‘हिंसा के स्थान पर विकास, भय की जगह विश्वास’… जगदलपुर में सेवा संकल्प शिविर में बोले उपमुख्यमंत्री विजय शर्मा
जगदलपुर। छत्तीसगढ़ के बस्तर अंचल में नक्सलवाद के लंबे दौर के बाद अब शांति, सुरक्षा और विकास की नई तस्वीर उभर रही है। उप मुख्यमंत्री विजय शर्मा ने सोमवार को जगदलपुर में आयोजित जिला स्तरीय सेवा संकल्प शिविर में कहा कि बस्तर हिंसा और भय के दौर से निकलकर तेजी से शांति, सुरक्षा और समृद्धि की राह पर आगे बढ़ रहा है। जिन इलाकों में कभी हिंसा का खौफ था, वहां अब शासन की योजनाएं और नागरिक सुविधाएं पहुंच रही हैं।
जगदलपुर के पंडित श्यामा प्रसाद मुखर्जी सभागार टाउन हॉल में आयोजित शिविर में विभिन्न विभागों ने एक ही स्थान पर लोगों की समस्याओं का निराकरण किया। पात्र हितग्राहियों को वित्तीय सहायता, अधिकार अभिलेख, प्रमाण पत्र और विभिन्न सरकारी योजनाओं का लाभ भी मौके पर दिया गया।

‘हिंसा की जगह विकास और भय की जगह विश्वास’
शिविर को संबोधित करते हुए डिप्टी CM विजय शर्मा ने कहा कि मां दंतेश्वरी की कृपा और शासन-प्रशासन के साझा प्रयासों से बस्तर में माओवादी हिंसा समाप्ति की ओर है। उन्होंने कहा कि अब क्षेत्र में भय की जगह विश्वास और हिंसा की जगह विकास एवं सेवा का नया वातावरण दिखाई दे रहा है।
उन्होंने नक्सली हिंसा और IED विस्फोटों से प्रभावित नागरिकों तथा सुरक्षा जवानों के पुनर्वास के लिए चल रही पहल का भी उल्लेख किया। विजय शर्मा ने बताया कि तीन दिवसीय विशेष शिविर के जरिए पीड़ितों और दिव्यांगजनों को उच्च गुणवत्ता वाले कृत्रिम अंग और सहायक उपकरण पूरी तरह निशुल्क उपलब्ध कराए जा रहे हैं।
उन्होंने एक हितग्राही का उदाहरण देते हुए बताया कि कृत्रिम हाथ लगने के बाद उसने उसी हाथ से पानी की बोतल उठाकर पानी पिया। वर्षों बाद अपने हाथ से सामान्य काम कर पाने की खुशी यह बताती है कि ऐसी पहल किसी व्यक्ति के जीवन में कितना बड़ा बदलाव ला सकती है।
एक ही जगह पर मिली कई सरकारी सेवाएं
सेवा संकल्प शिविर में राजस्व विभाग ने आपदा प्रबंधन के तहत पांच बाढ़ प्रभावितों को कुल 6.50 लाख रुपये की आर्थिक सहायता दी। वहीं, 35 हितग्राहियों को अधिकार अभिलेख वितरित किए गए।
श्रम विभाग की ओर से मिनीमाता महतारी जतन योजना के तहत एक हितग्राही को 20 हजार रुपये और मुख्यमंत्री मृत्यु एवं दिव्यांग सहायता योजना के तहत एक पात्र हितग्राही को एक लाख रुपये की सहायता दी गई।
कृषि विभाग ने पांच किसानों को फसल बीमा प्रमाण पत्र वितरित किए, जबकि मत्स्य पालन विभाग ने तीन मत्स्य पालकों को जाल दिए। स्वास्थ्य विभाग ने वरिष्ठ नागरिकों के वय वंदन कार्ड और पात्र नागरिकों के आयुष्मान कार्ड बनाए। इसके अलावा 12 लोगों के आधार विवरण अपडेट किए गए तथा जन्म-मृत्यु पंजीयन से जुड़े आवेदन भी लिए गए।
सांसद महेश कश्यप बोले- बदल रही बस्तर की तस्वीर
बस्तर सांसद महेश कश्यप ने कहा कि केंद्र और राज्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं और आंतरिक सुरक्षा को मजबूत करने के प्रयासों का सकारात्मक असर बस्तर में दिखाई दे रहा है। दशकों तक उग्रवाद से प्रभावित रहे क्षेत्रों में अब सड़क, बिजली, पानी, शिक्षा और स्वास्थ्य जैसी बुनियादी सुविधाओं का विस्तार तेजी से हो रहा है।
उन्होंने कहा कि DBT, निशुल्क राशन, पक्के आवास और शौचालय जैसी योजनाओं का लाभ पारदर्शी तरीके से पात्र हितग्राहियों तक पहुंच रहा है। सेवा संकल्प शिविर के जरिए विभिन्न विभागों की सेवाएं एक ही परिसर में मिलने से लोगों को सरकारी दफ्तरों के चक्कर लगाने की जरूरत कम हुई है और मौके पर ही समस्याओं का समाधान हो रहा है।
कार्यक्रम में नगर निगम सभापति खेमसिंह देवांगन, कलेक्टर आकाश छिकारा, पुलिस अधीक्षक शलभ सिन्हा, नगर निगम आयुक्त प्रवीण वर्मा सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी-कर्मचारी, जनप्रतिनिधि और बड़ी संख्या में ग्रामीण व नागरिक मौजूद रहे।