‘ऑपरेशन टाइगर’ की सुगबुगाहट के बीच उद्धव ठाकरे ने बुलाई आपात बैठक
मुंबई। महाराष्ट्र में ऑपरेशन टाइगर की चर्चा जोरों से हो रही है. सूत्रों ने दावा किया है कि शिवसेना यूबीटी के 7 सांसद एकनाथ शिंदे की शिवसेना के संपर्क में हैं. शिवसेना सांसदों के पाला बदलने की अटकलों के बीच, पार्टी प्रमुख उद्धव ठाकरे ने आज (रविवार, 14 जून) अपने सांसदों के साथ बैठक बुलाई है. पार्टी अध्यक्ष उद्धव ठाकरे निवास मातोश्री पर बुलाई गई इस बैठक में उद्धव ठाकरे स्वयं सांसदों से बात कर उनके मन की भावनाएं जानने का प्रयास करेंगे.
ऑपरेशन टाइगर की अटकलों के बीच अब उद्धव ठाकरे ने सांसदों की बैठक बुलाई है. यह बैठक रविवार को दोपहर में मुंबई के बांद्रा ईस्ट इलाके में ठाकरे के घर मातोश्री में बुलाई गई है.
महाराष्ट्र में ‘ऑपरेशन टाइगर’ की सुगबुगाहट के बीच शिवसेना (यूबीटी) के 7 सांसदों के शिंदे गुट में जाने की चर्चा है, जिस पर उद्धव ठाकरे ने आपात बैठक बुलाई है. यह बैठक शिंदे सेना द्वारा शिवसेना (यूबीटी) के संसदीय विंग में फूट डालने की कोशिशों को लेकर लगाई जा रही अटकलों के बीच हो रही है.
शिंदे गुट के नेताओं ने दावा किया है कि कुछ सांसद ऑपरेशन टाइगर के तहत महाराष्ट्र के उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे के नेतृत्व वाली शिवसेना में शामिल हो सकते हैं. पिछले कई दिनों से चर्चा चल रही है कि यूबीटी के नौ में से सात सांसद पार्टी छोड़कर उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे का दामन थामने वाले हैं। इस प्रक्रिया को ‘ऑपरेशन टाइगर’ नाम दिया जा रहा है.
जानकारी के मुताबिक 7 जून को दिल्ली में उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे और ठाकरे गुट के कुछ सांसदों के बीच एक गुप्त बैठक भी आयोजित की गई थी.
यहीं सब बहस के बीच बीजेपी नेता प्रवीण दारेकर ने कहा कि बीजेपी कोई कमजोर पार्टी नहीं है और जो नेता सिर्फ घर बैठकर राजनीति करते हैं, उनसे लोग तंग आ चुके हैं.
महाराष्ट्र प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष हर्षवर्धन सपकाल ने भी कहा कि भाजपा और उसके सहयोगी दल जिस तरह की जोड़-तोड़ और दल-बदल की राजनीति करते हैं, उससे यहीं साबित होता है कि उनकी पार्टी राजनीतिक रूप से बेहद कमजोर है.