प्रदेश / छत्तीसगढ़

क्रेडा सीईओ का औचक निरीक्षण: सौर ऊर्जा परियोजनाओं की गुणवत्ता सुनिश्चित करने के अफसरों को दिये निर्देश

रायपुर। गैर पारंपरिक ऊर्जा स्रोतों को जन-जन तक पहुंचाने और सरकार की महत्वाकांक्षी योजनाओं जैसे जल जीवन मिशन और सौर सुजला योजना को प्रभावी ढंग से लागू करने के उद्देश्य से छत्तीसगढ़ राज्य अक्षय ऊर्जा विकास अभिकरण (क्रेडा) के मुख्य कार्यपालन अधिकारी राजेश सिंह राणा ने बिलासपुर और कोरबा जिलों में सौर संयंत्रों का औचक निरीक्षण किया। यह निरीक्षण 22 जुलाई को किया गया।

निरीक्षण की शुरुआत बिलासपुर जिले के लोखण्डी गांव से हुई, जहां सौर सुजला योजना के तहत कृषक प्रशांत जैन के खेत में स्थापित 3 एचपी सबमर्सिबल सोलर पंप की जांच की गई। किसान और उसके सहयोगी ने बताया कि वे इस संयंत्र की रियल टाइम मॉनिटरिंग RMS तकनीक से करते हैं, जिससे जल आपूर्ति, ऊर्जा उत्पादन और कार्बन उत्सर्जन की पूरी जानकारी मिलती है।

इसके बाद कोटा ब्लॉक के ग्राम जाली में जल जीवन मिशन के तहत बनाए गए सोलर पेयजल संयंत्र का निरीक्षण हुआ। संयंत्र सही स्थिति में पाया गया और स्थानीय निवासी पार्वती केंवट समेत अन्य ने बताया कि 36 घरों तक पाइपलाइन से नियमित पानी पहुंच रहा है और कोई समस्या नहीं है।

कोरबा जिले के पाली विकासखंड के ग्राम हारनमुण्डी कदमपारा और कटघोरा ब्लॉक के ग्राम रंजना में भी जल जीवन मिशन और सौर सुजला योजना के संयंत्रों की स्थिति संतोषजनक पाई गई। ग्रामीणों ने बताया कि वे इन योजनाओं से लाभान्वित हैं और शासन की महतारी वंदन योजना एवं धान खरीदी भुगतान का लाभ भी प्राप्त कर चुके हैं।

रंजना गांव के हितग्राही जगेश्वर मरकाम ने बताया कि किसी भी समस्या की स्थिति में वे “सौर समाधान” मोबाइल एप के जरिए शिकायत दर्ज कर सकते हैं। इस पर श्री राणा ने अधिकारियों को एप के व्यापक प्रचार-प्रसार के निर्देश दिए।

अंत में पोड़ी विकासखंड के ग्राम मड़ई स्थित 1.2 किलोवॉट ऑफ-ग्रिड सोलर पॉवर प्लांट का निरीक्षण किया गया, जो उप स्वास्थ्य केंद्र में स्थापित है। प्रभारी डॉक्टर अल्फा इक्का ने बताया कि बिजली गुल होने की स्थिति में भी अस्पताल की सेवाएं निर्बाध रूप से चलती हैं और विभिन्न उपकरण सौर ऊर्जा से संचालित होते हैं।

निरीक्षण उपरांत श्री राणा ने क्रेडा के कर्मचारियों को निर्देश दिए कि सोलर हाईमास्ट, पॉवर प्लांट और अन्य परियोजनाओं में गुणवत्ता, समयबद्धता और पारदर्शिता के साथ कार्य पूर्ण किए जाएं।