रायपुर। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय से आज यहाँ उनके निवास कार्यालय में बाल पर्यावरण मित्र और लिटिल योगा चैम्पियन आदित्य राजे सिंह ने सौजन्य मुलाकात की। मुख्यमंत्री ने आदित्य को आज उनके जन्मदिन के अवसर पर केक काटकर बधाई दी। मुख्यमंत्री ने योग और पर्यावरण के क्षेत्र में सबसे कम उम्र के पीएचडी धारक के रूप में छत्तीसगढ़ के आदित्य राजे का नाम गोल्डन बुक ऑफ़ वर्ल्ड रिकॉर्ड्स में दर्ज होने पर प्रमाण पत्र भी प्रदान किया और इस उपलब्धि की सराहना की। आदित्य ने इस खास मौके पर मुख्यमंत्री को पौधा भेंटकर उनका आशीर्वाद लिया।
मुख्यमंत्री को आदित्य ने पर्यावरण, योग, खेल, समाजिक विकास जैसे क्षेत्रों में किये जा रहे रचनात्मक कार्यों से अवगत कराया। मुख्यमंत्री श्री साय ने आदित्य को इतनी कम उम्र में इन उपलब्धियों पर शुभकामनाएँ देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
इस अवसर पर आदित्य के पिता अखिलेश सिंह ने मुख्यमंत्री से चर्चा में बताया कि नई दिल्ली स्थित कांस्टीट्यूशन क्लब ऑफ़ इण्डिया में पर्यावरण और योग के क्षेत्र में मैरीलैंड स्टेट युनिवर्सिटी, यूएसए द्वारा पीएचडी की मानद उपाधि से भी सम्मानित किया गया है। उन्होंने बताया कि आदित्य महज 5 वर्ष की उम्र से पर्यावरण, योग और जन-जागरूकता के क्षेत्र में कार्य कर रहे हैं। उन्हें राज्य और राष्ट्रीय स्तर पर विभिन्न पुरस्कारों से भी नवाजा गया है। आदित्य आयुष मंत्रालय द्वारा प्रमाणित योग स्वयं सेवक भी हैं। वे अपने कोडिंग कौशल के माध्यम से पर्यावरण संबंधित एप पर भी काम कर रहे हैं।
मुलाक़ात के दौरान संजय श्रीवास्तव, आदित्य के दादा कमला पति सिंह, माँ नम्रता सिंह, बहन आस्था सिंह, गोल्डन बुक ऑफ़ वल्ड रिकॉर्ड की प्रतिनिधि सोनल शर्मा भी मौजूद रहीं।
रायपुर। सांकेतिक भाषा बधिरों और सुनने वाले लोगों को जोड़ती है, समझ और सम्मान को बढ़ावा देती है। यह समानता, समावेश और सशक्तिकरण का एक पुल है, यह वक्तव्य मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित समाज कल्याण मंत्री लक्ष्मी राजवाड़े ने अंतर्राष्ट्रीय सांकेतिक भाषा दिवस के अवसर पर आयोजित कार्यक्रम में कही। उन्होंने कहा कि यह दिन दुनिया के बधिर और कम सुनने वाले समुदाय के लिए एक आवश्यक मानव अधिकार के रूप में सांकेतिक भाषाओं के महत्व के बारे में जागरूकता बढ़ाने के लिए समर्पित है। श्रीमती राजवाडे़ ने कहा कि हमें दिव्यांग और बधिरों को हेय दृष्टि से न देखकर उनके प्रति सम्मान का भाव रखना होगा। कार्यक्रम में मंत्री श्रीमती राजवाड़े ने विभिन्न दिव्यांगजनों को खेल एवं विभिन्न क्षेत्रों में किए गए उत्कृष्ट कार्यों के लिए स्मृति चिन्ह और एवं प्रमाण पत्र देकर सम्मानित किया।
छत्तीसगढ़ बधिर संघ के सहयोग से रायपुर जिला कार्यालय समाज कल्याण के द्वारा न्यू सर्किट हाउस सिविल लाइन में अंतर्राष्ट्रीय सांकेतिक भाषा दिवस का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में सांकेतिक भाषा के बारे में बताया गया कि सांकेतिक भाषा एक ऐसी भाषा है, जो अर्थ सूचित करने के लिए श्रवणीय ध्वनि पैटर्न में संप्रेषित करने के बजाय, दृश्य रूप में सांकेतिक पैटर्न संचारित करती है। जिसमें वक्ता के विचारों को धाराप्रवाह रूप से व्यक्त करने के लिए, हाथ के आकार, विन्यास और संचालन, बांहों या शरीर तथा चेहरे के हाव-भावों का एक साथ उपयोग किया जाता है।
कार्यक्रम में समाज कल्याण के संयुक्त संचालक नदीम काजी, समाज कल्याण विभाग रायपुर, शासकीय दिव्यांग महाविद्यालय के प्राचार्य शिखा वर्मा, शासकीय दृष्टि एवं श्रवण बाधितार्थ विद्यालय रायपुर के अधीक्षक जी सीता, शासकीय अस्थि बाधितार्थ बाल गृह रायपुर के अधीक्षक लक्ष्मी माला मेश्राम, शासकीय बहु विकलांग गृह रायपुर के अधीक्षक मनीषा पांडे, मानसिक रूप से अविकसित बाल गृह रायपुर के अधीक्षक राजेंद्र कुर्मी एवं छत्तीसगढ़ बधिर संघ के अध्यक्ष रमेश चंद्रा एवं सहयोगी दुष्यंत साहू सहित बधिर दिव्यांग जन उपस्थित थे।
रायपुर। प्रदेश के वाणिज्य, उद्योग और श्रम मंत्री लखन लाल देवांगन ने आज मंगलवार को कोरबा शहर के इमलीडुग्गू वार्ड में आयोजित विभिन्न विकास कार्यों का भूमिपूजन किया। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मंत्री श्री देवांगन ने कहा कि चुनाव में जनता का आशीर्वाद मिलने के बाद सबसे पहले डीएमएफ से सभी वार्डों के विकास कार्यों के लिए राशि स्वीकृत कराई गई। हर वार्ड में कार्य प्रारंभ किए जा रहे हैं। मंत्री श्री देवांगन ने कहा कि जिला खनिज न्यास मद से शहर और वार्डों की सूरत बदलने के लिए संकल्पित होकर कार्य किए जा रहे हैं।
