प्रदेश / छत्तीसगढ़
छत्तीसगढ़ विधान सभा सचिवालय में सहायक मार्शल पदों की लिखित परीक्षा 6 अक्टूबर को
रायपुर। छत्तीसगढ़ विधान सभा सचिवालय के अंतर्गत सहायक मार्शल पदों की भर्ती के लिए लिखित परीक्षा का आयोजन 6 अक्टूबर 2024 को किया जाएगा। छत्तीसगढ़ व्यावसायिक परीक्षा मंडल (व्यापम) द्वारा इस परीक्षा का संचालन किया जाएगा। यह परीक्षा सुबह 10 बजे से दोपहर 12.45 बजे तक होगी।
सहायक मार्शल पद हेतु छत्तीसगढ़ विधान सभा सचिवालय के वेबसाईट पर पहले ही ऑनलाइन आवेदन जमा किया गया था, जिसमें विभागीय शारीरिक नाप-जोख एवं दक्षता परीक्षण उपरांत पात्र अभ्यर्थियों को अब व्यापम की वेबसाइट पर जाकर पंजीयन करना होगा। पंजीयन प्रक्रिया 9 सितंबर 2024 से शुरू हुई और 22 सितंबर 2024 तक चलेगी। इसके साथ ही, अभ्यर्थियों को अपने परीक्षा जिले का चयन करना अनिवार्य होगा।
नियंत्रक छत्तीसगढ़ व्यावसायिक शिक्षा मंडल द्वारा प्राप्त जानकारी के अनुसार व्यापम पंजीयन नंबर व परीक्षा जिला के चयन के आधार पर ही लिखित परीक्षा हेतु अभ्यर्थी को 30 सितंबर 2024 को प्रवेश पत्र जारी किया जायेगा, जिस अभ्यर्थी द्वारा छत्तीसगढ़ व्यापम के वेबसाइट में पंजीयन नहीं किया जायेगा। उन्हें संचालक, छत्तीसगढ़ विधान सभा सचिवालय के निर्देशानुसार लिखित परीक्षा से वंचित माना जायेगा व जिसकी संपूर्ण जिम्मेदारी अभ्यर्थी के स्वयं की होगी तथा इस सम्बंध में कोई पत्राचार स्वीकार नहीं किया जाएगा। अभ्यर्थी द्वारा पूर्व में जमा किये गये ऑनलाइन आवेदन पत्र में किसी भी तरह का सुधार या संशोधन किये जाने की अनुमति नहीं होगी।
सांसद बृजमोहन अग्रवाल की पहल पर 23वें तीर्थंकर श्री पार्श्वनाथ भगवान पर जारी होगा स्मारक डाक टिकट
रायपुर। भाजपा सांसद एवं पूर्व मंत्री बृजमोहन अग्रवाल के अनुरोध पर केंद्रीय संचार एवं उत्तर पूर्वी क्षेत्र विकास मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया ने जानकारी दी है कि पारसनाथ भगवान के 2900वें जन्मोत्सव और 2800वें निर्वाणोत्सव उत्सव वर्ष के अवसर पर भारत सरकार द्वारा स्मारक डाक टिकट जारी किया जाएगा।

श्री सिंधिया ने सांसद बृजमोहन अग्रवाल को पत्र लिखकर जानकारी दी है कि विभाग ने उनके प्रस्ताव को स्वीकार कर लिया है और शीघ्र ही 23वें तीर्थकर श्री पार्श्वनाथ भगवान का डाक टिकट जारी किया जाएगा।
प्रधानमंत्री मोदी के आह्वान पर राष्ट्रीय पोषण अभियान बना जन आंदोलन, राष्ट्रव्यापी उत्सव के रूप में मनाया जा रहा है पोषण माह अभियान
मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने कहा कि सुपोषण छत्तीसगढ़ बनाने के लिए हमारी सरकार दृढ़ संकल्पित है, उन्होंने राज्य के समस्त जनप्रतिनिधि, पंचायती राज संस्था के प्रतिनिधियों महिला स्व-सहायता समूहों, प्रबुद्ध वर्ग, विद्यार्थी वर्ग, सार्वजनिक एवं निजी क्षेत्रों के निकायों के प्रतिनिधि एवं समस्त जनसमुदाय से अपील करते हुए कहा है कि पोषण माह की गतिविधियों में पूरे उत्साह और ऊर्जा के साथ छत्तीसगढ़ को कुपोषण और एनीमिया मुक्त बनाने में सहभागी बने। महिलाओं और बच्चों को पोषण के प्रति जागरूक करने के लिए है जन प्रतिनिधियों, पंचायती राज संस्थाओं के प्रतिनिधियों, महिला स्वसहायता समूह, प्रबुद्ध नागरिकों, विद्यार्थियों और स्थानीय जन समुदाय को शामिल किया गया है।
महिला एवं बाल विकास मंत्री लक्ष्मी राजवाड़े ने कहा कि सितंबर माह के प्रथम दिवस से पोषण माह 2024 मनाया जा रहा है, जो पोषण जागरूकता को बढ़ावा देने और एक स्वस्थ भारत के निर्माण की दिशा में समर्पित एक राष्ट्रव्यापी उत्सव है। इस वर्ष अपने 7वें चरण में, पोषण माह अभियान एनीमिया की रोकथाम, विकास निगरानी, सुशासन और प्रौद्योगिकी के माध्यम से प्रभावी सेवा वितरण, पोषण भी पढ़ाई भी और पूरक पोषण जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर ध्यान केंद्रित कर रहा है। उन्होंने कहा कि राष्ट्रीय पोषण माह के तहत् छत्तीसगढ़ के लगभग 52 हजार आंगन बाड़ी केन्द्रों में महिलाओं और बच्चों को स्वास्थ्य के प्रति जागरूक करने और उनके पोषण संबंधित देख-भाल के लिए समझाईश दी जा रही है। गौरतलब है कि छत्तीसगढ़ को एनीमिया और कुपोषण मुक्त बनाने के लिए गांवों में महिला बाल विकास विभाग द्वारा सुुपोषण रथ के माध्यम से जागरूकता लाई जा रही।
