुलिस अधीक्षक डॉ. जितेन्द्र यादव, जिला पंचायत के सीईओ हेमंत रमेश नंदनवार, डीएफओ रामाकृष्णा रंगानाथा वाय., इन्द्रावती टाइगर रिजर्व के उप निर्देशक संदीप बल्गा और लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग के प्रमुख अभियंता डॉ. एम.एल. अग्रवाल सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी भी समीक्षा बैठक में मौजूद थे।
GST विभाग की बड़ी कार्रवाई, अरविंद कंस्ट्रक्शन एंड सप्लायर कंपनी के ठिकानों पर मारा छापा
रायपुर। स्टेट GST विभाग ने आज बड़ी कार्रवाई की है. जीएसटी विभाग की टीम ने अरविंद कंस्ट्रक्शन एंड सप्लायर कंपनी के ठिकानों पर छापेमारी की है. यह कार्रवाई रायपुर के पिरदा रोड स्थित जोरा और भानुप्रतापपुर में की गई.
कार्रवाई में स्टेट GST के असिस्टेंट कमिश्नर के नेतृत्व में 7 सदस्यीय टीम शामिल है, जो कंपनी के दस्तावेजों की गहनता से जांच कर रही है. विभाग को कंपनी पर बड़े पैमाने पर GST चोरी और फर्जी बिल जारी करने की शिकायतें मिली थी, जिसके आधार पर यह कार्रवाई की गई. फिलहाल, रेड कार्रवाई जारी है.
बलौदाबाजार हिंसा : छत्तीसगढ़िया क्रांति सेना के पदाधिकारी गिरफ्तार, पहले भी हो चुके हैं जिलाबदर
बलौदाबाजार। बलौदाबाजार आगजनी और तोड़फोड़ कांड में पुलिस को बड़ी सफलता मिली है. इस मामले में संलिप्तता पाए जाने परे छत्तीसगढ़िया क्रांति सेना के पदाधिकारी दिलीप मिरी को गिरफ्तार किया गया है. आरोपी दिलीप मिरी को पहले भी उनकी गतिविधियों को देखकर कोरबा कलेक्टर ने 14 नवंबर 2024 को जिलाबदर किया था. बता दें कि आरोपी दिलीप मिरी पेशे से अधिवक्ता हैं.
Intern Doctor Suicide Case: डॉ. भानुप्रिया ने प्रेमी को किया था आखरी मैसेज, कहा- ‘मैं तुम्हारे लायक नहीं हूं, मुझे माफ कर देना’, दोस्तों से कहा- ‘मैने सभी को धोखा दिया’
बिलासपुर। बिलासपुर के छत्तीसगढ़ आयुर्विज्ञान संस्थान (CIMS) के गर्ल्स हॉस्टल में इंटर्न डॉक्टर के सुसाइड मामले नई जानकारी सामने आई है। मामले कि जांच में पता चला है, कि डॉक्टर ने सुसाइड करने से पहले अपने प्रेमी और दोस्तों को मैसेज किया था। दोस्तों को किये गए मैसेज में उसने लिखा कि मैं सभी को धोखा दे रही हूं। इसके साथ ही अपने प्रेमी डॉक्टर को मैसेज कर लिखा कि मैं तुम्हारे लायक नहीं हूं, मुझे माफ कर देना। इस मैसेज के बाद उसने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। पुलिस डॉक्टर के मोबाइल को जब्त कर मामले की जांच कर रही है।
बता दें, कि सिम्स के गर्ल्स हास्टल में फांसी लगाने वाली डॉ भानुप्रिया सिंह सहेली की शादी में शामिल होने अंबिकापुर से बिलासपुर आई थी। रविवार को वह सिम्स के गर्ल्स हॉस्टल में अपनी सहेलियों से मिलने पहुंची थी। फिर वह बिलासपुर से सहेली की शादी में सारंगढ़ जाने वाली थी। डॉक्टर भानुप्रिया बीते 14 नवंबर को बिलासपुर आ गई थी। इस दौरान उन्होंने सिम्स के MRD में ओपीडी पर्ची कटाकर आर्थोपेडिक डिपार्टमेंट और मनोरोग वार्ड में जांच भी कराई। यहां दो दिन रहने के बाद 17 नवंबर की दोपहर उसने गर्ल्स हॉस्टल में फांसी लगा ली।