पिछले कुछ वर्षों में जिस तरह वार्ड विकास कार्यों के लिए तरसे उसकी कमी जल्द से जल्द दूर की जा सके और लोगों को सड़क, समस्या समेत अन्य परिशानियों से निजात भी मिल सके। मंत्री श्री देवांगन ने कहा कि डीएमएफ के अलावा अन्य मद से भी शहर के विकास कार्यों के लिए राशि स्वीकृत कराई जा चुकी है। स्वीकृत कार्य भी जल्द प्रारंभ किए जा रहे हैं। मंत्री श्री देवांगन ने विकास कार्यों को निर्धारित समय सीमा और गुणवत्ता के साथ निर्माण करने करने के निर्देश दिए। मंत्री श्री देवांगन ने कहा कि हर वॉर्ड में 2 या फिर 3 कार्य स्वीकृत किए जा चुके हैं, संजय नगर रेलवे फाटक से अंडर ब्रिज, इंडोर स्टेडियम, स्विमिंग पूल समेत करोड़ों के कार्य भी जल्द प्रारंभ होंगे। इस अवसर पर सभापति श्याम सुन्दर सोनी ने कहा कि ये बहुत हर्ष की बात है कि मंत्री श्री देवांगन जनता से किए हर वादे को अक्षरशः तेज़ी से पूरा कर रहे हैं। इससे शहर के विकास में तेजी आई है।
इन विकास कार्यों की मंत्री ने रखी आधारशिला
वार्ड क्रमांक 01 सर्वमंगला पारा में शेड निर्माण कार्य लागत 5 लाख रूपए, वार्ड क्रमांक 08 इमलीडुग्गू में सीसी रोड एवं नाली निर्माण कार्य लागत 7 लाख रूपए, वार्ड क्रमांक 10 कुम्हार मोहल्ला और शनि मंदिर के पास सीसी रोड व नाली निर्माण कार्य लागत 6 लाख रूपए, वार्ड क्रमांक 11 पानी टंकी के पीछे नर्सरी नगर में बाउंड्रीवाल एवम् गार्डन का निर्माण कार्य लागत 5 लाख रूपए, वार्ड क्रमांक 12 अटल आवास शारदा विहार में सीसी रोड निर्माण कार्य लागत 5 लाख रूपए कुल 28 लाख रूपए के कार्यों का भूमिपूजन मंत्री श्री देवांगन ने किया।
इस अवसर पर सभापति श्याम सुंदर सोनी, जिला उपाध्यक्ष प्रफुल्ल तिवारी, कोरबा मंडल अध्यक्ष परविंदर सिंह, महामंत्री युगल कैवर्त, पार्षद धनश्री साहू, दीपा राठौर, पार्षद सुफल दास, सुजीत राठौर, राकेश नागरमल अग्रवाल आत्माराम गंधर्व, परमिला सागर, अजय साहू, पुरुषोत्तम शर्मा, सुरेश देवांगन सहित गणमान्य नागरिक उपस्थित थे।
रायपुर। उप मुख्यमंत्री अरुण साव आज बिलासपुर में 24वीं राज्य स्तरीय शालेय क्रीड़ा प्रतियोगिता के समापन समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। उन्होंने विजेता टीमों और खिलाड़ियों को ट्रॉफियां प्रदान कीं। बिलासपुर के पुलिस ग्राउंड में विगत 21 सितम्बर से राज्य स्तरीय शालेय क्रीड़ा प्रतियोगिता का आयोजन किया गया था। मुख्य अतिथि श्री साव ने खेल झंडा उतारकर प्रतियोगिता के समापन की घोषणा की। राज्य की पांचों संभागों की भागीदारी वाली इस प्रतियोगिता में बिलासपुर ओवरऑल चैंपियन रहा। बिल्हा के विधायक धरमलाल कौशिक, बेलतरा के विधायक सुशांत शुक्ला और बिलासपुर जिला पंचायत के अध्यक्ष अरुण सिंह चौहान भी विशिष्ट अतिथि के रूप में समापन समारोह में शामिल हुए।
उप मुख्यमंत्री अरुण साव ने कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कहा कि छत्तीसगढ़ में खेल प्रतिभाओं की कमी नहीं है। राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर अपनी पहचान बना सकने में सक्षम खिलाड़ी छत्तीसगढ़ में हैं। खिलाड़ी कभी हारता नहीं है… या तो वह जीतता है या सीखता है। हमारे प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ‘खेलो इंडिया’ के माध्यम से खेलों को प्रोत्साहित करने का काम कर रहे हैं। खेल के मैदान में पसीना बहाने से मान, सम्मान, धन, दौलत, शोहरत सब कुछ प्राप्त किया जा सकता है। उन्होंने स्कूली खिलाड़ियों से कहा कि आप आगे भी इसी तरह लगन के साथ खेलते रहें और अपना, अपने परिवार का, विद्यालय का और प्रदेश का नाम रोशन करें। हर परिस्थिति में जो डटा रहता है, अपने लक्ष्य को प्राप्त करने के लिए लगातार मेहनत करते रहता है, वही आगे जाकर उपलब्धि का परचम लहराता है।
राज्य स्तरीय शालेय क्रीड़ा प्रतियोगिता के समापन समारोह में विधायक धरमलाल कौशिक ने कहा कि छत्तीसगढ़ की पहचान “धान का कटोरा” के रूप में पहले से है। इसके बाद यदि किसी क्षेत्र में छत्तीसगढ़ की पहचान बने, तो हम चाहते हैं कि वह खेलों के क्षेत्र में बने। हमारे प्रदेश का नाम यदि राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर खेल के क्षेत्र में रोशन हो तो जरूरी है कि नींव मजबूत हो, और यह आयोजन उसी नींव को मजबूत करने की एक महत्वपूर्ण पहल है। पहले हमारे बड़े हमसे कहते थे कि पढ़ोगे-लिखोगे तो बनोगे नवाब, खेलोगे-कूदोगे तो होगे खराब। लेकिन अब आप पढ़कर नवाब तो बनेंगे ही, आप खेलकर नवाब और उससे आगे भी जा सकते हैं। समापन समारोह में खिलाड़ियों के सम्मान में स्कूली छात्राओं द्वारा शानदार सांस्कृतिक कार्यक्रम भी प्रस्तुत किए गए।
रायपुर। छत्तीसगढ़ राज्य ओपन स्कूल ने हाईस्कूल और हायर सेकंडरी सर्टिफिकेट परीक्षा अगस्त 2024 का परीक्षा परिणाम आज जारी कर दिया है. 12वीं में कुल 5926 परीक्षार्थी उत्तीर्ण हुए. परीक्षाफल 45.48 प्रतिशत रहा. वहीं 10वीं का परीक्षा परिणाम 27.65 प्रतिशत रहा. परीक्षार्थी अपना परीक्षा परिणाम www.results.cg.nic.in पर देख सकते हैं.
