प्रदेश / छत्तीसगढ़

छात्रों के प्रदर्शन को मंत्री गजेंद्र यादव ने बताया ‘कांग्रेस जनित’, बोले-

रायपुर। दिल्ली के जंतर-मंतर पर NEET परीक्षा में कथित गड़बड़ी को लेकर हुए प्रदर्शन के बाद अब छत्तीसगढ़ में भी शिक्षा व्यवस्था से जुड़े मुद्दों को लेकर स्कूली छात्रों के प्रदर्शन सामने आ रहे हैं। शिक्षकों की कमी और बेहतर शिक्षा समेत विभिन्न मांगों को लेकर प्रदेश के अलग-अलग जिलों में छात्र सड़क पर उतर रहे हैं। इन प्रदर्शनों को लेकर शिक्षा मंत्री गजेंद्र यादव ने कांग्रेस पर निशाना साधा है।

‘बच्चों को आगे कर प्रदर्शन करवा रही कांग्रेस’

शिक्षा मंत्री गजेंद्र यादव ने प्रदेशभर में हो रहे स्कूली छात्रों के प्रदर्शनों को कांग्रेस से प्रेरित बताया। उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस नेता बच्चों को आगे कर सरकार के खिलाफ माहौल बनाने का प्रयास कर रहे हैं। मंत्री ने कहा कि बच्चों को उकसाकर प्रदर्शन करवाना उचित नहीं है।

उन्होंने इन प्रदर्शनों को ‘कांग्रेस जनित प्रदर्शन’ करार देते हुए कहा कि सरकार प्रदेश में करीब 8 हजार शौचालयों का निर्माण करने जा रही है, लेकिन कांग्रेस इसका श्रेय लेने की राजनीति कर रही है।

कांग्रेस की अंदरूनी कलह पर भी साधा निशाना

युवा कांग्रेस के चुनाव को लेकर चल रहे विवाद पर भी मंत्री गजेंद्र यादव ने कांग्रेस को घेरा। उन्होंने कहा कि कांग्रेस में आपसी लड़ाई कोई नई बात नहीं है। उनके मुताबिक, भूपेश बघेल और देवेंद्र यादव के बीच शुरू से ही मतभेद रहे हैं और एक-दूसरे को नीचा दिखाने के लिए दोनों गुट प्रदर्शन करते हैं।

भाजपा की बैठकों पर बोले मंत्री

भाजपा प्रदेश कार्यालय कुशाभाऊ ठाकरे परिसर में लगातार हो रही बैठकों को लेकर मंत्री गजेंद्र यादव ने कहा कि पार्टी में संगठन और कामकाज को लेकर नियमित बैठकें होती रहती हैं। प्रभारी जिलों में भी लगातार बैठकें आयोजित की जाती हैं। उन्होंने कहा कि इन बैठकों के जरिए सामने आ रही समस्याओं के समाधान का प्रयास किया जाता है।