जर्जर सड़क को लेकर कांग्रेसियों ने किया अनोखा प्रदर्शन
छत्तीसगढ़ |
11-Jul-2025
तखतपुर। क्षेत्र में बदहाल सड़क, बिजली और पानी की समस्या को लेकर कांग्रेस ने आज धरना प्रदर्शन किया. इस दौरान कांग्रेस नेता आशीष सिंह ने अनोखे तरीके से विरोध जताया. उन्होंने सड़क पर हुए गड्ढों की पूजा अर्चना कर राहगीरों की सलामती की प्रार्थना करते हुए जल्द गड्ढों के भर जाने की कामना की.
तखतपुर बरेला को जोड़ने वाले मनियारी पुल के पास कांग्रेस नेताओं ने भाजपा सरकार के विरुद्ध जमकर हल्ला बोला. आशीष सिंह ने कहा कि तखतपुर की जनता के साथ धोखा हो गया है. उन्होंने आरोप लगाया कि यहां के जनप्रतिनिधि का डर इतना है कि कोई भी इस अन्याय के विरोध में नहीं बोल पा रहे हैं. यदि कोई किसी वॉट्सएप ग्रुप में कुछ लिख दे तो उसके पास धमकी भरे फोन आ जाते हैं. इस प्रदर्शन को लेकर भी कई कांग्रेस कार्यकर्ताओं को धमकी भरा फोन आया था, लेकिन कांग्रेसी डरने वाले नहीं हैं.

