साय कैबिनेट की बैठक 30 जुलाई को, कर्मचारी हित, खाद-बीज संकट और धान खरीदी नीति पर हो सकती है बड़ी घोषणाएं
छत्तीसगढ़ |26-Jul-2025
रायपुर। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय की अध्यक्षता में राज्य मंत्रिपरिषद (कैबिनेट) की अहम बैठक आगामी बुधवार, 30 जुलाई को सुबह 11 बजे मंत्रालय (महानदी भवन), अटल नगर, नवा रायपुर में आयोजित होगी। इस बैठक को लेकर प्रशासनिक और राजनीतिक गलियारों में खासा मंथन जारी है, क्योंकि इसमें कई बड़े फैसले लिए जाने की संभावना जताई जा रही है।
इस बैठक में राज्य कर्मचारियों के हित से जुड़े अहम निर्णय लिए जा सकते हैं। वहीं, खाद और बीज की आपूर्ति में हो रही कमी को लेकर भी गंभीर चर्चा प्रस्तावित है। इसके अलावा आगामी खरीफ सीजन के मद्देनज़र धान खरीदी नीति को भी कैबिनेट की मंजूरी मिल सकती है।
गौरतलब है कि इससे पहले 11 जुलाई को आयोजित कैबिनेट बैठक में सरकार ने युवाओं और औद्योगिक विकास से जुड़े कई महत्वपूर्ण प्रस्तावों को मंजूरी दी थी। अब 30 जुलाई की बैठक को लेकर भी बड़ी उम्मीदें जताई जा रही हैं।
बैठक के बाद मुख्यमंत्री विष्णु देव साय क दो दिवसीय दिल्ली दौरा भी प्रस्तावित है, जिसमें वे केंद्र सरकार के वरिष्ठ मंत्रियों से मुलाकात कर राज्य के विकास संबंधी विषयों पर चर्चा करेंगे।
अब सबकी निगाहें 30 जुलाई की इस अहम कैबिनेट बैठक पर टिकी हुई हैं, जहां किसान, कर्मचारी और आम जनता से जुड़े कई बड़े फैसले सामने आ सकते हैं।