प्रदेश / छत्तीसगढ़

अंतरराष्ट्रीय योग दिवस पर सांसद बृजमोहन अग्रवाल ने किया योगाभ्यास, युवाओं को स्वस्थ जीवनशैली का दिया संदेश

रायपुर/बलौदाबाजार। अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के पावन अवसर पर रविवार को सांसद बृजमोहन अग्रवाल बलौदाबाजार में आयोजित विशेष योग शिविर में मुख्य अतिथि के रूप में सम्मिलित हुए। इस दौरान उन्होंने बड़ी संख्या में उपस्थित नागरिकों, प्रशासनिक अधिकारियों और युवाओं के साथ योगाभ्यास किया।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए सांसद श्री अग्रवाल ने कहा कि आज का दिन संपूर्ण विश्व के लिए ऐतिहासिक है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के आह्वान पर 12 वर्ष पूर्व संयुक्त राष्ट्र संघ (UNO) द्वारा स्वीकृत योग दिवस आज विश्व के 177 देशों में मनाया जा रहा है। उन्होंने कहा, “यह भारत की प्राचीन विधा है, जिसे हमारे ऋषियों ने वेद, पुराण और शास्त्रों के आधार पर मानव जीवन, प्रकृति और ब्रह्मांड को सुखी बनाने के लिए खोजा था। आज भारत की ‘वसुधैव कुटुंबकम्’ की भावना के अनुरूप पूरा विश्व इसे अपना रहा है।”

फास्ट फूड के दौर में योग की अनिवार्यता

सांसद श्री अग्रवाल ने वर्तमान जीवनशैली पर चिंता व्यक्त करते हुए कहा कि आज का युवा वर्ग फास्ट फूड और कृत्रिम जीवनशैली की ओर आकर्षित हो रहा है। उन्होंने कहा कि, आजकल हम जो चिंता करते हैं, सिर्फ शरीर की करते हैं। हमारे बहुत से नौजवान जिम में जाते हैं। जिम में जाकर हम अपने शरीर को तो बना सकते हैं पर जब तक हमारी मन, बुद्धि, शरीर, आत्मा ये चारों का विकास नहीं होगा, तब तक हमारा मन शांत नहीं होगा और हमारा मन शांत नहीं होगा तो हमारी बुद्धि काम नहीं करेगी और हमारी बुद्धि काम नहीं करेगी तो हमारी आत्मा दुखी होगी और हमारी आत्मा दुखी होगी तो हमारा शरीर अस्वस्थ होगा और इसलिए स्पेशली हमारी जो नई पीढ़ी है,उसे योग को अपनाना चाहिए। उन्होंने कहा कि, मैं आज से 25 साल पहले रामदेव बाबा के शिविर में हरिद्वार जाकर 7 दिन का योग प्रशिक्षण किया था। उसी का परिणाम है कि, आज तक निरंतर कार्य करने के बावजूद थकावट महसूस नहीं करता हूं।

बलौदाबाजार के विकास का संकल्प

योग शिविर के दौरान सांसद श्री अग्रवाल ने बलौदाबाजार के सौंदर्यीकरण पर विशेष ध्यान दिया। उन्होंने जिला प्रशासन को निर्देशित करते हुए कहा कि योग स्थल के सामने वाले क्षेत्र में सघन वृक्षारोपण (ग्रीनरी) किया जाए ताकि यह स्थान और अधिक सुखद बन सके। इसके साथ ही, उन्होंने पूर्व में प्रस्तावित नाले के सौंदर्यीकरण कार्य को गति देने के निर्देश दिए, ताकि उसे एक प्रमुख पर्यटक स्थल के रूप में विकसित किया जा सके।

उन्होंने सभी शासकीय कर्मचारियों, अधिकारियों और युवाओं का आह्वान किया कि वे अपनी कार्यक्षमता बढ़ाने और मानसिक तनाव दूर करने के लिए योग को दिनचर्या का अनिवार्य हिस्सा बनाएं। उन्होंने पूरे प्रदेशवासियों को अंतरराष्ट्रीय योग दिवस की हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं दीं।