खेल
ICC ने बदल दिए क्रिकेट के 8 नियम, जानें क्या-क्या बदलाव हुए?
नई दिल्ली। इंटरनेशनल क्रिकेट काउंसिल (ICC) ने क्रिकेट के नियमों में कई अहम और व्यापक बदलावों को मंजूरी दी है, जो 2 जुलाई 2025 से लागू होंगे। इन बदलावों का असर टेस्ट, वनडे और टी20 तीनों फॉर्मेट पर पड़ेगा। खास बात यह है कि इन नए नियमों से खिलाड़ियों की चालाकियों पर लगाम लगेगी और खेल को अधिक पारदर्शी और तेज़ बनाने की कोशिश की गई है।
1. टेस्ट क्रिकेट में भी लागू होगा स्टॉप क्लॉक नियम
टी20 और वनडे के बाद अब टेस्ट मैचों में भी स्टॉप क्लॉक का नियम लागू होगा। फील्डिंग टीम को एक ओवर समाप्त होने के एक मिनट के भीतर अगला ओवर शुरू करना होगा। ऐसा न करने पर दो बार चेतावनी दी जाएगी, इसके बाद हर बार टीम पर 5 रन की पेनाल्टी लगाई जाएगी। यह नियम फिलहाल 2025–27 की वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप के दौरान लागू रहेगा।
2. जानबूझकर शॉर्ट रन पर लगेगा जुर्माना और बदलेगी स्ट्राइक
बल्लेबाज अगर जानबूझकर रन पूरा किए बिना एक्स्ट्रा रन चुराने की कोशिश करता है, तो अंपायर पहले फील्डिंग टीम से पूछेंगे कि अगली गेंद पर कौन बल्लेबाज स्ट्राइक पर होगा। साथ ही, बल्लेबाज की टीम पर 5 रन की पेनाल्टी भी लगेगी। यह तब ही लागू होगा जब अंपायर को लगे कि बल्लेबाज का इरादा जानबूझकर गलत रन लेने का था।
3. गेंद पर सलाइवा लगाने पर नहीं बदलेगी गेंद
अब अगर गेंद पर लार (सलाइवा) का इस्तेमाल पाया गया, तो गेंद को तुरंत नहीं बदला जाएगा। अंपायर अपनी समझ से तय करेंगे कि गेंद की हालत में कोई बड़ा बदलाव हुआ है या नहीं। इस फैसले का मकसद यह है कि टीमें जानबूझकर गेंद को बदलवाने के लिए लार का दुरुपयोग न करें।
4. DRS के नियमों में भी संशोधन
अब अगर कोई बल्लेबाज कैच आउट दिए जाने पर DRS लेता है और अल्ट्राएज दिखाता है कि गेंद बल्ले से नहीं लगी बल्कि पैड से टकराई, तो टीवी अंपायर LBW की भी जांच करेगा। अगर ट्रैकिंग में बल्लेबाज आउट पाया जाता है, तो उसे पवेलियन लौटना पड़ेगा। पहले इस स्थिति में LBW को “नॉट आउट” ही माना जाता था।
5. दो अपील होने पर पहली घटना ही मानी जाएगी अंतिम
अब अगर एक ही गेंद पर दो अलग-अलग तरीके से आउट की अपील होती है (जैसे LBW और रनआउट), तो टीवी अंपायर पहली घटना की ही जांच करेगा। अगर पहली घटना में बल्लेबाज आउट करार दिया गया, तो गेंद वहीं डेड घोषित हो जाएगी और दूसरी अपील की जांच नहीं होगी।
6. कैच पर तीसरे अंपायर की जांच अब नो बॉल में भी
पहले अगर गेंद नो-बॉल थी, तो कैच की वैधता की जांच नहीं होती थी। अब अगर नो बॉल फेंकी गई है, फिर भी तीसरा अंपायर कैच वैध था या नहीं, यह जांचेगा। अगर कैच सही है तो बल्लेबाज आउट नहीं होगा, लेकिन टीम को केवल एक अतिरिक्त रन मिलेगा। अगर कैच वैध नहीं है, तो बल्लेबाज को रन मिलेंगे।
7. डेथ ओवर्स में सिर्फ एक ही गेंद का होगा इस्तेमाल
वनडे क्रिकेट में अब 35वें ओवर के बाद नई गेंद नहीं ली जा सकेगी। यानी पारी की शुरुआत में इस्तेमाल हुई गेंद ही पूरे 50 ओवर चलेगी। इससे डेथ ओवर्स में गेंदबाजों को स्विंग और रिवर्स स्विंग में मदद मिलेगी, जिससे रन बनाना आसान नहीं रहेगा।
8. बाउंड्री के बाहर से कैच पर कड़ा नियम
अब कोई फील्डर अगर बाउंड्री के बाहर खड़ा होकर गेंद को किसी भी तरह छूता है, तो वह अवैध माना जाएगा। गेंद को केवल एक बार बाउंड्री के बाहर से अंदर उछालकर कैच पकड़ा जा सकता है।
हैदराबाद की सबसे बड़ी हार, कोलकाता ने अपने घर में 80 रनों से हराया, वरुण और वैभव ने लिए 3-3 विकेट
कोलकाता। आईपीएल 2025 में गुरुवार को कोलकाता नाइट राइडर्स ने अपने होम ग्राउंड में सनराइजर्स हैदराबाद को 80 रनों से हराया। ईडन गार्डन्स स्टेडियम में 201 रन का टारगेट चेज कर रही हैदराबाद की टीम 16.3 ओवर में 120 रन पर ऑलआउट हो गई। वरुण चक्रवर्ती और वैभव अरोड़ा ने 3-3 विकेट झटके। हैदराबाद से हेनरिक क्लासन ने 33 और कमिंडु मेंडिस ने 27 रन बनाए।
SRH के कप्तान पैट कमिंस ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करने का फैसला किया था. KKR ने पहले बल्लेबाजी करते हुए अंगकृष रघुवंशी की 50 और वेंकटेश अय्यर की 60 रन की अर्धशतकीय पारियों की मदद से 6 विकेट के नुकसान पर 200 रन बनाए. क्विंटन डी कॉक एक रन, सुनील नरेन 7 रन, रहाणे 38 रन, रिंकू सिंह 32, रसल एक रन बनाए आउट हुए. हैदराबाद के लिए मोहम्मद शमी, पैट कमिंस, जीशान अंसारी, हर्षल पटेल और कामिंदु मेंडिस ने एक-एक विकेट लिया.
