कांग्रेस विधायक दल की बैठक 13 जुलाई को, मानसून सत्र को लेकर बनेगी रणनीति
छत्तीसगढ़ |
11-Jul-2025
रायपुर। छत्तीसगढ़ विधानसभा के आगामी मानसून सत्र से पहले कांग्रेस पूरी तरह से रणनीति तैयार करने में जुट गई है। इसी सिलसिले में 13 जुलाई को शाम 4 बजे राजधानी रायपुर स्थित राजीव भवन में कांग्रेस विधायक दल की अहम बैठक बुलाई गई है।
इस बैठक की अध्यक्षता नेता प्रतिपक्ष डॉ. चरणदास महंत करेंगे। बैठक का मुख्य एजेंडा होगा—14 जुलाई से शुरू हो रहे मानसून सत्र में सत्तारूढ़ भाजपा सरकार को सदन में घेरने की रणनीति तैयार करना।सूत्रों के अनुसार, कांग्रेस इस सत्र में राज्य सरकार को कई मुद्दों पर घेरने की तैयारी कर रही है।
सदन में गरमा सकता है माहौल
राज्य की सियासत में हाल के दिनों में जो घटनाएं हुई हैं, उससे यह तय माना जा रहा है कि इस बार मानसून सत्र काफी गर्मागर्म रहने वाला है। कांग्रेस पूरी ताकत से सरकार को विपक्ष की भूमिका में आक्रामक ढंग से घेरेगी, वहीं भाजपा भी पलटवार की रणनीति में जुटी हुई है।
संगठन से समन्वय पर भी होगा फोकस
बैठक में केवल सदन की रणनीति ही नहीं, बल्कि संगठनात्मक समन्वय, विधायकों की सक्रियता और क्षेत्रीय मुद्दों को लेकर भी चर्चा की जाएगी, ताकि जनता के सवालों को प्रभावी ढंग से सदन में उठाया जा सके।