12वीं में कुल 15687 छात्रों का पंजीयन हुआ, जिसमें 14673 परीक्षार्थी परीक्षा में सम्मिलित हुए. 1642 छात्र RTD योजना अंतर्गत शामिल हुए. 2 परीक्षार्थियों का परीक्षाफल विभिन्न कारणों से रोका गया है. 13029 परीक्षार्थियों का परीक्षा परिणाम जारी किया गया. इसमें कुल 5926 परीक्षार्थी उत्तीर्ण हुए. परीक्षाफल 45.48 प्रतिशत रहा.
10वीं की परीक्षा में कुल 17039 छात्रों का पंजीयन हुआ, जिसमें 15603 परीक्षार्थी परीक्षा में सम्मिलित हुए. 10वीं में कुल 4315 परीक्षार्थी उत्तीर्ण हुए. परीक्षाफल प्रतिशत 27.65 रहा.
रायपुर। यूनाइटेड डॉक्टर्स फ्रंट एसोसिएशन सीजी (UDFACG) ने अपनी तीन सूत्रीय मांगों को लेकर स्वास्थ्य मंत्री श्यामबिहारी जायसवाल को ज्ञापन सौंपा है। इसमें NEET UG-PG में प्रवेश के दौरान ली जाने वाली संपत्ति बांड को हटाने की मांग की है।
UDFACG के डॉ. हीरा सिंह और डॉ. गंधर्व पांडे ने बताया रेगुलर डॉक्टर्स, जो पीजी पढ़ाई कर रहे उनको 3 वर्ष का सवैतनिक अध्ययन अवकाश दिया जाए। उन्होंने कहा कि पीजी रेसिडेंट की 24 घंटे ड्यूटी बाद अवकाश दिया जाए। साथ ही सप्ताह में कम से कम एक अवकाश दिए जाने की मांग भी की है।
मांग पत्र में यह कहा गया है कि बांडेड डॉक्टर्स, जो पीजी पढ़ाई के लिए एडमिशन ले रहे हैं उनको NOC के लिए 25 लाख रुपए की प्रॉपर्टी शासन के अधीन रखने का प्रावधान है उस नियम को हटाया जाए।
रायपुर। उत्तरपुस्तिकाओं की जांच के नाम पर 10वीं-12वीं के विद्यार्थियों के भविष्य से खिलवाड़ किया गया है. कक्षा दसवीं एवं बारहवीं में लगभग 6 लाख से ज्यादा विद्यार्थियों ने परीक्षा दी थी. अब पुनर्मूल्यांकन के रिजल्ट ने सवाल खड़ा कर दिया है. इस मामले में 100 से ज्यादा शिक्षकों को ब्लैक लिस्ट कर वेतनवृद्धि रोकने शासन को प्रस्ताव भेजा गया है।
माध्यमिक शिक्षा मंडल के सचिव पुष्पा साहू ने बताया, 57 शिक्षकों को ब्लैक लिस्ट कर वेतन वृद्धि रोकी जाएगी. 20-40 अंक बढ़ने पर 48 व्याख्याताओं को ब्लैकलिस्ट किया जाएगा. 41-49 अंक बढ़ने पर 6 व्याख्याताओं को पांच वर्ष के लिए ब्लैकलिस्ट के साथ वेतन वृद्धि रोकने की कार्रवाई की जाएगी. 50 या उससे अधिक अंक बढ़ने पर पांच साल के लिए ब्लैकलिस्ट और एक वेतनवृद्धि रोकने का प्रस्ताव शासन को भेजा गया है. उन्होंने बताया कि अंक बढ़ोतरी के हिसाब से कार्रवाई करने के लिए नियम बनाया गया है. इसी नियम के तहत कार्रवाई के लिए पत्र भेजा गया है.
बारहवीं बोर्ड परीक्षा में उत्तरपुस्तिका जांचकर्ताओं की गम्भीर लापरवाही सामने आई है. पैसा कमाने की रेस ने उत्तर पुस्तिका जांचकर्ताओं ने विद्यार्थियों के भविष्य से खिलवाड़ किया है. पुनर्मूल्यांकन में 10-50 से भी अधिक अंक बढ़े हैं. अब इस पर सवाल उठ रहे कि बोर्ड ने व्याख्याताओं से जांच कराया था या चपरासी से ? 12वीं कक्षा के मामले में माध्यमिक शिक्षा मंडल के सचिव पुष्पा साहू ने बताया, 68 शिक्षकों को ब्लैक लिस्ट कर वेतन वृद्धि रोकी जाएगी. 20-40 अंक बढ़ने पर 61 व्याख्याताओं को ब्लैकलिस्ट करने के साथ ही वेतन वृद्धि रोका जाएगा. 41-49 अंक बढ़ने पर 3 व्याख्याताओं को पांच वर्ष के लिए ब्लैकलिस्ट के साथ वेतन वृद्धि रोकने की कार्रवाई की जाएगी. 50 या उससे अधिक अंक बढ़ने पर 5 साल के लिए ब्लैकलिस्ट और एक वेतनवृद्धि रोकने का प्रस्ताव भेजा गया है.