राष्ट्रीय पोषण माह के अंतर्गत राज्य के सभी आंगनबाड़ी केंद्रो में प्रतिदिन पोषण व स्वच्छता संबंधी विभिन्न गतिविधियां आयोजित हो रही हैं। साथ ही जिले में 23 सितंबर 2024 तक सभी केंद्रों में वजन त्यौहार मनाया जा रहा है। इस दौरान आंगनबाड़ी केंद्रों में 0 से 06 वर्ष के बच्चों का वजन एवं ऊंचाई मापना, पोषण स्तर की जांच एवं उनके अभिभावकों को पोषण संबंधित जानकारी दी जा रही है। राज्य में राष्ट्रीय पोषण माह अंतर्गत अब तक डैशबोर्ड में 29 लाख 60 हजार 333 गतिविधियों की एंट्री की जा चुकी है। महिला एवं बाल विकास विभाग की संचालक सुश्री तूलिका प्रजापति ने विभाग के सभी अधिकारी-कर्मचारियों को की जा रही शत-प्रतिशत गतिविधियों की ऑनलाइन एंट्री करने के निर्देश दिए हैं।
सभी आंगनबाड़ी केंद्रों में भी समूह बैठक में वजन त्यौहार के बारे में चर्चा की जा रही है। ग्रामीण महिलाओं से चर्चा के दौरान 0 से 06 साल के बच्चे, किशोरी बालिकाओं को खान-पान और स्वास्थ्य देखभाल के बारे में बताया जा रहा है। महिला बाल विकास की योजनाओं की जानकारी देने के साथ ही गर्भवती महिलाओं से पौष्टिक आहार भोजन में शामिल करने का आग्रह किया जा रहा है।
राष्ट्रीय पोषण माह के साथ ही 12 से 23 सितम्बर तक प्रदेश की आंगनबाड़ियों में वजन त्यौहार भी मनाया गया। जिसके अंतर्गत बच्चों के वजन में बढ़ोत्तरी को मापने के साथ ही सामुदायिक जागरूकता का कार्य भी किया गया। वजन त्यौहार के दौरान बच्चों के वजन सहित अन्य विवरण महिला और बाल विकास विभाग के मोबाइल ऐप पर दर्ज किया गया। इसी तरह, पोषण माह के दौरान सुपोषण चौपाल, अन्नप्राशन दिवस, परिवार चौपाल, पोषण मेला, व्यंजन प्रदर्शन जैसे आयोजन पंचायत और शहरी क्षेत्रों में किए जा रहे हैं। पोषण के प्रति बच्चों को जागरूक करने के लिए स्कूलों में नारा लेखन, निबंध, चित्रकला और दीवार लेखन, स्पर्धाएं आयोजित की जा रही हैं। साथ ही स्वस्थ बालक-बालिका प्रतियोगिता का आयोजन भी किया जा रहा है। राष्ट्रीय पोषण माह के तहत ग्राम पंचायत के सहयोग से आंगनबाड़ी केंद्रों और शालाओं में पोषण वाटिका भी विकसित की जा रही है।





राष्ट्रीय पोषण माह 2024 सिर्फ़ एक अभियान नहीं है – यह एक आंदोलन है। किशोरियों को शामिल करके ’एनीमिया मुक्त भारत’ कार्यक्रम के लिए निरंतर समर्थन देकर और सामुदायिक भागीदारी का लाभ उठाकर, भारत कुपोषण मुक्त भविष्य की ओर अपनी यात्रा को तेज़ कर रहा है।
पोषण के प्रति भारत की प्रतिबद्धता सतत विकास के लिए उसकी महत्वाकांक्षा का आधार है। आइए हम सब मिलकर काम करने का संकल्प लें, ताकि भारत में हर बच्चे, माँ और परिवार को पौष्टिक भोजन और स्वस्थ भविष्य मिल सके। इस अभियान में हम सभी शामिल हों। साथ मिलकर हम कुपोषण मुक्त भारत का लक्ष्य हासिल कर सकते हैं।
माधवराव सप्रे स्कूल को सांसद बृजमोहन अग्रवाल का तोहफा, स्मार्ट क्लास समेत विभिन्न कार्यों के लिए 50 लाख रुपए देने की घोषणा
रायपुर। संस्कारों के बिना शिक्षा अधूरी है। केवल ज्ञान या कौशल से समाज का समुचित विकास नहीं हो सकता। संस्कार ही व्यक्ति को सच्चा नागरिक बनाते हैं, जो समाज और राष्ट्र के कल्याण में योगदान दे सकता हैं।
यह बात सांसद बृजमोहन अग्रवाल ने बुधवार को राजधानी रायपुर के सुप्रसिद्ध माधवराव सप्रे शासकीय उत्कृष्ट हिंदी माध्यम विद्यालय में आयोजित पुस्तक वितरित समारोह के दौरान कहीं। इस अवसर पर बृजमोहन अग्रवाल ने विद्यार्थियों को स्वच्छ और शीतल जल उपलब्ध कराने के लिए लगाई वाटर कूलर का लोकार्पण भी किया। साथ ही स्कूल में 5 अतिरिक्त रूम, स्मार्ट क्लास और कंप्यूटर लैब के लिए 50 लाख रुपए देने की घोषणा की।




