सड़क सुरक्षा को लेकर अनोखी पहल : पिता की पुण्यतिथि पर चलाया हेलमेट जागरूकता अभियान
छत्तीसगढ़ |
28-Jan-2025
डोंगरगढ़। जब किसी प्रियजन की पुण्यतिथि को सेवा और समाजहित के कार्यों से जोड़ा जाता है, तो यह पहल समाज में प्रेरणा का स्रोत बन जाती है. ऐसा ही उदाहरण राजनांदगांव जिले के जारवाही गांव के धर्मेंद्र साहू और उनके परिवार ने पेश किया. स्वर्गीय पंचराम साहू की तृतीय पुण्यतिथि पर परिवार ने हेलमेट जागरूकता अभियान का आयोजन किया, जिसे स्थानीय लोग अब ‘हेलमेट संगवारी अभियान’ के नाम से जानते हैं.

इस कार्यक्रम में सड़क सुरक्षा का महत्व समझाते हुए 500 से अधिक लोगों को जागरूक किया गया. कार्यक्रम के दौरान न सिर्फ निःशुल्क हेलमेट बांटे गए, बल्कि 84 लोगों ने रक्तदान कर मानव सेवा में योगदान दिया. इतना ही नहीं मौके पर 157 लोगों ने ड्राइविंग लाइसेंस भी बनवाया.
1500 से अधिक बांट चुके हैं हेलमेट
धर्मेंद्र साहू अब तक 1500 से अधिक लोगों को निःशुल्क हेलमेट बांट चुके हैं और 30 से अधिक सड़क सुरक्षा जागरूकता कार्यक्रम आयोजित कर चुके हैं. इस अभियान को अपने जीवन का लक्ष्य बना लिया है. इस विशेष अवसर पर धर्मेंद्र ने अपना 50वां रक्तदान किया, जबकि उनके भाइयों ने भी योगदान देते हुए क्रमशः अपना पहला, दूसरा और तीसरा रक्तदान किया.

धर्मेंद्र ने बताया कि हमारे पिता स्व. पंचराम साहू समाजसेवा के प्रति समर्पित थे. उनकी स्मृति को समाजहित के कार्यों से जोड़कर हम उनकी विरासत को आगे बढ़ा रहे हैं.
समाज के लिए प्रेरणा बनी पहल: कलेक्टर और एसपी ने की सराहना
कार्यक्रम में राजनांदगांव के कलेक्टर संजय अग्रवाल और पुलिस अधीक्षक मोहित गर्ग ने भी शिरकत की. कलेक्टर अग्रवाल ने धर्मेंद्र की इस पहल को सराहते हुए कहा कि यह अभियान प्रशासन के लिए प्रेरणा का स्रोत है. इस तरह की जागरूकता गतिविधियां समाज में सकारात्मक बदलाव लाने का काम करती हैं.