रायपुर। नवरात्रि का महापर्व आने वाला है, इस अवसर पर छत्तीसगढ़ के प्रमुख मंदिरों में शुद्ध देवभोग घी की आपूर्ति सुनिश्चित करने के विशेष आदेश जारी किया गया है. यह आदेश छत्तीसगढ़ पशुधन विकास विभाग ने जारी किया है, जिसके अनुसार नवरात्रि के दौरान ज्योति प्रज्ज्वलन और प्रसाद निर्माण में राज्य के पशुपालकों से प्राप्त दूध से निर्मित शुद्ध देवभोग घी का उपयोग किया जाएगा.
जारी आदेश के मुताबिक, छत्तीसगढ़ राज्य सहकारी दुग्ध महासंघ मर्यादित प्रदेश में सहकारिता आधारित दुग्ध व्यवसाय में संलग्न शीर्ष संस्थान है, जो प्रदेश में लगभग 700 दुग्ध सहकारी समितियों से सम्बद्ध 30,000 से अधिक पशुपालक परिवारों से प्रतिदिन सुबह और शाम दुग्ध का संकलन कर FSSAI मानकों के अनुरूप निर्मित और विटामिन “ए” एवं “डी” फोर्टीफाईड दूध और दुग्ध पदार्थ उपभोक्ताओं को उपलब्ध कराता है.
छत्तीसगढ़ राज्य सहकारी दुग्ध महासंघ मर्यादित द्वारा उत्पादित “देवनोग” गुणवत्ता युक्त दूध और दुग्ध पदार्थ अपने जिले के प्रतिष्ठित शक्तिपीठों में आगामी शारदीय नवरात्र महापर्व में ज्योति प्रज्जवलन और प्रसाद निर्माण के लिए प्रदेश के दुग्ध उत्पादकों से प्राप्त दूध से निर्मित शुद्ध देवभोग घी के उपयोग को प्रोत्साहित किया जाना है. इसके लिए घी की मांग और क्रय आदेश प्रबंधक (विपणन) के मोबाइल नंबर 9826140749 में प्रेषित कर सकते है.
वर्तमान में 16 किग्रा शुद्ध मात्रा (16.48 लीटर) के जार पैक की दर रुपये 9,030 प्रति जार 12% GST सहित शक्ति पीठ तक पहुंचाकर प्रदाय करने की दर स्वीकृत है.
राजनांदगांव। देश के प्रसिद्ध तिरुपति बालाजी मंदिर में मिलने वाले प्रसादम लड्डू को लेकर हिंदू धार्मिक आस्था को ठेस पहुंचाने को लेकर बवाल मचा हुआ है. इस बीच अब छत्तीसगढ़ के प्रमुख मंदिरों में भी प्रसाद की गुणवत्ता की जांच की जाएगी. खाद्य सुरक्षा विभाग ने इस संबंध में आदेश जारी किए हैं, जिसके तहत राजनांदगांव जिले के डोंगरगढ़ स्थित मां बम्लेश्वरी मंदिर, पाताल भैरवी मंदिर सहित अन्य मंदिरों में श्रद्धालुओं को दिए जाने वाले प्रसाद की गुणवत्ता की जांच की जाएगी. खाद्य एवं औषधि प्रशासन विभाग ने आदेश जारी कर इसकी जानकारी दी है.
जिला खाद्य एवं सुरक्षा अधिकारी डोमेन ध्रुव ने बताया कि जिले में स्थित प्रमुख मंदिरों के प्रसाद की अब जांच होगी. इसका सैंपल लेकर टेस्ट किया जाएगा. प्रसाद किस खाद्य सामग्री से बनाया जा रहा है, उसका भी सैंपल लिया जाएगा. अधिकारी डोमेन ध्रुव ने बताया कि राजनांदगांव स्थित मां पाताल भैरवी मंदिर, डोंगरगढ़ स्थित मां बम्लेश्वरी मंदिर, श्रृंगारपुर स्थित बालाजी मंदिर समेत प्रमुख मंदिरों से प्रसाद का सैंपल लिया जाएगा. उन्होंने बताया कि राज्य सरकार ने एक आदेश जारी किया है, जिसमें प्रसाद में देवभोग (सरकारी डेयरी) के दूध का उपयोग करने की सलाह दी गई है.
गौरतलब है कि आंध्र प्रदेश के विश्व प्रसिद्ध तिरुपति मंदिर में वटेश्वर भगवान को चढ़ाने वाले प्रसाद में मछली का तेल और जानवर के चर्बी के मिलावट होने के खबर के बाद देश भर में हड़कंप मच गया है. कई संगठनों ने इसे हिंदुओ की आस्था के साथ खिलवाड़ बताया है तथा दोषियों को कड़ी सजा देने की मांग की गई है.