पुलिस के मुताबिक डॉ भानुप्रिया का पेंड्रा निवासी डॉ नीरज कंवर से प्रेम संबंध था, जो वर्तमान में दिल्ली मेडिकल कॉलेज में पदस्थ है। सुसाइड करने से पहले डॉक्टर भानुप्रिया ने नीरज को मोबाइल पर मैसेज किया। इसमें लिखा कि मैं तुम्हारे लायक नहीं हूं। मुझे माफ करना। मैसेज देखने के बाद डॉ नीरज ने तत्काल डॉ भानुप्रिया को फोन लगाया, लेकिन उसने फोन नहीं उठाया। इसके बाद डॉ अंकित ने उसे फोन कर बताया कि भानुप्रिया ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली है। पुलिस मृतका का मोबाइल जब्त कर जांच कर रही है।
तावड़े के जरिए पूर्व सीएम बघेल ने बोला हमला तो सीएम के मीडिया सलाहकार झा ने संभाला मोर्चा, कहा- कल ही सोनवानी हुए हैं गिरफ्तार…
रायपुर। महाराष्ट्र में भाजपा के राष्ट्रीय महासचिव विनोद तावड़े के पैसे बांटने की खबर के साथ पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल एक ओर मुख्यमंत्री साय पर हमला किया है, तो वहीं दूसरी ओर सीएम साय के मीडिया सलाहकार पंकज कुमार झा ने पीएसपी के पूर्व चेयरमैन सोनवानी की गिरफ्तारी की खबर के जरिए पूर्व मुख्यमंत्री पर निशाना साधा है.
पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने विनोद तावड़े और मुख्यमंत्री विष्णु देव साय की एक साथ फोटो शेयर करते हुए सोशल मीडिया प्लेटफार्म ‘एक्स’ पर किए लिखा है कि महाराष्ट्र के वसई में एक होटल में विनोद तावड़े पैसे बांटते पाए गए हैं. तावड़े अपने ‘मनपसंद’ बैग में पैसा भरकर लाए थे, और लोगों को बुला-बुलाकर बांट रहे थे. वो भी पुलिस सुरक्षा में!

पूर्व मुख्यमंत्री के इस पोस्ट के जवाब में मुख्यमंत्री साय के मीडिया सलाहकार पंकज कुमार झा ने अपने पोस्ट में पूर्व छग पीएससी चेयरमैन सोनवानी के जरिए हमला करते हुए कहा कि टामन सिंह सोनवानी अपने ‘सौम्य’ बैग में भर-भर कर रकम ‘एटीएम’ तक पहुंचा रहे थे. कल ही गिरफ्तार हुए हैं बेचारे. पोलिटिकल मास्टर तक कितना बैग पहुंचा, पता तो कर ही लेगी सीबीआई. संज्ञान ले चुकी है एजेंसियां.
छत्तीसगढ़ जल्द बनेगा ओडीएफ प्लस में मॉडल स्टेट : उपमुख्यमंत्री विजय शर्मा
रायपुर। उप मुख्यमंत्री विजय शर्मा ने कहा है कि छत्तीसगढ़ राज्य जल्द ही ओडीएफ प्लस में मॉडल स्टेट बनने जा रहा है। राज्य में 36 लाख परिवारों के यहां शौचालय की सुविधा उपलब्ध कराई जा चुकी है। वहीं 13137 सामुदायिक शौचालयों का निर्माण किया जा चुका है। श्री शर्मा आज अपने निवास कार्यालय से विश्व शौचालय दिवस पर आयोजित कार्यक्रम में विभिन्न जिलों के सरपंच एवं जनप्रतिनिधियों से वर्चुअली सम्बोधित कर रहे थे।
गौरतलब है कि विश्व शौचालय दिवस के मौके पर पंचायत एवं ग्रामीण विकास विभाग द्वारा पूरे राज्य में हमारा शौचालय, हमारा सम्मान की थीम पर 19 नवंबर से 10 दिसम्बर तक स्वच्छता के महत्व और शौचालय के उपयोग पर जन जागरूकता सहित विभिन्न गतिविधियां संचालित की जा रही है। कार्यक्रम में उपमुख्यमंत्री श्री शर्मा ने इस मौके पर 5 हितग्राहियों को व्यक्तिगत शौचालय का स्वीकृति पत्र एवं 5 स्वच्छाग्राही दीदियों को स्वच्छता किट का वितरण किया।
