त्योहारी सीजन में मिलावट पर खाद्य विभाग सख्त, गोलबाजार में चांदी वर्क विक्रेताओं के प्रतिष्ठानों पर छापेमारी
रायपुर। त्योहारी सीजन में आम लोगों को शुद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण खाद्य सामग्री उपलब्ध कराने और मिलावटी खाद्य पदार्थों की बिक्री पर रोक लगाने के लिए खाद्य एवं औषधि प्रशासन विभाग ने जांच अभियान तेज कर दिया है। इसी कड़ी में खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम ने रायपुर के प्रमुख व्यावसायिक क्षेत्र गोलबाजार में मिठाइयों को आकर्षक बनाने के लिए इस्तेमाल किए जाने वाले चांदी वर्क (सिल्वर लीव्स) की गुणवत्ता जांचने विभिन्न प्रतिष्ठानों का निरीक्षण किया।
खाद्य एवं औषधि प्रशासन विभाग के नियंत्रक दीपक कुमार अग्रवाल (आईएएस) ने त्योहारी सीजन को देखते हुए खाद्य प्रतिष्ठानों के नियमित और सघन निरीक्षण के निर्देश दिए हैं। साथ ही मिलावटी एवं अमानक खाद्य पदार्थों के निर्माण, भंडारण और बिक्री में संलिप्त निर्माताओं, विक्रेताओं तथा थोक कारोबारियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने को कहा गया है।
इन प्रतिष्ठानों से लिए गए नमूने
निरीक्षण के दौरान गोलबाजार स्थित लक्मन दास सेल्स से अनूप ब्रांड सिल्वर लीव्स का विधिक नमूना लिया गया। वहीं, न्यू राम कृष्ण एजेंसी से शक्ति और श्री ब्रांड सिल्वर लीव्स के नमूने संग्रहित किए गए। इसी प्रतिष्ठान से श्री ब्रांड सिल्वर लीव्स के 8 पैकेट जब्त भी किए गए।
इसके अलावा मेसर्स दौलत राम दीवान से शाही ब्रांड सिल्वर लीव्स का नमूना लिया गया। न्यू राम कृष्ण एजेंसी से शुभ ब्रांड सिल्वर लीव्स का भी नमूना संग्रहित किया गया।
लैब रिपोर्ट के बाद होगी कार्रवाई
खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम ने इस कार्रवाई में विभिन्न ब्रांड के चांदी वर्क के कुल 5 विधिक नमूने लिए हैं। संग्रहित नमूनों को गुणवत्ता और निर्धारित खाद्य सुरक्षा मानकों के अनुरूप जांच के लिए खाद्य प्रयोगशाला भेजा गया है।
विभागीय अधिकारियों के मुताबिक, प्रयोगशाला से जांच प्रतिवेदन प्राप्त होने के बाद खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम, 2006 के प्रावधानों के तहत आवश्यक वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।