प्रदेश / छत्तीसगढ़

वेदांता प्रबंधन ने शुरू किया भुगतान, 21 मृतकों के परिवारों तक पहुंची सहायता

सक्ती। वेदांता पावर प्लांट हादसे में जान गंवाने वाले मजदूरों के परिजनों को मुआवजे का भुगतान शुरू हो गया है. मृत 24 मजदूरों में से 21 मजदूरों के परिजनों को मुआवजे का भुगतान किया जा चुका है. 3 मजदूरों के परिजनों को भुगतान किया जाना बाकी है. इसके अलावा सभी 11 घायल मजदूरों को मुआवजा राशि का भुगतान किया जा चुका है.

बता दें कि 14 अप्रैल को सक्ती जिले के सिंघीतराई में संचालित वेदांता पावर प्लांट में बॉयलर पाइप में ब्लास्ट हुआ था, जिसकी चपेट में आने से 35 मजदूर गंभीर रूप से घायल हुए थे. इनमें से 24 मजदूरों की मौत हो चुकी है. वहीं गंभीर रूप से घायल 3 मजदूरों के साथ 6 मजदूरों को विभिन्न अस्पतालों में अंडर ऑब्जर्वेशन में रखा गया है. वहीं दो मजदूरों के स्वास्थ्य में सुधार होने के बाद अस्पताल से डिस्चार्ज कर दिया गया है.

35-35 लाख मुआवजे के साथ नौकरी देगी कंपनी

वेदांता प्रबंधन ने हादसे में जान गंवाने वाले मजदूरों के परिजन को 35-35 लाख रुपए सहायता राशि और नौकरी देने और घायलों को 15-15 लाख रुपए देने की बात कही थी. इसके अलावा मुख्यमंत्री साय ने मृतकों के परिवार वालों को 5-5 लाख रुपए और घायलों को 50 हजार रुपए देने का ऐलान किया था. वहीं प्रधानमंत्री कार्यालय ने भी मुआवजे की घोषणा की है. PMNRF से मृतक के परिवार वालों को 2-2 लाख और घायलों को 50-50 हजार रुपए दिए जाएंगे.