उपमुख्यमंत्री विजय शर्मा ने कार्यक्रम को सम्बोधित करते हुए आगे कहा कि देश के यशस्वी प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने महात्मा गांधी के स्वच्छ भारत के कल्पना को साकार करने का प्रण लेते हुए 2 अक्टूबर, 2014 को स्वच्छ भारत मिशन का शंखनाद किया। प्रधानमंत्री का यह प्रण आज संपूर्ण राष्ट्र का प्रण बन चुका है। स्वच्छ भारत के निर्माण को एक जनक्रांति का स्वरूप देने की कड़ी में 19 नवम्बर, 2024 विश्व शौचालय दिवस से 10 दिसम्बर, 2024 मानव अधिकार दिवस तक पूरे राष्ट्र में अभियान मनाया जा रहा है।
श्री शर्मा ने कहा कि स्वच्छ भारत मिशन ग्रामीण के अंतर्गत ग्रामीण क्षेत्र में कोई भी परिवार बिना शौचालय के न हो इसके लिए हमारी सरकार प्रतिबद्ध है। यक्तिगत शौचालयों का उपयोग केवल एक व्यक्तिगत सुविधा नहीं है, बल्कि यह पूरे समाज को स्वस्थ, स्वच्छ और सशक्त बनाने की दिशा में एक क्रांतिकारी कदम है। यह पहल न केवल वर्तमान पीढ़ी बल्कि आने वाली पीढ़ियों के लिए भी एक स्वस्थ और स्वच्छ वातावरण प्रदान करने में सहायक होगी।
श्री शर्मा ने कहा कि घरों में शौचालय नहीं होने के कारण महिलाओं को खुले में शौच के लिए घर से बाहर जाना पड़ता था, जिससे उनकी गरिमा और सुरक्षा पर प्रश्न चिन्ह रहता था। व्यक्तिगत शौचालयों ने उन्हें इस असुविधा से मुक्त किया है। इससे महिलाओं का आत्मविश्वास बढ़ा है। गांव के आस-पास के वातावरण में स्वच्छता बनी रहती है, जिससे बीमारियों पर नियंत्रण रखना आसान हो जाता है। कार्यक्रम को प्रमुख सचिव निहारिका बारीक सिंह, मिशन संचालक जयश्री जैन ने भी सम्बोधित किया।
छत्तीसगढ़ ने मत्स्य पालन के क्षेत्र में राष्ट्रीय स्तर पर फिर लहराया परचम, मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने दी बधाई
रायपुर। छत्तीसगढ़ राज्य में मत्स्य पालन के क्षेत्र में राष्ट्रीय स्तर पर एक बार फिर से गौरवपूर्ण उपलब्धि हासिल की है। छत्तीसगढ़ के कांकेर जिले को मत्स्य पालन के क्षेत्र में देश में बेस्ट इनलैंड डिस्ट्रिक्ट अवार्ड के लिए चुना गया है। कांकेर जिले को यह राष्ट्रीय अवार्ड 21 नवंबर विश्व मात्स्यिकीय दिवस के अवसर पर मिलेगा। केंद्रीय मत्स्यपालन, पशुपालन, डेयरी एवं पंचायतीराज मंत्री राजीव रंजन सिंह उर्फ ललन सिंह नई दिल्ली के चाणक्यपुरी स्थित सुषमा स्वराज भवन में आयोजित कार्यक्रम यह सम्मान प्रदान करेंगे। कार्यक्रम में केंद्रीय मत्स्य पालन, पशुपालन, डेयरी एवं पंचायतीराज राज्य मंत्री प्रोफेसर एस.पी. सिंह बघेल एवं जॉर्ज कुरियन भी उपस्थित होंगे।
मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने कांकेर को देश का बेस्ट इनलैंड डिस्ट्रिक्ट अवार्ड के लिए चयन होने पर प्रसन्नता जताई है। उन्होंने इस गौरवपूर्ण उपलब्धि के लिए कांकेर सहित राज्य के सभी मत्स्य कृषकों एवं मछलीपालन विभाग के अधिकारियों को बधाई और शुभकामनाएं दी हैं। मुख्यमंत्री ने कहा है कि छत्तीसगढ़ लैंड लॉक प्रदेश होने के बावजूद भी मत्स्य पालन के क्षेत्र में देश में अग्रणी स्थान पर है। मछली बीज उत्पादन में छत्तीसगढ़ देश में छठवें स्थान पर हैं। यह उपलब्धि हमारे राज्य के मत्स्य कृषकों की मेहनत का परिणाम है। छत्तीसगढ़ मछली बीज उत्पादन के मामले में न सिर्फ पूरी तरह से आत्मनिर्भर है, बल्कि पड़ोसी राज्यों को भी मछली बीज निर्यात कर रहा है।
