प्रदेश / छत्तीसगढ़

मोबाइल-घड़ी-पर्स बैन, चप्पल व हाफ शर्ट पहनकर ही मिलेगी एंट्री, 10:30 बजे बंद होगा गेट, व्यापम ने परीक्षा को लेकर लगायी सख्त पाबंदियां

बिलासपुर। छत्तीसगढ़ में कल 27 जुलाई (रविपवार) को एक साथ आयोजित होने जा रही आबकारी आरक्षक भर्ती परीक्षा के लिए परीक्षा केंद्रों में सुरक्षा के अभूतपूर्व इंतजाम किए गए हैं। परीक्षार्थियों को कई सख्त नियमों और पाबंदियों से गुजरना होगा। सबसे सख्त निर्देश है – परीक्षा केंद्र में सिर्फ चप्पल पहनकर ही प्रवेश मिलेगा, मोबाइल, घड़ी, बेल्ट, पर्स और गहनों की सख्त मनाही रहेगी। कदाचार रोकने के लिए कई पाबंदियां लगायी गयी है। छत्तीसगढ़ के 31 जिलों में एक साथ आयोजित हो रही इस परीक्षा में बिलासपुर जिले में सर्वाधिक 34,440 परीक्षार्थी शामिल हो रहे हैं। इसके लिए 110 परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं।

परीक्षा का समय और गेट क्लोजिंग:

परीक्षा दोपहर 1 बजे शुरू होगी, लेकिन मुख्य गेट सुबह 10:30 बजे ही बंद कर दिया जाएगा।अभ्यर्थियों को कम से कम दो घंटे पहले केंद्र पर पहुंचने की सलाह दी गई है ताकि सभी सुरक्षा जांच समय पर पूरी हो सके।

 सुरक्षा जांच और पाबंदियां:

  • हर परीक्षा केंद्र पर मोबाइल जैमर लगाए जाएंगे ताकि कोई इलेक्ट्रॉनिक उपकरण काम न करे।
  • सभी परीक्षार्थियों की हैंड मेटल डिटेक्टर और शारीरिक तलाशी (फ्रिस्किंग) से जांच की जाएगी।
  • महिला अभ्यर्थियों की तलाशी महिला पुलिसकर्मी लेंगी।

 क्या-क्या नहीं ले जा सकते:

  • मोबाइल फोन, स्मार्टवॉच, पर्स, बेल्ट, टोपी, पाउच, गहने (बालियां, ईयररिंग्स)
  • परीक्षा हॉल में किसी भी प्रकार की इलेक्ट्रॉनिक डिवाइस या धातु से बनी वस्तुएं पूरी तरह प्रतिबंधित हैं।

 ड्रेस कोड:

  • हल्के रंग के आधी बांह के कपड़े पहनना अनिवार्य है।
  • केवल चप्पल पहनकर ही परीक्षा केंद्र में एंट्री दी जाएगी।

धार्मिक/सांस्कृतिक पहनावा

यदि कोई अभ्यर्थी धार्मिक या सांस्कृतिक कारणों से विशेष पहनावा पहनता है, तो उसे जल्दी पहुंचने की सलाह दी गई है, क्योंकि अतिरिक्त जांच की जाएगी।परीक्षा के दौरान चिल्लाना, फुसफुसाना या इशारों में बात करना सख्त वर्जित रहेगा।नकल या किसी भी अनुचित साधन का प्रयोग करने पर अभ्यर्थी की उम्मीदवारी तत्काल रद्द कर दी जाएगा। प्रत्येक कक्ष में दीवार घड़ी लगी होगी ताकि परीक्षार्थी समय पर नजर रख सकें।