‘सरकार हमारी आएगी तो एक-एक का हिसाब होगा’, रामगोपाल अग्रवाल की गिरफ्तारी पर भूपेश का बड़ा बयान
रायपुर। छत्तीसगढ़ कांग्रेस के कोषाध्यक्ष रामगोपाल अग्रवाल की गिरफ्तारी पर आयोजित कांग्रेस के प्रदर्शन में ईडी की कार्रवाई की निंदा की गई। इस अवसर पर पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने भाजपा पर बदले की भावना से कार्रवाई कराने का आरोप लगाते हुए कहा कि ऊपर वाले के घर देर है, अंधेर नहीं। ईडी वाले अभी समझ जाएं, सरकार हमारी आएगी और एक-एक का हिसाब किया जाएगा।
रामगोपाल अग्रवाल की गिरफ्तारी के विरोध में बुधवार को कांग्रेस नेताओं और कार्यकर्ताओं ने रायपुर स्थित ईडी कार्यालय के पास प्रदर्शन किया। प्रदर्शन में पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल समेत कांग्रेस के कई वरिष्ठ नेता शामिल हुए। पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने कहा कि रामगोपाल अग्रवाल को पहले गिरफ्तार किया गया था, और अब ईडी ने भी उन्हें गिरफ्तार कर लिया है। उन्होंने कहा, “रामगोपाल अग्रवाल अकेले नहीं हैं, हम सब उनके साथ हैं। पूरी कांग्रेस उनके साथ खड़ी हुई है।”
बघेल ने ईडी पर दबाव में काम करने का आरोप लगाते हुए कहा कि छत्तीसगढ़ में चोरी, डकैती और लूट मची हुई है, लेकिन ईडी की ओर से इस पर कोई कार्रवाई नहीं की जा रही है। उन्होंने आगे कहा कि कांग्रेस को पता है कि रायपुर के एक होटल में बैठकर कौन वसूली कर रहा है, और कौन लूट मचा रहा है। उन्होंने कहा कि समय आने पर सभी का हिसाब होगा। अग्रवाल पर लगाए जा रहे आरोपों पर सवाल उठाते हुए उन्होंने कहा कि केवल काल्पनिक तथ्य पेश किए जा रहे हैं। अगर पैसा है तो यह बताया जाए कि पैसा कहां है।
गौरतलब है कि ईडी ने कथित शराब घोटाला मामले में रामगोपाल अग्रवाल को गिरफ्तार किया था। जहां उन्हें बाद में ईडी की विशेष अदालत में पेश किया गया। इसके बाद उन्हें जेल भेज दिया गया।