लक्ष्य का पीछा करने उतरी हैदराबाद की टीम 16.3 ओवर में 120 रन पर ऑलआउट हो गई। हेनरिक क्लासन 33, कमिंडु मेंडिस 27, नीतीश रेड्डी 19, ट्रैविस हेड 4, ईशान किशन 2 और अभिषेक शर्मा 2 रन बनाकर आउट हुए। कोलकाता से वैभव अरोड़ा को 3, अरुण चक्रवर्ती को 3 विकेट मिले. वहीं सुनील नरेन, हर्षित राणा और आंद्रे रसेल को एक-एक विकेट मिला।
दोनों टीमों के प्लेइंग-11
सनराइजर्स हैदराबाद: पैट कमिंस (कप्तान), अभिषेक शर्मा, ईशान किशन, नीतीश कुमार रेड्डी, हेनरिक क्लासन (विकेटकीपर), अनिकेत वर्मा, कमिंडु मेंडिस, सिमरजीत सिंह, जीशान अंसारी, हर्षल पटेल और मोहम्मद शमी। इम्पैक्ट: ट्रैविस हेड।
कोलकाता नाइट राइडर्स: अजिंक्य रहाणे (कप्तान), क्विंटन डी कॉक (विकेटकीपर), सुनील नरेन, अंगकृष रघुवंशी , वेंकटेश अय्यर, रिंकू सिंह, मोईन अली, आंद्रे रसेल, रमनदीप सिंह, हर्षित राणा और वरुण चक्रवर्ती। इम्पैक्ट: वैभव अरोड़ा
गुजरात की लगातार दूसरी जीत, बेंगलुरु को 8 विकेट से हराया, बटलर और सुदर्शन का चला बल्ला, सिराज ने झटके तीन विकेट
आईपीएल 2025 में बुधवार को गुजरात टाइटंस (GT) ने रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (RCB) को 8 विकेट से हराकर लगातार दूसरी जीत हासिल की है। एम चिन्नास्वामी स्टेडियम में गुजरात ने 170 रन का टारगेट 17.5 ओवर में 2 विकेट खोकर हासिल कर लिया। जोस बटलर ने 39 बॉल पर नाबाद 73 रन और शेरफन रदरफोर्ड ने 18 बॉल पर नाबाद 30 रन बनाए। साई सुदर्शन 49 रन बनाकर आउट हुए। बेंगलुरु से जोश हेजलवुड और भुवनेश्वर कुमार को एक-एक विकेट मिले।
RCB से लियम लिविंगस्टन (54 रन) ने अर्धशतकीय पारी खेली. जितेश शर्मा ने 33 और टिम डेविड ने 32 रन बनाए. GT से मोहम्मद सिराज ने 3 विकेट लिए। साई किशोर को 2 विकेट मिले. अरशद खान, प्रसिद्ध कृष्णा और ईशांत शर्मा ने एक-एक विकेट लिया।
दोनों टीमों के प्लेइंग-11
रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरुः रजत पाटीदार (कप्तान), फिल सॉल्ट, विराट कोहली, देवदत्त पडिक्कल, लियम लिविंगस्टन, जितेश शर्मा (विकेटकीपर), टिम डेविड, क्रुणाल पंड्या, भुवनेश्वर कुमार, जोश हेजलवुड, यश दयाल। इम्पैक्ट: रसिख सलाम।
गुजरात टाइटंसः शुभमन गिल (कप्तान), साई सुदर्शन, जोस बटलर, शाहरुख खान, राहुल तेवतिया, अरशद खान, राशिद खान, साई किशोर, मोहम्मद सिराज, प्रसिद्ध कृष्णा, ईशांत शर्मा। इम्पैक्ट: शेरफन रदरफोर्ड।
पंजाब ने लखनऊ को 8 विकेट से हराया, प्रभसिमरन-श्रेयस ने जड़ा अर्धशतक, अर्शदीप ने झटके 3 विकेट
लखनऊ। पंजाब किंग्स ने IPL 2025 में मंगलवार को लखनऊ सुपर जायंट्स को 8 विकेट से हराकर लगातार दूसरी जीत दर्ज की। लखनऊ के इकाना स्टेडियम में पंजाब ने 172 रन का टारगेट 16.2 ओवर में 2 विकेट पर हासिल कर लिया। श्रेयस अय्यर 52 और नेहल वधेरा 43 रन बनाकर नाबाद रहे। प्रभसिमरन सिंह ने 34 बॉल पर 69 रनों की पारी खेली। प्रियांश 8 रन बनाकर आउट हुए. लखनऊ से दिग्वेश राठी को 2 विकेट मिले।
लखनऊ से मिशल मार्स बिना खाता खोले ही आउट हुए. निकोलस पूरन ने 44, आयुष बडोनी ने 41 रन की पारियां खेलीं। ऐडन मार्करम ने 28 और अब्दुल समद ने 27 रन, डेविड मिलर ने 19 रन बनाए. ऋषभ पंत दो रन बनाकर पवेलियन लौटे. पंजाब से अर्शदीप सिंह ने 3 विकेट झटके। लॉकी फर्ग्यूसन, ग्लेन मैक्सवेल, मार्को यानसन, और युजवेंद्र चहल को एक-एक विकेट मिला।
दोनों टीमों के प्लेइंग-11
पंजाब किंग्स: श्रेयस अय्यर (कप्तान), प्रियांश आर्या, प्रभसिमरन सिंह (विकेटकीपर), शशांक सिंह, मार्कस स्टोयनिस, सूर्यांश शेडगे, ग्लेन मैक्सवेल, मार्को यानसेन, युजवेंद्र चहल, लॉकी फर्ग्यूसन, अर्शदीप सिंह।
लखनऊ सुपर जायंट्स: ऋषभ पंत (कप्तान और विकेटकीपर), ऐडन मार्करम, मिचेल मार्श, निकोलस पूरन, आयुष बडोनी, दिग्वेश राठी, डेविड मिलर, अब्दुल समद, रवि बिश्नोई, शार्दूल ठाकुर, आवेश खान।
मुंबई इंडियंस की पहली जीत, कोलकाता को 8 विकेट से हराया, रिकल्टन ने लगाया अर्धशतक, अश्विनी को मिले 4 विकेट
मुंबई। आईपीएल 2025 के 12वें मैच में मुंबई इंडियंस ने कोलकाता नाइट राइडर्स को 8 विकेट से हराया. मुंबई ने इस सीजन की पहली जीत दर्ज की है. रिकेलटन 62 रन और सूर्यकुमार यादव 27 रन बनाकर नाबाद रहे. वानखेड़े स्टेडियम में मुंबई ने टॉस जीतकर गेंदबाजी चुनी थी. इस मैच में कोलकाता के बल्लेबाज मुंबई के गेंदबाजों के सामने कमजोर पड़े. MI ने KKR को 116 रन पर ऑलआउट कर दिया. अश्विनी कुमार ने सबसे ज्यादा 3 ओवर में 4 विकेट लिए.
