प्रदेश
पूर्व डिप्टी सीएम TS सिंहदेव को बनाए गए मेनिफेस्टो कोआर्डिनेशन कमेटी के प्रभारी, 4 राज्यों की मिली जिम्मेदारी
रायपुर। AICC ने छत्तीसगढ़ के पूर्व डिप्टी सीएम टीएस सिंहदेव को बड़ी जिम्मेदारी दी है. उन्हें मेनिफेस्टो कोआर्डिनेशन कमेटी के प्रभारी बनाए गए हैं. सिंहदेव को 4 राज्यों हरियाणा, जम्मू काश्मीर, महाराष्ट्र और झारखंड के मेनिफेस्टो समिति की जिम्मेदारी दी गई है. बता दें कि छत्तीसगढ़ में 2018 के विधानसभा चुनाव में घोषणा पत्र बनाने में टीएस सिंहदेव ने बड़ी भूमिका थी. इन्ही घोषणा पत्र के बदौलत छत्तीसगढ़ में कांग्रेस सत्ता में आई थी.
मुख्यमंत्री बिलासपुर जिला अधिवक्ता संघ के शपथ ग्रहण समारोह में हुए शामिल, अधिवक्ताओं के लिए नवीन सामुदायिक भवन बनाने की घोषणा की
रायपुर। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय आज बिलासपुर जिला अधिवक्ता संघ के शपथ ग्रहण समारोह में शामिल हुए। उन्होंने संघ के नव निर्वाचित पदाधिकारियों को शपथ दिलाई। मुख्यमंत्री ने संघ की मांग पर जिला न्यायालय परिसर में नये सामुदायिक भवन बनाने की घोषणा की। कार्यक्रम की अध्यक्षता जिला अधिवक्ता संघ के अध्यक्ष दाऊराम चंद्रवंशी ने की। अति विशिष्ट अतिथि के रूप में उप मुख्यमंत्री अरूण साव मौजूद थे। इस अवसर पर विशेष अतिथि के रूप में महाधिवक्ता प्रफुल्ल एन भारत, विधायक अमर अग्रवाल, धरमलाल कौशिक, दिलीप लहरिया, अटल श्रीवास्तव, सुशांत शुक्ला, महापौर रामशरण यादव, प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश नीता यादव, संरक्षक अधिवक्ता संघ एसके सिन्हा एवं प्रतिनिधि भारतीय विधिज्ञ परिषद शैलेन्द्र दुबे उपस्थित थे।
मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने जिला अधिवक्ता संघ के नव निर्वाचित पदाधिकारियों को बधाई देते हुए कहा कि बिलासपुर का जिला अधिवक्ता संघ प्रदेश के अधिवक्तओं का सबसे पुराना संगठन है। फिलहाल साढ़े 3 हजार विद्वान अधिवक्ता इस संघ से जुड़े है। उन्होंने कहा कि इस संस्था का ऐतिहासिक महत्व रहा है। इनके सदस्यों ने आजादी की लड़ाई में सक्रिय रूप से हिस्सा लिया। यही नहीं बल्कि बड़े-बड़े राजनेता और न्यायविद इस संगठन ने पैदा किये हैं। मुख्यमंत्री ने कहा कि अधिवक्ताओं के समक्ष कई समस्याएं मौजूद हैं। लेकिन उन्होंने इनकी परवाह किये बिना लोगों को न्याय दिलाने में महती भूमिका अदा कर रहे हैं। गरीबी-अमीरी का भेदभाव किये बिना सभी को समभाव से न्याय दिलाने में जिला अधिवक्ता संघ ने मिसाल पेश की है। मुख्यमंत्री ने संघ की मांग पर राजस्व मण्डल एवं स्थायी लोक अदालत में सदस्यों की नियुक्ति जल्द करने का आश्वासन भी दिया। उन्होंने तीजा एवं गणेश चतुर्थी महापर्व की बधाई एवं शुभकामनाएं भी दी।
उप मुख्यमंत्री अरूण साव ने कहा कि जिला अधिवक्ता संघ का इतिहास गौरवशाली रहा है। यहां से निकले विधिवेत्ता और राजनेताओं ने बिलासपुर का गौरव बढ़ाया है। उन्होंने कहा कि पिछले 10-12 बरसों में न्यायालयों में सुविधाओं का तीव्र गति से विकास हुआ है। आगे भी यह सिलसिला जारी रहेगा। जिला अधिवक्ता संघ के अध्यक्ष दाऊराम चंद्रवंशी ने स्वागत भाषण दिया। इस अवसर पर कलेक्टर अवनीश शरण, एसपी रजनेश सिंह सहित न्यायाधीश गण, अधिवक्ता एवं शहर के गणमान्य नागरिक बड़ी संख्या में उपस्थित थे।



PCC चीफ दीपक बैज के धरने के बाद पुलिस ने एबीवीपी कार्यकर्ताओं के खिलाफ लिया एक्शन, NSUI कार्यकर्ताओं से मारपीट के मामले में दर्ज की FIR
रायपुर। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष दीपक बैज के नेतृत्व में हुए धरने के बाद पुलिस ने अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (एबीवीपी) के कार्यकर्ताओं के खिलाफ एफआईआर दर्ज की। यह एफआईआर सरस्वती नगर थाने में दर्ज की गई, जहां कल एनएसयूआई और एबीवीपी कार्यकर्ताओं के बीच हुई झड़प के बाद कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने धरना प्रदर्शन किया था। वहीं आज खुद दीपक बैज कांग्रेस कार्यकर्ताओं के साथ एफआईआर की मांग को लेकर धरने पर बैठ गए थे।