रायपुर। भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जगत प्रकाश नड्डा 26 सितंबर को छत्तीसगढ़ के दौरे पर आएंगे। छत्तीसगढ़ प्रवास के दौरान जेपी नड्डा सदस्यता अभियान को लेकर बड़ी बैठक लेंगे।
भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नड्डा संगठनात्मक बैठक लेंगे और सरकार के कामकाज की समीक्षा करेंगे। इसके साथ ही वे भाजपा मुख्यालय कुशाभाऊ ठाकरे में लगी स्मृति प्रतिमाओं का अनावरण करेंगे। राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा के साथ छत्तीसगढ़ प्रभारी नितिन नबीन भी राजधानी रायपुर आएंगे। यात्रा के दौरान संगठन को मजबूत करने और आगामी निकाय चुनाव तैयारियों पर विशेष ध्यान दिया जाएगा।
रायपुर। रायपुर सांसद बृजमोहन अग्रवाल ने मंगलवार को श्री राम लला दर्शन योजना के तहत श्रीराम जन्मभूमि मंदिर अयोध्या धाम जा रहे श्रद्धालुओं की स्पेशल ट्रेन ‘भारत गौरव’ को रायपुर रेलवे स्टेशन से हरी झंडी दिखाकर रवाना किया।
इस अवसर पर उन्होंने कहा कि, ट्रेन में रायपुर संभाग के 850 देवतुल्य भक्तों को अयोध्या जाने का सौभाग्य प्राप्त हुआ है, इस पहल से श्रद्धालुओं को भगवान श्रीराम के दर्शन करने का एक अद्वितीय अवसर प्राप्त होगा। जो हमारी सांस्कृतिक धरोहर को और भी सुदृढ़ करेगी।
इसके साथ ही श्रद्धालु वाराणसी में बाबा काशी विश्वनाथ के दर्शन भी कर सकेंगे। उन्होंने यह भी कहा कि, भाजपा सरकार अपने वादों को पूरा करती है इसलिए जनता उसपर विश्वास करती है। श्रद्धालुओं में भी इस यात्रा को लेकर काफी उत्साह देखा गया। इस दौरान जय श्री राम के नारों से रायपुर स्टेशन राममय हो गया। कार्यक्रम में मंत्री टंक राम वर्मा, मंत्री दयाल दास बघेल, विधायक अनुज शर्मा, इंद्र कुमार साहू समेत रेल और पर्यटन विभाग के अधिकारी उपस्थित रहे।
रायपुर। ग्रामीण क्षेत्रों में महिलाएं लोगों तक बैकिंग सुविधाएं पहुंचाने में बैंक सखी के रूप में महत्वपूर्ण भूमिका अदा कर रहीं हैं। पहले छोटे-छोटे कार्यों के लिए लोगों को बैंक जाना पड़ता था, आज बैंक स्वयं उठकर उनके घर पहुंच रहे हैं। बैंक सखियां आज ग्रामीणों की सेवा का काम कर रहीं हैं, और साथ ही स्वयं भी आर्थिक रूप से सशक्त बन रही हैं। इनके द्वारा ग्रामों में वृद्धा पेंशन, दिव्यांग पेंशन, नरेगा मजदूरी भुगतान, स्व सहायता समूह की राशि का लेनदेन एवं अन्य बैंकिंग कार्य किए जाते हैं। इसके साथ ही बैंक खाते खोलने का भी कार्य ये महिलाएं कर रहीं हैं।
सरगुजा जिले के 7 जनपद पंचायतों में 87 बीसी सखी कार्यरत हैं, जिनके द्वारा ग्रामीणों के घर-घर तक बैंकिंग सुविधाएं उपलब्ध कराई जा रहीं है। सीतापुर के 06 ग्राम पंचायतों बनेया, हरदीसाढ़, बेलगांव, उलकिया, सुर, लीचिरमा में बैंक सखी का कार्य कर रहीं ग्राम पंचायत बनेया की रीमा गुप्ता ने विगत छः वर्षों में 20.83 करोड़ रुपए से अधिक की राशि का लेनदेन किया है। जिससे 13 हजार से अधिक हितग्राही लाभान्वित हुए हैं। रीमा बताती हैं कि मैंने स्नातक तक पढ़ाई की है। मेरे पिताजी ने खेती-बाड़ी करके हम 5 बहनों को शिक्षित किया। जब गांव में स्वसहायता समूह का गठन हुआ, तो मुझे भी उसमें सदस्य बनने की इच्छा हुई और मुझे समूह का सचिव बनाया गया। इसके बाद मैंने ग्राम संगठन में सहायिका, फिर संकुल में लेखापाल के रूप में कार्य किया। इसके बाद एनआरएलएम से जुड़े यंग प्रोफेशनल के द्वारा मुझे बैंक सखी के बारे में बताया गया, इस कार्य के लिए मुझे काफी उत्सुकता हुई। हमें प्रशिक्षण के लिए रायपुर भेजा गया, जिसके बाद आज मैं छत्तीसगढ़ राज्य ग्रामीण बैंक की बीसी सखी बनकर कार्य कर रहीं हूं। बीसी सखी के रूप में कार्य करके मैं आर्थिक रूप से सशक्त तो हुई हूं, इसके साथ ही लोगों की सहायता करके मुझे सुकून भी मिलता है। उन्होंने बताया कि उनके पति खेती-बाड़ी करते हैं और साथ में घर में ही कराना दुकान संचालन