प्रदेश / छत्तीसगढ़
राज्य सहकारी विकास समिति की बैठक सम्पन्न
रायपुर। मुख्य सचिव अमिताभ जैन की अध्यक्षता में आज यहां मंत्रालय महानदी भवन में राज्य सहकारी विकास समिति की बैठक वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से सम्पन्न हुई। बैठक में सहकारिता मंत्रालय भारत सरकार की सहकार से समृद्धि की परिकल्पना के अंतर्गत सहकारिता के क्षेत्र में संचालित विभिन्न योजनाओं के क्रियान्वयन की प्रगति की समीक्षा की गई। बैठक में छत्तीसगढ़ राज्य में सहकारिता के अंतर्गत विभिन्न क्षेत्रों के संबंध में विस्तृत चर्चा हुई। कृषि, मत्स्य पालन, वन सहित अन्य विभागों के अंतर्गत सहकारी समितियों के माध्यम से कार्य किए जा रहे है। मुख्य सचिव ने सहकारिता विभाग के अधिकारियों को निर्देश दिए है कि सहकारिता क्षेत्र के अंतर्गत काम करने वाले सदस्यों के लिए प्रशिक्षण कार्यक्रम चलाया जाए। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए है कि सहकारी समितियों के अंतर्गत निर्मित गोदामों का उपयोग सुनिश्चित किया जाए।
बैठक में अधिकारियों ने बताया कि प्राथमिक कृषि साख सहकारी समितियों की आमदनी में इजाफा के लिए भारत सरकार द्वारा इन समितियों को कई नये काम दिए जा रहे है। जिसमें जन औषधी केन्द्र, कामन सर्विस सेंटर, पेट्रोल पंप संचालन, गैस ऐजेंसी का संचालन इत्यादि शामिल हैं। वीडियों कॉन्फ्रेंसिंग से आयोजित इस बैठक में सहकारिता विभाग के सचिव सी.आर. प्रसन्ना, कृषि विभाग की सचिव शहला निगार, संचालक पशुधन विकास विभाग डॉ. प्रियंका शुक्ला, विशेष सचिव वित्त शीतल शाश्वत वर्मा सहित सहकारिता एवं कृषि विभाग के अधिकारी शामिल हुए।
शराब घोटाले के सभी आरोपियों की याचिका हाई कोर्ट ने की खारिज, ईडी और एसीबी-ईओडब्ल्यू के एफआईआर को दी थी चुनौती…
शराब घोटाले को लेकर एसीबी और ईओडब्ल्यू द्वारा पूर्व आईएएस अनिल टुटेजा, उनके बेटे यश टुटेजा, अनवर ढेबर, विधु गुप्ता, निदेश पुरोहित, निरंजन दास और एपी त्रिपाठी के खिलाफ एफआईआर दर्ज की गई है. सभी आरोपियों ने अपने खिलाफ दर्ज की गई एफआईआर को निरस्त कराने उच्च न्यायालय में अलग-अलग याचिका दायर की थी. उच्च न्यायालय ने विगत 10 जुलाई को सभी पक्षों को सुनने के बाद फैसला सुरक्षित रख लिया था, जिस पर आज फैसला आया है.
उच्च न्यायालय में चीफ जस्टिस रमेश सिन्हा और जस्टिस रविंद्र अग्रवाल की बेंच ने इन याचिकाओं की सुनवाई की थी. राज्य की ओर से अतिरिक्त महाधिवक्ता विवेक शर्मा ने जिरह किया था. उच्च न्यायालय में छह याचिकाएं ईडी के खिलाफ और सात याचिकाएं ईओडब्ल्यू-एसीबी के खिलाफ दायर थीं. इन याचिकाओं में शराब घोटाले के मामले में ईडी द्वारा पुनः की जा रही कार्यवाही और ईओडब्ल्यू-एसीबी की ओर से दर्ज एफआईआर को चुनौती देते हुए उन्हें खारिज करने की याचना की गई थी.
इनमें से एक याचिका की सुनवाई के दौरान उच्च न्यायालय ने अनिल टुटेजा को अंतरिम राहत प्रदान की थी, जिसे अब रद्द कर दिया गया है. अतिरिक्त महाधिवक्ता विवेक शर्मा के मुताबिक, कांग्रेस सरकार में अनवर ढेबर ने अपनी पहुंच का इस्तेमाल करते हुए एपी त्रिपाठी को सीएसएमसीएल (CSMCL) का एमडी नियुक्त कराया था. इसके बाद अधिकारी, कारोबारी और राजनीतिक रसूख वाले लोगों के सिंडिकेट के जरिए 2161 करोड़ रुपए का घोटाला किया गया.
छत्तीसगढ़ में शराब घोटाले की जांच कर रही ईडी ने एसीबी में एफआईआर दर्ज कराई है. दर्ज एफआईआर में दो हजार करोड़ रुपए से ज्यादा के घोटाले की बात कही गई है. ईडी ने अपनी जांच में पाया है कि तत्कालीन भूपेश सरकार के कार्यकाल में आईएएस अधिकारी अनिल टुटेजा, आबकारी विभाग के एमडी एपी त्रिपाठी और कारोबारी अनवर ढेबर के अवैध सिंडिकेट के जरिए घोटाले को अंजाम दिया गया था. एसीबी के अनुसार साल 2019 से 2022 तक सरकारी शराब दुकानों से अवैध शराब डुप्लीकेट होलोग्राम लगाकर बेची गई थी, जिससे शासन को करोड़ों के राजस्व का नुकसान हुआ है.