MI से अश्विनी ने आंद्रे रसेल (5 रन), मनीष पांडे (19 रन), रिंकू सिंह (17 रन) और कप्तान अजिंक्य रहाणे (11 रन) को आउट किया. दीपक चाहर को 2 विकेट मिले. ट्रेंट बोल्ट, हार्दिक पंड्या, विग्नेश पुथुर और मिचेल सैंटनर को एक-एक विकेट मिला. कोलकाता से अंगकृष रघुवंशी ने सबसे ज्यादा 26 और रमनदीप सिंह ने 22 रन बनाए.
kkr से आंद्रे रसेल ने रोहित शर्मा (13 रन) के बाद विल जैक्स (16 रन) को कैच आउट कराया। रिकेलटन 62 रन और सूर्यकुमार यादव 27 रन बनाकर नाबाद रहे.
दोनों टीमों के प्लेइंग-11
कोलकाता नाइट राइडर्स-अजिंक्य रहाणे (कप्तान), क्विंटन डी कॉक (विकेटकीपर), सुनील नरेन, वेंकटेश अय्यर, रिंकू सिंह, अंगकृष रघुवंशी, आंद्रे रसेल, रमनदीप सिंह, स्पेंसर जॉनसन, हर्षित राणा और वरुण चक्रवर्ती.
मुंबई इंडियंस- हार्दिक पंड्या (कप्तान), रायन रिकेल्टन (विकेटकीपर), विल जैक्स, सूर्यकुमार यादव, तिलक वर्मा, नमन धीर, मिचेल सैंटनर, दीपक चाहर, ट्रेंट बोल्ट, अश्विनी कुमार और विग्नेश पुथुर.
राजस्थान ने दर्ज की सीजन की पहली जीत, रोमांचक मुकाबले में चेन्नई को 6 रन से हराया, वानिंदु हसरंगा ने झटके 4 विकेट
गुवाहाटी। आईपीएल में आज दिन के दूसरे मुकाबले में राजस्थान ने चेन्नई को हरा दिया है। गुवाहाटी के बरसापारा क्रिकेट स्टेडियम में खेले गए इस मुकाबले में CSK के कप्तान रुतुराज गायकवाड़ ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करने का फैसला किया था। इसके बाद, पहले बल्लेबाजी करते हुए राजस्थान रॉयल्स ने नितीश राणा की अर्धशतकीय पारी की मदद से 20 ओवर में 9 विकेट खोकर 182 रन बनाए। जवाब में चेन्नई निर्धारित 20 ओवर में 6 विकेट खोकर सिर्फ 176 रन ही बना सकी। इस तरह RR ने सीजन में अपनी पहली जीत दर्ज की, वहीं चेन्नई को लगातार दूसरे मैच में हार का सामना करना पड़ा।
लक्ष्य का पीछा करने उतरी सीएसके की शुरुआत खराब हुई। उन्हें पहला झटका जोफ्रा आर्चर ने पहले ही ओवर में दिया। उन्होंने रचिन रवींद्र को अपना शिकार बनाया। वह खाता भी नहीं खोल सके। इसके बाद मोर्चा राहुल त्रिपाठी और कप्तान ऋतुराज गायकवाड़ ने संभाला। दोनों के बीच दूसरे विकेट के लिए 39 गेंदों में 46 रनों की साझेदारी हुई। त्रिपाठी 23 रन बनाकर आउट हुए। वहीं, गायकवाड़ ने 44 गेंदों में 63 रन बनाए उनके अलावा शिवम दुबे ने 18, विजय शंकर ने नौ, महेंद्र सिंह धोनी ने 16 रन बनाए। रवींद्र जडेजा और जेमी ओवरटन क्रमश: 32 और 11 रन बनाकर नाबाद रहे।
वानिंदु हसरंगा ने झटके 4 विकेट
इस मुकाबले में राजस्थान के लिए वानिंदु हसरंगा ने चार विकेट झटके। उनके अलावा जोफ्रा आर्चर और संदीप शर्मा ने एक-एक सफलता हासिल की। दिलचस्प बात यह है कि इस जीत के साथ राजस्थान अंक तालिका में नौवें पायदान पर पहुंच गई है। वहीं, सीएसके सातवें स्थान पर है। शीर्ष पर चार अंक और 2.226 के नेट रन रेट के साथ आरसीबी है।
दिल्ली कैपिटल्स ने सात विकेट से जीता मैच, सनराइजर्स की लगातार दूसरे मैच में हार, डु प्लेसिस ने जड़ी शानदार फिफ्टी
विशाखापत्तनम। आईपीएल में आज डबल हेडर मुकाबले खेले जा रहे हैं। आज दिन के पहले मुकाबले में दिल्ली कैपिटल्स ने सनराइजर्स हैदराबाद को 7 विकेट से हरा दिया है। इस मुकाबले में सनराइजर्स ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी का फैसला लिया, लेकिन उसकी बल्लेबाजी अच्छी नहीं रही और टीम 18.4 ओवर में 163 रन पर ऑलआउट हो गई। जवाब में दिल्ली ने 16 ओवर में 3 विकेट खोकर 166 रन बनाकर मैच अपने नाम कर लिया। सनराइजर्स की यह लगातार दूसरी हार है। इससे पहले उसे लखनऊ सुपर जायंट्स के खिलाफ भी हार का सामना करना पड़ा था।
लक्ष्य का पीछा करते हुए दिल्ली को डु प्लेसिस और जैक फ्रेजर-मैकगर्क ने शानदार शुरुआत दिलाई और दोनों ने पहले विकेट के लिए 81 रन जोड़े। डु प्लेसिस ने इस दौरान अर्धशतक जड़ा। हैदराबाद के लिए आईपीएल में डेब्यू करने वाले जीशान अंसारी ने शानदार प्रदर्शन किया और तीन विकेट झटके, लेकिन लक्ष्य इतना कम था कि दिल्ली को इसे हासिल करने में जरा भी परेशानी नहीं हुई। जीशान ने पहले डु प्लेसिस को आउट किया और फिर मैकगर्क को पवेलियन भेजा। इसके बाद उन्होंने दिल्ली के लिए पहला मैच खेलने वाले केएल राहुल को बोल्ड किया। हालांकि, जीशान का यह प्रयास टीम के काम नहीं आया और उसे हार मिली।