बता दें कि PCC चीफ दीपक बैज और कांग्रेस कार्यकर्ताओं का आरोप था कि पुलिस ने एनएसयूआई के कार्यकर्ताओं की शिकायत पर एफआईआर दर्ज नहीं की, जबकि झड़प में एक एनएसयूआई कार्यकर्ता का सिर फूट गया और एक की नाक टूट गई। इसको लेकर उन्होंने पुलिस पर एकपक्षीय कार्रवाई करने का आरोप लगाया।
दीपक बैज ने कहा कि पुलिस भाजपा कार्यकर्ताओं को बचाने की कोशिश कर रही है और कानून का समान रूप से पालन नहीं कर रही है। उन्होंने चेतावनी दी थी कि जब तक एबीवीपी कार्यकर्ताओं के खिलाफ एफआईआर दर्ज नहीं होती, तब तक धरना जारी रहेगा। पांच घंटे के लगातार प्रदर्शन के बाद, अंततः पुलिस ने एबीवीपी कार्यकर्ताओं के खिलाफ एफआईआर दर्ज की, जिसके बाद धरना समाप्त हुआ।
महापौर मुर्दाबाद का पोस्टर लेकर सड़क पर उतरे लोग : पीएम आवास और बीएसयूपी कॉलोनी के रहवासियों ने किया प्रदर्शन
रायपुर। राजधानी के दलदल सिवनी, कचना और लाभांडी स्थित पीएम आवास और बीएसयूपी कॉलोनी के रहवासियों ने अपनी मांगों को लेकर आज निगम के खिलाफ हल्लाबोल प्रदर्शन किया. महापौर मुर्दाबाद के पोस्टरों के साथ आज ईडब्लूएस परिवार संघ ने प्रदर्शन के बाद एसडीएम को शिकायत पत्र सौंपा. भ्रष्ट अधिकारियों और ठेकेदारों को सस्पेंड करने की मांग भी की है. हफ्तेभर में समस्याओं का समाधान नहीं होने पर सीएम से मुलाकात करने की बात भी कही.
बता दें कि पीएम आवास योजना के तहत मिले मकानों में पानी की समस्या से रहवासी लंबे समय से जूझ रहे हैं और अपने हक की मांग को लेकर अधिकारियों के दफ्तरों का चक्कर काटने पर मजबूर हैं. एक तरफ जहां केंद्र सरकार ने 8 लाख 40 हजार 931 पीएम आवास की स्वीकृति दे दी है, वहीं इस योजना से यहां पहले से रह रहे लोग इस योजना के तहत मिले मकानों को लेने के फैलसले पर पछता रहे हैं. जोन कार्यालय के बाहर एक दिवसीय धरना प्रदर्शन के बाद आज दलदल सिवनी, कचना और लाभांडी में बने मकानों के रहवासी निगम घेराव करने निकले, जहां बीच रास्ते में ही रोक कर सभी से चर्चा के बाद शिकायत पत्रों को लिए गए.
दरअसल रायपुर नगर निगम के अंतर्गत दलदल सिवनी, सड्ढू, लाभांडी के पीएम आवास कॉलोनी के लगभग 500 परिवारों की जलापूर्ति 7-10 टैंकरों के माध्यम से की जाती है. कॉलोनी में मौजूद टंकी पूरा नहीं भरने के कारण लोगों को एक टाइम भी पर्याप्त पानी उपलब्ध नहीं होता. स्थानीय जनता के मुताबिक, कॉलोनी में लोगों की जनसंख्या के साथ-साथ समस्याएं भी बढ़ती जा रही है. पीएम आवास के अधिकांश घरों में सीपेज से लोग परेशान हैं. खुले में तार होने के कारण इन दीवारों में करंट का ख़तरा भी बना हुआ है. स्थिति को देख ऐसे कई लोग हैं, जो मकानों में शिफ्ट होने से बच रहे हैं.
जानिए क्या कहते हैं अधिकारी
नगर निगम जोन 9 के आयुक्त संतोष पांडेय का कहना है कि प्रदर्शन कर रहे जनता के कॉलोनियों में पर्याप्त पानी की पूर्ति की जा रही है, जिससे पानी की कोई समस्या नहीं है. हाल ही में निगम आयुक्त ने बैठक लेकर संबंधित ठेकेदारों और अधिकारियों को पीएम आवास में बचे काम काे जल्द से जल्द पूरा करने के निर्देश दिए हैं.
पीएम आवास के रहवासियों की मांग
निगम घेराव करने निकले पीएम आवास के रहवासियों ने अपनी मांगों में जल संकट, स्ट्रीट लाइट, जर्जर सड़क की मरम्मत, नालियों की सफाई, खुले पैनल बॉक्स के मेनटेनेंस, चेंबरों की सफ़ाई समेत कई अन्य मांगें रखी है.
मुख्यमंत्री से करेंगे मुलाकात
स्थानीय जनता ने रायपुर नगर निगम जोन 9 और निगम मुख्यालय के अधिकारियों पर समस्याओं के समाधान के बजाय सिर्फ घुमाने का आरोप लगाया है और भ्रष्ट अधिकारियों और ठेकेदारों को सस्पेंड करने की मांग की है. महापौर मुर्दाबाद के पोस्टरों के साथ आज ईडब्लूएस परिवार संघ ने प्रदर्शन के बाद एसडीएम को शिकायत पत्र सौंपा. साथ ही एक हफ़्ते के अंदर अपनी समस्या का समाधान नहीं होने पर मुख्यमंत्री से मुलाकात करने की भी रणनीति तैयार की है. साथ ही बड़े स्तर पर निगम के खिलाफ आंदोलन की चेतावनी दी है.
