साय कैबिनेट की बैठक 19 अगस्त को, विदेश दौरे से पहले होने वाली इस बैठक में होंगे कई अहम फैसले
रायपुर। विष्णुदेव साय कैबिनेट की अहम बैठक कल होगी। मुख्यमंत्री 21 अगस्त को विदेश दौरे पर रवाना हो रहे हैं। विदेश दौरे पर रवाना होने से पहले कैबिनेट की बैठक बुलायी गयी है। छत्तीसगढ़ में 19 अगस्त को मुख्यमंत्री की अध्यक्षता में मंत्रिपरिषद की बैठक आयोजित की जाएगी। उप मुख्यमंत्री अरुण साव ने इसकी पुष्टि करते हुए कहा कि बैठक में कई महत्वपूर्ण विषयों पर चर्चा और निर्णय होंगे। बैठक के बाद फैसलों की जानकारी मीडिया को दी जाएगी। वहीं मंत्रिमंडल विस्तार पर सवाल पूछे जाने पर उन्होंने स्पष्ट किया कि यह मुख्यमंत्री का विशेषाधिकार है।
राज्य सरकार की नीतियों और कार्यक्रमों को आगे बढ़ाने के उद्देश्य से आगामी 19 अगस्त 2025 को राजधानी रायपुर में मंत्रिपरिषद की बैठक बुलाई गई है। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय इस बैठक की अध्यक्षता करेंगे। बैठक में राज्य के विकास से जुड़े कई अहम मुद्दों पर चर्चा की जाएगी।
उप मुख्यमंत्री अरुण साव ने मीडिया को जानकारी देते हुए कहा कि यह बैठक बेहद महत्वपूर्ण होगी, क्योंकि इसमें शिक्षा, स्वास्थ्य, कृषि, बुनियादी ढांचा, रोजगार सृजन और निवेश जैसे विषयों पर विचार-विमर्श होने की संभावना है। इसके अलावा राज्य की वित्तीय स्थिति और केंद्र सरकार की विभिन्न योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन पर भी चर्चा होगी।