गुजरात ने मुंबई को 36 रन से हराया, साई सुदर्शन ने जड़ा अर्धशतक
अहमदाबाद। IPL 2025 के 9वें मुकाबले में गुजरात टाइटंस ने अपने होम ग्राउंड में मुंबई इंडियंस को 36 रनों से हरा दिया है। यह गुजरात की पहली जीत है, जबकि मुंबई को लगातार दूसरी हार मिली है। 196 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरी मुंबई की टीम 20 ओवर में 6 विकेट खोकर 160 रन ही बना पाई।
अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में मुंबई ने टॉस जीतकर गेंदबाजी चुनी। गुजरात ने 20 ओवर में 8 विकेट पर 196 रन बनाए। साई सुदर्शन ने 41 बॉल पर 63 रनों की पारी खेली। जोस बटलर ने 39 और शुभमन गिल ने 38 रन बनाए। मुंबई से कप्तान हार्दिक पंड्या ने 2 विकेट झटके। ट्रेंट बोल्ट, दीपक चाहर, मुजीब उर रहमान और एस राजू को एक-एक विकेट मिला।
MI की ओर से सूर्यकुमार यादव ने 48 और तिलक वर्मा ने 39 रन बनाए। गुजरात टाइटंस के गेंदबाज कगिसो रबाडा ने कप्तान हार्दिक पंड्या (11 रन) का विकेट लिया। प्रसिद्ध कृष्णा ने सूर्यकुमार यादव (48 रन) और तिलक वर्मा (39 रन) को पवेलियन भेजा। मोहम्मद सिराज ने रोहित शर्मा (8 रन) और रियान रिकेल्टन (6 रन) को बोल्ड किया। साई किशोर ने इम्पैक्ट प्लेयर रॉबिन मिंज (3 रन) को आउट किया।
दोनों टीमों के प्लेइंग-11
गुजरात टाइटंस: शुभमन गिल (कप्तान), साई सुदर्शन, जोस बटलर, शेरफेन रदरफोर्ड, शाहरुख खान, राहुल तेवतिया, आर साई किशोर, राशिद खान, कगिसो रबाडा, मोहम्मद सिराज, प्रसिद्ध कृष्णा और ग्लेन फिलिप्स।
मुंबई इंडियंस: हार्दिक पंड्या (कप्तान), रोहित शर्मा, रियान रिकेल्टन, तिलक वर्मा, सूर्यकुमार यादव, नमन धीर, मिचेल सैंटनर, दीपक चाहर, मुजीब उर रहमान, ट्रेंट बोल्ट, सत्यनारायण राजू।
17 साल बाद चेपॉक में जीता बेंगलुरु, चेन्नई को 50 रनों से हराया, पाटीदार ने जड़ा अर्धशतक, हेजलवुड ने लिए 3 विकेट
चेन्नई। IPL के 8वें मुकाबले में रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु ने चेन्नई सुपर किंग्स को 50 रन से हरा दिया है. आरसीबी पूरे 17 साल बाद चेपॉक में जीतने में सफल रही. आखिरी बार ये टीम 2008 में यहां मैच जीती थी, उसके बाद से जीत का सूखा चला आ रहा था जो आखिरकार अब खत्म हो चुका है.
अपने होमग्राउंड चेपॉक स्टेडियम में CSK ने टॉस जीतकर गेंदबाजी चुनी थी. बेंगलुरु ने पहले बैटिंग करते हुए 7 विकेट खोकर 196 रन बनाए. लक्ष्य का पीछा करने उतरी CSK की टीम 20 ओवर में 8 खोकर 146 रन ही बना पाई. लियम लिविंगस्टन ने आर. अश्विन (11 रन) और सैम करन (8 रन) के विकेट लिए. यश दयाल ने शिवम दुबे (19 रन) और रचिन रवींद्र (41 रन) को पवेलियन भेजा. दीपक हुड्डा (4 रन) को भुवनेश्वर कुमार ने आउट किया.
RCB से कप्तान रजत पाटीदार ने 51 रन बनाए. फिल सॉल्ट 32, विराट कोहली 31 और देवदत्त पडिक्कल 27 रन बनाकर आउट हुए. चेन्नई से नूर अहमद ने 3 और मथीश पथिराना ने 2 विकेट लिए. रविचंद्रन अश्विन और खलील अहमद को 1-1 विकेट मिला.
दोनों टीमों के प्लेइंग-11
RCB: रजत पाटीदार (कप्तान), फिल सॉल्ट, विराट कोहली, देवदत्त पडिक्कल, लियम लिविंगस्टन, जितेश शर्मा (विकेटकीपर), टिम डेविड, क्रुणाल पंड्या, भुवनेश्वर कुमार, जोश हेजलवुड, यश दयाल। इम्पैक्ट : सुयश शर्मा।
CSK: ऋतुराज गायकवाड (कप्तान), रचिन रवींद्र, राहुल त्रिपाठी, दीपक हुड्डा, रवींद्र जडेजा, सैम करन, एमएस धोनी (विकेटकीपर), रविचंद्रन अश्विन, नूर अहमद, मथीशा पथिराना और खलील अहमद। इम्पैक्ट: शिवम दुबे।
लखनऊ ने हैदराबाद को उनके ही होमग्राउंड में 5 विकेट से हराया, पूरन और मार्श ने खेली तूफानी पारी
हैदराबाद। इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) के 18वें सीजन में गुरुवार को लखनऊ सुपरजायंट्स ने सनराइजर्स हैदराबाद को उन्हीं के होमग्राउंड में 5 विकेट से हरा दिया. 34 रन देकर 4 विकेट लेने वाले शार्दूल ठाकुर प्लेयर ऑफ द मैच रहे.
राजीव गांधी स्टेडियम में लखनऊ ने बॉलिंग चुनी. हैदराबाद ने 9 विकेट खोकर 190 रन बनाए. ट्रैविस हेड ने 47 और अनिकेत वर्मा ने 36 रन बनाए. लखनऊ ने 16.1 ओवर में 5 विकेट खोकर टारगेट हासिल कर लिया. निकोलस पूरन ने 70 और मिचेल मार्श ने 52 रन बनाए. हैदराबाद से कप्तान पैट कमिंस ने 2 विकेट लिए.