राज्य स्तरीय शिक्षक सम्मान समारोह- प्रदेश के महान साहित्यकारों के नाम पर 3 शिक्षकों को स्मृति पुरस्कार, 52 राज्यपाल शिक्षक सम्मान से होंगे सम्मानित
रायपुर। शिक्षक दिवस के अवसर पर राज्यपाल रमेन डेका के मुख्य आतिथ्य में 05 सितंबर 2024 को प्रातः 11 बजे से राजभवन के दरबार हॉल में राज्य स्तरीय शिक्षक सम्मान समारोह का आयोजन किया जा रहा है। इस समारोह की अध्यक्षता मुख्यमंत्री विष्णु देव साय करेंगे।
शिक्षक दिवस के अवसर पर राज्य स्तरीय शिक्षक सम्मान समारोह में 55 शिक्षकों को सम्मानित किया जाएगा। इनमें से 52 शिक्षक राज्यपाल शिक्षक सम्मान और 3 शिक्षकों को प्रदेश के महान साहित्यकारों के नाम पर राज्य शिक्षक सम्मान स्मृति पुरस्कार से सम्मानित किया जाएगा।
राज्य शिक्षक सम्मान स्मृति पुरस्कार वर्ष 2024
शिक्षक दिवस के अवसर पर राज्य स्तरीय समारोह में प्रदेश के तीन महान साहित्यिक विभूतियों के नाम पर तीन शिक्षकों को राज्य शिक्षक सम्मान से नवाजा जाएगा। इनमें बिलासपुर जिले की व्याखाता डॉ. रश्मि सिंह धुर्वे को ’’डॉ. पदुमलाल पुन्नालाल बक्शी स्मृति पुरस्कार’’, कबीरधाम जिले के शिक्षक री राजर्षि पाण्डेय को ’’डॉ. मुकुटधर पाण्डेय स्मृति पुरस्कार’’, दुर्ग जिले की उच्च वर्ग शिक्षक डॉ. श्रीमती सरिता साहू को ’’डॉ. बलदेव प्रसाद मिश्र स्मृति पुरस्कार’’ प्रदान किया जाएगा।
राज्यपाल शिक्षक सम्मान पुरस्कार वर्ष 2023-24
राज्यपाल शिक्षक सम्मान पुरस्कार वर्ष 2023-24 से सम्मानित होने वाले 52 शिक्षकों में दंतेवाड़ा जिले की व्याख्याता नेहा नाथ और शिक्षक एलबी कुमारी माधुरी उके, सरगुजा जिले की प्रधान पाठक कुमारी मधु सोनवानी और व्याख्याता नीतु सिंह यादव, सूरजपुर जिले की व्याख्याता एलबी रीता गिरी और प्रधान पाठक कुमारी विनिता सिंह, बालोद जिले के व्याख्याता एलबी धमेंन्द्र कुमार और व्याख्याता डॉ. भरतलाल साहसी, जशपुर जिले के व्याख्याता एलबी टुमनु गोसाई और अयोध किशोर गुप्ता, सुकमा जिले की प्रधान पाठक जयमाला और हपका मुत्ता, मोहला-मानपुर-अम्बागढ़ चौकी जिले के सहायक शिक्षक नीलकंठ कोमरे और अंगद सलामें, गौरेला-पेण्ड्रा-मरवाही जिले की सहायक शिक्षक स्वप्निल सिंह पवार और शिक्षक एलबी अर्चना सामुएल मसीह, खैरागढ़-छुईखदान-गंडई जिले के व्याख्याता एलबी मानस साहू और सहायक शिक्षक एलबी महादीप जंघेल, उत्तर बस्तर कांकेर जिले के व्याख्याता सेवक राम निषाद और व्याख्याता एलबी पवन कुमार सेन, कोण्डागांव जिले की व्याख्याता तनुजा देवांगन और उच्च श्रेणी शिक्षक सरस्वती नाग, कोरिया जिले की सहायक शिक्षक एलबी श्वेता सोनी और अर्पणा मिश्रा, राजनांदगांव जिले के व्याख्याता एलबी गोकुल दास जंघेल और जयप्रकाश साहू के नामों की विधिवत् घोषणा की।
राज्यपाल शिक्षक सम्मान पुरस्कार 2023 के लिए चयनित शिक्षकों में नारायणपुर जिले की शिक्षक एलबी कविता हिरवानी और व्याख्याता एलबी लता मानिकपुरी, जांजगीर-चांपा जिले के व्याख्याता एलबी दिनेश कुमार चतुर्वेदी और सहायक शिक्षक एलबी कामता प्रसाद सिंह, सारंगढ़-बिलाईगढ़ जिले के सहायक शिक्षक एलबी सुनिता यादव और व्याख्याता पूनम सिंह साहू, बेमेतरा जिले की सहायक शिक्षक एलबी हिमकल्याणी और व्याख्याता एलबी भुवनलाल साहू, महासमुंद जिले के व्याख्याता प्रमोद कुमार कन्नौजे और व्याख्याता एलबी शैलेन्द्र कुमार नायक, बलरामपुर जिले के शिक्षक श्याम कुमार गुप्ता और प्रधान पाठक विनोद कुमार पंथ, मुंगेली जिले के शिक्षक एलबी डॉ. सत्यनारायण तिवारी और प्रधान पाठक जितेन्द्र गेंदले, गरियाबंद जिले के सहायक शिक्षक एलबी डिगेश्वर कुमार साहू और उच्च श्रेणी शिक्षक किशोर कुमार निर्मलकर, धमतरी जिले की व्याख्याता एलबी ज्योति मगर और डॉ. आशीष नायक, रायगढ़ जिले की प्रधान पाठक डॉ. मनीषा त्रिपाठी और सुशील कुमार गुप्ता, कोरबा जिले के व्याख्याता भुपेन्द्र कुमार राठौर और सहायक शिक्षक वसुंधरा कुर्रे, जगदलपुर जिले की व्याख्याता मीरा हिरवानी और मोहम्मद अकबर खान, बीजापुर जिले के प्रधान पाठक पवन कुमार सिन्हा और शिक्षक एलबी ककेम नारायण के नाम शामिल हैं।
5 सितंबर को होने वाला जनदर्शन स्थगित
रायपुर। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय का हर सप्ताह गुरुवार को होने वाला जनदर्शन इस गुरूवार 5 सितंबर को अपरिहार्य कारणों से स्थगित कर दिया गया है।
तेज आवाज में डीजे बजाने वालों की खैर नहीं : जिला प्रशासन ने संचालकों को दी चेतावनी, 55 डेसिबल से अधिक साउंड में डीजे बजाने पर होगी कार्रवाई
सीएम विष्णुदेव साय 12 और 13 सितंबर को लेंगे कलेक्टर-एसपी कांफ्रेंस
रायपुर। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय कलेक्टर-एसपी कांफ्रेंस लेंगे. ये कांफ्रेंस राजधानी रायपुर में 12 और 13 सितंबर को होगी. रायपुर के न्यू सर्किट हाउस ऑडिटोरियम में सुबह 10 बजे आयोजित होने वाले इस कांफ्रेंस में कमिश्नर, आईजी, कलेक्टर, एसपी, जिला पंचायत सीईओ, निगम कमिश्नर, सीएमओ मौजूद रहेंगे.
