सीएम डॉ. मोहन ने राज्यपाल से की मुलाकात: UCC समेत कई अहम जानकारियां दी, अन्य मुद्दों पर भी हुई चर्चा
भोपाल। मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने 29 जून को राजधानी भोपाल स्थित लोकभवन में राज्यपाल मंगुभाई पटेल से मुलाकात की। इस मुलाकात के दौरान उन्होंने राज्यपाल पटेल को समान नागरिक संहिता (UCC) समेत कई कार्य योजनाओं से अवगत कराया। सीएम डॉ. यादव ने राज्यपाल पटेल के साथ रोजगार और निवेश पर भी चर्चा की।
इस मुलाकात के बाद मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि आज लोक भवन में राज्यपाल मंगुभाई पटेल जी से भेंट की। इस अवसर पर राज्यपाल को प्रदेश में समान नागरिक संहिता (UCC) लागू करने को लेकर 9 लाख से ज्यादा प्राप्त सुझावों, व्यापक जनसमर्थन और आगामी कार्ययोजना से अवगत कराया।
उपलब्धियों पर हुई बातचीत
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा कि राज्यपाल के साथ जल गंगा संवर्धन अभियान के सफल क्रियान्वयन, गुरु पूर्णिमा पखवाड़ा में प्रस्तावित शैक्षणिक और सांस्कृतिक गतिविधियों, 4 कृषि उपजों को मिले जीआई टैग से किसानों को मिलने वाले लाभ, सौर ऊर्जा परियोजनाओं के विस्तार, एमएसएमई एवं स्टार्ट-अप को प्रोत्साहन, औद्योगिक निवेश और रोजगार सृजन से जुड़े विभिन्न प्रयासों एवं उपलब्धियों पर भी चर्चा हुई।