रोटरी क्लब ऑफ रायपुर इन्फिनिटी का स्थापना समारोह संपन्न, नई कार्यकारिणी ने संभाली कमान
रायपुर। रोटरी क्लब ऑफ रायपुर इन्फिनिटी के नए सत्र 2026-27 का स्थापना समारोह शुक्रवार को होटल मीराविल, रिंग रोड नंबर-1, तेलीबांधा में गरिमामय वातावरण में आयोजित किया गया। समारोह में क्लब की नई कार्यकारिणी ने विधिवत पदभार ग्रहण करते हुए आगामी सत्र के लिए अपनी जिम्मेदारियां संभालीं।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि डिस्ट्रिक्ट गवर्नर 2026-27 आरटीएन आलम सिंह रूपरा रहे। वहीं डिस्ट्रिक्ट गवर्नर इलेक्ट (DGE) भानु प्रताप सिंह चौधरी विशिष्ट अतिथि और असिस्टेंट गवर्नर आरटीएन सचिन बाफना विशेष अतिथि के रूप में मौजूद रहे।

नई कार्यकारिणी में आरटीएन नितेश बंसल को अध्यक्ष, आरटीएन अशोक गर्ग को सचिव, आरटीएन कैलाश अग्रवाल को कोषाध्यक्ष और आरटीएन मयंक अग्रवाल को कार्यक्रम संयोजक की जिम्मेदारी सौंपी गई। इसके अलावा आरटीएन चेतन गुप्ता, आरटीएन नवल अग्रवाल, आरटीएन राज अग्रवाल, आरटीएन विकास बजोरिया, डॉ. आरटीएन अभिषेक सचदेव, आरटीएन नीरज पुरोहित, आरटीएन प्रवीण सोमानी और आरटीएन अभिनव अग्रवाल भी नई टीम का हिस्सा बने हैं।

इस दौरान अतिथियों ने नई कार्यकारिणी को शुभकामनाएं देते हुए समाजसेवा के क्षेत्र में रोटरी क्लब की सक्रिय भूमिका की सराहना की। क्लब ने नए सत्र में शिक्षा, स्वास्थ्य, पर्यावरण संरक्षण और सामाजिक सेवा से जुड़े जनहित के कार्यों को और अधिक गति देने का संकल्प लिया।