अंतर्राज्यीय बस स्टैंड दुष्कर्म मामला: कांग्रेस की जांच टीम पहुंची पीड़िता के गांव, MLA संगीता सिन्हा ने कहा- प्रदेश में महिला सुरक्षा चिंता का विषय
महासमुंद। रायपुर बस स्टैंड में महिला के साथ हुए दुष्कर्म मामले की जांच के लिए प्रदेश कांग्रेस कमेटी ने एक विशेष टीम गठित की है. इस टीम ने आज महासमुंद पहुंचकर पीड़िता से मुलाकात की और उसका बयान दर्ज किया. संजारी बालोद विधायक और जांच टीम के संयोजक संगीता सिन्हा ने मीडिया से बातचीत में कहा कि पीड़िता की स्थिति संतोषजनक नहीं है.
विधायक संगीता सिन्हा ने बस स्टैंड पर हुई दुष्कर्म की घटना को शर्मनाक बताया और कहा कि छत्तीसगढ़ में बुजुर्ग और बच्चियों की सुरक्षा एक गंभीर चिंता का विषय है. उन्होंने आरोप लगाया कि प्रदेश में लगातार दुष्कर्म की घटनाएं हो रही हैं, जो राज्य सरकार की विफलता को दर्शाती हैं. सिन्हा ने यह भी आरोप लगाया कि पुलिस गैंगरेप की घटनाओं को छिपाने की कोशिश कर रही है.
जांच टीम की अध्यक्षता संजरी बालोद विधायक संगीता सिन्हा कर रही हैं. इसमें पामगढ़ विधायक हंसराज हरवंश, भानुप्रतापपुर विधायक सावित्री मंडावी, छत्तीसगढ़ प्रदेश कांग्रेस कमेटी की महामंत्री सीमा वर्मा, प्रदेश कांग्रेस कमेटी के संयुक्त महामंत्री डॉ. करुणा कुर्रे, और सचिव संगीता दुबे भी शामिल हैं. टीम ने पीड़िता से घटना के संबंध में विस्तार से जानकारी प्राप्त की और सखी सेंटर के पदाधिकारियों को पीड़िता के स्वास्थ्य और काउंसलिंग पर ध्यान देने की सलाह दी.
छत्तीसगढ़ में सहकारी समितियों को मजबूत नेटवर्क होगा तैयार, हर पंचायत में होगी सहकारी समितियां, पेक्स को मल्टीपेक्स के रूप में किया जाएगा विकसित
रायपुर। छत्तीसगढ़ में सहकारिता आंदोलन को मजबूत बनाने की ठोस रणनीति तैयार की जा रही है। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के आव्हान पर ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूत करने के लिए राज्य के सभी ग्राम पंचायतों में सहकारी समितियों का नेटवर्क बनाया जाएगा। सहकारिता विभाग के सचिव डॉ. सी. आर. प्रसन्ना एवं कुलदीप शर्मा, आयुक्त सहकारिता एवं पंजीयक सहकारी संस्थाएं छत्तीसगढ़, ने ‘सहकार से समृद्धि’ पर बनाई गई कार्ययोजना की समीक्षा की और अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
इस अवसर पर अपर पंजीयक एच के दोशी, अपर पंजीयक एच के नागदेव,अपेक्स बैंक प्रबंध संचालक के.एन. काण्डे, कृषि विभाग, लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग, पशुपालन विभाग, मछली पालन विभाग, दुग्ध महासंघ मत्स्य महासंघ, कॉमन सर्विस सेंटर व प्रधानमंत्री जन औषधि केन्द्र के राज्य प्रभारी व प्रतिनिधियों सहित अपर पंजीयक, संयुक्त पंजीयक, उप पंजीयक, सहायक पंजीयक तथा जिला सहकारी केन्द्रीय बैंक के मुख्य कार्यपालन अधिकारी उपस्थित थे।
बैठक में पंचायतवार, पेक्स, मत्स्य समिति और दुग्ध समितियों की जानकारी उपलब्ध कराने के साथ ही क्रियाशील और अक्रियाशील समितियों के चिन्हांकन कर सक्रिय करने के निर्देश भी दिए। उन्होंने कहा कि ऐसे ग्राम पंचायत जहां एक भी समिति नहीं है, वहां नवीन समितियों का गठन किया जाए। उन्होंने कहा कि आगामी छह-छह माह का लक्ष्य बनाकर पेक्स को मबजूत करने तथा मल्टी एक्टिविटी की सुविधाएं बढ़ाने के दिशा में काम किया जाए। उन्होंने कहा कि पेक्स को मल्टी परपस पेक्स के रूप में विकसित करने से लोगों के लिए घर के द्वार पर ही अनेक सुविधाएं उपलब्ध होंगी। इससे किसानों, गरीबों और मजदूरों के समय और पैसे की बचत होगी।
आगामी खरीफ फसल की खरीदी का समय नजदीक आ रहा है। अतः सभी समितियों के पुराने कार्याें का ऑडिट अनिवार्य रूप से कर ली जाए। वर्तमान में 2058 सहकारी समितियों और 2739 धान उपार्जन केन्द्र हैं। ऐसे ग्राम पंचायत अथवा ऐसे स्थान जहां दूरी अधिक है, वहां नवीन समितियों का गठन किया जाए। उन्होंने किसान क्रेडिट कार्ड एवं रूपे क्रेडिट कार्ड की प्रगति की समीक्षा की और राज्य के ज्यादा से ज्यादा प्रदेश के किसानों इस योजना से लाभान्वित करने के निर्देश दिए। उन्होंने नेशनल कोऑपरेटिव डेटाबेस की समीक्षा करते हुए सभी समितियों के डेटाबेस को अपडेट करने के निर्देश अधिकारियों को दिए।
