धर्मांतरण को लेकर गरमाया माहौल : दोनों पक्षों ने एक-दूसरे पर लगाए गंभीर आरोप, जांच में जुटी पुलिस
छत्तीसगढ़ |
29-Jun-2025
बिलासपुर। बिलासपुर में आए दिन धर्मांतरण को लेकर विवाद होते रहता है। ऐसा ही ताजा मामला फिर से सामने आया है। इस बार तोरवा थाना क्षेत्र अंतर्गत केवटपारा में रविवार को धर्मांतरण के आरोप को लेकर माहौल गरमा गया। एक ओर जहां हिंदू संगठनों ने प्रार्थना सभा की आड़ में धर्मांतरण का आरोप लगाया। वहीं ईसाई समुदाय ने हिंदू संगठन के कार्यकर्ताओं पर मारपीट और पथराव का आरोप लगाया है। पुलिस ने दोनों पक्षों की ओर से शिकायत दर्ज कर ली है और जांच में जुट गई है।

घटना की शुरुआत उस वक्त हुई जब हिंदू संगठनों से जुड़े लोग केवटपारा में प्रार्थना सभा स्थल पर पहुंचे और वहां चल रही गतिविधियों को धर्मांतरण से जोड़ते हुए विरोध जताया। इसके बाद करीब 500 की तादाद में हिंदू संगठन के लोग थाने पहुंचकर धर्मांतरण के विरोध में जमकर नारेबाजी की। वहीं दूसरी ओर ईसाई समुदाय के लोग भी तोरवा थाने पहुंचे और हिंदू संगठन के कार्यकर्ताओं के खिलाफ जबरदस्ती घर में घुसकर तोड़फोड़ और मारपीट का आरोप लगाया। साथ ही उन्होंने पथराव किए जाने की भी बात कही। मामले की गंभीरता को देखते हुए दोनों पक्षों की शिकायत पर पुलिस ने जांच शुरू कर दी है। थाने में प्रदर्शन के दौरान थाने के आस पास माहौल गरमाता रहा। वहीं मौके पर पुलिस के तमाम आला अधिकारी मौके पर मौजूद रहे और बड़ी संख्या में बल की तैनाती भी करनी पड़ी।