शराब घोटाले की जांच करते हुए ईडी ने सबसे पहले मई के शुरुआती सप्ताह में अनवर ढेबर को गिरफ्तार किया. ईडी के मुताबिक अनवर ढेबर ने साल 2019 से 2022 तक दो हजार करोड़ रुपए का अवैध धन शराब के काम से पैदा किया. इसे दुबई में अपने साथी विकास अग्रवाल के जरिए खपाया. ईडी की ओर से यह बड़ी बात कही गई कि अनवर ने अपने साथ जुड़े लोगों को परसेंटेज के मुताबिक पैसे बांटे और बाकी की बड़ी रकम अपने राजनीतिक आकाओं को दी है. इसके बाद इस मामले में आबकारी विभाग के अधिकारी एपी त्रिपाठी, कारोबारी त्रिलोक ढिल्लन, नितेश पुरोहित, अरविंद सिंह को भी पकड़ा गया था.
उत्तरप्रदेश एसटीएफ (STF) की पूछताछ में अनवर ढेबर और एपी त्रिपाठी ने बताया है कि इस घोटाले की सबसे बड़ी बेनिफिशियरी शराब निर्माता कंपनियां थीं. नोएडा स्थित विधु की कंपनी मेसर्स प्रिज्म होलोग्राफी सिक्युरिटी फिल्म्स प्राइवेट लिमिटेड को होलोग्राम बनाने का टेंडर मिला था. उसी से डुप्लीकेट होलोग्राम बनाकर डिस्टिलरीज को भेजा जाता था. वहां से अवैध शराब पर इन होलोग्राम को लगाया जाता था.
ईडी और ईओडब्ल्यू ने संलिप्त डिस्टिलरीज के संचालकों और उनसे संबंधित लोगों को भी आरोपी बनाया है. हालांकि, अब तक किसी की गिरफ्तारी नहीं हुई है. उच्च न्यायालय के आज के फैसले के बाद उम्मीद की जा रही है कि नकली होलोग्राम मामले में अब शराब निर्माता कंपनियों पर भी जल्द कार्रवाई हो सकती है.
21 अगस्त ”भारत बंद”: छत्तीसगढ़ चैंबर ऑफ़ कॉमर्स और प्राइवेट स्कूल एसोसिएशन ने लिया ये फैसला
बंद के मद्देनजर छत्तीसगढ़ चेम्बर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्रीज ने ‘भारत बंद’ के आव्हान को लेकर छत्तीसगढ़िया सर्व समाज महासंघ और सर्व समाज के पदाधिकारियों के साथ बैठक की। यह बैठक माननीय उच्चतम न्यायालय द्वारा जारी आरक्षण वर्गीकरण के आदेश के विरोध में प्रस्तावित ‘भारत बंद’ के समर्थन के लिए चेम्बर का रुख जानने के लिए आयोजित की गई थी।
चेम्बर के प्रदेश अध्यक्ष अमर पारवानी ने बताया कि इस विषय पर चेम्बर के पदाधिकारियों और सर्व समाज के प्रतिनिधियों के बीच गहन चर्चा हुई। हालांकि, चेम्बर से जुड़े राष्ट्रीय संगठनों ने ‘भारत बंद’ के समर्थन में अनभिज्ञता जताई और इसके समर्थन से इंकार कर दिया। चेम्बर के प्रदेश अध्यक्ष ने स्पष्ट किया कि चेम्बर से जुड़े छोटे व्यापारियों, रेहड़ी पटरी वालों और फल-सब्जी, दूध एवं अन्य कच्चे सामान के व्यापार से जुड़े व्यापारिक संगठनों को अचानक बंद की स्थिति में आर्थिक नुकसान उठाना पड़ता है। इसीलिए, बिना पूर्व सूचना और व्यापारिक संघों की बैठक के बिना, ‘भारत बंद’ का समर्थन करना संभव नहीं है।
इस बैठक में चेम्बर के अन्य प्रमुख पदाधिकारी, कोषाध्यक्ष उत्तमचंद गोलछा, कार्यकारी अध्यक्ष राजेन्द्र जग्गी, कार्यकारी महामंत्री विकास आहूजा, और सर्व समाज के प्रतिनिधियों ने हिस्सा लिया। चेम्बर ने साफ कर दिया है कि वे किसी भी आकस्मिक बंद का समर्थन नहीं करेंगे, जिससे छोटे व्यापारियों और अन्य संबंधित लोगों को आर्थिक नुकसान हो सकता है।
बैठक में सर्व समाज की ओर से बीपीएफ अध्यक्ष सतजन सिंह, बसपा प्रदेश अध्यक्ष श्याम जी, बसपा प्रदेश सचिव लता गेडाम, सर्व समाज के वरिष्ठ उपाध्यक्ष आर.पी. भतपहरी, सर्व आदिवासी समाज के कार्यकारी अध्यक्ष बी.एस. रावटे, एम.पी. अहिरवार, ओ.पी. बाजपेयी, बेनीराम जी, और अधिवक्ता संजय गजभिये प्रमुख रूप से उपस्थित थे।
