शहडोल को मिली 24 नए डॉक्टरों की सौगात: MPPSC से चयनित 24 डॉक्टरों की हुई पदस्थापना
शहडोल। शहडोल जिले की स्वास्थ्य व्यवस्था को अब नई मजबूती मिलने जा रही है। लंबे समय से डॉक्टरों की कमी से जूझ रहे शहडोल जिले को मध्यप्रदेश लोक सेवा आयोग से चयनित 24 नए मेडिकल ऑफिसरों की सौगात मिली है। खास बात यह है कि सभी 24 डॉक्टरों ने अपनी-अपनी पदस्थापना स्थल पर कार्यभार संभाल लिया है। अब जिला अस्पताल से लेकर ग्रामीण स्वास्थ्य केंद्रों तक मरीजों को बेहतर और समय पर इलाज मिलने की उम्मीद बढ़ गई है।
शहडोल जिले की स्वास्थ्य सेवाओं के लिए बड़ी खुशखबरी सामने आई है। मध्यप्रदेश लोक सेवा आयोग (MPPSC) से चयनित 24 नव नियुक्त चिकित्सा अधिकारियों की जिले में पदस्थापना कर दी गई है। खास बात यह है कि सभी 24 डॉक्टरों ने अपनी-अपनी पदस्थापना स्थल पर उपस्थित होकर कार्यभार भी ग्रहण कर लिया है। इससे जिले के जिला अस्पताल, सिविल अस्पताल, सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र और प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों में चिकित्सकों की कमी काफी हद तक दूर होगी।
मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी कार्यालय द्वारा जारी सूची के अनुसार जिले को मिले सभी 24 डॉक्टरों को आवश्यकता के अनुरूप विभिन्न स्वास्थ्य संस्थानों में तैनात किया गया है। इनमें जिला चिकित्सालय शहडोल, सिविल अस्पताल ब्यौहारी, बुढार और जयसिंहनगर सहित सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र जयसिंहनगर, गोहपारू, सिंहपुर, ब्यौहारी, बुढार, पपौंध, सिरौजा, धनपुरी, जैतपुर, बाणसागर, करकटी, निपनिया, बेलदरा और अन्य स्वास्थ्य संस्थानों में पदस्थापना की गई है।
लंबे समय से जिले के कई स्वास्थ्य केंद्र चिकित्सकों की कमी से जूझ रहे थे,नए डॉक्टरों की नियुक्ति से अब ग्रामीण और दूरस्थ क्षेत्रों के मरीजों को इलाज के लिए जिला मुख्यालय का रुख कम करना पड़ेगा, विशेषज्ञ परामर्श के साथ नियमित ओपीडी सेवाएं बेहतर होंगी और मातृ-शिशु स्वास्थ्य, टीकाकरण, आपातकालीन चिकित्सा सहित अन्य स्वास्थ्य सेवाओं को भी मजबूती मिलेगी।
स्वास्थ्य विभाग का मानना है कि नए चिकित्सा अधिकारियों की तैनाती से सरकारी अस्पतालों में मरीजों का भरोसा और बढ़ेगा तथा गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाएं लोगों को उनके नजदीकी स्वास्थ्य केंद्रों पर ही उपलब्ध हो सकेंगी। मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. राजेश मिश्रा ने बताया कि मध्यप्रदेश लोक सेवा आयोग से चयनित 24 चिकित्सा अधिकारियों की शहडोल जिले में पदस्थापना कर दी गई है। सभी डॉक्टरों ने अपने-अपने पदस्थापना स्थल पर उपस्थित होकर कार्यभार ग्रहण कर लिया है। इससे जिले में चिकित्सकों की उपलब्धता बढ़ेगी और ग्रामीण सहित शहरी क्षेत्रों के मरीजों को बेहतर एवं समय पर स्वास्थ्य सेवाएं मिल सकेंगी,हमारा प्रयास है कि जिले के प्रत्येक स्वास्थ्य केंद्र पर गुणवत्तापूर्ण उपचार उपलब्ध कराया जाए, नए डॉक्टरों के आने से स्वास्थ्य व्यवस्था निश्चित रूप से और अधिक मजबूत होगी।