अपने प्रभार वाले असम के आठ विधानसभा में डिप्टी सीएम अरुण ने भाजपा को दिलाई प्रचंड जीत
रायपुर/बिलासपुर। उप मुख्यमंत्री अरुण साव ने पश्चिम बंगाल, असम और पुडुचेरी विधानसभा चुनावों में भाजपा-एनडीए की जीत पर बधाई दी है। उन्होंने कहा कि यह जनादेश प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में जनता के विश्वास और पार्टी कार्यकर्ताओं की मेहनत का परिणाम है।
डिप्टी सीएम अरुण साव ने पश्चिम बंगाल के नतीजों पर प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि वहां की जनता ने अपनी सांस्कृतिक विरासत और परंपराओं के सम्मान के साथ भाजपा को समर्थन दिया है। उन्होंने विश्वास जताया कि ‘सोनार बांग्ला’ के संकल्प को साकार करने के लिए पार्टी पूरी प्रतिबद्धता से काम करेगी।
उन्होंने कहा कि यह जीत कार्यकर्ताओं के समर्पण, त्याग और संघर्ष का परिणाम है और इसे राष्ट्रहित की जीत बताया। असम चुनाव परिणामों पर उन्होंने कहा कि जनता ने लगातार तीसरी बार भाजपा को समर्थन देकर विकास और स्थिर नेतृत्व पर भरोसा जताया है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन और मुख्यमंत्री हिमंता बिस्वा सरमा के नेतृत्व में राज्य तेजी से आगे बढ़ रहा है।
श्री साव ने कहा कि असम की जनता ने विपक्ष की नकारात्मक राजनीति को खारिज किया है। उन्होंने बताया कि लखीमपुर लोकसभा क्षेत्र के प्रभार के दौरान उन्होंने विभिन्न विधानसभा क्षेत्रों में जाकर जनसमर्थन जुटाया, जिसका परिणाम पार्टी की जीत के रूप में सामने आया। पुडुचेरी में भाजपा-एनडीए की जीत पर भी उन्होंने खुशी जताई और कहा कि आने वाले समय में वहां विकास के नए आयाम स्थापित होंगे।
लखीमपुर लोकसभा प्रभार के इन भाजपा प्रत्याशियों ने दर्ज की जीत
लखीमपुर लोकसभा क्षेत्र के अंतर्गत सभी आठों विधानसभा सीटों पर भाजपा उम्मीदवारों ने जीत दर्ज की। इनमें धेमाजी से डॉ. रनोज पेगू, जोनाई से भुवन पेगु, सिसिरबोरगांव से जीवन गोगोई, लखीमपुर से मानव डेका, ढकुआखाना से नबा कुमार डोले, डुम डुमा से रुपेश ग्वाला, सदिया से बलिन चेतिया और रोंगोनदी से ऋषिराज हजारिका शामिल हैं।