से भी आय होती है। रीमा ने बताया कि उन्होंने कियोस्क के माध्यम से ग्रामीणों को खाता खोलने, पैसा जमा करने एवं निकासी, प्रधानमंत्री जीवन ज्योति एवं सुरक्षा बीमा योजनाओं सहित अन्य का लाभ पहुँचाया है। उन्होंने कियोस्क के माध्यम से अब तक 406 ग्रामीणों के जनधन खाते खोले हैं। वहीं बीमा योजनाओं से भी हितग्राहियों को जोड़ा है, जिसमें प्रधानमंत्री सुरक्षा बीमा योजना 585, प्रधानमंत्री जीवन ज्योति बीमा योजना 295, अटल पेंशन योजना 299, एलआईसी 45 हुए हैं। रीमा ने बताया कि उन्हें बैंक सखी के रूप में प्रतिमाह 8 से 9 हजार रुपए तक की आय प्राप्त हो जाता हैै।
रायपुर। प्रधानमंत्री जनमन योजना के तहत् विशेष पिछड़ी जनजाति परिवार के लोगों को अपने खुद के पक्के मकान का सपना पूरा करने में मदद मिली है। बलरामपुर जिले में विशेष पिछड़ी जनजाति समुदाय के लोग बड़ी संख्या में निवासरत है। उनका भी सपना है कि खुद के पक्के मकान में अपने परिवार के साथ निश्चिंत होकर जीवन-यापन करें। अपने सपने को पूरा करने के लिये व्यक्ति जी जान से मेहनत करता है। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय की पहल और प्रशासन के माध्यम से पीवीटीजी समुदाय में उनके घरों तक योजनाएं पहुंचायी जा रही है।
पीएम जनमन योजना के तहत वर्ष 2023-24 में जनपद पंचायत राजपुर के ग्राम पंचायत अलखडीहा निवासी पहाड़ी कोरवा श्रीमती आशा को प्रधानमंत्री आवास स्वीकृत हुई है। श्रीमती आशा की किस्मत रंग लाई जब उन्हें पक्के आवास की स्वीकृति मिली और अब उसे प्रधानमंत्री आवास योजना से खुद का पक्का घर मिल गया है। पक्का घर पाकर वे बेहद प्रसन्न हैं। उन्होंने पुराने दिनों की कठिनाइयों को याद करते हुए बताया कि पहले कच्चे मकान में रहना काफी तकलीफदायक था। मौसम के अनुसार विभिन्न परेशानियों का सामना करना पड़ता था, कभी छत टपकती थी तो कभी ठंड से रात भर नींद पूरी नहीं होती थी। अब पक्का मकान मिलने से उनकी ये समस्याएं दूर हो गई हैं। उन्होंने बताया कि महतारी वंदन योजना के तहत् प्रतिमाह 1 हजार रुपए भी मिलता है। श्रीमती आशा ने जनकल्याणकारी योजनाओं के क्रियान्वयन और लाभ पहुंचाने के लिए देश के यशस्वी प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और प्रदेश के मुख्यमंत्री विष्णु देव साय का आभार व्यक्त किया।
रायपुर। लोको रनिंग स्टाफ ने अपनी 15 सूत्रीय मांगों को लेकर एक दिवसीय देशव्यापी धरना-प्रदर्शन का आह्वान किया था. इस कड़ी में रायपुर में डीआरएम कार्यालय के सामने मंडल के लोको रनिंग स्टाफ ने धरना दिया. धरना-प्रदर्शन के बाद डीआरएम को ज्ञापन सौंपा. इसके साथ ही मांगों के पूरा होने तक आंदोलन करते रहने और 18 अक्टूबर को रेल रोकने की चेतावनी दी.
रायपुर डिवीजनल अध्यक्ष आरके विश्वकर्मा ने बताया कि आल इंडिया लोको रनिंग स्टाफ एसोसिएशन लोको रनिंग स्टाफ की विभिन्न लंबित समस्याओं को लेकर आज एक दिवसीय प्रदर्शन किया जा रहा है. लोको रनिंग कर्मचारी रेलवे की रीढ़ है, लेकिन कुछ दिनों से वर्किंग को लेकर दबाव बढ़ता जा रहा है, जो कि संरक्षा और सुरक्षा की दृष्टि से कर्मचारी एवं रेलवे के हित में नहीं है. हमने अपनी मांगों को लेकर ज्ञापन सौंपा है, जल्द मांगें पूरी नहीं हुई तो निरंतर आंदोलन करेंगे, और 18 अक्टूबर को हम रेल भी रोक सकते हैं.
रायपुर डिवीजनल सेक्रेटरी केपी हिरवानी ने बताया कि लोको पायलट को तैयार करने में 8 से 10 साल का वक्त लगता है. लेकिन समय होने के बाद भी हमसे काम करवाया जाता है. गाड़ी चलाने में भी कई प्रकार की समस्याएं होती हैं. इन्हीं समस्याओं को लेकर आज एक दिवसीय प्रदर्शन किया जा रहा है. रायपुर डीआरएम ऑफिस के सामने प्रदर्शन के अलावा बिलासपुर, नागपुर के अलावा देश के अलग-अलग हिस्सों में यह धरना दिया जा रहा है. अगर मांगे पूरी नहीं होंगी तो हम रेल बंद कर कर आंदोलन करने को मजबूर हो जाएंगे.
