छत्तीसगढ़ में भ्रष्टाचार के खिलाफ ACB की बड़ी कार्रवाई, पटवारी और कोटवार को रिश्वत लेते रंगे हाथों किया गिरफ्तार
छत्तीसगढ़ |
24-Dec-2024
दुर्ग। जिले के पाटन क्षेत्र में एंटी करप्शन ब्यूरो (ACB) की टीम ने पटवारी और कोटवार को रिश्वत लेते रंगे हाथों गिरफ्तार किया है। यह कार्रवाई रानीतराई निवासी प्रार्थी प्रकाश चन्द्र देवांगन की शिकायत के आधार पर की गई, जिन्होंने एसीबी रायपुर में रिश्वत मांगने की शिकायत दर्ज कराई थी।

बता दें कि प्रकाश चन्द्र देवांगन ने बताया कि उन्होंने उनकी माता के नाम से ग्राम सुरपा, तहसील पाटन में कृषि भूमि खरीदी थी। इस जमीन के प्रमाणीकरण और ऋण पुस्तिका प्राप्त करने के लिए पटवारी चिन्मय अग्रवाल ने 90,000 रुपये की रिश्वत की मांग की थी। जब प्रार्थी ने रिश्वत देने से इनकार किया, तो आरोपी पटवारी ने मोलभाव कर 70,000 रुपये में सहमति जताई। प्रकाश देवांगन ने रिश्वत न देने का निर्णय लिया और आरोपी को रंगे हाथों पकड़वाने के लिए एसीबी से संपर्क किया। प्रार्थी ने 20,000 रुपये की पहली किश्त के लिए व्यवस्था की, जिसे एसीबी की टीम ने ट्रैप किया और दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।
