प्रभावी एंटी नक्सल ऑपरेशन पर सम्मान : CRPF की 65वीं बटालियन को मिला बेस्ट ऑपरेशन का अवार्ड
गरियाबंद। गुवाहटी में शनिवार को हुए 87वें सीआरपीएफ दिवस समारोह में 65वीं बटालियन को छत्तीसगढ़ में प्रभावी एंटी नक्सल ऑपरेशन चलाने के लिए बेस्ट ऑपरेशन बटालियन अवार्ड से सम्मानित किया गया. इस अवसर पर सम्मेलन कंपनी कमांडेड राधे श्याम सिंह ने अवार्ड प्राप्त किया. केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने सराहना करते हुए कहा कि नक्सल मुक्त भारत के अटल संकल्प को पूर्ण करने में सीआरपीएफ के 65वीं बटालियन की अहम भूमिका रही है.
एक साल में 2 सीसी मेंबर समेत 28 को किया ढेर
जनवरी 2025 से जनवरी 2026 तक चलाए गए नक्सल विरोधी प्रत्येक संयुक्त अभियान में 65 वीं बटालियन की रणनीति मिल का पत्थर साबित हुआ. प्रदेश में मौजूद 7 कम्पनियों में 5 नक्सल प्रभावित गरियाबंद में तैनात है. सर्वाधिक प्रभावित इलाका कुल्हाड़ीघाट, छिन्दौला, ओड़ और बिन्द्रानवागढ़ में कुल 5 कम्पनियां तैनात है. एक साल में चलाए गए ऑपरेशन में 2 सीसी मेंबर समेत 28 कुख्यात नक्सली मारे गए. वहीं सटीक सूचना तंत्र और कारगर रणनीति के आगे 29 नक्सलियों ने आत्मसर्पण किया. नक्सल मुक्त जिला के कगार पर पहुंच चुके गरियाबंद के लिए 65 वीं बटालियन की भूमिका अहम रही है.
कमांडेड राधे श्याम सिंह ने कहा कि यह सम्मान बटालियन की आसाधारण परिचालन क्षमता, प्रभावी नेतृत्व और राष्ट्र सुरक्षा के प्रति अटूट निष्ठा का गौरवपूर्ण प्रतीक है. बटालियन के उन सभी जवानों को इसका श्रेय जाता है, जिन्होंने राष्ट्र की अखंडता, आंतरिक सुरक्षा और स्थायी शान्ति की रक्षा के लिए पूर्णतः प्रतिबद्ध हैं. उन्होंने हौंसला बढ़ाते हुए कहा कि बटालियन का हर जाबाज सिपाही भविष्य में भी इसी वीरता, अनुशासन और समर्पण के साथ अपने कर्तव्य का निर्वहन करें.