गौरतलब है कि छत्तीसगढ़ में कुल 1,29,039 जल स्त्रोत उपलब्ध है, जिसका जल क्षेत्र 2.032 लाख हेक्टेयर है, जिनमें 96 प्रतिशत में किसी न किसी रूप में मत्स्य पालन हो रहा है। 3571 कि.मी का नदीय जलक्षेत्र भी उपलब्ध है। सघन मत्स्य पालन हेतु अतिरिक्त जलक्षेत्र निर्मित किया जा रहा है. अब तक कुल 6783 हेक्टर जलक्षेत्र निर्मित हो चुका है। एक समय था जब छत्तीसगढ़ मत्स्य बीज के लिए पश्चिम बंगाल राज्य पर निर्भर था। कुल 82 नवीन हैचरी निर्मित कर 115 हैचरियों के माध्यम से 546 करोड़ मत्स्य बीज का प्रति वर्ष उत्पादन होने से राज्य न सिर्फ आत्मनिर्भर हुआ अपितु अन्य राज्यों को भी मत्स्य बीज निर्यात कर रहा है।
छत्तीसगढ़ में वर्तमान में प्रति वर्ष 7.30 लाख टन मत्स्य उत्पादन हो रहा है। राज्य अन्तर्देशीय मत्स्य उत्पादन में देश में 8 वें स्थान पर है। राज्य में अतिरिक्त मत्स्य उत्पादन हेतु जलाशयों एवं बंद खदानों में अब तक 9551 केज, 415 बायोफ्लॉक, 06 आर.ए.एस. एवं 253 बॉयोफलॉक पॉण्ड स्थापित किए गए हैं। रायपुर, दुर्ग बिलासपुर एवं जांजगीर में थोक मत्स्य बाजार की स्थापना की गई। प्रदेश के मत्स्य पालकों का एन.एफ.डी.पी. योजना अंतर्गत पंजीयन किया जा रहा है। छत्तीसगढ़ राज्य के मत्स्य पालकों को किसान क्रेडिट कार्ड के माध्यम से बैंक से ऋण की सुविधा प्रदान की जा रही है। पात्रतानुसार मत्स्य कृषकों को एक प्रतिशत से लेकर तीन प्रतिशत ब्याज पर अल्प अवधि ऋण भी दिया जा रहा है।
बीजापुर पहुंचे उप मुख्यमंत्री अरुण साव ने सड़क और पुल निर्माण तथा जल जीवन मिशन के कार्यों का किया निरीक्षण
रायपुर। उप मुख्यमंत्री अरुण साव ने अपने दो दिवसीय बस्तर प्रवास के दूसरे दिन आज बीजापुर में सड़क और पुल निर्माण कार्यों का निरीक्षण किया। उन्होंने जल जीवन मिशन के कार्यों का भी जायजा लिया। श्री साव ने इस दौरान ग्रामीणों से चर्चा कर विभिन्न योजनाओं के मैदानी स्तर पर क्रियान्वयन की जानकारी ली। उन्होंने बीजापुर एजुकेशन सिटी में दिव्यांग पुनर्वास केंद्र ‘समर्थ’ का भ्रमण कर बच्चों से मुलाकात की और उनके समूह नृत्य की प्रस्तुति भी देखी। श्री साव ने जैतालूर स्थित गारमेंट फैक्ट्री में महिलाओं का काम देखा। वे मिनी स्टेडियम में आयोजित बस्तर ओलंपिक में भी शामिल हुए। लोक निर्माण विभाग के सचिव डॉ. कमलप्रीत सिंह, लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग के सचिव मोहम्मद कैसर अब्दुलहक और प्रमुख अभियंता डॉ. एम.एल. अग्रवाल भी कार्यों के निरीक्षण के दौरान मौजूद थे।