कार्यक्रम को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा कि, शिक्षा हमारे लिए अत्यंत महत्वपूर्ण है, शिक्षा के बिना हम आगे नहीं बढ़ सकते, शिक्षा, व्यक्ति और समाज के विकास की आधारशिला होती है। इसके बिना व्यक्तिगत, सामाजिक और राष्ट्रीय उन्नति असंभव है। कार्यक्रम में स्कूल के छोटे छोटे बच्चों ने रंगारंग कार्यक्रम भी प्रस्तुत किया।कार्यक्रम में प्राचार्या अनुपमा श्रीवास्तव, हरत मालू, महादेव नायक, संतोष सोनी, नवरतन गोलछा, संजय सोनी समेत स्कूली विद्यार्थी और गणमान्यजन उपस्थित रहे।
विश्व बांस दिवस पर केन्द्रीय मंत्री नितिन गडकरी ने बेमेतरा में तैयार विश्व के सबसे ऊंचे बैम्बू टॉवर का किया लोकार्पण
रायपुर। विश्व बांस दिवस पर आज केन्द्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी ने बेमेतरा में तैयार विश्व के सबसे ऊंचे बांस के टॉवर (Bamboo Tower) का ऑनलाइन लोकार्पण किया। छत्तीसगढ़ विधानसभा के अध्यक्ष डॉ.रमन सिंह भी लोकार्पण कार्यक्रम से वर्चुअली जुड़े। बेमेतरा जिले के ग्राम कठिया में भव्य सृष्टि उद्योग द्वारा दुनिया के सबसे ऊंचे बांस के टॉवर का निर्माण किया गया है। करीब 11 लाख रुपए की लागत से निर्मित इस टॉवर की ऊंचाई 140 फीट और वजन 7400 किलोग्राम है। पेरिस के एफिल टॉवर जैसी डिजाइन वाला यह टॉवर भव्य सृष्टि उद्योग के फाउंडर और बांस प्रौद्योगिकी से जुड़े गणेश वर्मा ने बनाया है।
केन्द्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी ने बांस-टॉवर का लोकार्पण करते हुए कहा कि भव्य सृष्टि उद्योग बांस पर लगातार अनुसंधान कर इसकी नई-नई खासियतों को सामने ला रहा है। अपनी नई सोच और पहल से उन्होंने 140 फीट ऊंचा यह टॉवर बनाया है। यह टॉवर वजन में हल्का है और इसका जीवन काल कम से कम 25 वर्षों का है। वॉच टॉवर, टेलीकॉम टॉवर, ट्रांसमिशन टॉवर और रेडियो टॉवर के रूप में इसका उपयोग हो सकता है। उन्होंने कहा कि भव्य सृष्टि उद्योग बांस के उपयोग और इससे निर्मित सामग्रियों की नई-नई डिजाइन और परिकल्पना पर लगातार काम कर रहा है। हम लोग उनका पूरा सहयोग कर रहे हैं। उनके इस कार्य के लिए मैं उन्हें बहुत बधाई देता हूं।
श्री गडकरी ने कहा कि छत्तीसगढ़ सरकार यदि बांस के उपयोग के बारे में कोई नीति बनाती है और उसे प्रोत्साहित करती है, तो वहां के आदिवासियों का जीवन बदल जाएगा। छत्तीसगढ़ के हैंडलूम्स, हैंडीक्रॉफ्ट्स और मेटल-क्रॉफ्ट्स में नए डिजाइन बनेंगे तो उनकी अच्छी बिक्री होगी। मैं डॉ. रमन सिंह के माध्यम से छत्तीसगढ़ सरकार से अनुरोध करूंगा कि बांस से फर्नीचर और अन्य सामग्रियों के नए-नए डिजाइन उनकी उपयोगिता के आधार पर तैयार करने के लिए डिजाइन सेंटर बनेंगे तो राज्य में निर्यात करने लायक उत्पाद भी तैयार हो सकेंगे।
विधानसभा अध्यक्ष डॉ. रमन सिंह ने लोकार्पण कार्यक्रम को वर्चुअली संबोधित करते हुए कहा कि 140 फीट के इस नवनिर्मित टॉवर से छत्तीसगढ़ का गौरव बढ़ा है। दुनिया के सबसे ऊंचे 140 फीट के बांस के टॉवर को देखकर मैं गौरवान्वित हुआ हूं। इसके लिए मैं भव्य सृष्टि उद्योग से जुड़े सभी साथियों को बधाई देता हूं। छत्तीसगढ़ का यह नया स्टार्ट-अप धरती से जुड़ा है, किसान से जुड़ा है और हमारे वनवासियों से जुड़ा है। सांसद विजय बघेल तथा विधायकद्वय दीपेश साहू और ईश्वर साहू भी कठिया में बांस-टॉवर के लोकार्पण कार्यक्रम में शामिल हुए।
भव्य सृष्टि उद्योग के फाउंडर गणेश वर्मा ने बताया कि उनकी कंपनी के उत्पादों को नेशनल ऑटोमोटिव टेस्ट ट्रैक्स, सेंट्रल बिल्डिंग रिसर्च इंस्टीट्यूट, भारतीय रेलवे, भारतीय सड़क कांग्रेस और अन्य सरकारी संस्थानों द्वारा मान्यता प्राप्त है। सड़क परिवहन और राजमार्ग मंत्रालय इस पर्यावरण अनुकूल और अभिनव समाधान को बढ़ावा देने के लिए महत्वपूर्ण कदम उठा रहा है। मंत्रालय देश के 25 राज्यों में सैकड़ों किलोमीटर की लंबाई में बांस क्रैश बैरियर्स लगाने की परीक्षण परियोजनाएं शुरू करने के लिए तैयार है, जिनका क्रियान्वयन अगले कुछ महीनों के भीतर किया जाएगा। इसके आधार पर बांस क्रैश बैरियर्स की व्यापक स्थापना की संभावनाओं का आंकलन किया जाएगा, जो किसानों, गांवों की अर्थव्यवस्था और पर्यावरण के लिए वरदान साबित हो सकता है।


