प्रदेश / छत्तीसगढ़
युवाओं को रोजगार से जोड़ने के लिए स्थानीय मांग के अनुरूप प्रशिक्षण दिलाएं: केदार कश्यप
रायपुर। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के मंशा के अनुरूप युवाओं को रोजगार से जोड़ने के लिए स्थानीय उद्योगों के मांग के अनुसार प्रशिक्षण दिया जाएगा। कौशल विकास मंत्री केदार कश्यप ने आज मंत्रालय महानदी भवन स्थित सभा कक्ष में छत्तीसगढ़ राज्य कौशल विकास प्राधिकरण एवं राज्य परियोजना लाईवलीहुड कॉलेज सोसायटी के अंतर्गत संचालित कौशल प्रशिक्षण की गतिविधियों की समीक्षा की।
मंत्री श्री कश्यप ने राज्य के युवाओं और महिलाओं को अधिक से अधिक रोजगारोन्मुखी प्रशिक्षण देकर उन्हें आजीविकामूलक गतिविधियों से जोड़ना है, ताकि वे आत्मनिर्भर बन सके। बैठक में कौशल विकास, तकनीकी शिक्षा एवं रोजगार विभाग के सचिव एस. भारतीदासन एवं छत्तीसगढ़ राज्य कौशल विकास प्राधिकरण के मुख्य कार्यपालन अधिकारी राजेश सिंह राणा सहित वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित थे।
मंत्री श्री कश्यप ने कहा कि प्रशिक्षित युवाओं को स्वयं का रोजगार स्थापित करने हेतु संभागवार बैंक में लंबित प्रकरणों की समीक्षा कलेक्टर स्तर पर किये जाने हेतु निर्देशित किया। उन्होंने बस्तर क्षेत्र में स्थानीय आवश्यकताओं जैसे बेलमेटल, बॉस शिल्प, टेराकोटा एवं इमली, लाख, हर्रा बहेरा, छिन्द, फुड प्रोसेसिंग इत्यादि कोर्स में तथा बाजार मांग के अनुरूप ट्रेडों का चिन्हांकन कर प्रशिक्षण देने के लिए उचित व्यवस्था करने के निर्देश दिए। उन्होंने युवाओं में सोशल मिडिया के प्रति रूचि एवं इस क्षेत्र में स्वरोजगार की संभावना को देखते हुए सोशल मिडिया से संबंधित कोर्स में संचालित करने को कहा।
मंत्री श्री कश्यप ने कहा कि नियद नेल्लानार योजना के अंतर्गत अधिक से अधिक युवाओं का सर्वे कर उनकी रूचि के अनुसार कौशल प्रशिक्षण जिला मुख्यालय अथवा उनके निवास स्थान के समीप प्रशिक्षण केन्द्र में प्रशिक्षण कराया जाए। उन्होंने प्रधानमंत्री जनमन योजना के अंतर्गत विशेष पिछ्डी जनजातियों के युवाओं को लाईवलीहुड कॉलेज द्वारा संचालित आजीविका विकास कार्यक्रम अथवा अन्य कौशल प्रशिक्षण योजनाओं के तहत प्रशिक्षण दिए जाने के निर्देश दिए। मंत्री श्री कश्यप ने बस्तर संभाग के जिलों में निर्माणाधीन छात्रावास को जल्द से जल्द गुणवत्तापूर्ण निर्माण सुनिश्चित कर प्रशिक्षण प्रारंभ कराए जाने के संबंध में आवश्यक कार्यवाही हेतु अधिकारियों को निर्देशित किया।
FIR से छेड़छाड़, थाना प्रभारी और प्रधान आरक्षक निलंबित, जानिए पूरा मामला…
बलरामपुर। छत्तीसगढ़ के बलरामपुर जिले में आईजी ने बड़ी कार्रवाई करते हुए रामानुजगंज थाना प्रभारी ललित यादव सहित एक प्रधान आरक्षक को निलंबित कर दिया है. केंद्रीय सहकारी बैंक में गड़बड़ी के मामले में दर्ज एफआईआर से छेड़छाड़ करने की शिकायत पर यह कार्रवाई की गई.
