प्रदेश / छत्तीसगढ़

ED ने दाखिल की 7 हजार पन्नों की चार्जशीट, EOW की कस्टोडियल रिमांड पर फैसला सुरक्षित, कल होगी सुनवाई

रायपुर। छत्तीसगढ़ के बहुचर्चित शराब घोटाले से जुड़े मनी लॉन्ड्रिंग केस में आरोपी बनाए गए पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल के बेटे चैतन्य बघेल की आज राजधानी रायपुर में कोर्ट में पेशी हुई। ज्यूडिशियल रिमांड खत्म होने के बाद उन्हें कोर्ट में पेश किया गया। इस दौरान ED ने चैतन्य के खिलाफ 7 हजार से अधिक पन्नों की चार्जशीट पेश की।

वहीं, शराब घोटाले में EOW-ACB के तहत चल रही जांच में चैतन्य बघेल को कुछ राहत मिली है। कोर्ट ने EOW-ACB की प्रोडक्शन वारंट पर सात दिन की कस्टोडियल रिमांड देने का अनुरोध अस्वीकार कर दिया और फैसला सुरक्षित रखा है। अब कल यानी मंगलवार 16 सितंबर को कोर्ट में फिर से सुनवाई होगी।

चैतन्य बघेल के वकील फैजल रिज़वी ने बताया कि EOW-ACB ने चैतन्य की पूछताछ के लिए आवेदन किया था। इसी आधार पर उन्हें 12 और 13 सितंबर को पूछताछ की अनुमति दी गई थी। हमें पहले से इसका अंदेशा था कि EOW उन्हें गिरफ्तार कर सकती है, जिसके चलते चैतन्य ने हाईकोर्ट में अग्रिम जमानत के लिए याचिका दायर की थी। हाईकोर्ट ने निर्देश दिया कि इस मामले में लोअर कोर्ट में अग्रिम जमानत पर सुनवाई नहीं हो पाने तक प्रोडक्शन वारंट को स्थगित रखा जाए। इसके आधार पर वकील फैजल रिज़वी ने EOW की रिमांड का विरोध किया था।

कल रायपुर और 19 को हाईकोर्ट में होगी सुनवाई

बता दें कि ED के मामले में चैतन्य बघेल को अभी भी ज्यूडिशियल रिमांड पर रखा गया है। सेशन कोर्ट इस मामले में अगली सुनवाई 16 सितंबर 2025 को करेगी। इसके अलावा आज हाईकोर्ट में चैतन्य बघेल की गिरफ्तारी मामले में सुनवाई अधूरी रह गई। इसपर 19 सितंबर को फिर सुनवाई होगी। चैतन्य के खिलाफ शराब घोटाला, कोल लेवी, महादेव सट्टा ऐप और मनी लॉन्ड्रिंग मामले में जांच चल रही है।