रायपुर। साहित्य एक शक्तिशाली माध्यम है जो छत्तीसगढ़ के गौरवशाली इतिहास, समृद्ध संस्कृति, और परंपराओं को सजीव रूप में प्रस्तुत करने का कार्य करता है। यह विचार रायपुर सांसद बृजमोहन अग्रवाल ने प्रांतीय छत्तीसगढ़ी साहित्य समिति के रजत जयंती अवसर पर आयोजित “25वें छत्तीसगढ़ी साहित्य सम्मेलन” के दौरान कहीं।
उन्होंने यह भी कहा कि, साहित्य वह सेतु है जो अतीत और वर्तमान को जोड़कर हमारी सांस्कृतिक पहचान को सहेजने में मदद करता है।
उन्होंने लोक साहित्य, कविता, कहानियाँ, और नाट्यकला के माध्यम से छत्तीसगढ़ की सांस्कृतिक धरोहर, आदिवासी जीवन, प्राकृतिक सौंदर्य और संघर्षशीलता को समाज के विभिन्न वर्गों तक पहुंचने पर जोर दिया। साथ ही कहा कि, साहित्यकारों को राज्य के सभी 33 जिलों के पर्यटन, संस्कृति, सभ्यता,तीज तिहार, परंपरा की जानकारी को संग्रहित कर जिला स्तर पर पुस्तक का प्रकाशन कराना चाहिए। छत्तीसगढ़ी साहित्यकारों को संपूर्ण छत्तीसगढ़ की कल्पना करनी पड़ेगी और छत्तीसगढ़ी के सहयोगी भाषा को लेकर चलना होगा। आज की नई टेक्नोलॉजी में छत्तीसगढ़ी के लेखकों को सोशल मीडिया जैसे ट्विटर , फेसबुक, व्हाट्सएप इंस्टाग्राम पर भी सक्रिय होकर अपनी बातों को छत्तीसगढ़ी में रखना होगा। देश दुनिया में कैसे पहचान बने इसकी विशेषता बतानी होगी, इसके लिए साहित्यकारों को जवाबदारी निभानी होगी।
वृंदावन सभागार में आयोजित सम्मेलन में 3 सत्र में कार्यक्रम का आयोजन हुआ। प्रथम सत्र में सरस्वती वंदना के पश्चात “छत्तीसगढ़ी वाचिक परंपरा- बोली से भाषा तक” विषय पर विचार गोष्ठी हुई । यह रजत जयंती समारोह संस्थापक अध्यक्ष स्वर्गीय सुशील यदु की पुण्यतिथि के अवसर पर किया गया जिसके दूसरे सत्र में मुख्य अतिथि के रूप में बृजमोहन अग्रवाल सांसद रायपुर लोकसभा रहे वहीं कार्यक्रम की अध्यक्षता राजश्री डॉ. महंत रामसुंदर दास पीठाधीश्वर श्री दूधाधारी मठ, विशेष अतिथि डॉ. अभिलाषा बेहार सचिव राजभाषा आयोग रहीं। इस अवसर पर सुरता सुशील यदु के रूप में स्मारिका का विमोचन हुआ साथ ही डॉ राजेश कुमार मानस की दो पुस्तक अंतस के पीरा और जिंदगी के रंग, शकुंतला तरार के सात लर के करधन, डॉक्टर कमल वर्मा की कमल पुष्पांजलि, डॉक्टर जय भारती चंद्राकर की सुवा के गोठ, अशोक पटेल की दो पुस्तक व गजपति राम की पुस्तक का विमोचन हुआ। छत्तीसगढ़ी भाषा साहित्य संस्कृति के लिए जीवन समर्पित करने वाले स्वर्गवासी साहित्यकार की याद में वरिष्ठ साहित्यकार व कलाकार को सम्मान दिया गया जिसमें हरि ठाकुर सम्मान डॉक्टर के आर सोनी रायपुर, सुशील यदु सम्मान चमेली नेताम बस्तर, डॉ. बलदेव साव सम्मान यशवंत धोटे रायपुर, केयूर भूषण सम्मान डॉ.आशीष नायक धमतरी, लक्ष्मण मस्तुरिया सम्मान सनत तिवारी बिलासपुर, नारायण लाल परमार सम्मान बलदेव राम साहू दुर्ग, मिथलेश साहू सम्मान डॉ जगदीश कुलदीप चकरभाठा, हेमनाथ यदु स्मृति सम्मान ताम्रध्वज वर्मा खैरागढ़, राकेश सोनी स्मृति सम्मान ओम त्रिपाठी, शिवकुमार यदु शिकुम स्मृति सम्मान डॉक्टर पुरुषोत्तम चंद्राकार रायपुर, पंडित अमृतलाल दुबे स्मृति सम्मान बुधराम यादव बिलासपुर को दिया गया साहित्य वह कला सम्मान डॉ सरोज साहू पिथौरा, डॉ अग्रसेन कन्नौजे बिल्हा, डाॅ रामनारायण धुर्वे मुंगेली, ईश्वर साहू बंधी, भोजराज धनगर रायपुर को दिया गया द्वितीय सत्र का संचालन अध्यक्ष कान्हा कौशिक व केशव साहू द्वारा किया गया आभार प्रदर्शन डॉ. राघवेंद्र दुबे द्वारा किया गया।
प्रथम सत्र के मुख्य अतिथि डॉ विनय कुमार पाठक, कुलपति गोपालगंज बिहार, अध्यक्षता डॉ जे आर सोनी, संरक्षक व पूर्व अध्यक्ष छत्तीसगढ़ी साहित्य समिति, विशेष अतिथि के रूप में वरिष्ठ साहित्यकार डॉ परदेसी राम वर्मा व डॉ विनोद वर्मा रहे। वक्ताओं में प्रमुख रूप से डॉ. सुखदेव राम साहू सरस रायपुर, बलदेव राम साहू भिलाई, प्रोफेसर डॉक्टर चंद्रशेखर सिंह ने अपने सारगर्भित विचार प्रस्तुत किया। सत्र संचालन डॉ. राजेश कुमार मानस महासचिव ने किया आभार प्रदर्शन शकुंतला तरार उपाध्यक्ष ने किया। तृतीय सत्र में कवि सम्मेलन पहुना का आयोजन किया गया, जिसमें प्रदेश से आए कवि शामिल हुए। सत्र का संचालन रामानंद त्रिपाठी और अजय साहू अमृतांशु ने किया।
रायपुर। उप मुख्यमंत्री अरुण साव ने आज रायपुर के सिविल लाइन स्थित अपने निवास कार्यालय में 'स्वच्छता ही सेवा' पखवाड़ा के थीम सांग को लॉन्च किया। इस गाने में 'स्वच्छता परमो धर्म:' को रेखांकित करते हुए लोगों को 'स्वच्छता ही सेवा' पखवाड़ा में जनभागीदारी बढ़ाने के लिए प्रेरित किया गया है।
