प्रदेश / छत्तीसगढ़

सांसद बृजमोहन अग्रवाल ने खो-खो पारा में विशाल स्वास्थ्य शिविर का शुभारंभ, हितग्राहियों को मुफ्त चश्मे वितरित

रायपुर।  सांसद एवं वरिष्ठ भाजपा नेता बृजमोहन अग्रवाल ने रविवार को शहरी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र, खो-खो पारा में सेवा पखवाड़ा अंतर्गत जिला स्वास्थ्य समिति और रायपुर नगर निगम के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित विशाल स्वास्थ्य शिविर का शुभारंभ किया।

इस अवसर पर श्री अग्रवाल ने कहा कि स्वस्थ नागरिक ही सशक्त राष्ट्र की नींव है। केंद्र और राज्य सरकार आमजन को उत्तम स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए सतत कार्य कर रही है। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में सेवा पखवाड़ा के माध्यम से जनकल्याणकारी योजनाओं को जनता तक पहुंचाया जा रहा है।

कार्यक्रम में लगभग 250 डॉक्टर्स, स्वास्थ्य कर्मी, मितानिन, आंगनबाड़ी कार्यकर्ता एवं सफाई कर्मियों को समाज और मानव सेवा में उनके अमूल्य योगदान के लिए सम्मानित भी किया गया। श्री अग्रवाल ने कहा कि ये सभी कर्मी समाज के वास्तविक सेवक हैं, जिनके अथक परिश्रम से जनता को स्वास्थ्य और स्वच्छता जैसी महत्वपूर्ण सेवाएं मिलती हैं। इस अवसर पर हितग्राहियों को मुफ्त में चश्मे भी वितरित किए गए।

कार्यक्रम में महापौर मीनल चौबे, समाभापति सूर्यकांत राठौर, जोन अध्यक्ष अम्बर अग्रवाल, बद्री गुप्ता, पार्षदगण एवं बड़ी संख्या में कर्मचारी और स्थानीय नागरिक उपस्थित रहे।