केंद्र सरकार की नीतियों के खिलाफ युवा कांग्रेस का प्रदर्शन, BJP कार्यालय घेरने निकले कांग्रेसियों को पुलिस ने रोका, झूमाझटकी भी हुई
रायपुर। राजधानी रायपुर में शनिवार को उस समय सियासी हलचल तेज हो गई, जब युवा कांग्रेस ने भाजपा कार्यालय के घेराव का प्रयास किया। प्रदेश अध्यक्ष आकाश शर्मा के नेतृत्व में बड़ी संख्या में कार्यकर्ता राजीव गांधी चौक से रैली निकालते हुए भाजपा कार्यालय की ओर कूच किए।
प्रदर्शन के दौरान कार्यकर्ताओं ने केंद्र सरकार की नीतियों को लेकर जमकर नारेबाजी की। युवाओं से जुड़े मुद्दों, बेरोजगारी, महंगाई और विभिन्न योजनाओं को लेकर सवाल उठाए। युवा कांग्रेस ने कहा कि यह आंदोलन युवाओं की आवाज को उठाने के लिए किया जा रहा है।
प्रदर्शनकारी भाजपा कार्यालय तक पहुंचकर घेराव करना चाहते थे, लेकिन पुलिस प्रशासन ने पहले ही सुरक्षा के कड़े इंतजाम कर लिए थे। रास्ते में बैरिकेडिंग कर कार्यकर्ताओं को रोक दिया गया, जिसके बाद कुछ देर तक कार्यकर्ताओं और पुलिस के बीच हल्की नोकझोंक भी देखने को मिली। युवा कांग्रेस नेताओं का कहना है कि जब तक युवाओं से जुड़े मुद्दों का समाधान नहीं होगा, तब तक आंदोलन जारी रहेगा। वहीं भारतीय जनता पार्टी के नेताओं ने इस प्रदर्शन को राजनीतिक स्टंट बताया है।
युवा कांग्रेस ने उठाए ये सवाल
क्या देश की छवि नेता विपक्ष को गोली मारने जैसी बयानबाज़ी से ख़राब नहीं होती?
क्या देश की छवि चीनी रोबोट को ‘मेड इन इंडिया’ बताने से ख़राब नहीं होती?
क्या देश की छवि अमेरिका के सामने नतमस्तक होकर ट्रेड डील करने से ख़राब नहीं होती?