सांसद बृजमोहन ने कहा – वन नेशन वन इलेक्शन से देश के विकास में आएगी तेजी
रायपुर। वन नेशन वन इलेक्शन प्रस्ताव को मोदी कैबिनेट की मंजूरी मिल गई है. इस मामले में रायपुर सांसद बृजमोहन अग्रवाल ने कहा, इससे देश का विकास तेजी से होगा. देश में एक साथ चुनाव हो सकेंगे. आचार संहिता के कारण विकास के कार्य रुकते हैं. कांग्रेस पिछले 77 सालों में देश का विकास नहीं चाहती थी. एक देश एक चुनाव का मसला लंबे समय से टलता रहा है. मोदी जी का यह निर्णय स्वागत योग्य है.
बता दें कि आज वन नेशन वन इलेक्शन के प्रस्ताव को मोदी कैबिनेट ने मंजूरी दे दी है. पूर्व राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद के नेतृत्व में बनाई गई कमेटी द्वारा दी गई रिपोर्ट को केंद्रीय कैबिनेट ने मंजूरी दे दी है. खबर ये है कि सरकार शीतकालीन सत्र में इस पर एक बिल ला सकती है.
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी लंबे समय से वन नेशन वन इलेक्शन प्रस्ताव की वकालत करते आए हैं. पीएम मोदी ने कहा था,’मैं सभी से एक राष्ट्र एक चुनाव के संकल्प को हासिल करने के लिए एक साथ आने का अनुरोध करता हूं, जो समय की मांग है. पीएम मोदी ने कहा था, ‘मैं सभी से एक राष्ट्र एक चुनाव के संकल्प को हासिल करने के लिए एक साथ आने का अनुरोध करता हूं, जो समय की मांग है.’ लोकसभा चुनाव से पहले आजतक से विशेष बातचीत में पीएम मोदी ने इस मुद्दे पर कहा था कि सरकारों के पूरे पांच साल के कार्यकाल के दौरान चुनाव ही नहीं होते रहने चाहिए. उन्होंने कहा था, ‘मैं हमेशा कहता हूं कि चुनाव सिर्फ तीन या चार महीने के लिए होने चाहिए. पूरे पांच साल राजनीति नहीं होनी चाहिए। इससे चुनावों का प्रबंधन करने वाले खर्च में कटौती होगी.
CM साय की अध्यक्षता में 20 सितंबर को होगी कैबिनेट बैठक
रायपुर। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय की अध्यक्षता में शुक्रवार 20 सितंबर सुबह 11:30 बजे से नवा रायपुर में महानदी भवन स्थित मंत्रालय में कैबिनेट की बैठक होगी। मुख्य सचिव अमिताभ जैन ने सभी विभाग सचिवों से कैबिनेट में मंजूरी योग्य प्रस्ताव समय पर प्रस्तुत करने के निर्देश दिए हैं। यह बैठक करीब एक माह बाद हो रही है, जिसमें राज्योत्सव आयोजन, धान खरीदी की शुरुआत, नई औद्योगिक नीति, और नक्सलवाद खत्म करने के लिए पुनर्वास नीति समेत कई महत्वपूर्ण निर्णय लिए जाने की संभावना है।
बता दें कि इस बार भाजपा सरकार के सत्ता में वापसी के बाद पहला राज्योत्सव है, इस बार 1 नवंबर दीपावली के दूसरे दिन पड़ रहा है, इसलिए सरकार की 3 से 5 दिनों तक भव्य रूप से इसे आयोजित करने की योजना है। जिलों में भी एक या दो दिन के राज्योत्सव कार्यक्रमों का आयोजन संभव है। कैबिनेट की बैठक में 1 नवंबर से खरीफ सीजन की धान खरीदी की शुरुआत की घोषणा भी हो सकती है। इसके अलावा “विकसित छत्तीसगढ़” का विजन डाक्यूमेंट पेश किया जाएगा, जिसमें अगले पांच वर्षों के विकास का खाका तैयार किया जाएगा। साथ ही, नई औद्योगिक नीति और नक्सलवाद खत्म करने के लिए पुनर्वास नीति भी पेश की जा सकती है।
विधायक देवेंद्र यादव से मिलने सेंट्रल जेल पहुंचे एमपी के पीसीसी चीफ जीतू पटवारी, कहा –
रायपुर। मध्यप्रदेश के पीसीसी चीफ जीतू पटवारी विधायक देवेंद्र यादव से मुलाकात करने रायपुर के सेंट्रल जेल पहुुंचे हैं. इसके बाद वे कांग्रेस के प्रदेश कार्यालय जाएंगे. प्रदेश अध्यक्ष दीपक बैज समेत बड़ी संख्या में कॉंग्रेस पदाधिकारी और कार्यकर्ता भी सेंट्रल जेल में मौजूद हैं. बता दें कि बलौदाबाजार हिंसा मामले में करीब महीनेभर भिलाई विधायक देवेंद्र यादव जेल में बंद हैं.