उप मुख्यमंत्री अरुण साव ने बीजापुर में नेलसनार से गंगालूर तक निर्माणाधीन सड़क का निरीक्षण किया। 50 किलोमीटर लंबाई के इस सड़क के 39 किलोमीटर हिस्से का निर्माण पूर्ण कर लिया गया है। श्री साव ने अधिकारियों को काम में तेजी लाते हुए शेष 11 किलोमीटर सड़क का काम जल्द पूर्ण करने के निर्देश दिए। उन्होंने भैरमगढ़ विकासखंड के फुंडरी में निर्माणाधीन उच्च स्तरीय पुल का भी निरीक्षण किया। यह पुल बीजापुर को नारायणपुर से जोड़ेगा, जिससे बीजापुर और रायपुर की दूरी कम हो जाएगी। इसके निर्माण से बांगोली और बेलनार सहित कई गांवों के लोग बारहों महीने आवागमन कर सकेंगे। इससे व्यापक रूप से शासन की योजनाओं को अंदरुनी ग्रामीण क्षेत्रों तक पहुंचाया जा सकेगा। उप मुख्यमंत्री ने कलेक्टर को पुल के निर्माण के बाद सड़कों के विस्तार के लिए सुरक्षा कैम्प स्थापित करने के निर्देश दिए।


उप मुख्यमंत्री श्री साव ने अधिकारियों और निर्माण कंपनियों से गुणवत्ता सुनिश्चित करते हुए दोनों कार्यों को समय-सीमा में पूर्ण करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि नक्सल प्रभावित अति संवेदनशील क्षेत्र में निर्माणाधीन ये सड़क और पुल बीजापुर जिले के विकास के लिए अत्यंत महत्वपूर्ण है। यहां नक्सलियों का गढ़ कहे जाने वाले कई गांव स्थित हैं। इनके निर्माण से शासन-प्रशासन पर ग्रामीणों का भरोसा बढ़ेगा। साथ ही इनसे माओवादी घटनाओं पर अंकुश लगाने में भी सहायता मिलेगी।
श्री साव ने बीजापुर जिले के गदामली ग्राम पंचायत के आश्रित वन ग्राम मिंगाचल में जल जीवन मिशन के कार्यों का अवलोकन किया। मिंगाचल में सोलर आधारित तीन स्ट्रक्चर के माध्यम से 42 घरों में स्वच्छ और सुरक्षित पेयजल की आपूर्ति की जा रही है। जल जीवन मिशन के तहत 65 लाख रुपए से अधिक की लागत से गांव में यह व्यवस्था की गई है। श्री साव ने हर घर जल उत्सव कार्यक्रम में यहां की सरपंच लक्ष्मी कांता सकनी को अभिनंदन पत्र प्रदान किया। उन्होंने ग्रामीणों से चर्चा कर हर घर नल से पेयजल आपूर्ति के साथ ही महतारी वंदन योजना, प्रधानमंत्री आवास योजना, समर्थन मूल्य पर धान खरीदी एवं अन्य योजनाओं के क्रियान्वयन की मैदानी स्तर पर जानकारी ली।
बस्तर में बदल रहे हालात, नियद नेल्ला नार से अंदरूनी क्षेत्रों में हो रहा तेजी से विकास – अरुण साव
उप मुख्यमंत्री अरुण साव ने बीजापुर के मिनी स्टेडियम में आयोजित बस्तर ओलंपिक को संबोधित करते हुए कहा कि विष्णु देव सरकार के कार्यों से बस्तर में बदलाव की बयार दिख रही है जिसका उदाहरण ये 12 हजार खिलाड़ी हैं जो बस्तर ओलंपिक में शामिल हो रहे हैं। मैं इन खिलाड़ियों के जज्बे को सलाम करता हूं और उम्मीद करता हूं कि बस्तर एवं बीजापुर के खिलाड़ी अपनी बेहतरीन खेल प्रतिभा का परिचय देकर देश-दुनिया में छत्तीसगढ़ का नाम रोशन करेंगे। उन्होंने कहा कि बीजापुर अत्यंत सुदूर क्षेत्र है। हमारी सरकार ने भटके हुए लोगों से मुख्य धारा में लौटने का आह्वान किया है, ताकि वे बेहतर जिंदगी जीकर अपने और अपने परिवार का सुनहरा भविष्य गढ़ सकें।
