प्रदेश / छत्तीसगढ़

फर्जी NOC पर बवाल: तिल्दा के देवरी में स्टील प्लांट के खिलाफ हजारों ग्रामीण भूख हड़ताल पर

रायपुर। तिल्दा के देवरी पंचायत में फर्जी एनोसी से अग्रसेन स्टील एंड पावर प्लांट स्थापित करने को लेकर विवाद शुरू हो गया है. देवरी और घुलघुल गांव के हजारों लोग भूख हड़ताल पर बैठ गए हैं. उन्होंने आरोप लगाया कि सरपंच दिव्या राजा वर्मा ने फर्जी एनओसी दिया है. साथ ही स्थानीय जनप्रतिनिधि दलाली का काम कर रहे हैं.

हमे प्लांट नहीं चाहिए… तखतियां लेकर विरोध कर रहे ग्रामीण

हड़ताल में जुटे ग्रामीणों का आरोप है कि वह मामले में हस्तक्षेप की मांग को लेकर स्थानीय विधायक और मंत्री टंक राम वर्मा के पास पहुंचे थे, लेकिन यह कहते हुए टाल दिया गया कि न अब विरोध कर सकता हूं और न ही आंदोलन में शामिल हो सकता हूं. मेरे ऊपर भी लोग हैं, मैं कुछ नहीं कर सकता हूं.

फर्जी एनओसी की बात सामने आने के बाद ग्रामीण सरपंच, सचिव और जनप्रतिनिधियों पर कार्रवाई की मांग कर रहे हैं. आरोप लगाया कि ग्राम पंचायत में असहमति का प्रस्ताव बनाया गया था. ग्राम पंचायत से पारित असहमति प्रस्ताव में छेड़छाड़ किया गया, उसमें से ‘अ’ हटाकर सहमति में बदलकर पेश कर दिया गया. कलेक्टर और एसडीएम के नाम से थाने में शिकायत दी गई, इसके बावजूद कार्रवाई नहीं की जा रही है. अब उनका कहना है कि जब तक फर्जी एनओसी जारी करने वालों पर कार्रवाई और प्लांट हटाने का निर्देश नहीं होता, तब तक वह हटने नहीं वाले हैं. दिन और रात यहीं डटे रहेंगे.