इस दौरान जीतू पटवारी ने कहा, 2023 में जिस भावना से छत्तीसगढ़ में भाजपा की सरकार को चुना गया. मोदी की गारंटी को लेकर लोगों के बीच में गए थे. पिछले 8 महीने में एक भी काम उस भावना से नहीं हुआ है. छत्तीसगढ़ में तानाशाही, बदलापुर चल रही है, जिसकी वजह से देवेंद्र यादव जेल में हैं. कांग्रेस उस विचार की पार्टी है, जो गांधीवादी तरीके से लड़ती है.
एमपी पीसीसी चीफ जीतू पटवारी ने कहा, देश में बदलाव की लहर है. राहुल गांधी को लेकर जिस तरह से वक्तव्य आए हैं, भाजपा के नेता और भाजपा लगातार सोशल मीडिया के माध्यम से उनकी छवि को खराब करने का काम कर रहे हैं. मध्यप्रदेश में 500 थानों में गिरफ्तारी के लिए आवेदन दिए हैं, लेकिन अब तक कोई कार्रवाई नहीं हुई है.
मध्यप्रदेश के भाजपा विधायक का कहना है कि कांग्रेस भाजपा शासित प्रदेशों में सरकार को अस्थिर करने का काम कर रही है, इस पर पलटवार करते हुए जीतू पटवारी ने कहा कि कांग्रेस से बीजेपी को खतरा नहीं है. बीजेपी से बीजेपी को खतरा है. आप ही के अंदर इतनी अंतरकलह है कि आप एक दूसरे को हटाने चाहते हैं.
हड़ताल में बैठे नगरीय निकाय के कर्मचारी, पुरानी पेंशन योजना बहाली, नियमितीकरण समेत ये हैं मांगे
रायपुर। छत्तीसगढ़ नगरीय निकाय के कर्मचारी पुरानी पेंशन योजना समेत 6 सूत्रीय मांग को लेकर तीन दिवसीय हड़ताल पर चले गए हैं. इसके चलते निकायों में कामकाज ठप हो गया है. इन कर्मचारियों की मांग है कि नगरीय निकायों के कर्मचारियों को प्रतिमाह 1 तारीख को वेतन भुगतान ट्रेजरी के माध्यम से सुनिश्चित किया जाए.
कर्मचारियों की ये भी मांग है कि नगरीय निकायों में ठेका पद्धति समाप्त करते हुए प्लेसमेंट कर्मचारियों को नगरीय निकाय के माध्यम से वेतन भुगतान किया जाए. 10 वर्ष की सेवा पूर्ण करने वाले निकाय के दैनिक वेतनभोगी कर्मचारियों का नियमितिकरण किया जाए. नगरीय निकायों में अन्य विभाग की भाति पुरानी पेंशन योजना शीघ्र ही लागू किया जाए. सामान्य प्रशासन विभाग एवं वित्त विभाग छत्तीसगढ़ द्वारा जारी आदेश निर्देश जिस तिथि से जारी हो उस तिथि से आदेश निर्देश सभी नगरीय निकायों में पूर्णतः लागू किया जाए.
नगरीय निकायों में मृतक कर्मचारी के परिवारों को शीघ्र ही संभाग स्तर में रिक्त पद पर अनुकंपा नियुक्ति प्रदान किया जाए. नगरीय निकायों में कार्यरत नियमित कर्मचारियों को 12 वर्ष की सेवा पूर्ण होने पर चैनल निर्धारित करते हुए संभाग स्तर में रिक्त पद पर पदोन्नति की कार्यवाही शीघ्र की जाए. नगरीय निकायों के कर्मचारियों को 6 वें व 7वें वेतनमान की एरियर्स की राशि का भुगतान के लिए शीघ्र ही आदेश निकाला जाए. इन मांगों को लेकर निकाय के कर्मचारी हड़ताल पर चले गए हैं.
न्यायधानी की सफाई व्यवस्था ठप, हड़ताल पर गए सफाई कर्मचारी, जानिए क्या है वजह…
बिलासपुर। नगर निगम के सफाई कर्मियों के हड़ताल पर जाने से न्यायधानी बिलासपुर की सफाई व्यवस्था बुधवार को ठप रही. दो महीने से तनख्वाह नहीं मिलने से परेशान सफाई कर्मचारी आज से हड़ताल पर हैं.