उप मुख्यमंत्री अरुण साव ने थीम सांग को लॉन्च करते हुए कहा कि शहरों को स्वच्छ और सुंदर बनाने राज्य के सभी नगरीय निकायों में 17 सितम्बर से 2 अक्टूबर तक 'स्वभाव स्वच्छता-संस्कार स्वच्छता' की थीम पर स्वच्छता पखवाड़ा का आयोजन किया गया है। हमारे देश की परंपरा में स्वच्छता का हमेशा से ही संस्कार रहा है। 'स्वच्छता परमो धर्म:' के ध्येय को आगे रखकर हम पूरे प्रदेश में अभियान चला रहे हैं। 'स्वच्छता ही सेवा' पखवाड़ा के दौरान सभी नगरीय निकायों में लोगों को स्वच्छता के प्रति जागरुक और प्रेरित करने तथा साफ-सफाई के कार्यों में जनभागीदारी बढ़ाने अलग-अलग तरह की गतिविधियां संचालित की जा रही हैं।
रायपुर। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के पहल पर शुरू की गई श्री रामलला दर्शन योजना के तहत चलाई जा रही विशेष ट्रेन आज रायपुर रेल्वे स्टेशन के प्लेटफार्म नंबर-07 से रवाना हुई। राजस्व मंत्री टंक राम वर्मा ने हरी झंडी दिखाकर ट्रेन को रवाना किया। इस विशेष ट्रेन से 850 श्रद्धालुओं का जत्था अयोध्या धाम के लिए रवाना हुआ। इस यात्रा से श्रद्धालुओं में भारी उत्साह है। श्रद्धालुगण भगवान राम का जय-जयकार करते हुए अयोध्या धाम के लिए निकल चुके हैं। ट्रेन में श्रद्धालु भजन-कीर्तन करते हुए भक्तिमय माहौल में श्री रामलला के दर्शन को जा रहे है।
इस दौरान खाद्य मंत्री दयाल दास बघेल, सांसद बृजमोहन अग्रवाल, विधायक अनुज शर्मा, इंद्र कुमार साहू, गजेन्द्र यादव, प्रबंध संचालक छत्तीसगढ़ टूरिज्म बोर्ड विवेक आचार्या, सीईओ जिला पंचायत रायपुर, रेल्वे एवं पर्यटन के अधिकारी-कर्मचारी सहित जनप्रतिनिधिगण उपस्थित रहे।
रामलला दर्शन के लिए जाने वाले दर्शनार्थियों ने कहा कि मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने श्री रामलला दर्शन के लिए योजना की शुरूआत की है। इसके लिए मुख्यमंत्री का बहुत-बहुत धन्यवाद। अयोध्या के दर्शन हम जैसे लोगों के लिए असंभव था, लेकिन मुख्यमंत्री की पहल पर आज हमें अयोध्या में श्री रामलला के दर्शन संभव हुआ है। आज अयोध्या के लिए रवाना हो रहे है और हमें बहुत खुशी हो रही है। अयोध्या में श्री रामलला के भव्य और सुंदर मंदिर बनाए गए है। श्री रामलला के दर्शन के लिए यात्रा से बहुत खुशी हो रही है। यात्रा के दौरान हम सभी को काशी विश्वनाथ जी के दर्शन का लाभ भी प्राप्त होगा। यात्रा को लेकर यात्रियों में उत्साह का माहौल देखा गया।
आज 24 सितबर को रायपुर संभाग के समस्त जिला के 850 यात्रियों को लेकर रायपुर रेल्वे स्टेशन से अयोध्या धाम के लिए रवाना हुई। यात्रा दौरान यात्रियों को वाराणसी में काशी विश्वनाथ के दर्शन का लाभ भी मिलेगा।
रायपुर। आयुष्मान पखवाड़े के अंतर्गत स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण विभाग बिलासपुर द्वारा कार्यशाला का आयोजन किया गया। कार्यशाला में आयुष्मान योजना के विषय में जानकारी दी गई व आयुष्मान कार्ड बनाने का प्रशिक्षण भी दिया गया। आयुष्मान पखवाड़े के तहत जिले में शत-प्रतिशत आयुष्मान कार्ड बनाने का लक्ष्य रखा गया है।
20 से 30 सितम्बर तक चलाए जा रहे आयुष्मान पखवाड़े के तहत विभिन्न गतिविधियों के माध्यम से हितग्राहियों का आयुष्मान कार्ड पंजीयन कराया जा रहा है। इसी क्रम में स्कूली छात्रों का आयुष्मान कार्ड बनाने के लिए निगम शिक्षकों को आयुष्मान योजना के नोडल अधिकारी डॉ. अनिल श्रीवास्तव द्वारा जानकारी दी गई और आयुष्मान कार्ड बनाने के लिए प्रशिक्षित किया गया। संजीवनी अस्पताल के सभागार में आयोजित कार्यशाला में आयुष्मान भारत योजना की जिला स्तरीय टीम द्वारा विभिन्न सत्र के माध्यम से कार्ड बनाने की प्रक्रिया की जानकारी दी गई। पखवाड़े के तहत रैली का आयोजन कर योजना के संबंध में लोगों को जागरूक किया गया।
सीएमएचओ डॉ. प्रभात श्रीवास्तव ने बताया कि पखवाड़े के तहत आपके द्वार आयुष्मान अभियान, आयुष्मान चौपाल, आयुष्मान भारत स्वास्थ्य जांच शिविर, आयुष्मान भारत साईकिल, बाईक रैली का आयोजन कर योजना के विषय में जागरूकता व पंजीयन का कार्य किया जा रहा है। आयुष्मान कार्ड का पंजीयन एप के माध्यम से हितग्राही स्वयं भी कर सकते हैं। प्ले स्टोर से आयुष्मान एप व आधार फेस आरडी एप डाउनलोड कर आवश्यक जानकारी देकर स्वयं कार्ड बनाया जा सकता है। इसके लिए आवश्यक दस्तावेज राशनकार्ड व आधार कार्ड है। ग्रामीण क्षेत्रों के निवासी पीएचसी, सीएचसी में जाकर आयुष्मान कार्ड के लिए अपना पंजीयन करा सकते हैं।
उल्लेखनीय है कि जिले में अब तक 50 हजार 857 हितग्राहियों ने शासकीय व 33 हजार 166 ने निजी अस्पतालों में आयुष्मान कार्ड का उपयोग कर स्वास्थ्य लाभ प्राप्त किया है।