छत्तीसगढ़ चेम्बर ऑफ कॉमर्स की ओर से प्रदेश अध्यक्ष अमर पारवानी, कोषाध्यक्ष उत्तमचंद गोलछा, कार्यकारी अध्यक्ष राजेन्द्र जग्गी, विक्रम सिंहदेव, राम मंधान, कार्यकारी महामंत्री विकास आहूजा, उपाध्यक्ष हीरा माखीजा, कन्हैया गुप्ता, संजय जादवानी, जय नानवानी, मंत्री शंकर बजाज, और प्रशांत गुप्ता सहित कई अन्य प्रमुख सदस्य बैठक में मौजूद थे। चेम्बर के सलाहकार जितेन्द्र दोशी और परमानंद जैन ने भी बैठक में हिस्सा लिया।
श्री श्रीराधा रासबिहारी जी मंदिर की प्राण प्रतिष्ठा में शामिल हुए सांसद बृजमोहन अग्रवाल
मथुरा में जल्द ही श्री कृष्ण जन्मभूमि पर बनेगा भव्य मंदिर: बृजमोहन अग्रवाल
बृजमोहन ने इस्कॉन से आदिवासी समाज की स्वास्थ्य और शिक्षा के क्षेत्र में की मदद करने की अपील
रायपुर। रायपुर सांसद बृजमोहन अग्रवाल रायपुर में नव निर्मित देश के सबसे बड़े श्री श्री राधा रास बिहारी जी इस्कॉन मंदिर के प्राण प्रतिष्ठा में मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुआ और पूज्य पाद श्री सिद्धार्थ स्वामी जी महाराज का आशीर्वाद लिया।
इस अवसर पर बृजमोहन अग्रवाल ने कहा कि, पूज्य पाद श्री सिद्धार्थ स्वामी जी महाराज के प्रयासों से देश के सबसे बड़े और भव्य श्री श्री राधा रास बिहारी जी मंदिर का निर्माण हो पाया। उन्होंने यह भी कहा कि, पहले अयोध्या में श्री राम मंदिर निर्माण से पहले सेंट्रल इंडिया का सबसे बड़ा राम मंदिर वीआईपी रोड रायपुर में बना। अब मथुरा में श्री कृष्ण जन्मभूमि पर मंदिर बनने से पूर्व छत्तीसगढ़ में भगवान रास बिहारी जी का मंदिर बन कर तैयार हो चुका है। जो बताता है कि, जल्द ही मथुरा में भी भगवान श्री कृष्ण का मंदिर बनेगा। छत्तीसगढ़ वासियों के लिए यह सौभाग्य की बात है।
बृजमोहन अग्रवाल ने यह भी कहा कि, इस्कॉन केवल मंदिर ही नही बनता, बल्कि इसके माध्यम से मानव सेवा का कार्य भी करता है और आशा करता हुं कि इस्कॉन इस मंदिर के माध्यम से आदिवासी समाज की स्वास्थ्य और शिक्षा के क्षेत्र में की मदद करेगा।




छत्तीसगढ़ की छात्रा ने राष्ट्रपति से भेंट कर किया संवाद, चेतना ने कहा- ये पल मेरे लिए ऐतिहासिक
गरियाबंद। राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू से रक्षाबंधन के अवसर पर भेंट-मुलाक़ात कार्यक्रम के तहत प्रदेश के पांच जिलों से शासकीय कस्तूरबा गांधी आवासीय विद्यालय की छात्राओं ने भेंट की। दिल्ली गई टीम का शासकीय कस्तूरबा गांधी आवासीय विद्यालय देवभोग की कक्षा 9वीं की छात्रा चेतना सोना ने प्रतिनिधित्व किया। छात्राओं ने राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू से भेंट की और संवाद किया। चेतना सोना ने कहा कि यह पल मेरे लिए अविस्मरणीय और ऐतिहासिक रहे।
राष्ट्रपति ने प्रदेश की बेटियों का हाल जाना। केन्द्रीय मंत्रालय की ओर से दी जा रही शिक्षा में गुणवत्ता को भी जानने की कोशिश की। छात्राओं से बेहतर जवाब सुन राष्ट्रपति ने संतुष्टि जाहिर की। जिज्ञासु छात्राओं के सवाल के जवाब भी राष्ट्रपति ने सहजता से दिया। भेंट मुलाकात के बाद छात्राओं के प्रतिनिधिमंडल में शामिल चेतना सोना ने केन्द्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेन्द्र प्रधान के कलाई में राखी बांधी।
राष्ट्रपति से भेंट के बाद हुई चर्चा में चेतना ने बताया कि यह पल मेरे लिए अविस्मरणीय और ऐतिहासिक थे। चेतना ने पहली बार की हवाई यात्रा के अनुभव को भी साझा किया। संवाद यात्रा के लिए चेतना ने जिला प्रशासन के प्रति आभार व्यक्त किया। गौरतलब हो कि जिले के पांच विकासखण्ड में शैक्षणिक योग्यता के अतिरिक्त विभिन्न विधाओं में चेतना की सक्रियता व भागीदारी थी, जिसके चलते देवभोग के शासकीय कस्तूरबा गांधी आवासीय विद्यालय की छात्रा चेतना का चयन इस संवाद कार्यक्रम के लिए हुआ था। कक्षा 8वीं में चेतना ने 96 प्रतिशत अंक अर्जित कर अव्वल थीं। इसके अलावा सांस्कृतिक, साहित्यिक कार्यक्रम व खेलकूद में भी सक्रिय रहीं।