पुलिस अधीक्षक राजेश अग्रवाल ने बताया, बैंक में किसान क्रेडिट कार्ड के माध्यम से किसानों के नाम पर बैंक के कर्मचारियों ने 1 करोड़ 33 लाख की गड़बड़ी की थी. इस मामले में पुलिस पर मास्टर माइंड तत्कालीन बैंक मैनेजर को बचाने के आरोप लग रहे थे. इसकी शिकायत बैंक प्रबंधन ने आईजी से की थी. मामले की जांच के बाद आईजी ने कार्रवाई की है.
राज्यपाल रमेन डेका ने पूर्व प्रधानमंत्री भारत रत्न स्वर्गीय अटल बिहारी वाजपेयी की पुण्यतिथि पर उन्हें नमन किया
रायपुर। पूर्व प्रधानमंत्री भारत रत्न स्व. अटल बिहारी वाजपेयी जी की पुण्यतिथि पर आज राजभवन में राज्यपाल रमेन डेका ने उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की। राज्यपाल ने कहा कि वे विराट व्यक्तित्व, महान वक्ता और जननायक होने के साथ-साथ अजातशत्रु थे, जिनका सभी दलों के लोग आदर करते थे।
राज्यपाल ने 1978-79 में वाजपेयी जी के असम दौरे की भी स्मृतियां साझा की। राज्यपाल ने भारत को विश्व पटल पर स्थापित करने के लिए विजपेयी जी के योगदान का उल्लेख करतेे हुए कहा कि उन्होंने अंतर्राष्ट्रीय मंचों पर भारत का दृढ़ता से पक्ष रखा और देश का मान बढ़ाया।
राज्यपाल ने वाजपेयी जी के प्रधानमंत्री के कार्यकाल को अभूतपूर्व बतलाते हुए कहा कि उन्होंने पोखरण में परमाणु परीक्षण कर भारत को परमाणु शक्ति सम्पन्न देश घोषित किया। जिससे हमारा भारत एक सुदृढ़ वैश्विक शक्ति के रूप में स्थापित हुआ।
इस अवसर पर स्व. अटल बिहारी वाजपेयी को राज्यपाल के सचिव यशवंत कुमार, विधिक सलाहकार भीष्म प्रसाद पाण्डेय सहित राजभवन के अन्य अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने भी पुष्पाजंलि अर्पित की।
UP सड़क हादसे में छत्तीसगढ़ के तीन कांवड़ियों की मौत, 18 घायल, हादसे पर CM साय ने जताया दुख, घायलों के बेहतर इलाज के दिए निर्देश
रायपुर। उत्तरप्रदेश सड़क हादसे में छत्तीसगढ़ के तीन कांवड़ियों की मौत हो गई. वहीं 18 लोग घायल हुए हैं. इस हादसे पर सीएम विष्णुदेव साय ने दुख जताया है. सीएम ने एक्स पर लिखा है- ईश्वर से दिवंगत आत्माओं की शांति और घायलों के जल्द से जल्द स्वस्थ होने की प्रार्थना करता हूं. मृतकों के शवों की वापसी और घायलों के बेहरत इलाज के लिए अधिकारियों को निर्देशित किया गया है.
सीएम साय ने ट्वीट कर कहा, उत्तरप्रदेश के कौशाम्बी में हुए सड़क हादसे में जिला बलरामपुर, छत्तीसगढ़ के तीन कांवड़ियों की मृत्यु और 18 कांवड़ियों के घायल होने की दुखद खबर आ रही है. कौशाम्बी जिला प्रशासन ने घायल कांवड़ियों को त्वरित इलाज के लिए अस्पताल पहुंचाया है. बलरामपुर जिला प्रशासन को कौशाम्बी जिला प्रशासन से समन्वय स्थापित कर घायल कांवड़ियों के बेहतर इलाज और मृतकों के शवों की वापसी के लिए निर्देशित किया है।
आय से अधिक संपत्ति मामले में ACB-EOW की बड़ी छापेमारी, छत्तीसगढ़, राजस्थान और झारखंड के कुल 17 ठिकानों में एक साथ दबिश
रायपुर। छत्तीसगढ़ में आय से अधिक संपत्ति के मामले में एंटी करप्शन ब्यूरो/ईओडब्ल्यू ने बड़ी कार्रवाई की है. निलंबित आईएएस समीर बिश्नोई, रानू साहू और राज्य प्रशासनिक सेवा की अधिकारी सौम्या चौरसिया के ठिकानों पर छापेमार कार्रवाई की गई है. सूत्रों से मिली जानकारी के मुताबिक ईओडब्ल्यू की करीबन 17 से अधिक टीम छत्तीसगढ़, राजस्थान और झारखंड में अलग-अलग जगहों छापा मारी है. ईओडब्ल्यू की बड़ी टीम तीनों ही आरोपियों के आय से अधिक संपत्ति के प्रकरण पर जांच में जुटी हुई है. आरोपियो की करोड़ों की आय से अधिक संपत्ति के ठिकानों पर जांच पड़ताल की जा रही है.