दोनों टीमों की प्लेइंग-11
लखनऊ सुपरजायंट्स: ऐडन मार्करम, निकोलस पूरन, ऋषभ पंत (विकेटकीपर/कप्तान), डेविड मिलर, आयुष बडोनी, अब्दुल समद, शार्दूल ठाकुर, रवि बिश्नोई, आवेश खान, दिग्वेश राठी, प्रिंस यादव।
इम्पैक्ट: मिचेल मार्श, शाहबाज अहमद, एम सिद्धार्थ, हिम्मत सिंह, आकाश सिंह।
सनराइजर्स हैदराबाद: अभिषेक शर्मा, ट्रैविस हेड, ईशान किशन, नीतीश कुमार रेड्डी, हेनरिक क्लासन (विकेटकीपर), अनिकेत वर्मा, अभिनव मनोहर, पैट कमिंस (कप्तान), सिमरजीत सिंह, हर्षल पटेल और मोहम्मद शमी।
इम्पैक्ट: एडम जम्पा, जयदेव उनादकट, सचिन बेबी, जीशान अंसारी, वियान मुल्डर।
कोलकाता ने राजस्थान को आठ विकेट से हराया, डिकॉक ने खेली 97 रनों की नाबाद पारी
गुवाहाटी। IPL-18 में आज डिफेंडिंग चैंपियन कोलकाता नाइटराइडर्स (KKR) ने राजस्थान रॉयल्स (RR) को 8 विकेट से हराया। गुवाहाटी के बरसापारा क्रिकेट स्टेडियम में कोलकाता ने 152 रन का टारगेट 17.3 ओवर में 2 विकेट खोकर चेज कर लिया। क्विंटन डी कॉक 97 रन बनाकर नाबाद लौटे। अंगकृष रघुवंशी ने नाबाद 22 रन बनाए।
टॉस हारकर राजस्थान की टीम ने पहली बेटिंग की और 20 ओवर में 8 विकेट पर 151 रन बनाए। ध्रुव जुरेल ने सबसे ज्यादा 33 रन बनाए। यशस्वी जायसवाल ने 29 और कप्तान रियान पराग ने 25 रन बनाए। वहीं कोलकाता से हर्षित राणा, वैभव अरोड़ा, मोईन अली और वरुण चक्रवर्ती ने 2-2 विकेट लिए।
दोनों टीमों के प्लेइंग-11
राजस्थान रॉयल्स: रियान पराग (कप्तान), संजू सैमसन, यशस्वी जयसवाल, नीतीश राणा, ध्रुव जुरेल (विकेटकीपर), शिमरोन हेटमायर, जोफ्रा आर्चर, महीश तीक्षणा, तुषार देशपांडे, संदीप शर्मा और वनिंदू हसरंगा। इम्पैक्ट : शुभम दुबे।
कोलकाता नाइट राइडर्स: अजिंक्य रहाणे (कप्तान), मोईन अली, वेंकटेश अय्यर, क्विंटन डी कॉक (विकेटकीपर), रिंकू सिंह, आंद्रे रसेल, रमनदीप सिंह, हर्षित राणा, वरुण वक्रवर्ती, स्पेंसर जॉनसन और वैभव अरोड़ा। इम्पैक्ट : अंगकृष रघुवंशी।
पंजाब ने गुजरात को 11 रन से हराया
अहमदाबाद। पंजाब किंग्स ने IPL-18 के 5वें मैच में गुजरात टाइटंस (GT) को 11 रन से हराया. अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में गुजरात ने टॉस जीतकर गेंदबाजी चुनी. पंजाब ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 20 ओवर में 5 विकेट खोकर 243 रन बनाए. लक्ष्य का पीछा करनी उतरी गुजरात की टीम 20 ओवर में 5 विकेट खोकर 232 रन ही बना पाई. आखिरी ओवर में अर्शदीप सिंह ने दो विकेट लिए. पहली बॉल पर राहुल तेवतिया रन आउट हुए, फिर अर्शदीप ने रदरफोर्ड को बोल्ड किया.
पंजाब की ओर से श्रेयस अय्यर 97 और शशांक सिंह 44 रन बनाकर नाबाद लौटे. ओपनर प्रियांश आर्या ने 47 रन बनाए. गुजरात से साई किशोर ने 3 विकेट झटके, जबकि कगिसो रबाडा और राशिद खान को एक-एक विकेट मिला. वहीं गुजरात की ओर से साई सुदर्शन ने 74 रन और जोस बटलर ने 54 रन बनाए.
दोनों टीमों की प्लेइंग-11
गुजरात टाइटंस: शुभमन गिल (कप्तान), जोस बटलर (विकेटकीपर), साई सुदर्शन, शाहरुख खान, राहुल तेवतिया, आर साई किशोर, अरशद खान, राशिद खान, कगिसो रबाडा, मोहम्मद सिराज और प्रसिद्ध कृष्णा।
पंजाब किंग्स: श्रेयस अय्यर (कप्तान), प्रभसिमरन सिंह (विकेटकीपर), प्रियांश आर्या, शशांक सिंह, मार्कस स्टोयनिस, ग्लेन मैक्सवेल, सूर्यांश शेडगे, अजमतुल्लाह ओमरजई, मार्को यानसन, अर्शदीप सिंह और युजवेंद्र चहल।
दिल्ली ने लखनऊ को एक विकेट से हराया, 20वें ओवर में आशुतोष ने लगाया विनिंग सिक्स
दिल्ली। दिल्ली कैपिटल्स ने IPL-18 में लखनऊ सुपर जायंट्स को एक विकेट से हराया. 20वें ओवर में तीसरी बॉल पर आशुतोष शर्मा ने छक्का मारकर टीम को जीत दिलाई. वे 66 रन बनाकर नाबाद रहे. विशाखापट्टनम में खेले गए मैच में दिल्ली ने टॉस जीतकर गेंदबाजी चुनी थी. लखनऊ ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 210 रन का टारगेट दिया था. मिचेल मार्श ने 72 और निकोलस पूरन ने 75 रन बनाए.
लक्ष्य का पीछा करने उतरी दिल्ली की टीम ने 19.3 ओवर में 9 विकेट खोकर जीत हासिल की. जवाबी पारी में दिल्ली की शुरुआत खराब रही. टीम ने 7 रन पर 3 विकेट गंवा दिए थे. जैक फ्रेजर-मैगर्क 1, अभिषेक पोरेल शून्य और समीर रिजवी 4 रन बनाकर आउट हो गए.