बस्तर के पत्रकारों के खिलाफ़ झूठे गांजा प्रकरण की पुनः जाँच करके वास्तविक तथ्यों को गृह विभाग आंध्र प्रदेश भेजा जायेगा, गृहमंत्री ने एसपी को दिए निर्देश
रायपुर। इंडियन जर्नलिस्ट्स यूनियन की आंध्र प्रदेश शाखा APUWJ प्रतिनिधिमंडल ने मंगलवार को आंध्र प्रदेश सरकार की गृह मंत्री वी. अनिता से राज्य सचिवालय, अमरावती में उनके कक्ष में मुलाकात की। यूनियन ने छत्तीसगढ़ के छह पत्रकारों के खिलाफ आंध्र प्रदेश के एएसआर जिले के चिंतूर पुलिस स्टेशन में दायर झूठे मामले को वापस लेने की मांग करते हुए एक ज्ञापन सौंपा है।
यूनियन नेताओं ने गृह मंत्री को छत्तीसगढ़ के कोंटा थाने में हुए घटनाक्रम के बारे में बताया. यूनियन नेताओं ने मंत्री को आगे बताया कि छत्तीसगढ़ के कोंटा पुलिस थाने के प्रभारी इंस्पेक्टर और चिंतूर एपी के सर्कल इंस्पेक्टर ने आंध्र प्रदेश के चिंतूर पुलिस स्टेशन में पत्रकारों के खिलाफ झूठा गांजा मामला दर्ज करने के लिए मिलीभगत की है।
इस मामले में छत्तीसगढ़ सरकार द्वारा कोंटा थाने के तत्कालीन प्रभारी अधिकारी सब इंस्पेक्टर को साक्ष्य नष्ट करने के आरोप में निलंबित कर उनके खिलाफ़ प्रकरण दर्ज करके गिरफ़्तार कर विभागीय जाँच भी की जा रही है.
गृह मंत्री ने यूनियन के केंद्रीय नेताओं की बात ध्यान से सुनी और तुरंत जिला एसपी से बात की. गृह मंत्री ने जिला पुलिस अधिकारी को मामले की दोबारा जांच कर जल्द रिपोर्ट भेजने का निर्देश दिया.
संघ ने गृह मंत्री से वाई.एस. रेड्डी के कार्यकाल के दौरान 2019-24 के बीच राज्य में मीडियाकर्मियों के खिलाफ दर्ज सभी झूठे मामलों को वापस लेने का भी अनुरोध किया है।
गृहमंत्री श्रीमती अनिता ने सकारात्मक प्रतिक्रिया दी और मामले को देखने और आवश्यक कार्रवाई करने का वादा किया। प्रतिनिधिमंडल का नेतृत्व कॉमरेड आई.वी. सुब्बाराव अध्यक्ष एपीयूडब्लूजे कर रहे हैं। प्रतिनिधिमंडल में कॉमरेड शिव येचुरी, अध्यक्ष, ए.पी.इलेक्ट्रॉनिक मीडिया जर्नलिस्ट एसोसिएशन, कृष्ण मोहन, यूनियन स्टेट ईसी सदस्य, सत्यनारायण, राम कृष्ण, प्रसन्न कुमार, विजय, सुरेंद्र, सचिवालय बीट के पत्रकार शामिल थे।
इस घटना की शुरुआत से स्टेट वर्किंग जर्नलिस्ट यूनियन छत्तीसगढ़ के अध्यक्ष पी सी रथ, महासचिव विरेंद्र कुमार शर्मा तथा सचिव सुधीर तम्बोली आज़ाद आंध्र प्रदेश की यूनियन पदाधिकारियों के संपर्क में थे तथा बस्तर के पत्रकारों पर लगाए गए झूठे आरोपों तथा प्रकरणों पर न्याय संगत निर्णय के लिए प्रयास कर रहे थे.
विधायक देवेंद्र यादव की जमानत याचिका खारिज, जानिए कोर्ट ने कितने दिनों की बढ़ाई न्यायिक रिमांड
रायपुर। बलौदाबाजार हिंसा मामले में गिरफ्तार भिलाई नगर विधायक देवेंद्र यादव की न्यायिक रिमांड को कोर्ट ने 7 दिनों के लिए बढ़ा दिया है. आज जिला सत्र न्यायालय बलौदाबाजार में जज अजय खाखा के समक्ष वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए सुनवाई हुई, जहां कोर्ट ने विधायक देवेंद्र की जमानत याचिका खारिज कर दी.
कोर्ट ने देवेंद्र यादव की न्यायिक रिमांड को 7 दिनों के लिए बढ़ा दिया है. अब वे 27 अगस्त तक न्यायिक हिरासत में जेल में बंद रहेंगे. सूत्रों की मानें तो भीम रेजीमेंट के एक बड़े पदाधिकारी के पुलिस को दिए बयान के आधार पर विधायक देवेंद्र यादव की गिरफ्तारी हुई है.