बिलासपुर नगर निगम क्षेत्र में सफाई का ठेका दिल्ली की लायन्स सर्विस कंपनी के पास है, जिसके करीब 800 सफाईकर्मियों पर न्यायधानी की सफाई व्यवस्था टिकी हुई है. इन सफाई कर्मियों का कहना है कि दो महीने का वेतन बकाया है, जिसकी वजह से उन्हें परिवार चलाने में दिक्कत हो रही है.
सफाई कर्मचारियों ने बताया कि इन्हें महज 8 हजार रुपए वेतन मिलता है, ऐसे में अपनी तनख्वाह बढ़ाने को लेकर भी आवाज़ उठा रहे हैं. सफाई कर्मियों के हड़ताल में चले जाने से सड़कों पर झाड़ू नहीं लगा है, वहीं वार्डों में नालियों की सफाई नहीं हुई है. सफाईकर्मियों ने चेतावनी दी है कि जब तक उनकी मांगें पूरी नहीं होगी, तब तक सफाई व्यवस्था ठप रहेगी.
मनरेगा के माध्यम से हुआ ग्राम पंचायत पीपरबहरा में हुआ शिक्षा में सुधार, इंटरलॉकिंग सड़क बनने से शिक्षा में आया सुधार
रायपुर। छत्तीसगढ़ में ग्रामीण विकास और सामाजिक सुरक्षा के क्षेत्र में मनरेगा (महात्मा गांधी राष्ट्रीय ग्रामीण रोजगार गारंटी अधिनियम) ने क्रांतिकारी बदलाव लाए हैं। इस योजना का उद्देश्य न केवल गरीब ग्रामीणों को रोजगार प्रदान करना है, बल्कि उनके जीवन की गुणवत्ता को भी बेहतर बनाना है। ऐसी ही एक कहानी है छत्तीसगढ़ के मनेंद्रगढ़-चिरमिरी-भरतपुर जिले के ग्राम पंचायत पीपरबहरा की जहाँ मनरेगा के माध्यम से इंटरलॉकिंग सड़क निर्माण का कार्य किया गया और इसका सीधा लाभ विद्यालय के बच्चों और शिक्षकों को मिला।
मनरेगा से शिक्षा के क्षेत्र में परिवर्तन की शुरुआत
ग्राम पंचायत पीपरबहरा, एक ऐसा गाँव है जहाँ वर्षों से विद्यालय और आंगनबाड़ी तक जाने का मार्ग बेहद कठिन था। मुख्य मार्ग से मझपारा आंगनबाड़ी और प्राथमिक शाला तक का रास्ता कच्चा था, जिससे बारिश के दिनों में बच्चों और शिक्षकों के लिए आना-जाना बेहद मुश्किल हो जाता था। खासकर बरसात के दिनों में स्थिति इतनी खराब हो जाती थी कि कीचड़ और पानी भरने की वजह से स्कूल की गतिविधियाँ प्रभावित होती थीं। आखिरकार मनरेगा के तहत इस समस्या का समाधान किया गया। शासन द्वारा मनरेगा योजना के तहत ग्राम पंचायत पीपरबहरा को सड़क निर्माण हेतु कुल स्वीकृत राशि 8 लाख 69 हजार 571 रुपए की मंजूरी प्राप्त हुई थी, जिससे ग्राम पंचायत पीपरबहरा में इंटरलॉकिंग सड़क निर्माण का कार्य शुरू किया गया। इस परियोजना का मुख्य उद्देश्य मझपारा आंगनबाड़ी और प्राथमिक शाला तक एक सुरक्षित और सुविधाजनक मार्ग प्रदान करना था। कार्य शुरू होते ही गाँव के लोगों और विशेष रूप से बच्चों के चेहरों पर मुस्कान लौट आई। सड़क का निर्माण तेजी से हुआ और कुछ ही महीनों में यह सड़क बनकर तैयार हो गई। अब बच्चों और शिक्षकों के लिए यह सड़क न केवल आसान पहुँच प्रदान करती है, बल्कि उनके दैनिक जीवन में भी कई सकारात्मक बदलाव लेकर आई है। पहले जहाँ बरसात के दिनों में कीचड़ और पानी भरने की समस्या थी, अब वहाँ एक साफ और सुंदर मार्ग है, जिससे विद्यालय तक पहुँचना बहुत आसान हो गया है।

इंटरलॉकिंग सड़क बनने से शिक्षा में आया सुधार
इस सड़क निर्माण का सबसे बड़ा प्रभाव गाँव के शिक्षा स्तर पर पड़ा है। जहाँ पहले बच्चों का स्कूल आना-जाना असुविधाजनक होने के कारण उनकी उपस्थिति कम होती थी, अब बच्चों की उपस्थिति में स्पष्ट सुधार देखा गया है। उनके चेहरे पर पढ़ाई के प्रति उत्साह साफ दिखाई देने लगा है। इसके अलावा स्कूल के शिक्षक भी अब बच्चों को और अधिक ध्यान देकर पढ़ाने में सक्षम हैं, क्योंकि वे बिना किसी कठिनाई के स्कूल पहुँच सकते हैं। इस प्रकार मनरेगा के तहत सड़क निर्माण ने गाँव के शिक्षा स्तर को सुधारने में एक महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है। ग्राम पंचायत पीपरबहरा की यह सफलता केवल एक सड़क निर्माण की कहानी नहीं है, बल्कि यह ग्रामीण विकास की दिशा में उठाया गया एक महत्वपूर्ण कदम है। इस परियोजना ने न केवल बच्चों और शिक्षकों के जीवन को आसान बनाया है, बल्कि गाँव के समग्र विकास में भी एक महत्वपूर्ण योगदान दिया है। ग्राम पंचायत पीपरबहरा में मनरेगा के तहत इंटरलॉकिंग सड़क का निर्माण केवल एक भौतिक संरचना का निर्माण नहीं है, बल्कि यह गाँव के विकास की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है। इस सड़क ने न केवल बच्चों और शिक्षकों के जीवन को बेहतर बनाया है, बल्कि पूरे गाँव के लिए एक नई उम्मीद जगाई है।
आरएसएस समन्वय बैठक में शामिल होने भाजपा प्रदेश अध्यक्ष के साथ पहुंचे उप मुख्यमंत्री और मंत्री, विजय शर्मा ने कहा-
रायपुर। राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ की समन्वय बैठक को लेकर उप मुख्यमंत्री विजय शर्मा ने बताया कि बहुत आगे की सोचकर बैठक हो रही है. इसमें कई मुद्दों पर चर्चा की जाएगी. बहुत से कार्य विभाजन हुए हैं, सामाजिक कार्यों का विभाजन हुआ है, इन सब पर चर्चा होगी. इसके अलावा आगे के कार्यों की तैयारियों पर भी बात होगी.