जिलेवार, पंचायतवार, पेक्स, मत्स्य समिति और दुग्ध समितियों की जानकारी उपलब्ध कराने के साथ ही क्रियाशील और अक्रियाशील समितियों के चिन्हांकन करने के निर्देश भी दिए। ऐसे ग्राम पंचायत जहां एक भी समिति नहीं है, उन्हें लक्ष्य में रखकर नवीन समितियों का गठन किया जाए। इसी प्रकार उन्होंने विश्व अन्न भंडारण योजना, भारतीय बीज सहकारी समिति, राष्ट्रीय सहकारी निर्यात समिति, प्रधानमंत्री जनऔषधि केन्द्र, कॉमन सर्विस सेंटर एवं ई-डिस्ट्रिक्स सर्विस की स्थिति सहित विभिन्न योजनाओं की जानकारी प्राप्त की गई। यथा संभव समस्त सहकारी संस्थाओं के खाते जिला सहकारी केंद्रीय बैंक में अनिवार्यता खोले जाना चाहिए, जिससे सहकारिता का समग्र विकास सुनिश्चित हो सके।
छत्तीसगढ़ की हीराबाई झरेका बघेल को हस्तशिल्प में राष्ट्रीय पुरस्कार से किया जाएगा सम्मानित, मुख्यमंत्री ने दी बधाई
रायपुर। छत्तीसगढ़ की हीराबाई झरेका बघेल को हस्तशिल्प क्षेत्र में उनके उत्कृष्ट योगदान के लिए 2023 के राष्ट्रीय हस्तशिल्प पुरस्कार के लिए चयनित किया गया है। यह पुरस्कार कार्यालय विकास आयुक्त हस्तशिल्प वस्त्र मंत्रालय भारत सरकार की ओर से दिया जाता है। श्रीमती बघेल ढोकरा बेलमेटल शिल्प की प्रसिद्ध शिल्पकार है। अधिसूचना के अनुसार पांच शिल्प गुरू तथा 18 नेशनल हस्तशिल्प पुरस्कार 2023 के लिए दिए गए है। मुख्यमंत्री विष्णुदेव सायने शिल्पकार हीराबाई झरेका बघेल को छत्तीसगढ़ का गौरव बढ़ाने के लिए बधाई और शुभकामनाएं दी है।

छत्तीसगढ़ के सारंगढ़-बिलाईगढ़ जिला के वनांचल ग्राम पंचायत बैगीनडीह की ढोकरा बेलमेटल शिल्पकार हीराबाई झरेका बघेल इसके पूर्व भी अपनी कलाकारी का डंका बजा चुकी है। श्रीमती बघेल को बेलमेटल शिल्प कला के क्षेत्र में छत्तीसगढ़ शासन के द्वारा वर्ष 2011-12 में पुरुस्कृत किया गया जा चुका है। उनके पति श्री मिनकेतन बघेल को भी वर्ष 2006-07 में छत्तीसगढ़ शासन द्वारा सम्मानित किया गया था। पुरस्कार के लिए चयनित शिल्पी हीराबाई झरेका बघेल ने कहा कि मेरे पिता भुलाऊ झरेका व पति ही मेरी प्रेरणास्रोत है, जिन्होंने मुझे ढोकरा बेलमेटल कला सिखाया और आगे बढ़ने के लिए प्रेरित और प्रोत्साहित किया।
प्रमुख सचिव सोनमणि बोरा ने नवा रायपुर में निर्माणाधीन शहीद वीर नारायण सिंह संग्रहालय का किया निरीक्षण
रायपुर। आदिम जाति, अनुसूचित जाति, अन्य पिछड़ा वर्ग तथा अल्प संख्यक विकास विभाग के प्रमुख सचिव सोनमणि बोरा ने आज नवा रायपुर में निर्माणाधीन शहीद वीर नारायण सिंह आदिवासी स्वतंत्रता संग्राम सेनानी संग्रहालय का साप्ताहिक निरीक्षण किया। उन्होंने मौके पर उपस्थित अधिकारियों, इंजीनियर्स, क्यूरेटर एवं निर्माण एजेंसी के अधिकारियों से अब तक के कार्य की प्रगति के संबंध में जानकारी ली। उन्होंने निर्माण एजेंसी के अधिकारियों से कार्य को निर्धारित समयावधि में पूरा करने के लिए मैन पावर बढ़ाने के निर्देश दिए।
श्री बोरा ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी द्वारा माह नवंबर में संग्रहालय का लोकार्पण किया जाना प्रस्तावित है। अतः कार्य में गुणवत्ता के साथ तेजी लाई जाए। इस अवसर पर सचिव सह आयुक्त नरेन्द्र कुमार दुग्गा एवं अन्य अधिकारी भी उपस्थित थे।उल्लेखनीय है कि शहीद वीर नारायण सिंह आदिवासी (स्वतंत्रता संग्राम सेनानी) संग्रहालय पुरखौती मुक्तांगन के समीप 45 करोड़ की लागत से लगभग 10 एकड़ भूमि पर स्थापित किया जा रहा है।