एसीबी के उच्च पदस्त सूत्रों के मुताबिक आय से संपत्ति के मामले में प्रदेश के भिलाई, रायगढ़, कोरबा, झारखंड, राजस्थान, कर्नाटक और बैंगलोर में छापेमारी कर रही है. सूत्रों के मुताबिक आय से अधिक संपत्ति के मामले में ACB/EOW के 20 स्पेशल टीम तैयार की गई है. जिसमे छत्तीसगढ़ में 16 और अन्य प्रदेशों में 4 टीम कार्रवाई कर रही है. आरोपियो के ठिकानों से करोड़ों रुपयों से अधिक के संपत्ति की जानकारी सामने आई है. पूरे प्रदेश में स्वतंत्रता दिवस से दो दिन पूर्व ही ईओडब्ल्यू का प्लान छापेमारी के लिए तैयार हो चुका था.
निलंबित IAS समीर बिश्नोई के ससुराल में छापेमारी
सूत्रों के मुताबिक आय से अधिक संपत्ति के जांच में जानकारी मिली कि निलंबित आईएएस समीर बिश्नोई के आय से अधिक संपत्ति का कुछ हिस्सा ससुराल से जुड़ा है. जिसके बाद समीर बिश्नोई के राजस्थान अनूपगढ़ और हनुमानगढ़ स्थित ससुराल में छापेमारी की गई है. जब समीर बिश्नोई के ससुराल टीम पहुंची तो दसो एकड़ में फैली संपत्ति को देख हक्का-बक्का हो गई. सूत्र बताते है कि राजस्थान में समीर बिश्नोई की कई एकड़ जमीने और रूई, बर्फ की फैक्ट्रियों में इन्वेस्टमेंट किया है. फिलहाल ईओडब्ल्यू की बड़ी टीम समीर के ससुराल में कार्रवाई कर रही है. साथ ही राज्य प्रशासनिक सेवा की अधिकारी सौम्या चौरसिया के बैंगलोर स्थित घर पर छापेमारी जारी है और सौम्या चौरसिया के झारखंड स्थित ठिकानों पर रेड जारी है.
इतना ही नहीं प्रदेश में इन अधिकारियों के खास रहें कारोबारियों के ठिकानों पर भी छापेमारी की गई है. जिनका प्रत्यक्ष/अप्रत्यक्ष रूप से कोयला लेवी या फिर सौम्या चौरसिया, रानू साहू और समीर बिश्नोई के कारोबार से जुड़ाव था. इसीलिए टीम ने होटल कारोबारी, कोयला कारोबारी, ठेकेदार और जमीन कारोबारियों के ठिकानों पर कार्रवाई की है.
बता दें कि निलंबित IAS समीर बिश्नोई, रानू साहू और सौम्या चौरसिया पिछले दो साल से जेल में बंद हैं. छत्तीसगढ़ में कोयला लेवी के मामले में ईडी ने सबसे पहले आरोपियों के ठिकानों पर छापेमारी की थी. जिसके बाद समीर बिश्नोई, रानू और सौम्या तीनों की संलिप्तता पाई गई थी. कड़ी दर कड़ी जांच बढ़ते चली गई और आरोपियों के विरुद्ध ईओडब्ल्यू में भी कोयला और आय से आधिक संपत्ति का मामला दर्ज हो गया है.