अबूझमाड़ की महिलाओं ने कलेक्टर को भेजी राखी, शाला भवन और आंगनबाड़ी के साथ मांगा पीने का पानी…
नारायणपुर। छत्तीसगढ़ के अबूझमाड़ कहे जाने वाले नारायणपुर जिला के ग्राम कुंडोली की महिलाओं ने इस रक्षाबंधन पर कलेक्टर को राखी के साथ पत्र भेजा है. पत्र में लिखा है कि “आप हमारे बड़े भैया से भी बढ़कर हैं.” उन्होंने इसके साथ विश्वास जताया है कि कलेक्टर महोदय उनकी राखी को स्वीकार कर सौगात के तौर पर गांव की बुनियादी समस्याओं का समाधान करेंगे.
गांव की मां अन्नपूर्णा महिला स्व-सहायता समूह की महिलाओं ने कलेक्टर विपिन मांझी को राखी के साथ भेजे पत्र में गांव की बुनियादी समस्याओं की ओर ध्यान आकर्षित किया है. आदिवासी महिलाओं ने बताया कि उनका गांव जिला मुख्यालय से काफी दूर स्थित है, और यहां तक पहुंचना बहुत कठिन है.
उन्होंने बताया कि गांव में पिछले 14 वर्षों से शाला भवन की कमी के कारण बच्चों को झोपड़ी में पढ़ाई करनी पड़ रही है. इसके अलावा गांव में पीने के पानी की भी गंभीर समस्या है, जिससे ग्रामीणों को कठिनाई का सामना करना पड़ता है. इसके साथ महिलाओं ने आंगनबाड़ी की सुविधा की भी मांग की है, जो कि बच्चों के पोषण और शिक्षा के लिए अति आवश्यक है.
बता दें कि कुंडोली गांव नक्सल प्रभावित और पहुंचविहीन इलाका है, जहां आज भी लोग बुनियादी सुविधाओं से वंचित हैं. रक्षाबंधन पर गांव की महिलाओं ने कलेक्टर को पत्र लिखकर अपने बेटे-बेटियों, याने कलेक्टर से अपने भांजे-भांजियों के लिए शाला भवन, पीने क पानी और आंगनबाड़ी की सुविधा की मांग की है. आदिवासी महिलाओं की यह अनोखी पहल क्या रंग लाती है, यह भविष्य के गर्भ में छिपा है.

24 को प्रदेशभर में कांग्रेस का प्रदर्शन : विधायक दल ने बनाई रणनीति, जेल पहुंचकर MLA देवेंद्र यादव से भी की मुलाकात
रायपुर। विधायक देवेंद्र यादव की गिरफ्तारी मामले को लेकर आज राजीव भवन में कांग्रेस विधायक दल की अहम बैठक हुई, जिसमें विधायक की गिरफ्तारी का बड़ा विरोध करने रणनीति बनाई गई. इस मामले को लेकर कांग्रेस 24 अगस्त को सभी जिला मुख्यालयों में प्रदर्शन करेगी. बैठक के बाद पूर्व सीएम भूपेश बघेल, नेता प्रतिपक्ष चरणदास महंत समेत अन्य विधायक केंद्रीय जेल पहुंचकर देवेंद्र यादव से मुलाकात की.
बिना शादी के जन्मे बेटे को जैविक पिता से मिला संपत्ति का अधिकार, 29 साल बाद हाईकोर्ट से मिला न्याय
दरअसल, सूरजपुर जिले में रहने वाले युवक ने अपने जैविक पिता से भरण पोषण व उनके सम्पति में हक दिलाने परिवार न्यायालय में परिवाद लगाया था. जहां सुनवाई के बाद मामला खारिज होने पर युवक ने हाई कोर्ट में अपील की. जिसमें कहा गया कि उसके जैविक पिता और मां पड़ोस में रहते थे, दोनों के प्रेम संबंध से उसकी मां गर्भवती हो गई। पिता ने गर्भपात कराने कहा, लेकिन मां ने इनकार करते हुए मामले की रिपोर्ट दर्ज कराई. जिसके बाद नवंबर 1995 को लड़के का जन्म हुआ. वह अपनी मां के साथ रहा. मां ने स्वयं और बच्चे के भरण पोषण के लिए परिवार न्यायालय में प्रकरण लगाया. परिवार न्यायालय ने संपत्ति के अधिकारों की घोषणा वैवाहिक पक्ष के दायरे में न होने के कारण इसे बनाए रखने योग्य नहीं माना था. इस निर्णय के खिलाफ उन्होंने हाईकोर्ट में अपील की.
इधर अप्रैल, 2017 में जब युवक बीमार पड़ गया. वित्तीय संकट के कारण वह जैविक पिता के घर गया और इलाज के लिए आर्थिक मदद मांगी तो उसने मना कर दिया. इससे नाराज होकर युवक ने पहले परिवार न्यायालय में सम्पत्ति का दावा पेश किया, जिसे पारिवारिक न्यायालय ने खारिज कर दिया, तो हाईकोर्ट में इसकी अपील की गई. जहां जस्टिस गौतम भादुड़ी और जस्टिस रजनी दुबे की डिवीजन बेंच में सुनवाई हुई. मामले की सुनवाई के बाद कोर्ट ने परिवार न्यायालय द्वारा दर्ज निष्कर्ष को खारिज कर दिया. हाईकोर्ट ने युवक को दोनों का वैध पुत्र घोषित किया. साथ ही उसे पिता से मिलने वाले सभी लाभों का हकदार घोषित किया है. अपीलकर्ता युवक का जन्म 1995 में हुआ था, वह करीब 29 वर्ष का है. युवक को लंबी लड़ाई के बाद हाईकोर्ट से उसका हक मिला है.