रोहिणीपुरम शिक्षण संस्थान में आयोजित आरएसएस की समन्वय बैठक में शामिल होने पहुंचे उप मुख्यमंत्री विजय शर्मा ने मीडिया से चर्चा में निगम मंडल की नियुक्ति पर कहा कि निगम मंडल बाद का विषय है. पहले प्राधिकरण पर सीएम चिंता कर रहे हैं. जल्द इस पर निर्णय होगा. वहीं नवरात्र के पहले जारी होने के सवाल पर कहा कि नवरात्र तो अभी दूर है.
प्रदेश भाजपा अध्यक्ष किरण सिंह देव के अलावा वित्त मंत्री ओपी चौधरी, स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल, वन मंत्री केदार कश्यप, राजस्व मंत्री टंकराम वर्मा में शामिल होने पहुंचे हैं. आरएसएस के प्रमुख पदाधिकारी के साथ हो रही बैठक में निकाय चुनाव, सदस्यता अभियान, सेवा पखवाड़ा समेत अन्य विषयों पर विचार विमर्श किया जाएगा.
अब रायपुर से अहमदाबाद के लिए रोजाना मिलेगी फ्लाइट
रायपुर। देश के हवाई यात्रियों को 1 अक्टूबर से अहमदाबाद के लिए रोजाना सीधी फ्लाइट की सौगात मिलेने वाली है. कंपनी ने शेड्यूल जारी कर टिकटों की बुकिंग करनी अभी से शुरू कर दी है. अब तक अहमदाबाद-रायपुर-अहमदाबाद सेक्टर में सप्ताह में तीन दिन ही फ्लाइट का संचालन किया जाता था. बजट एयरलाइन्स इंडिगो को डायरेक्टर जनरल आफ सिविल एविशन से अहमदाबाद- रायपुर-अहमदाबाद सेक्टर में संचालित फ्लाइट के रोजाना संचालन की अनुमति मिल गई है. इसके साथ ही कंपनी ने प्रस्तावित शेड्यूल के साथ टिकटों की बुकिंग भी शुरू कर दी है. इस फ्लाइट से एक अक्टूबर को अहमदाबाद जाने और आने की टिकटें 4500-5000 रुपए में उपलब्ध हो रही है.
त्योहारी सीजन के साथ इस फ्लाइट के नियमित संचालन से प्रदेश का गुजरात के साथ व्यापार बढ़ेगा. पिछले करीब तीन वर्षों से इस उड़ान का संचालन सोमवार, बुधवार और शुक्रवार को ही किया जाता था. यात्रियों की अच्छी डिमांड को देखते हुए अब कंपनी ने इसे नियमित चलाने का फैसला किया है.
बता दें कि इंडिगो स्वामी विवेकानंद एयरपोर्ट से कोलकाता, मुम्बई, दिल्ली, लखनऊ, गोवा, हैदराबाद, भोपाल, बंगलुरू, भुवनेश्वर, प्रयागराज, जगदलपुर, इंदौर, कोच्चि, चेन्नई, पुणे और अहमदाबाद के लिए उड़ानों का संचालन कर रही है. सबसे ज्यादा एक दिन में ही चार उड़ानें दिल्ली-रायपुर-दिल्ली सेक्टर में संचालित की जाती हैं.
