प्रदेश / मध्यप्रदेश

राहुल गांधी को MP हाईकोर्ट से राहत, मानहानि मामले में जताया खेद, कार्तिकेय चौहान ने किया स्वीकार

जबलपुर। कांग्रेस नेता राहुल गांधी को मानहानि मामले में मध्य प्रदेश हाईकोर्ट से बड़ी राहत मिली है। उन्होंने अपने बयान पर लिखित खेद व्यक्त किया जिसे कार्तिकेय चौहान ने स्वीकार कर लिया। दोनों पक्षों के स्टेटमेंट के आधार पर केस बंद कर दिया गया।

मध्य प्रदेश हाई कोर्ट के जस्टिस प्रमोद अग्रवाल की एकलपीठ में आज मामले की सुनवाई  हुई। कार्तिकेय चौहान के वकील ने बताया कि कोर्ट में राहुल गांधी ने अपने दिए बयान को गलतफहमी में दिया गया बयान बताया था। आज की सुनवाई में कार्तिकेय चौहान की ओर से लिखित में प्रतिक्रिया हाईकोर्ट में पेश की गई। जिसमें कार्तिकेय चौहान की ओर से केस बंद करने की प्रार्थना की गई थी।

राहुल गांधी के खिलाफ भोपाल जिला कोर्ट में मानहानि का मामला चल रहा है। राहुल गांधी ने मानहानि मुकदमे को HC में चुनौती दी थी। भोपाल MPLA कोर्ट राहुल गांधी के खिलाफ समन जारी कर चुका था। 

दरअसल, राहुल गांधी ने 2018 में चुनावी सभा के दौरान पनामा पेपर्स लीक में कार्तिकेय चौहान का नाम लिया था। केंद्रीय मंत्री शिवराज सिंह चौहान के बेटे कार्तिकेय चौहान ने मानहानि का मुकदमा दायर किया था।