भाजपा अध्यक्ष किरण सिंहदेव का उपराष्ट्रपति उम्मीदवार पर बड़ा बयान, कहा-
रायपुर। रायपुर के कुशाभाऊ ठाकरे परिसर में आयोजित प्रदेश स्तरीय कार्यशाला के दौरान भाजपा प्रदेश अध्यक्ष किरण सिंह देव ने पत्रकारों से चर्चा में बड़ा बयान दिया। उन्होंने कहा कि डॉ. रमन सिंह के मुख्यमंत्री रहते हुए भाजपा सरकार ने नक्सल उन्मूलन की दिशा में लगातार प्रयास किए थे। उस समय शुरू किया गया सलवा जुडूम अभियान नक्सल प्रभावित इलाकों के लिए बेहद महत्वपूर्ण था।उन्होंने आरोप लगाया कि उस अभियान को शिथिल करने का काम तत्कालीन जज सुदर्शन रेड्डी ने अपने फैसले से किया था। आज वही रेड्डी उपराष्ट्रपति पद के उम्मीदवार हैं, जिससे बस्तर के सुदूर वनांचल में रहने वाले लोग चिंतित हैं।
भाजपा कार्यशाला में संगठन पर चर्चा
कुशाभाऊ ठाकरे परिसर में चल रही कार्यशाला में भाजपा के राष्ट्रीय और प्रदेश स्तर के शीर्ष नेता मौजूद रहे। इस अवसर पर राष्ट्रीय महामंत्री अरुण सिंह, राष्ट्रीय सह संगठन महामंत्री शिव प्रकाश, प्रदेश प्रभारी नितिन नवीन, मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय, प्रदेशाध्यक्ष किरण देव, क्षेत्रीय संगठन महामंत्री अजय जम्वाल और प्रदेश संगठन महामंत्री पवन साय ने पदाधिकारियों को मार्गदर्शन दिया।किरण देव ने बताया कि हाल ही में प्रदेश भाजपा की संगठनात्मक इकाइयों का नए सिरे से गठन किया गया है। मंडल, जिला और प्रदेश स्तर पर नई टीम तैयार की गई है, जिसके बाद पार्टी ने कार्यक्रमों को बूथ स्तर तक ले जाने की तैयारी की है।
संगठन को मजबूती देने की कवायद
प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि भाजपा का संगठन लगातार सक्रिय रहा है और अब कार्यकर्ताओं के माध्यम से योजनाओं और कार्यक्रमों को व्यवस्थित रूप से अंतिम इकाई तक पहुंचाया जाएगा। इस कार्यशाला का उद्देश्य इसी दिशा में पदाधिकारियों को प्रशिक्षित करना है।उन्होंने बताया कि आगे चलकर जिला स्तर पर भी कार्यशालाएं आयोजित की जाएंगी। इनमें विषय विशेषज्ञ वक्ता विभिन्न मुद्दों पर पदाधिकारियों को मार्गदर्शन देंगे।
कार्यकर्ताओं की अहम भूमिका
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि भाजपा के कार्यकर्ता वर्षों से पार्टी की रीढ़ बने हुए हैं। उन्होंने हमेशा संगठनात्मक कार्यक्रमों और नीतियों के क्रियान्वयन में अपनी सक्रिय भूमिका निभाई है। यही कारण है कि भाजपा का संगठन समय-समय पर मजबूत होता रहा है और जनता के बीच अपनी पकड़ बनाए रखता है।