भोपाल में कर्मचारी शिक्षक महासंघ का शक्ति प्रदर्शन: सम्मानजनक वेतन और 12 माह सेवा की मांग, अंबेडकर मैदान में जुटे कर्मचारी
भोपाल। राजधानी भोपाल के अंबेडकर मैदान में कर्मचारी-शिक्षक महासंघ के बैनर तले बड़ी संख्या में कर्मचारी और प्रशिक्षक एकत्र हुए। महासंघ ने सम्मानजनक वेतन वृद्धि, श्रम नियमों के तहत वैधानिक अवकाश, 12 माह की सेवा सुनिश्चित करने, जॉब सुरक्षा और व्यावसायिक शिक्षा से जुड़े प्रशिक्षकों के कल्याण के लिए स्थायी विभागीय समिति के गठन की मांग को लेकर प्रदर्शन किया।
प्रदर्शनकारियों का कहना है कि जब भारत सरकार पूरे 12 महीनों का बजट आवंटित करती है, तो कर्मचारियों और प्रशिक्षकों की सेवाएं भी पूरे वर्ष के लिए सुनिश्चित की जानी चाहिए। साथ ही उनकी नौकरी की सुरक्षा भी सरकार की जिम्मेदारी है।
महासंघ ने मांग की कि व्यावसायिक शिक्षा एवं प्रशिक्षकों के हितों की रक्षा के लिए तत्काल प्रभाव से एक स्थायी विभागीय समिति का गठन किया जाए, ताकि उनकी समस्याओं का समय पर समाधान हो सके। प्रदर्शन के दौरान कर्मचारियों ने सरकार के खिलाफ नारेबाजी करते हुए अपनी मांगें जल्द पूरी करने की मांग की।