प्रदेश / छत्तीसगढ़

रथयात्रा में श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए गोंदिया-पुरी स्पेशल ट्रेन का ऐलान

रायपुर। भगवान जगन्नाथ की रथयात्रा के दौरान यात्रियों की बढ़ती भीड़ को देखते हुए दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे ने गोंदिया और पुरी के बीच विशेष ट्रेन चलाने का फैसला किया है। रेलवे प्रशासन ट्रेन संख्या 08801/08802 गोंदिया–पुरी–गोंदिया रथयात्रा स्पेशल का संचालन चार-चार फेरों के लिए करेगा। इस विशेष ट्रेन से छत्तीसगढ़, ओडिशा और महाराष्ट्र के श्रद्धालुओं को पुरी रथयात्रा में शामिल होने के लिए अतिरिक्त रेल सुविधा मिलेगी।

इन तारीखों में चलेगी गोंदिया–पुरी स्पेशल

ट्रेन संख्या 08801 गोंदिया–पुरी रथयात्रा स्पेशल का संचालन 2, 9, 16 और 29 जुलाई 2026 को किया जाएगा। यह ट्रेन गोंदिया से दोपहर 1:30 बजे रवाना होकर डोंगरगढ़, राजनांदगांव, दुर्ग, रायपुर, महासमुंद, खरियार रोड, कांटाबांजी, टिटलागढ़, बलांगीर, बरगढ़ रोड, संबलपुर, अंगुल, तालचेर रोड, ढेंकानाल, कटक, भुवनेश्वर और खुर्दा रोड होते हुए अगले दिन सुबह 10 बजे पुरी पहुंचेगी। रायपुर स्टेशन पर इसका आगमन शाम 5:10 बजे और दुर्ग स्टेशन पर 3:58 बजे होगा।

पुरी से गोंदिया के लिए भी विशेष ट्रेन

ट्रेन संख्या 08802 पुरी–गोंदिया रथयात्रा स्पेशल का संचालन 3, 10, 17 और 30 जुलाई 2026 को किया जाएगा। यह ट्रेन पुरी से दोपहर 1 बजे रवाना होकर निर्धारित स्टेशनों पर ठहरते हुए अगले दिन सुबह 7 बजे गोंदिया पहुंचेगी। रायपुर स्टेशन पर इसका आगमन सुबह 3:10 बजे और दुर्ग स्टेशन पर 4:28 बजे होगा।

20 कोच के साथ चलेगी स्पेशल ट्रेन

रेलवे ने यात्रियों की सुविधा के लिए इस विशेष ट्रेन में कुल 20 आईसीएफ कोच लगाए हैं। इनमें 2 दिव्यांग अनुकूल सह गार्ड कोच, 10 स्लीपर, 3 थर्ड एसी (3AC) और 2 सेकेंड एसी (2AC) कोच शामिल हैं।

दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे ने यात्रियों से अपील की है कि रथयात्रा के दौरान संभावित भीड़ को देखते हुए वे अपनी यात्रा की योजना पहले से बनाएं और केवल अधिकृत माध्यमों से टिकट आरक्षित कराकर ही यात्रा करें, ताकि सफर सुरक्षित और सुविधाजनक रहे।