प्रमुख सचिव सोनमणि बोरा ने कहा कि यह संग्रहालय न केवल छ.ग. के आदिवासी स्वतंत्रता सेनानियों के स्वतंत्रता काल में दिए गए सर्वोच्च बलिदान को याद दिलाएगा, बल्कि छत्तीसगढ़ की गौरवशाली आदिवासी परंपरा से भी आमजन को रूबरू करवाएगा। श्री बोरा ने निर्माणाधीन स्थल पर उपस्थित मूर्तिकारों से भी चर्चा की। क्यूरेटर द्वारा द्वारा बताया गया कि संग्रहालय में लगने वाली लगभग 60 प्रतिशत मूर्तियों का निर्माण कार्य पूर्ण किया जा चुका है, जबकि शेष कार्य को भी निर्धारित समयावधि में पूरा कर लिया जाएगा। मूर्तियों की फिनिशिंग का कार्य भी समानांतर रूप से किया जा रहा है।
गौरतलब है कि निर्माणाधीन संग्रहालय में कुल 15 गैलरियां हैं। प्रथम गैलरी में छत्तीसगढ़ की जनजातीय जीवन शैली का परिचय का खूबसूरत वर्णन किया गया है, वहीं दूसरी गैलरी में राज्य की जनजातियों पर अंग्रेजों और स्थानीय हुकूमत के अत्याचार का, तीसरी गैलरी में वर्ष 1774-79 के डोंगर क्षेत्र के हल्बा विद्रोह का दृश्य, चौथी गैलरी में सरगुजा विद्रोह (1792) का दृश्य, पांचवी गैलरी में भोपालपट्टनम विद्रोह (1795) का दृश्य, छठवीं गैलरी में परलकोट विद्रोह (1824-25) का दृश्य, सातवीं गैलरी में तारापुर विद्रोह (1842-54) का दृश्य, आठवीं गैलरी में लिंगागिरी विद्रोह (1856) का दृश्य, नौवीं गैलरी में कोई विद्रोह (1859) का दृश्य, दसवीं गैलरी में दंतेवाड़ा के मेरिया विद्रोह (1842-63) का दृश्य, ग्यारवीं गैलरी में मुरिया विद्रोह (1876) का दृश्य, बारहवीं गैलरी में रानी चौरिस विद्रोह (1878-82) का दृश्य, तेरहवीं गैलरी में बस्तर के भूमकाल विद्रोह (1910) का दृश्य, चौदहवीं गैलरी में शहीद वीर नारायण सिंह के सोनाखान विद्रोह (1857) का दृश्य एवं पंद्रहवीं गैलरी में झण्डा सत्याग्रह एवं जंगल सत्याग्रह के वीर आदिवासी नायकों के संघर्ष (1923, 1920) के दृश्य का बखूबी चित्रण किया जा रहा है। निश्चित ही यह संग्रहालय सभी वर्ग के लोगों के लिए एक आकर्षण का केन्द्र के रूप में बनकर उभरेगा।


उपमुख्यमंत्री एवं गृहमंत्री विजय शर्मा कल पुलिस विभाग के बिलासपुर रेंज की लेंगे समीक्षा बैठक
रायपुर। उपमुख्यमंत्री एवं गृहमंत्री विजय शर्मा कल बिलासपुर प्रवास के दौरान पुलिस विभाग के बिलासपुर रेंज की समीक्षा बैठक लेंगे। इस बैठक में छत्तीसगढ़ शासन के गृह एवं जेल विभाग के अपर मुख्य सचिव, पुलिस महानिदेशक, गृह विभाग के सचिव, बिलासपुर रेंज के पुलिस महानिरीक्षक, और बिलासपुर रेंज के जिलों के पुलिस अधीक्षक उपस्थित रहेंगे।
बैठक में लंबित गंभीर अपराधों की स्थिति, ब्लाइंड मर्डर के अनसुलझे मामलों, चाकूबाजी, तलवारबाजी और फायरिंग के मामलों की समीक्षा समीक्षा की जाएगी। इसके साथ ही लंबित मर्ग के प्रकरणों, राष्ट्रीय और राज्य मानव अधिकार आयोग के लंबित मामलों की स्थिति की भी समीक्षा की जाएगी। महिला और बाल अपराधों के लंबित प्रकरणों पर चर्चा और पीड़ितों को क्षतिपूर्ति देने, मानव तस्करी के लंबित मामलों, गुमशुदा महिलाओं, पुरुषों और बच्चों के प्रकरणों, अनुसूचित जाति और जनजाति पर घटित अपराधों एवं राहत राशि के वितरण की स्थिति की समीक्षा की जाएगी। चिटफंड प्रकरणों की अद्यतन स्थिति, एनडीपीएस अधिनियम के तहत दर्ज मामलों की जांच की प्रगति और मादक पदार्थों की नष्ट करने की प्रक्रिया, गौवंश से संबंधित अपराधों, वाहन जब्ती और राजसात की कार्यवाही, जिले के कानून व्यवस्था के संबंध में आगामी कार्ययोजनाओं और जिले में लागू की जा रही बेस्ट प्रैक्टिस पर चर्चा की जाएगी। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक और उप पुलिस अधीक्षक द्वारा किए गए महत्वपूर्ण कार्यों की समीक्षा की जाएगी।
विधानसभा चुनाव के 9 महीने बाद भी कांग्रेस में सामने आ रहे टिकट दिलाने के नाम पर ठगी के मामले
राजनांदगांव। विधानसभा चुनाव हुए नौ महीना होने को है, लेकिन कांग्रेस में टिकट दिलाने के नाम पर ठगी करने का मामला थमने का नाम नहीं ले रहा है. विधानसभा चुनाव के दौरान पांच-पांच करोड़ रुपए में टिकट बेचने का मामला एक ऑडियो के माध्यम से सामने आया था. अब एक नया मामला राजनांदगांव से आया है. प्रदेश महिला कांग्रेस की सचिव नलिनी मेश्राम ने थाने में दिए शिकायत में कांग्रेस के ही दो नेताओं पर टिकट दिलाने के नाम पर ठगने का आरोप लगाया है.