7वें नंबर पर उतरे आशुतोष शर्मा ने 31 बॉल पर नाबाद 66 रन की पारी खेलकर दिल्ली को जीत दिलाई. उन्होंने 5 चौके और 5 छक्के लगाए. आशुतोष ने ट्रिस्टन स्टब्स के साथ 48 रन की अहम साझेदारी की. फिर विपराज निगम के साथ 55 रन जोड़े. आखिरी विकेट के लिए 6 बॉल पर नाबाद 19 रन की साझेदारी भी हुई. लास्ट ओवर में जीत के लिए 6 रन की जरूरत थी. आशुतोष शर्मा ने 20वें ओवर के तीसरे बाल को छक्का मारकर दिल्ली की टीम को जीत दिलाई.
चेन्नई ने जीत के साथ किया सीजन का आगाज, एल-क्लासिको में मुंबई को 4 विकेट से हराया
चेन्नई। आईपीएल सीजन 18 के तीसरे और सीजन के पहले ‘एल क्लासिको’ मैच में चेन्नई सुपरकिंग्स ने मुंबई इंडियंस को 4 विकेट से हराकर टूर्नामेंट में विजयी आगाज किया है। इस मैच में टॉस हारकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी मुंबई ने नौ विकेट खोकर सीएसके के सामने 156 रन का लक्ष्य रखा था, जिसे चेन्नई ने कप्तान गायकवाड़ की 53 रन और रचिन रविंद्र की 53 रन की अर्धशतकीय पारी की मदद से 19.1 ओवर में 6 विकेट के नुकसान पर 158 रन बनाकर हासिल कर लिया।
मुंबई के लिए गेंदबाजी में इम्पैक्ट प्लेयर विग्नेश पुथुर ने सबसे ज्यादा 3 विकेट झटके। इसके अलावा विल जैक्स और दीपक चाहर को 1-1 सफलता मिली।
मुंबई ने की खराब शुरुआत
इस मुकाबले में मुंबई की स्थिति शुरुआत से ही खराब रही। कप्तान रोहित शर्मा पहले ही ओवर में बिना खाता खोले पवेलियन लौटे। उन्हें खलील अहमद ने अपना शिकार बनाया। इसके बाद खलील ने रेयान रिकेल्टन (13) को बोल्ड किया। सीएसके में वापसी के बाद पहला मुकाबला खेल रहे अश्विन भी पीछे नहीं रहे। उन्होंने आते ही विल जैक्स को शिवम दुबे के हाथों कैच कराया और पहली सफलता हासिल की।
36 पर तीन विकेट खो चुकी मुंबई को एक अच्छी साझेदारी की जरूरत थी। क्रीज पर कप्तान सूर्यकुमार यादव और तिलक वर्मा मौजूद थे। दोनों के बीच चौथे विकेट के लिए 40 से ज्यादा रनों की साझेदारी हुई। हालांकि, इससे पहले यह साझेदारी बड़े स्तर पर पहुंचती महेंद्र सिंह धोनी ने फुर्ती दिखाते हुए विकेट के पीछे से सूर्या को स्टंप आउट कर दिया। स्टैंडइन कप्तान 26 गेंदों में 29 रन बनाकर आउट हुए।
मुंबई के लिए तिलक वर्मा ने सर्वाधिक 31 रन बनाए। उनके अलावा रॉबिन मिन्ज ने तीन, नमन धीर ने 17, मिचेल सेंटनर ने 11, ट्रेंट बोल्ट ने एक रन बनाया। इस मैच में दीपक चाहर 28 और सत्यनारायण राजू एक रन बनाकर नाबाद रहे। सीएसके के लिए नूर अहमद ने चार और खलील अहमद ने तीन विकेट चटकाए। उनके अलावा नाथन एलिस और रविचंद्रन अश्विन को एक-एक सफलता मिली।
सनराइजर्स हैदराबाद ने राजस्थान रॉयल्स को 44 रनों से हराया
हैदराबाद। आईपीएल के 18वें सीजन के दूसरे मुकाबले में सनराइजर्स हैदराबाद ने राजस्थान रॉयल्स को 44 रनों से हराकर टूर्नामेंट में विजयी आगाज किया है। हैदराबाद के राजीव गांधी इंटरनेशनल स्टेडियम में खेले गए इस मुकाबले में राजस्थान के कार्यवाहक कप्तान रियान पराग ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करने का फैसला किया था। सनराइजर्स हैदराबाद ने ईशान किशन के नाबाद शतक और ट्रेविस हेड के अर्धशतक के दम पर राजस्थान रॉयल्स के सामने जीत के लिए 287 रन का लक्ष्य रखा था।
जवाब में संजू सैमसन और ध्रुव जुरेल ने अर्धशतक जड़ते हुए अच्छी साझेदारी निभाई, लेकिन टीम को जीत नहीं दिला सके। राजस्थान की टीम निर्धारित ओवर में छह विकेट पर 242 रन ही बना सकी और उसे हार का सामना करना पड़ा।
बेकार गई सैमसन-जुरेल की अर्धशतकीय पारी
बता दें कि लक्ष्य का पीछा करते हुए राजस्थान की शुरुआत अच्छी नहीं रही थी और उसने 50 रन के स्कोर पर तीन विकेट गंवा दिए थे। सैमसन जो इस मैच में इंपैक्ट प्लेयर के तौर पर खेलने उतरे, उन्होंने जुरेल के साथ मिलकर चौथे विकेट के लिए 111 रन जोड़े और टीम को मुश्किल से उबारा। सैमसन और जुरेल जब बल्लेबाजी कर रहे थे तो लग रहा था कि राजस्थान आईपीएल इतिहास का सबसे सफल रन चेज कर सकती है, लेकिन सैमसन के आउट होते ही यह साझेदारी टूट गई। सैमसन के पवेलियन लौटने के बाद जुरेल भी अपना विकेट गंवा बैठे। अंत में शिमरॉन हेत्मायर और शुभम दुबे ने कुछ कोशिश की, लेकिन टीम लक्ष्य हासिल नहीं कर सकी।
