छत्तीसगढ़ में मानसून की दस्तक जल्द, 11 जून से बढ़ेगी बारिश और तेज हवाओं की गतिविधि
रायपुर। भीषण गर्मी और उमस से जूझ रहे छत्तीसगढ़वासियों के लिए राहत भरी खबर है। भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने संकेत दिए हैं कि प्रदेश में दक्षिण-पश्चिम मानसून की दस्तक के लिए परिस्थितियां तेजी से अनुकूल होती जा रही हैं। मौसम विभाग के अनुसार अगले तीन से चार दिनों के भीतर मानसून छत्तीसगढ़ के कुछ हिस्सों में आगे बढ़ सकता है। इसके साथ ही 11 जून से पूरे प्रदेश में मेघगर्जन, वर्षा और तेज हवाओं की गतिविधियों में बढ़ोतरी होने की संभावना जताई गई है।
मौसम विभाग के मुताबिक प्रदेश के एक-दो स्थानों पर गरज-चमक के साथ वज्रपात और 50 से 60 किलोमीटर प्रतिघंटा की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं। विभाग ने लोगों से खराब मौसम के दौरान सतर्क रहने और सुरक्षित स्थानों पर रहने की अपील की है.
अगले 3-4 दिनों में मानसून की बढ़ सकती है रफ्तार
मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार दक्षिण-पश्चिम मानसून वर्तमान में देश के कई हिस्सों में सक्रिय है और इसके आगे बढ़ने के लिए अनुकूल परिस्थितियां बनी हुई हैं। अगले तीन से चार दिनों में मानसून महाराष्ट्र, कर्नाटक, तेलंगाना, आंध्र प्रदेश, तमिलनाडु, पश्चिम बंगाल, ओडिशा, बिहार, झारखंड के साथ-साथ छत्तीसगढ़ के कुछ हिस्सों में भी प्रवेश कर सकता है। मानसून की इस प्रगति का असर प्रदेश के मौसम पर साफ दिखाई देने लगेगा।
सक्रिय मौसम प्रणालियों का दिखेगा असर
मौसम विभाग के अनुसार वर्तमान में कई मौसम प्रणालियां सक्रिय हैं। पंजाब से लेकर पश्चिम बंगाल तक एक मौसमी द्रोणिका बनी हुई है। इसके अलावा पूर्वी उत्तर प्रदेश के ऊपर ऊपरी हवा का चक्रवाती परिसंचरण सक्रिय है। वहीं एक अन्य द्रोणिका पूर्वी उत्तर प्रदेश से छत्तीसगढ़ और पूर्वी मध्यप्रदेश होते हुए विदर्भ तक फैली हुई है। इन प्रणालियों के प्रभाव से प्रदेश में नमी बढ़ रही है, जिससे बारिश और मेघगर्जन की गतिविधियां तेज होने की संभावना है।