महिला प्रदेश कांग्रेस की सचिव नलिनी मेश्राम ने आरोप लगाया गया है कि छत्तीसगढ़ विधानसभा चुनाव के दौरान पार्टी टिकट दिलाने के नाम पर 30 लाख रुपए की ठगी की गई है. ठगने वाला कोई और नहीं बल्कि राजनांदगांव निवासी एमआईसी मेंबर राजेश गुप्ता उर्फ चंपू है.
डोंगरगढ़ निवासी नलिनी मेश्राम ने एसपी को ज्ञापन सौंपकर बताया कि 2023 में हुए विधानसभा चुनाव से पहले टिकट दिलाने के लिए राजेश गुप्ता उर्फ चंपू ने उनसे मुलाकात की थी. राजेश गुप्ता ने उन्हें दो करोड़ रुपए में टिकट दिलाने का आश्वासन दिया था, और पहली किस्त के रूप में 30 लाख रुपए लिए गए. नलिनी मेश्राम के अनुसार चंपू गुप्ता ने खुद को राहुल गांधी का दूत बताने वाले घनश्याम विश्वकर्मा से मुलाकात कराई. इसके बाद सभी एक साथ दिल्ली में गए और 3–4 दिन रुककर राहुल गांधी से मुलाकात कराने का झांसा दिया.
लेकिन पैसे देने के बाद भी जब टिकट नहीं मिला तो वह लगातार रकम वापस करने के लिए चंपू गुप्ता के चक्कर लगाती रही, ना टिकट मिली और ना ही पैसे वापस किये गये. जिसके बाद महिला ने थाने में शिकायत दर्ज कराई है. इसके साथ ही महिला नेत्री ने प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष दीपक बैज और राष्ट्रीय नेताओं को लिखित में शिकायत करते हुए जांच कर कार्रवाई की मांग की है.
श्री रामलला दर्शन योजना: सारंगढ के 30 श्रद्धालु अयोध्या के लिए रवाना
रायपुर। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के पहल पर शुरू की गई श्री रामलला दर्शन योजना के तहत सारंगढ से 30 व्यक्तियों का दल कल रवाना हुआ। कलेक्टर धर्मेश साहू ने जिले के चौथे जत्था को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। विगत तीन माह से प्रत्येक माह 30 व्यक्तियों का दल प्रभु श्री राम के दर्शन के लिए अयोध्या जा रहे हैं। यह दल सारंगढ जिला मुख्यालय से बस से बिलासपुर रेल्वे स्टेशन पहुँचेंगी, फिर वहां से अयोध्या तक का सफर रेल से पूरा होगा।
इस यात्रा से श्रद्धालुओं में भारी उत्साह है। श्रद्धालुगण भगवान राम का जय-जयकार करते हुए अयोध्या धाम के लिए निकल चुके हैं। श्रद्धालु भजन-कीर्तन करते हुए भक्तिमय माहौल में श्री रामलला के दर्शन को जा रहे हैैं। यात्रा के प्रारंभ से अंत तक भोजन, बस, रेल आदि की सेवा छत्तीसगढ़ सरकार की योजना के तहत निःशुल्क उपलब्ध कराई जा रही है। सभी श्रद्धालुओं के रवानगी के पूर्व मेडिकल चेकअप किया गया था।
रामलला दर्शन के लिए जाने वाले दर्शनार्थियों ने कहा कि मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने श्री रामलला दर्शन के लिए योजना की शुरूआत की है। इसके लिए श्रद्धालुओं ने मुख्यमंत्री को बहुत-बहुत धन्यवाद दिया। अयोध्या दर्शन हम जैसे लोगों के लिए असंभव था, लेकिन मुख्यमंत्री की पहल पर आज हमें अयोध्या में श्री रामलला का दर्शन संभव हुआ है। आज अयोध्या के लिए रवाना हो रहे हैं और हमें बहुत खुशी हो रही है।
आईपीए की माँग पर फार्मासिस्ट पंजीयन को ऑनलाइन किया स्टेट फ़ार्मेसी कौंसिल ने
रायपुर। छत्तीसगढ़ स्टेट फ़ार्मेसी कौंसिल में पंजीयन एवम नवीनीकरण का कार्य अब पूर्णतः ऑनलाइन मोड से किया जाएगा । स्टेट फ़ार्मेसी कौंसिल में 32 हज़ार फार्मासिस्ट पंजीकृत हैं और हर साल लगभग 7 हज़ार फ़ार्मेसी विद्यार्थी नया पंजीयन करवाने पहुँचते हैं । छत्तीसगढ़ स्टेट फ़ार्मेसी कौंसिल का गठन फ़ार्मेसी एक्ट 1948 की धारा 20 के तहत राज्य बनने के बाद 2003 में हुवा उसके पहले फ़ार्मेसी पंजीयन ट्रिब्यूनल हुवा करता था ।