बंगाल की घटना से अलर्ट हुआ छत्तीसगढ़ स्वास्थ्य विभाग, डॉक्टर्स और नर्स के लिए जारी करेगा टोल फ्री नंबर…
रायपुर। पश्चिम बंगाल में डॉक्टर के साथ हुए जघन्य अपराध के बाद छत्तीसगढ़ में भी स्वास्थ्य विभाग अलर्ट हो गया है. रात में काम करने वाले डॉक्टर और नर्स के लिए टोल फ्री नंबर जारी किया जाएगा.
स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल ने बताया कि बंगाल में दिवंगत डॉक्टर को हम श्रद्धा सुमन अर्पित करते हैं. इस घटना की मैं कड़ी निंदा करता हूं. इस घटना में दोषियों को फांसी की सजा होनी चाहिए. हम लोग जल्द ही नजदीकी पुलिस स्टेशन से कनेक्ट करके टोल फ्री नंबर जारी करेंगे, जिससे रात को काम करने वाले डॉक्टर और नर्स नजदीक पुलिस स्टेशन को तत्काल खबर कर सकेंगे.
स्वास्थ्य मंत्री ने कहा कि डॉक्टर धरती के भगवान होते हैं. डॉक्टर की सुरक्षा और सम्मान सबकी प्राथमिकता होनी चहिए. छत्तीसगढ़ में डॉक्टर और नर्सों से अभद्रता करने का कोई सोचेगा भी तो उसे कठोर दंड देंगे.
स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल ने किया एच.आई.वी./ एड्स के रोकथाम की जन-जागरूकता हेतु सघन प्रचार-प्रसार कार्यक्रम (आईईसी) का शुभारंभ
रायपुर। स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल ने रायपुर के कालीबाड़ी स्थित डी बी गर्ल्स कॉलेज में गहन आईईसी अभियान का शुभारंभ किया गया है। श्री जायसवाल ने मुख्य अतिथि के रूप में इस कार्यक्रम में शिरकत की और युवाओं से अपने साथियों और अपने समुदाय में जागरूकता का संदेश फैलाने का आग्रह किया। उन्होंने बताया कि राष्ट्रीय एड्स नियंत्रण संगठन (नाको) के सुझावों के अनुसार, राज्य भर में एचआईवी और यौन संचारित संक्रमणों के बारे में आम जनता विशेषकर युवाओं के ज्ञान के स्तर को बढ़ाने के लिए गहन आईईसी अभियान शुरू किया गया है। इस मौके पर श्री जायसवाल ने एड्स की रोकथाम हेतु जन जागरुकता रथ वाहन को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया।
कार्यक्रम का उद्देश्य युवाओं और महिलाओं को विशेष रूप से एचआईवी और एसटीआई के बारे में जागरूक करना तथा एच.आई.वी. / एड्स संक्रमितों के प्रति होने वाले भेदभावों को कम करना है ।
स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्रालय, भारत सरकार, राष्ट्रीय एड्स नियंत्रण संगठन (नाको) के माध्यम से राष्ट्रव्यापी एच.आई.वी./ एड्स के रोकथाम की जन-जागरूकता हेतु सघन प्रचार-प्रसार कार्यक्रम (आईईसी) आयोजित करने का निर्णय लिया गया है, जिससे शहरी तथा ग्रामीण नागरिकों एवं युवाओं को जागरूक किया जा सके ताकि एच.आई.वी./ एड्स संक्रमण पर नियंत्रण एवं रोकथाम किया जा सके ।
छत्तीसगढ़ में आज से राज्य स्तरीय एच.आई.वी/एड्स के रोकथाम हेतु सघन प्रचार-प्रसार कार्यक्रम शुरू किया गया, जो कि विशेषकर पांच जिलों रायपुर, दुर्ग, राजनांदगांव, बिलासपुर एवं सरगुजा के गांव-गांव में किया गया। इसके माध्यम से शहरी तथा ग्रामीण जन को जागरूक किया जा सकेगा ।