राजस्थान के लिए विकेटकीपर बल्लेबाज ध्रुव जुरेल ने सबसे ज्यादा 35 गेंदों पर पांच चौकों और छह छक्कों की मदद से 70 रन बनाए। वहीं, सैमसन ने 37 गेंदों पर सात चौकों और चार छक्कों के सहारे 66 रन बनाए। हेत्मायर ने 23 गेंदों पर एक चौका और चार छक्के की मदद से 42 रन बनाए, जबकि शुभम 11 गेंदों पर एक चौका और चार छक्के की मदद से 34 रन बनाकर नाबाद लौटे।
सिमरनजीत सिंह और हर्षल पटेल ने झटके दो-दो विकेट
सनराइजर्स हैदराबाद की ओर से सिमरनजीत सिंह और हर्षल पटेल को दो-दो विकेट मिले, जबकि मोहम्मद शमी और एडम जैम्पा ने एक-एक विकेट लिया।
ईशान ने ठोका धमाकेदार शतक, हेड ने जड़ी फिफ्टी
इससे पहले टॉस हारकर पहले बल्लेबाजी करते हुए अभिषेक शर्मा और ट्रेविस हेड ने हैदराबाद को शानदार शुरुआत दिलाई, लेकिन अभिषेक के आउट होने के बाद हेड ने ताबड़तोड़ बल्लेबाजी की और अर्धशतक जड़ा। हेड के आउट होने के बाद लगा कि हैदराबाद की पारी धीमी पड़ जाएगी, लेकिन ईशान ने दमदार बल्लेबाजी की और 45 गेंदों पर शतक लगाकर अपनी क्षमता साबित की। ईशान का हैदराबाद के लिए यह डेब्यू मुकाबला था। ईशान 47 गेंदों पर 11 चौकों और छह छक्कों की मदद से 106 रन बनाकर नाबाद लौटे।
हैदराबाद के लिए ईशान के अलावा हेड ने 31 गेंदों पर नौ चौकों और तीन छक्कों की मदद से 67 रन बनाए, जबकि हेनरिच क्लासेन ने 14 गेंदों पर पांच चौकों और एक छक्के की मदद से 34 रन, नीतीश कुमार रेड्डी ने 15 गेंदों पर 30 रन, अभिषेक ने 11 गेंदों पर पांच चौकों के सहारे 24 रन और अनिकेत वर्मा ने सात रन बनाए।
तुषार देशपांडे ने झटके 3 विकेट
राजस्थान के लिए सबसे सफल गेंदबाज तुषार देशपांडे रहे जिन्होंने तीन विकेट झटके। उनके अलावा महेश तीक्ष्णा ने दो और संदीप शर्मा ने एक विकेट लिया।
SRH ने बनाया आईपीएल इतिहास का दूसरा सर्वोच्च टोटल
गौरतलब है कि हैदराबाद ने आज राजस्थान के खिलाफ 286 रन बनाए जो आईपीएल इतिहास का दूसरा सर्वोच्च टोटल है। आईपीएल में सबसे ज्यादा स्कोर करने का रिकॉर्ड भी हैदराबाद के नाम है। हैदराबाद ने आरसीबी के खिलाफ पिछले सीजन तीन विकेट पर 287 रन बनाए थे जो इस टूर्नामेंट का सर्वोच्च टोटल है।
आरसीबी ने कोलकाता नाईट राइडर्स को 7 विकेट से हराया
आईपीएल 2025 में आरसीबी ने जीत के साथ सीजन का आगाज किया है. कोलकाता के ईडन गार्डन पर खेले सीजन के पहले मुकाबले में केकेआर और आरसीबी के बीच भिड़ंत हुई, जिसमें रजत पाटीदार की कप्तानी वाली RCB ने 7 विकेट से शानदार जीत दर्ज की. केकेआर ने टॉस हारकर पहले बल्लेबाजी करते हुए 20 ओवरों में 2 विकेट खोकर 174 रन बनाए थे. आरसीबी ने 17.2 ओवरों में इस टारगेट को सिर्फ 3 विकेट खोकर हासिल कर लिया. विराट कोहली आखिर तक नाबाद रहे. उन्होंने 36 गेंदों पर 59 रनों की बढ़िया पारी खेली. आइए जानते हैं आरसीबी की जीत के 4 हीरो कौन रहे.

RCB की जीत के हीरो
फिल साल्ट
इस बल्लेबाज ने क्रीज पर आते ही बल्ले से तबाही मचा दी. उन्होंने विराट कोहली के साथ पहले विकेट के लिए 95 रन जोड़े. साल्ट ने कुल 31 गेंदों का सामना किया, जिसमें 9 चौकों और 2 छक्के लगाए. उनका स्ट्राइक रेट 180.65 का रहा. साल्ट ने केकेआर के गेंदबाजों को कोई मौका नहीं दिया और खुलकर बल्लेबाजी की.
विराट कोहली
टीम के सबसे सीनियर बल्लेबाज विराट कोहली ने जिम्मेदारी से बल्लेबाजी की और आरसीबी को जीत की दहलीज तक ले गए. उन्होंने 40 गेंदों पर नाबाद 77 रन बनाए, इस पारी में 10 चौके और 3 छक्के शामिल रहे. कोहली ने बेखौफ अंदाज में बैटिंग की.
क्रुणाल पांड्या
आरसीबी के लिए पहला सीजन खेल रहे क्रुणाल ने कमाल की गेंदबाजी करते हुए 4 ओवरों में 3 विकेट निकाले. उन्होंने सिर्फ 29 रन दिए. जब आरसीबी को विकेट की जरूरत थी तब क्रुणाल ने विकेट निकालकर दिए. उन्होंने तेज बैटिंग करने वाले केकेआर के कप्तान रहाणे को आउट किया, जिन्होने 31 गेंदों पर 56 रन बनाए. इसके बाद क्रुणाल ने रिंकू सिंह और वेंकटेश अय्यर का भी शिकार किया और केकेआर को बैकफुट पर धकेला.
जोश हेजलवुड
ऑस्ट्रेलिया से आने वाले इस गेंदबाज ने कमाल की बॉलिंग की और केकेआर के बल्लेबाजों को रन नहीं बनाने दिया.उन्होंने 4 ओवरों में सिर्फ 22 रन दिए और 2 विकेट निकाले. हेजलवुड ने विस्फोटक बल्लेबाज क्विंटन डी कॉक को चलता किया फिर हर्षित राणा का विकेट लिया.