श्री साव ने कहा कि सरकार की महत्वाकांक्षी योजना नियद नेल्ला नार से अंदरुनी क्षेत्रों में तेजी से विकास हो रहा है। सड़कों और पुल-पुलियों के निर्माण सहित स्कूलों, आंगनबाड़ियों, बिजली, पानी व स्वास्थ्य सुविधाओं का विस्तार हो रहा है। लोगों को शासन की योजनाओं से जोड़ने आधार कार्ड, राशन कार्ड, आयुष्मान कार्ड, जाति प्रमाण पत्र सहित सभी आवश्यक दस्तावेज सुलभ कराए जा रहे हैं। आवासहीन परिवारों का सर्वे कर पक्का आवास दिया जा रहा है। हमारे सुरक्षा बलों के जवानों का बीजापुर के विकास में बड़ा योगदान है जिनकी सुरक्षा के साये में लोगों को शासन की योजनाओं में शामिल कर सरकार बेहतर जिंदगी दे रही है। श्री साव के बीजापुर में निर्माण कार्यों के निरीक्षण और विभिन्न कार्यक्रमों में शामिल होने के दौरान कलेक्टर संबित मिश्रा, जिला पंचायत के सीईओ हेमंत रमेश नंदनवार और पूर्व मंत्री महेश गागड़ा सहित अनेक जनप्रतिनिधि तथा जिला प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारी भी मौजूद थे।
CM विष्णुदेव साय ने की घोषणा, छत्तीसगढ़ में टैक्स फ्री होगी The Sabarmati Report …
मुख्यमंत्री साय ने कहा कि “द साबरमती रिपोर्ट” जैसी फिल्म, इतिहास के उस भयावह “सच” को सामने लाने के सराहनीय प्रयास के रूप में देखा जाना चाहिए, जिस “सच” को देश की जनता से हमेशा छुपाने का कुत्सित प्रयास किया गया.
उन्होंने कहा कि इतिहास सबक देता है और उत्तम भविष्य निर्माण का प्रवर्तक बनता है. ऐसी फिल्में समाज के लिए सुलभ होनी चाहिए. इसलिए सरकार ने यह निर्णय लिया है कि राज्य में इसे कर मुक्त किया जाए. छत्तीसगढ़ के अलावा इस फिल्म को मध्यप्रदेश में भी टैक्स-फ्री कर दिया गया है.

बता दें कि ‘द साबरमती रिपोर्ट’ (The Sabarmati Report) की कहानी 27 फरवरी, 2002 को गोधरा रेलवे स्टेशन पर हुए ट्रेन अग्निकांड पर आधारित है. फिल्म में विक्रांत मैसी एक पत्रकार के रोल में नजर आ रहे हैं. फिल्म में दिखाने की कोशिश की गई है कि आखिर 2002 में उस दिन गोधरा रेलवे स्टेशन पर क्या था, जब साबरमती एक्सप्रेस आग में झुलस रही थी.
दरअसल, उस दिन की कहानी आज भी ज्यादातर लोगों के लिए एक पहेली की तरह हैं, क्योंकि इस पर कभी खुलकर बहुत सारी चीजें सामने आईं ही नहीं. गोधरा ट्रेन अग्निकांड भारत के इतिहास के पन्नों पर दर्ज हो चुका है, जिसके बारे में सोचते ही दिल दहल उठता है.
15 नवंबर को रिलीज हुई फिल्म
‘द साबरमती रिपोर्ट’ का निर्देशन धीरज सरना ने किया है. इसका प्रोडक्शन शोभा कपूर, एकता आर कपूर, अमूल वी मोहन, अंशुल मोहन ने मिलकर किया है. विक्रांत मैसी और राशि खन्ना को फिल्म में लीड रोल में है. इनके अलावा इसमें मशहूर टीवी एक्ट्रेस रिद्धी डोगरा भी अहम भूमिका निभाती दिख रही हैं.
सोनवानी की गिरफ्तारी पर मंत्री ओपी चौधरी का बड़ा बयान, कहा- कांग्रेस के शीर्ष नेताओं की शह के बिना यह घोटाला संभव नहीं था…
रायपुर। छत्तीसगढ़ लोक सेवा आयोग के पूर्व चेयरमैन टामन सोनवानी की गिरफ्तारी के बाद भाजपा को कांग्रेस पर हमला करना का मौका मिल गया है. वित्त मंत्री ओपी चौधरी ने पीएससी घोटाले को लेकर कहा कि यह पूर्ववर्ती कांग्रेस सरकार के शीर्ष नेताओं की शह के बिना संभव नहीं था. परीक्षा में धांधली कर युवाओं के भविष्य से खिलवाड़ करने वाले डबल इंजन सरकार में बख्शे नहीं जाएंगे.