सरगुजा संभाग में आज गरज-चमक के साथ भारी बारिश का अलर्ट, अन्य संभागों में कमजोर हुआ मानसून
मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार, आगामी 5 दिनों में सरगुजा संभाग के अधिकतम जिलों में बारिश होगी. एक-दो स्थान पर गरज-चमक के साथ भारी बारिश की संभावना है. वहीं अन्य संभागों में मानसून कमजोर हो चुका है. रायपुर, बिलासपुर, बस्तर और दुर्ग संभागों के एक दो स्थानों पर गरज चमक के साथ हल्की वर्षा होने की संभावना है.
सोमवार को ऐसा रहा प्रदेश का मौसम

बीते दिन सोमवार को प्रदेश में मानसून सामान्य रहा. एक-दो स्थानों पर हल्की से मध्यम वर्षो दर्ज की गई. सरगुजा संभाग के बलरामपुर में भारी बारिश हुई. प्रदेश भर में सबसे अधिक बारिश बलरामपुर के कुसमी में 7 सेंटिमीटर दर्ज की गई.
वहीं प्रदेश का सर्वाधिक तापमान डोंगरगढ़ में 35.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया और प्रदेश का न्यूनतम तापमान सोनहत में 21. 01 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया.
शराब घोटाले के आरोपियों की याचिकाएं हाई कोर्ट ने की खारिज, दर्ज एफआईआर को दी गई थी चुनौती…
बिलासपुर। प्रदेश के बहुचर्चित शराब घोटाले में आरोपियों की याचिकाओं को हाई कोर्ट ने खारिज कर दिया है. हाई कोर्ट के चीफ जस्टिस रमेश कुमार सिन्हा के बेंच के फैसले से पूर्व आईएएस अनिल टुटेजा, अरुणपति त्रिपाठी, अनवर ढेबर व विधु गुप्ता सहित सभी आरोपियों की मुश्किलें बढ़ गई हैं.
बता दें, कि शराब घोटाले को लेकर एसीबी और ईओडब्ल्यू ने अनिल टुटेजा, उनके बेटे यश टुटेजा, अनवर ढेबर, विधु गुप्ता, निरंजन दास और एपी त्रिपाठी के खिलाफ एफआइआर दर्ज की है. इन सभी आरोपियों ने एसीबी और ईओडब्ल्यू की एफआईआर को हाई कोर्ट में चुनौती दी थी, जिसमें अपने खिलाफ की गई एफआइआर को निरस्त करने की मांग की थी.
आरोपियों ने हाई कोर्ट में अलग-अलग याचिका लगाई थी. इस मामले में बीते 10 जुलाई को सभी पक्षों को सुनने के बाद हाई कोर्ट ने फैसला सुरक्षित रखा था, जिसे मंगलवार को सार्वजनिक किया है. हाई कोर्ट के चीफ जस्टिस रमेश कुमार सिन्हा व जस्टिस रविंद्र अग्रवाल की डिवीजन बेंच ने सभी याचिकाओं को खारिज कर दिया है.
बहनों के आगमन से गुलजार हुआ मुख्यमंत्री निवास
रायपुर। छत्तीसगढ़ में रक्षाबंधन का पर्व इस बार खास बन गया, जब राज्य की महिलाओं ने मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के प्रति अपने स्नेह और सम्मान को एक अनूठे तरीके से व्यक्त किया। महिलाओं ने मुख्यमंत्री के लिए विशेष रूप से राखियां बांधी, जो न केवल भाईचारे का, बल्कि उनकी सुरक्षा और कल्याण के प्रति महिलाओं के गहरे विश्वास का भी प्रतीक हैं। रक्षा बंधन पर्व पर आज प्रदेशभर से मुख्यमंत्री विष्णु देव साय को राखी बांधने बड़ी संख्या में आई महिला बहनों से मुख्यमंत्री निवास गुलजार रहा।
महिलाओं की भावनाएं-
मुख्यमंत्री को राखी बांधने आई महिला समूह की सदस्यों ने कहा कि मुख्यमंत्री विष्णु देव साय की सरकार राज्य में महिलाओं के सशक्तिकरण और उनके अधिकारों की रक्षा के लिए लगातार काम कर रही हैं। उनके इस समर्पण को देखते हुए हमने सोचा कि इस रक्षाबंधन पर उनके प्रति अपनी भावनाओं को विशेष तरीके से व्यक्त किया जाए। राखी बांधना तो एक परंपरा है, लेकिन हमारे लिए यह एक संदेश देने का भी तरीका है कि हम उनके नेतृत्व पर विश्वास करते हैं और उन्हें अपना भाई मानते हैं। इसलिए महिलाओं ने मुख्यमंत्री का ‘थैंक यू विष्णु भैया‘ वाली राखी बांधकर आभार व्यक्त किया।
इस राखी के निर्माण में शामिल महिलाओं ने राखियां बनाकर यह संदेश दिया कि वे उनके द्वारा किए गए कार्यों की सराहना करती हैं और उन्हें अपने परिवार का हिस्सा मानती हैं।
मुख्यमंत्री की प्रतिक्रिया-