दोनों टीमों की प्लेइंग 11
रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (प्लेइंग इलेवन)- विराट कोहली, फिलिप साल्ट, रजत पाटीदार (कप्तान), लियाम लिविंगस्टोन, जितेश शर्मा (डब्ल्यू), टिम डेविड, क्रुणाल पंड्या, रसिख दार सलाम, सुयश शर्मा, जोश हेज़लवुड, यश दयाल
कोलकाता नाइट राइडर्स (प्लेइंग इलेवन)- क्विंटन डी कॉक (विकेटकीपर), वेंकटेश अय्यर, अजिंक्य रहाणे (कप्तान), रिंकू सिंह, अंगकृष रघुवंशी, सुनील नरेन, आंद्रे रसेल, रमनदीप सिंह, स्पेंसर जॉनसन, हर्षित राणा, वरुण चक्रवर्ती।
17 साल बाद ओपनिंग मैच में कोलकाता और बेंगलुरु होगी आमने-सामने, जानिए हेड-टू-हेड रिकॉर्ड्स में किसका पलड़ा है भारी और मैच से जुड़ी जरूरी अपडेट्स
कोलकाता। इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) का 18वां सीजन आज से शुरू हो रहा है। टूर्नामेंट का पहला मैच डिफेंडिंग चैंपियन कोलकाता नाइट राइडर्स (KKR) और रॉयल चैलेंजर्स बैंगलोर (RCB) के बीच खेला जाएगा। यह मैच कोलकाता के ऐतिहासिक ईडन गार्डन्स क्रिकेट ग्राउंड पर आज शाम 7:30 बजे से शुरू होगा। दोनों ही टीमें इस मैच को किसी भी हाल में जीतकर लीग में विजयी आगाज करना चाहेंगी। आइए, दोनों टीमों के बीच हेड-टू-हेड आंकड़ों, पिच रिपोर्ट और मैच से जुड़ी अहम अपडेट्स पर एक नजर डालते हैं।
बता दें कि साल 2008 में आईपीएल का पहला मैच कोलकाता नाइट राइडर्स और रॉयल चैलेंजर्स बैंगलोर के बीच खेला गया था। अब 18 साल बाद एक बार फिर आईपीएल के उद्घाटन मैच में यही टीमें आमने-सामने होंगी। उस ऐतिहासिक मुकाबले में कोलकाता के लिए ब्रेंडन मैक्कुलम ने 73 गेंदों में 158 रनों की नाबाद पारी खेली थी, जिससे KKR ने 140 रनों से जीत दर्ज की थी। इसके बाद केकेआर ने तीन बार आईपीएल ट्रॉफी जीती, जबकि आरसीबी अभी भी अपने पहले खिताब की तलाश में है।
नए कप्तानों के साथ मैदान में होगी दोनों टीमें
कोलकाता की कप्तानी इस सीजन अजिंक्य रहाणे को सौंपी गई है। टीम में आंद्रे रसेल, वेंकटेश अय्यर और रमनदीप सिंह जैसे ऑलराउंडर हैं, जबकि वरुण चक्रवर्ती, स्पेंसर जॉनसन, वैभव अरोड़ा और हर्षित राणा मजबूत गेंदबाजी आक्रमण का हिस्सा होंगे।
वहीं, बेंगलुरु ने इस सीजन रजत पाटीदार को कप्तानी सौंपी है। टीम में जोश हेजलवुड और भुवनेश्वर कुमार जैसे मैच विनर गेंदबाज हैं, लेकिन स्पिन विभाग में अनुभव की कमी है। क्रुणाल पांड्या टीम के प्रमुख स्पिनर होंगे।
KKR vs RCB हेड टू हेड रिकॉर्ड
दोनों टीमों के बीच अब तक 34 मैच खेले गए हैं, जिसमें केकेआर ने 20 और आरसीबी ने 14 मुकाबले जीते हैं। इनके बीच कोई भी मैच टाई या बिना नतीजे के समाप्त नहीं हुआ। पिछले 5 मुकाबलों में केकेआर का दबदबा रहा है, जहां उन्होंने 4 मैच जीते, जबकि आरसीबी सिर्फ 1 मैच जीत पाई।
ईडन गार्डन्स की पिच रिपोर्ट
ईडन गार्डन्स की पिच बल्लेबाजों के लिए अनुकूल मानी जाती है। हाल के मैचों में पहली पारी का औसत स्कोर 180-190 रहा है। हालांकि, हार्ड लेंथ पर गेंदबाजी करने वाले तेज गेंदबाजों और अनुशासित स्पिनरों को यहां सफलता मिलती है। इस पिच पर हाई स्कोरिंग मैच की उम्मीद है, लेकिन वरुण चक्रवर्ती और सुनील नरेन जैसे गेंदबाज असरदार साबित हो सकते हैं। इस मैदान पर सबसे बड़ा टीम स्कोर 262/2 है, जो पंजाब किंग्स ने पिछले साल कोलकाता के खिलाफ बनाया था। वहीं कम स्कोर का रिकॉर्ड रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु के नाम दर्ज है। 2017 के आईपीएल सीजन में आरसीबी की टीम कोलकाता नाइट राइडर्स के खिलाफ सिर्फ 9.4 ओवर में ही 49 रनों पर सिमट गई थी।
पहले बैटिंग करने वाली टीम का दबदबा
IPL इतिहास में ईडन गार्डन्स पर कुल 93 मैच खेले गए हैं, जिनमें से केवल 38 बार पहले बैटिंग करने वाली टीम विजयी रही है। यहां चेज करने वाली टीम को 55 बार जीत मिली है। पिछले 6 मैचों में भी यहां चार बार चेज करने वाली टीम को जीत मिली है। ईडन गार्डन्स पर KKR को होम एडवांटेज मिल रहा होगा, लेकिन टॉस भी इस भिड़ंत में बड़ा रोल अदा कर सकता है।
मौसम अपडेट: बारिश डाल सकती है खलल
एक्यूवेदर की रिपोर्ट के अनुसार, आज कोलकाता का मौसम खराब रह सकता है। कुछ इलाकों में सुबह रुक-रुक कर बारिश होने की संभावना है। पूरे दिन बादल छाए रहेंगे और बारिश की 74% संभावना जताई गई है। अगर बारिश हुई, तो फैंस को परेशानी हो सकती है क्योंकि शाम 6 बजे से ओपनिंग सेरेमनी आयोजित होनी है, जो 35 मिनट तक चलेगी। इसके बाद 7 बजे टॉस और 7:30 बजे मैच शुरू होगा।
KKR की संभावित प्लेइंग 11
सुनील नरेन, क्विंटन डी कॉक (विकेटकीपर), अजिंक्य रहाणे (कप्तान), वेंकटेश अय्यर, अंगकृष रघुवंशी, रिंकू सिंह, आंद्रे रसेल, रमनदीप सिंह, स्पेंसर जॉनसन, वैभव अरोड़ा, हर्षित राणा, वरुण चक्रवर्ती
RCB की संभावित प्लेइंग 11
फिल साल्ट, विराट कोहली, देवदत्त पडिक्कल, रजत पाटीदार (कप्तान), लियाम लिविंगस्टोन, जितेश शर्मा (विकेटकीपर), टिम डेविड, क्रुणाल पांड्या, भुवनेश्वर कुमार, जोश हेज़लवुड, यश दयाल, सुयश शर्मा/रसिख दार सलाम।