खाद्य विभाग की बड़ी कार्रवाई, 41 गैस सिलेंडर जब्त
बिलासपुर। शहर में घरेलू गैस की कालाबाजारी और अवैध रिफिलिंग के खिलाफ खाद्य विभाग ने गुरुवार को बड़ी कार्रवाई करते हुए 41 घरेलू गैस सिलेंडर जप्त किए हैं। टीम ने रिफिलिंग में उपयोग होने वाली बांसुरी और तौल मशीन भी कब्जे में ली है। विभाग ने तीन दुकानों के खिलाफ वैधानिक कार्रवाई शुरू कर दी है। खाद्य विभाग ने यह अभियान जनसुरक्षा और उपभोक्ताओं की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए चलाया। जांच के दौरान टीम ने ओल्ड बस स्टैंड स्थित आशीष ट्रेडर्स से 10 सिलेंडर, शुभम किचन केयर कोनी से 13 सिलेंडर और आर्य फ्रिज एवं गैस चूल्हा रिपेयर सेंटर कोनी से 18 सिलेंडर जब्त किए। इसके अलावा 05 बंसी बांसुरी और 02 तौल मशीनें भी जब्त की गईं।
इस कार्रवाई में सहायक खाद्य अधिकारी राजीव लोचन तिवारी, सविता शर्मा, अजय मौर्य, विनीता दास तथा खाद्य निरीक्षक मंगेश कांत शामिल थे। अधिकारियों ने बताया कि घरेलू गैस सिलेंडरों का व्यावसायिक उपयोग और अवैध रिफिलिंग से आम लोगों की जान को गंभीर खतरा रहता है। इसलिए ऐसी गतिविधियों पर पूरी तरह रोक लगाने के लिए सख्त कदम उठाए जा रहे हैं। विभाग ने स्पष्ट किया है कि जिन दुकानों से सिलेंडर जब्त किए गए हैं उनके खिलाफ वैधानिक कार्रवाई की जाएगी। आने वाले समय में भी इसी तरह की अचानक जांच कार्रवाई चलती रहेगी ताकि गैस की कालाबाजारी और अवैध रिफिलिंग पर लगाम लगाई जा सके।
कार्रवाई का परिणाम (संक्षेप में) कुल जब्त घरेलू गैस सिलेंडर – 41 जब्त बंसी बांसुरी – 05 जब्त तौल मशीनें – 02 दुकानवार जब्ती विवरण आशीष ट्रेडर्स (ओल्ड बस स्टैंड बिलासपुर) – 10 सिलेंडर शुभम किचन केयर (कोनी) – 13 सिलेंडर आर्य फ्रिज एवं गैस चूल्हा रिपेयर (कोनी बिलासपुर) – 18 सिलेंडर
खाद्य विभाग ने आम जनता से अपील की है कि यदि कहीं भी गैस सिलेंडरों की अवैध रिफिलिंग या कालाबाजारी की गतिविधि दिखाई दे, तो तुरंत विभाग को सूचना दें ताकि समय रहते कार्रवाई की जा सके।