मुख्यमंत्री श्री साय ने महिलाओं की इस अनूठी पहल पर खुशी जताई और कहा कि यह मेरे लिए बड़े सम्मान की बात है। बहनों ने आज जो स्नेह दिया है, उससे अभिभूत हूं। उन्होंने कहा कि प्रदेश के सभी बहनों की उम्मीदों पर खरा उतरने लिए निरंतर कार्य करता रहूंगा। उन्होंने आगे कहा कि यह राखी केवल एक धागा ही नहीं, बल्कि उनके प्रति हमारे कर्तव्यों और जिम्मेदारियों की भी याद दिलाती है। मुख्यमंत्री निवास में आज रक्षा बंधन के अवसर पर विभिन्न क्षेत्रों में बड़ा मुकाम हासिल कर चुकी महिलाएं और बच्चियां पहुंची थी। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने महिलाओं से कहा कि आप सभी की उपलब्धियां हमें गौरवांन्वित करती है। आप सभी अपनी रूचि के अनुसार क्षेत्र चुने और उसमें आगे बढ़े।



सोशल मीडिया प्लेटफार्म एक्स पर पूरे दिन ट्रेंड करता रहा हमर-विष्णु-भैया
रायपुर। रक्षाबंधन के अवसर पर सोशल मीडिया प्लेटफार्म पर ‘हमर-विष्णु-भैया‘ दिनभर ट्रेंड करता रहा। बहनों ने महतारी वंदन, पीएम आवास योजना की स्वीकृति और अन्य जनकल्याणकारी योजनाओं के लिए मुख्यमंत्री विष्णु देव साय को धन्यवाद देते हुए ‘एक्स‘ पर पोस्ट किए और साय सरकार का आभार जताया।
महिलाओं ने मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के लिए बनाई विशेष राखी, दिया प्रेम, स्नेह और विश्वास का अनूठा संदेश
रायपुर। छत्तीसगढ़ में रक्षाबंधन का पर्व इस बार खास बन गया है, जब राज्य की महिलाओं ने मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के प्रति अपने स्नेह और सम्मान को एक अनूठे तरीके से व्यक्त किया। महिलाओं ने मुख्यमंत्री के लिए विशेष रूप से राखियां बनाई हैं, जो भाई और बहन के अटूट बंधन का प्रतीक है।
मुख्यमंत्री श्री साय, जिन्हें राज्य में महिलाओं के अधिकारों और उनकी सुरक्षा के प्रति समर्पित एक जननेता के रूप में जाना जाता है, उनके प्रति विशेष सम्मान ने रक्षाबंधन के इस पर्व को और भी महत्वपूर्ण बना दिया है।
महिलाओं की भावनाएं –
मुख्यमंत्री को राखी बांधने आई महिला समूह ने कहा, मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने राज्य में महिलाओं के सशक्तिकरण और उनके अधिकारों की रक्षा के लिए लगातार काम किया है। उनके इस समर्पण को देखते हुए हमने सोचा कि इस रक्षाबंधन पर उनके प्रति अपनी भावनाओं को एक विशेष तरीके से व्यक्त किया जाए। राखी बांधना तो एक परंपरा है, लेकिन हमारे लिए यह एक संदेश देने का भी तरीका है कि हम उनके नेतृत्व पर विश्वास करते हैं और उन्हें अपना भाई मानते हैं।
इस राखी को महिलाओं ने अपने हाथों से बनाया, जिसमें उनके प्यार, विश्वास और आस्था की झलक साफ दिखाई देती है। उन्होंने मुख्यमंत्री के नाम की राखियां बनाकर यह संदेश दिया कि वे उनके द्वारा किए गए कार्यों की सराहना करती हैं और उन्हें अपने परिवार का हिस्सा मानती हैं।
यह मेरे लिए बड़ा सम्मान: मुख्यमंत्री श्री साय
मुख्यमंत्री श्री साय ने इस अनूठी पहल पर खुशी जताई और कहा, यह मेरे लिए बड़े सम्मान की बात है कि राज्य की बहनें मुझे अपना भाई मानती हैं। मैं उनकी उम्मीदों पर खरा उतरने का प्रयास करूंगा और महिलाओं की सुरक्षा एवं सशक्तिकरण के लिए निरंतर काम करता रहूंगा। उन्होंने आगे कहा कि यह राखी न केवल एक धागा है, बल्कि यह उनके कर्तव्यों और जिम्मेदारियों की भी याद दिलाती है।

बीजापुर में बहनों ने रक्षाबंधन पर सुरक्षाबलों को बांधी राखी, भावुक हुए जवान
रायपुर। रक्षाबंधन का पर्व भाई-बहनों के प्रेम का प्रतीक है, जिसमें बहनें अपने भाइयों की कलाई पर राखी बांधती हैं और भाई उनकी रक्षा का संकल्प लेते हैं। यह पर्व सभी के लिए खास होता है, लेकिन माओवाद प्रभावित बीजापुर में तैनात सुरक्षाबलों के जवानों के लिए यह दिन विशेष रूप से भावुकता पूर्ण हो गया। जब बीजापुर के विभिन्न सुरक्षा कैंपों में जहां सीआरपीएफ और अन्य सुरक्षाबलों के जवान अपने कर्तव्य का पालन करते हुए तैनात हैं, वहां की स्थानीय बहनों ने आकर जवानों की कलाईयों में राखी बांधी। जवानों के लिए यह पल भावनाओं से भरा हुआ था। घर से दूर अपने कर्तव्यों का पालन करते हुए ये जवान अपने परिवार से नहीं मिल पाते हैं लेकिन बीजापुर की इन बहनों ने उनकी कलाईयों में राखी बांधकर उन्हें अपने परिवार की याद दिला दी।