ये है फ्लाइट का शेड्यूल
- इंडिगो 6 ई-6193 अहमदाबाद से 14.16 बजे रायपुर 16.05 बजे
- इंडिगो 6 ई- 6194 रायपुर से 16.40 बजे अहमदाबाद 18.20 बजे
महादेव ऑनलाइन सट्टा ऐप मामले के 10 आरोपियों की कोर्ट में हुई पेशी, अब इस दिन होगी मामले की अगली सुनवाई
रायपुर। महादेव ऑनलाइन सट्टा ऐप मामले में गिरफ्तार किए गए 10 आरोपियों को आज रायपुर कोर्ट में पेश किया गया। इन आरोपियों का चालान पेश हो चुका था और उन्हें आरोप पूर्व तर्क के लिए कोर्ट में पेश किया गया था। हालांकि, कोर्ट में एक वकील के निधन के कारण मामले की अगली सुनवाई 5 नवंबर को निर्धारित की गई है। इन 10 आरोपियों में से एक आरोपी चंदभूषण वर्मा की जमानत याचिका पर 19 सितंबर को सुनवाई होगी।
आठवें भारत जल सप्ताह में छत्तीसगढ़ के मंत्री केदार कश्यप ने राज्य के जल प्रबंधन और जलवायु संरक्षण पर दिया जोर
रायपुर। छत्तीसगढ़ के वन एवं जलवायु परिवर्तन और जल संसाधन मंत्री केदार कश्यप ने आज नई दिल्ली के भारत मंडपम में आयोजित आठवें भारत जल सप्ताह में हिस्सा लिया। इस अंतरराष्ट्रीय आयोजन का उद्घाटन राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु ने किया। तीन दिवसीय इस कार्यक्रम में विभिन्न देशों के जल संसाधन विशेषज्ञों, सरकारी प्रतिनिधियों और शिक्षाविदों ने भाग लिया।
मंत्री कश्यप ने मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के विजन पर चर्चा करते हुए छत्तीसगढ़ के जल संरक्षण, जलवायु परिवर्तन और संसाधनों के स्थायी उपयोग की दिशा में किए जा रहे प्रयासों को उजागर किया। उन्होंने बताया कि मुख्यमंत्री का विजन जल संसाधनों के प्रबंधन के साथ-साथ सतत विकास को बढ़ावा देना है, जिससे राज्य के ग्रामीण और शहरी क्षेत्रों में जल संकट कम हो सके और पर्यावरणीय स्थिरता बनी रहे।
इस आयोजन में केंद्रीय जल शक्ति मंत्री सी आर पाटिल और राज्यमंत्री राज भूषण चौधरी सहित कई प्रमुख हस्तियां भी शामिल हुईं।
कांग्रेस के प्रभारी सचिवों को सौंपा गया प्रभार, जानिए किसको मिली कितने क्षेत्रों की जिम्मेदारी, देखें सूची…
इसमें प्रभारी सचिव एस. ए. संपत को 31 विधानसभा क्षेत्रों का प्रभार सौंपा गया। वहीं प्रभारी सचिव जरिता लैतफलांग को 28 विधानसभा और विजय जांगिड़ को 31 विधानसभा क्षेत्रों का प्रभार दिया गया है।
देखें सूची




राजधानी में विसर्जन झांकी रूट के जर्जर भवनों पर लगा नोटिस, आम लोगों से ऐसे भवनों से दूर रहने की अपील…
रायपुर। राजधानी रायपुर में 19 एवं 20 सितम्बर की दरम्यानी रात्रि को निकलने वाली श्री गणेश मूर्ति विसर्जन झांकी के निर्धारित रूट में स्थित सभी जर्जर भवनों के मालिकों को जर्जर भवन को हटाने अथवा मरम्मत करने का नोटिस निगम ने जारी किया है. इसके साथ ही आम लोगों को ऐसे भवनों से दूर रहने के लिए इन सभी जर्जर भवनों में नोटिस लगाया गया है.
रायपुर नगर पालिक निगम के आयुक्त अबिनाश मिश्रा के आदेशानुसार नगर निगम के नगर निवेशक आभाष मिश्रा एवं सम्बंधित जोन कमिश्नरों की जर्जर भवनों के मालिकों को नोटिस जारी किया गया है, साथ ही आम लोगों की सूचना के लिए जर्जर भवनों में सूचना लगाई गई है. सबसे अधिक 24 जर्जर मकान जोन-4 में घोषित किए गए हैं.
बता दें कि 19 और 20 सितंबर को राजधानी रायपुर में गणेश प्रतिमाओं का विसर्जन किया जाएगा. इसके लिए पुलिस ने रोड मैप जारी किया है. इसके साथ ही रात 8 बजे से शहर के कई चौक-चौराहों पर वाहनों का आवागमन प्रतिबंधित रहेगा. इसमें शास्त्री चौक से जय स्तंभ चौक, तत्यापारा चौक से शारदा चौक में रात से ही आवागमन प्रतिबंधित रहेगा. लोग बलौदाबाजार मार्ग से बिलासपुर या महासमुंद की ओर रिंग रोड 3 से होकर जा सकेंगे.
वहीं भिलाई की ओर से आने वाले छोटे वाहन आश्रम तिराहा तक आ रायपुर सकेंगे. भिलाई की ओर से आने वालों को शास्त्री चौक जाने के लिए रिंग रोड नंबर 1 जाना होगा. इसके अलावा सदर बाजार, पुरानी बस्ती लाखे नगर, आमापारा की ओर रात 10 बजे से सभी प्रकार के वाहनों का आवागमन प्रतिबंधित रहेगा. महादेव घाट विसर्जन स्थल से गणेश मूर्तियों का विसर्जन के बाद वाहनों की वापसी महादेव घाट तिराहा से होकर रिंग रोड 1 से होगी.