बता दें कि पीएससी गड़बड़ी की जांच हाथ में लिए जाने के पांच महीने बाद सीबीआई ने सोमवार को पीएससी के तत्कालीन चेयरमैन टामन सिंह सोनवानी के साथ बजरंग पावर एण्ड इस्पात लिमिटेंड के निदेशक श्रवण कुमार गोयल को गिरफ्तार किया था. आज दोनों को अदालत में पेश कर सीबीआई ने 14 दिन की रिमांड मांगी है.
सीबीआई की बड़ी कार्रवाई के बाद भाजपा के तमाम नेता कांग्रेस पर हमला करना शुरू कर दिया है. वित्त मंत्री ओपी चौधरी ने अपरोक्ष तौर पर तत्कालीन मुख्यमंत्री भूपेश बघेल पर निशाना साधते हुए सोशल मीडिया ‘एक्स’ पर किए में अपने पोस्ट में लिखा है कि यह घोटाला कांग्रेस के शीर्ष नेताओं की शह के बिना संभव नहीं था. इसके साथ ही उन्होंने चेतावनी दी कि भाजपा की डबल इंजन वाली सरकार में दोषी बख्शे नहीं जाएंगे.
सोनवानी की गिरफ्तारी पर कांग्रेस का आरोप, सीएम साय ने किया पलटवार, कहा- कोर्ट में कर सकते हैं अपील…
रायपुर। छत्तीसगढ़ पीएससी के पूर्व चेयरमैन टामन सोनवानी की गिरफ्तारी पर कांग्रेस के आरोप पर मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने पलटवार किया है. उन्होंने कहा कि अगर उन्हें (कांग्रेसियों) लगता है कि फंसाया जा रहा है, तो वे कोर्ट जा सकते हैं, वहां अपील कर सकते हैं.
बस्तर दौरे से लौटने के बाद रायपुर में पत्रकारों से चर्चा में मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने कांग्रेस के आरोपों पर कहा कि मोदी की गारंटी पर विश्वास कर जनता ने हमें चुना. प्रधानमंत्री ने छत्तीसगढ़ के बेटे-बेटियों से वादा किया था कि छत्तीसगढ़ में भाजपा की सरकार बनती है तो पीएससी घोटाले की जांच सीबीआई करेगी. कोई भी दोषी बख्शा नहीं जाएगा।
उन्होंने कहा कि यह बताते हुए खुशी हो रही है कि पीएससी घोटाले को हमने सीबीआई को सौंपा है. सीबीआई जांच कर रही है. कल ही पीएससी के तत्कालीन अध्यक्ष के साथ एक और व्यक्ति, जिन्होंने बेटे- बहू की नियुक्ति कराई थी, को गिरफ्तार गया है. यह सब प्रमाणित है. सीबीआई अपना काम कर रही है, कोई भी दोषी बख्शा नहीं जाएगा. उनके ऊपर कार्रवाई होगी.
बस्तर विकास प्राधिकरण की बैठक पर कांग्रेस के बयान पर मुख्यमंत्री साय ने कहा कि यह लोग तरह-तरह के तरीके से दुष्प्रचार करने का प्रयास कर रहे हैं. यह भी बताया है कि गर्मी में धान नहीं लगाना है. गर्मी में किसान धान लगाएंगे तो उन पर कार्रवाई होगी, जबकि शासन की ओर से ऐसा कोई निर्देश नहीं है.
उन्होंने कहा कि हम किसानों के हितैषी पार्टी वाली सरकार हैं. बीजेपी ने जितना सबको किसानों के हित में काम किया है, उतना किसी ने नहीं किया. फिर पेड़ काटने की बात कर रहे हैं, जबकि ऐसा कुछ नहीं हुआ. हमारी सरकार लगातार पेड़ लगा रही है. प्रधानमंत्री के आह्वान पर एक पेड़ मां के नाम हम 2-4 करोड़ पौधे लगा चुके हैं.
देखें वीडियो –