प्रदेश / छत्तीसगढ़

NHM कर्मचारियों की हड़ताल पर बड़ा अपडेट, स्वास्थ्य मंत्री ने दी अंतिम चेतावनी – आज शाम तक लौटें ड्यूटी पर, नहीं तो नयी भर्ती…..

रायपुर। प्रदेश में पिछले एक महीने से चल रही राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन (NHM) कर्मचारियों की हड़ताल को लेकर बड़ा अपडेट सामने आया है। राजधानी रायपुर में स्वास्थ्य मंत्री श्याम विहारी जायसवाल ने शुक्रवार को प्रेस वार्ता कर स्पष्ट संदेश दिया कि राज्य सरकार हड़ताली कर्मचारियों को आखिरी मौका दे रही है।

मंत्री जायसवाल ने कहा कि सरकार ने कर्मचारियों के साथ अब तक पांच बार चर्चा की है। कुल 10 मांगों में से 4 मांगें पूरी कर दी गई हैं, 3 पर कमेटी का गठन कर दिया गया है और शेष 3 मांगों को उच्चस्तरीय समिति को भेजा गया है, जहाँ इन पर निर्णय लिया जाएगा। उन्होंने कहा कि सरकार कर्मचारियों की समस्याओं का समाधान चाहती है लेकिन स्वास्थ्य सेवाओं को बाधित नहीं होने दिया जा सकता।

मंत्री ने कहा, “NHM कर्मचारी स्वास्थ्य हित में, राज्य हित में और अपने स्वयं के हित में आज शाम तक ड्यूटी पर लौट आएं। यदि आज के बाद भी हड़ताल जारी रहती है और स्वास्थ्य सुविधाएं बाधित होती हैं, तो हमें नई भर्तियां घोषित करनी होंगी। यह लोगों की जान से जुड़ा मामला है और हम किसी भी तरह का खिलवाड़ बर्दाश्त नहीं करेंगे।”

सरकार की ओर से यह भी कहा गया कि जिन कर्मचारियों को नोटिस जारी किए गए हैं, वे भी अगर आज ड्यूटी पर लौटते हैं तो उन्हें राहत दी जाएगी। यहां तक कि जिन कर्मचारियों को बर्खास्त किया गया है, उनके मामलों की भी पुनः समीक्षा की जाएगी। सरकार ने उम्मीद जताई है कि कर्मचारी अब सकारात्मक रुख अपनाएंगे और प्रदेश में सामान्य स्वास्थ्य सेवाएं बहाल होंगी।

गौरतलब है कि हड़ताल के कारण पिछले एक महीने से प्रदेश में स्वास्थ्य सेवाएं प्रभावित हो रही थीं। खासकर ग्रामीण इलाकों में टीकाकरण, मातृ-शिशु स्वास्थ्य सेवाओं और अन्य प्राथमिक उपचार सुविधाओं पर असर पड़ा था।

स्वास्थ्य मंत्री ने चेतावनी भरे लहजे में कहा कि यदि आज शाम तक सभी कर्मचारी काम पर नहीं लौटते हैं, तो सरकार वैकल्पिक व्यवस्था लागू करेगी और नई भर्तियों की प्रक्रिया शुरू कर सकती है।अब नजर आज शाम तक कर्मचारियों के फैसले पर टिकी है। सरकार को उम्मीद है कि हड़ताल समाप्त होगी और मरीजों को राहत मिलेगी।