महतारी वंदन योजना की लाभार्थी बहनों ने अपने-अपने घरों के नजदीकी सुरक्षा कैंपों में जाकर जवानों की कलाईयों में रक्षा सूत्र बांधा। सीआरपीएफ कैंप 299 बीजापुर, सीआरपीएफ 85 बटालियन नयापारा, चेरपल्ली, रेड्डी, गुटाई गुडा, भोपालपटनम और गंगालुर पिनकोण्डा जैसे विभिन्न कैंपों में रक्षाबंधन का पर्व हर्षोल्लास के साथ मनाया गया।
धनोरा कैंप में पदस्थ प्लाटून कमांडर रूपेश थामी ने कहा, “आज महिला बाल विकास विभाग की तरफ से बहनें रक्षा सूत्र बांधने आईं, जिससे हमें बहुत अच्छा लगा। हम देश के विभिन्न राज्यों से आकर यहां ड्यूटी करते हैं और घर नहीं जा पाते। इन बहनों ने हमारी परिवार की कमी को पूरा किया। हम बहुत भावुक हो गए और चाहते हैं कि हर साल बहनें इसी तरह आकर हमें राखी बांधें।”
महतारी वंदन योजना की हितग्राही बहन रानी तेलम, दामिन कुडियम और गीता मुचाकी ने जवानों को राखी बांधते हुए कहा, “हमें गर्व है कि हमारे भाई अपनी ड्यूटी पर तैनात होकर बीजापुर में अमन और शांति बनाए रखते हैं, जिससे हम बेफिक्र रहते हैं। हमने भी जवानों को राखी बांधकर अपना दायित्व निभाया और इस रक्षाबंधन का पर्व हमारे लिए बहुत खास रहा।”



उपमुख्यमंत्री विजय शर्मा सरोधा जल शुद्धिकरण संयंत्र का किया निरीक्षण, सुचारू संचालन के दिये निर्देश
रायपुर। उप मुख्यमंत्री और गृह मंत्री विजय शर्मा ने कबीरधाम प्रवास के दौरान सरोधा जल शुद्धिकरण संयंत्र का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने संयंत्र की कार्यप्रणाली, जल शुद्धिकरण की तकनीक और स्थानीय लोगों को मिलने वाले लाभों का जायजा लिया। श्री शर्मा ने अधिकारियों से संयंत्र की क्षमता और उसकी प्रभावशीलता के बारे में भी चर्चा की। उन्होंने कहा कि इस जल शुद्धिकरण संयंत्र से क्षेत्र के लोगों को स्वच्छ और सुरक्षित पेयजल लगातार मिलता रहेगा, जो उनके स्वास्थ्य और जीवनस्तर में सुधार लाएगा। उन्होंने जोर देकर कहा कि सरकार इस तरह की परियोजनाओं को प्राथमिकता दे रही है ताकि हर नागरिक को स्वच्छ जल की सुविधा उपलब्ध हो सके। उप मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि संयंत्र का संचालन सुचारू रूप से हो और इसमें किसी भी प्रकार की लापरवाही न हो।
उप मुख्यमंत्री विजय शर्मा ने आज जिला के ग्राम बड़ौदा खुर्द में स्थित जोगी गुफा का दौरा किया, जहां उन्होंने मां अन्नपूर्णा देवी मंदिर में पूजा-अर्चना कर प्रदेश के विकास और समृद्धि की कामना की। इस दौरान उन्होंने स्थानीय लोगों से मुलाकात की और उनकी समस्याओं और मांगों के बारे में जानकारी ली। उन्होंने आश्वासन दिया कि सरकार उनकी भलाई के लिए हर संभव प्रयास कर रही है और क्षेत्र के विकास को प्राथमिकता दी जाएगी। इसके अलावा उप मुख्यमंत्री ने ग्राम पोड़ी में भी लोगों से मुलाकात की और उनकी समस्याओं और मांगों को सुना।
उपमुख्यमंत्री विजय शर्मा ने बोड़ला नगर पंचायत में हिंदू संगम समिति द्वारा आयोजित रामनाथ संकीर्तन एवं शिवाभिषेक कार्यक्रम में भाग लिया। उन्होंने श्रद्धालुओं के साथ मिलकर भगवान शिव का अभिषेक किया और रामनाथ संकीर्तन का आनंद लिया। इस अवसर पर उप मुख्यमंत्री ने कहा कि भगवान शिव और श्री राम के प्रति आस्था हमारे जीवन में सच्चाई, नैतिकता और धर्म के मार्ग पर चलने की प्रेरणा देती है। उन्होंने सभी से धर्म और संस्कृति के प्रति समर्पित रहने का आग्रह किया और विश्वास जताया कि इस प्रकार के आयोजन समाज में सकारात्मक ऊर्जा का संचार करते रहेंगे।