इंडियन फार्मासिस्ट एसोसिएशन ने प्रदेश भर के फार्मासिस्टों की समस्याओं को देखते हुवे पंजीयन और नवीनीकरण को पूर्णतः ऑनलाइन करने की मुहिम चलाई । पूर्व रजिस्ट्रार डॉ शेखर वर्मा ने इसके लिए पहल करते हुवे एक IT फ़र्म के साथ एग्रीमेंट किया । छः महीने पूर्व ही ऑनलाइन संबंधी सारी प्रक्रिया पूर्ण होने पर भी इसका लाभ फार्मासिस्टों को नहीं मिल रहा था । स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल के संज्ञान में आते ही अब जाकर ऑनलाइन पंजीयन शुरू किया जा रहा है । आज माननीय स्वास्थ्य मंत्री के हाथो विधिवत ऑनलाइन मोड शुरू किया जाएगा पूर्व के ऑफलाइन दस्तावेजों को पूर्ण कर इसका लाभ एक हफ़्ते बाद प्रदेश के फार्मासिस्टों को मिलना प्रारंभ हो जायेगा ।
प्रदेश के दूरस्थ छेत्रों से आने वाले फार्मासिस्टों को पंजीयन हेतु भारी परेशानियों का सामना करना पड़ता था । महिला फार्मासिस्ट के लिये अलग शौचालय , बैठक व्यवस्था , पार्किंग और पीने के पानी तक की समस्या से सामना करना पड़ता था । आईपीए ने लगातार शासन से माँग करते हुवे फ़ार्मेसी कौंसिल को सर्वसुविधा युक्त सरकारी भवन में शिफ्ट करने की माँग किया था वर्ष 2022 में तात्कालिक सुविधा के तहत बड़े निजी भवन में कार्यालय को शिफ्ट किया गया है जहां अभी भी पार्किंग की समस्या है और आगंतुक महिलाओं के लिए अलग शौचालय की व्यवस्था नहीं है ।
इंडियन फार्मासिस्ट एसोसिएशन (IPA) छत्तीसगढ़ स्टेट फ़ार्मेसी कौंसिल ऑफिस को शासकीय भवन अथवा ख़ुद के भवन में शिफ्ट करने की माँग माननीय स्वास्थ्य मंत्री से मीडिया के माध्यम से करता है । इससे हर वर्ष किराए के रूप में दिये जा रहे लाखों रुपयों की बचत होगी ।
राज्य में बहुत जल्द शुरू होगा लिवर और किडनी ट्रांसप्लांट, ऑर्गन ट्रांसप्लांट उपकरणों के लिए 6 करोड़ रुपए की मंजूरी
रायपुर। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय की मंशा के अनुसार छत्तीसगढ़ बहुत जल्द स्वास्थ्य के मामलों में वैश्विक सुविधाएं देने वाला राज्य बनने वाला है। इनमें ऑर्गन ट्रांसप्लांट और बायपास हार्ट सर्जरी जैसी सुविधाएं शामिल होंगी।
स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल के अनुसार राज्यभर में सुपर स्पेशियलिटी सुविधाओं को बढ़ावा देने के लिए अब राजधानी के डीकेएस अस्पताल में लिवर और किडनी ट्रांसप्लांट की सुविधा जल्द शुरू की जाएगी। उन्होंने कहा कि डीकेएस में पहले ही अत्याधुनिक आईसीयू तैयार किया जा चुका है और लिवर तथा किडनी ट्रांसप्लांट के उपकरणों के लिए 6 करोड़ रुपए भी स्वीकृत किए गए हैं।
उन्होंने बताया कि यह सुविधा राजधानी के मरीजों के साथ-साथ आस-पास के राज्यों से आने वाले मरीजों को भी लाभान्वित करेगी। इसके अलावा, उन्होंने जानकारी दी कि प्रदेश के 6 जिलों में अत्याधुनिक मॉडल अस्पताल बनाए जाएंगे, जिनमें सुपर स्पेशियलिटी सेवाएं उपलब्ध होंगी।
अंबेडकर अस्पताल में खुल सकता है आईवीएफ सेंटर
स्वास्थ्य मंत्री श्री जायसवाल के अनुसार अंबेडकर अस्पताल में आईवीएफ सेंटर भी स्थापित करने पर विचार किया जा रहा है। इस संबंध में रुकी हुई डीपीआर का निर्माण शीघ्र ही शुरू किया जाएगा। उन्होंने कहा कि अंबेडकर अस्पताल में आधुनिक पोस्टमार्टम हाउस भी बनाया जाएगा, जिसमें नए उपकरणों के साथ-साथ विशेषज्ञ स्टाफ भी तैनात किया जाएगा।
अंबेडकर अस्पताल में पोस्टमार्टम के लिए नई वर्चुअल मशीन
स्वास्थ्य मंत्री श्री जायसवाल के अनुसार अंबेडकर अस्पताल में पोस्टमार्टम के लिए नई वर्चुअल मशीन स्थापित की जा रही है। यह मशीन देश में सबसे आधुनिक तकनीक से युक्त होगी और इससे पोस्टमार्टम के कार्यों में तेजी आएगी। इसके साथ ही यह सुविधा राजधानी के लोगों के लिए अत्यधिक सहायक सिद्ध होगी।
अस्पतालों में बढ़ेंगी नई सेवाएं
स्वास्थ्य मंत्री श्री जायसवाल के अनुसार सरकारी अस्पतालों में नई सेवाओं की संख्या बढ़ाई जाएगी। इसमें दूरस्थ परामर्श, अत्याधुनिक उपकरणों का उपयोग एवं विशेषज्ञ चिकित्सकों की उपलब्धता सुनिश्चित की जाएगी। इससे राज्य के सभी नागरिकों को अत्याधुनिक एवं उच्च गुणवत्ता वाली चिकित्सा सेवाएं प्राप्त होंगी।