प्रदेश / छत्तीसगढ़

राजधानी के अलग-अलग थानों में तैनात हुए 60 प्रशिक्षु SI, 15 सितंबर तक लेंगे व्यावहारिक प्रशिक्षण

रायपुर। रायपुर पुलिस कमिश्नरेट को 60 नए उप निरीक्षक (SI) मिले हैं। बेसिक ट्रेनिंग पूरी करने के बाद इन सभी अधिकारियों को अब व्यावहारिक प्रशिक्षण के लिए राजधानी के विभिन्न थानों में पदस्थ किया गया है। इस संबंध में रायपुर पुलिस कमिश्नर ने आदेश और नामों की लिस्ट जारी की है।

15 सितंबर तक चलेगा फील्ड ट्रेनिंग कार्यक्रम

रायपुर पुलिस कमिश्नर द्वारा जारी आदेश के अनुसार प्रशिक्षु उप निरीक्षकों को 1 जून 2026 से 15 सितंबर 2026 तक निर्धारित कार्यक्रम के तहत पुलिसिंग की विभिन्न प्रक्रियाओं का व्यावहारिक अनुभव दिया जाएगा। प्रशिक्षण अवधि के दौरान उन्हें बीट व्यवस्था, संतरी ड्यूटी, रात्रि गश्त, सिटी पेट्रोलिंग, मुल्जिम पेशी, मालखाना प्रबंधन, कोर्ट कार्य, प्रचार शाखा, थाना रिकॉर्ड संधारण सहित अन्य पुलिस कार्यों से अवगत कराया जाएगा। इसके अलावा उन्हें कनिष्ठ उप निरीक्षक एवं थाना प्रभारी अधिकारियों के साथ भी कार्य करने का अवसर मिलेगा।

इन थानों में की गई सबसे ज्यादा पदस्थापना

पुलिस मुख्यालय नवा रायपुर और नेताजी सुभाषचंद्र बोस राज्य पुलिस अकादमी चंदखुरी से प्राप्त निर्देशों के आधार पर इन अधिकारियों को विभिन्न थानों में तैनात किया गया है। सबसे अधिक तीन-तीन SI की पदस्थापना खम्हारडीह, खमतराई, कबीर नगर, गोलबाजार, मौदहापारा, कोतवाली, सिविल लाइन, टिकरापारा, पंडरी, पुरानी बस्ती, राजेंद्र नगर, डीडी नगर, उरला, तेलीबांधा, आमानाका, आजाद चौक और गंज थानों में की गई है।

वहीं गुढ़ियारी, मुजगहन, सरस्वती नगर और देवेंद्र नगर थानों में दो-दो प्रशिक्षु SI को प्रशिक्षण के लिए भेजा गया है। नए अधिकारियों को अनुभवी थाना प्रभारियों और वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों के मार्गदर्शन में काम करने का अवसर मिलेगा, जिससे वे पुलिस कार्यप्रणाली, अपराध अनुसंधान, कानून-व्यवस्था प्रबंधन और जनता से जुड़े मामलों को नजदीक से समझ सकेंगे।

अनुभवी अधिकारियों के मार्गदर्शन में सीखेंगे पुलिसिंग की बारीकियां

प्रशिक्षण कार्यक्रम के तहत प्रशिक्षु अधिकारियों को थाना संचालन की बारीकियां, शिकायतों का निराकरण, अपराध नियंत्रण, विवेचना प्रक्रिया, न्यायालयीन कार्यवाही और फील्ड पुलिसिंग का अनुभव कराया जाएगा। इसके अलावा उन्हें कनिष्ठ उप निरीक्षक और थाना प्रभारी अधिकारियों के साथ भी कार्य करना होगा, ताकि वे वास्तविक परिस्थितियों में निर्णय लेने और पुलिसिंग के व्यवहारिक पहलुओं को समझ सकें।

देखें आदेश

पुलिस बल को मिलेगी मजबूती

पुलिस अधिकारियों के अनुसार यह प्रशिक्षण अवधि नए SI के करियर की सबसे महत्वपूर्ण कड़ी मानी जाती है। इसी दौरान वे किताबों और अकादमी में सीखी गई जानकारी को जमीनी स्तर पर लागू करना सीखते हैं। प्रशिक्षण पूरा होने के बाद ये अधिकारी प्रदेश की कानून-व्यवस्था को मजबूत करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे।

रायपुर कमिश्नरेट में 60 नए SI की तैनाती से पुलिस बल को अतिरिक्त मजबूती मिलने की उम्मीद है। इससे थानों में कार्यभार का बेहतर प्रबंधन होगा और आम जनता को भी पुलिस सेवाओं का अधिक प्रभावी लाभ मिल सकेगा।