इसके लिए राज्य में कला दलों के माध्यम से विशेष कार्यक्रम, विभागीय कर्मचारियों, पीयर एजुकेटर, परामर्शदाताओं आदि के माध्यम से ग्राम स्तर पर परिचर्चा, उच्च शिक्षा विभाग के सहयोग से सभी कॉलेजों तथा हाई एवं हायर सेकेंडरी स्कूलों में जागरूकता कार्यक्रम एवं वाद-विवाद प्रतियोगिताएं,पंचायत एवं ग्रामीण विकास विभाग के माध्यम से ग्राम सभा में परिचर्चा, नगरीय प्रशासन विभाग के सहयोग से स्ट्रीट वेंडरों का संवेदीकरण तथा युवाओं तक पहुंचने के लिये एड्स नियंत्रण के सोशल मीडिया प्लेटफार्म, एस.एम.एस., दूरदर्शन, आकाशवाणी, एफ.एम. चैनलों, साईकिल बाईक रैली, युवाओं की रैली के माध्यम से प्रचार-प्रसार किया जाएगा।


मुख्यमंत्री ने वीरांगना अवंतीबाई की जयंती पर उन्हें किया नमन
रायपुर। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने वीरांगना रानी अवंतीबाई लोधी की 16 अगस्त को जयंती पर उन्हें नमन किया है। मुख्यमंत्री ने कहा है कि वीरांगना रानी अंवतीबाई लोधी ने 1857 के प्रथम स्वतंत्रता संग्राम में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। उन्होंने मातृभूमि की रक्षा के लिए अपने प्राण तक न्यौछावर कर दिए। रानी अंवतीबाई का जीवन अन्याय के विरुद्ध दृढ़ता से खड़े रहने का साहस देता है। उनकी देशभक्ति, शौर्य और बलिदान हमें हमेशा प्रेरित करता रहेगा।
एंटी करप्शन ब्यूरो की ठेकेदार के घर में दबिश, दस्तावेजों में तलाश रही भ्रष्टाचार के सबूत…
कोरबा। एंटी करप्शन ब्यूरो की कार्रवाई थमने का नाम नहीं ले रही है. एक तरफ जहां भिलाई में होटल व्यवसायी के होटल और घर में छापा मारा है, वहीं दूसरी ओर कोरबा और रायगढ़ में कारोबारियों के ठिकानों में आज दबिश दी है.
जानकारी के अनुसार, एसीबी की 10 सदस्यीय टीम ने दो वाहनों में कोरबा में ठेकेदार एमएस पटेल के घर दबिश दी. टीम की दस्तक से ही घर में हड़कप मच गया. घर के अंदर पहुंचने के साथ टीम ने दस्तावेजों की तलाश शुरू की. जैसे-जैसे दस्तावेज मिलते जा रहे हैं, उनकी पड़ताल करने में जुटी है.
ACB-EOW ने होटल व्यवसायी के ठिकानों पर मारा छापा, IAS-IPS अधिकारियों का है करीबी…
दुर्ग। एसीबी-ईओडब्ल्यू की टीम ने आज सुबह होटल व्यवसायी अनिल कुमार पाठक के भिलाई नेहरू नगर ईस्ट स्थित निवास और होटल में दबिश दी. व्यवसायी को आईएएस-आईपीएस अधिकारियों का करीबी माना जाता है.
जानकारी के अनुसार, आय से अधिक संपत्ति को लेकर मिली शिकायत के बाद एसीबी-ईओडब्ल्यू के 20 अधिकारियों की टीम आज सुबह अनिल कुमार पाठक के नेहरू नगर ईस्ट स्थित घर और होटल न्यू हैप्पी अवर्स इन में पहुंची. दोनों की जगहों पर टीम दस्तावेजों की छानबीन कर रही है.
मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने स्वदेशी मेला के ब्रोशर का किया विमोचन
रायपुर। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने आज यहाँ अपने निवास कार्यालय में छत्तीसगढ़ के विभिन्न जिलों में भारतीय विपणन विकास केंद्र द्वारा आयोजित होने वाले 'स्वदेशी मेला' की विवरणिका (ब्रोशर) का विमोचन किया। मुख्यमंत्री ने प्रतिनिधिमंडल को कार्यक्रम के आयोजन के लिए शुभकामनाएं दीं।
गौरतलब है कि प्रदर्शनी का आयोजन भारतीय विपणन विकास केंद्र (स्वदेशी जागरण फाउंडेशन की इकाई) द्वारा किया जाएगा। भारतीय विपणन विकास केंद्र के मेला प्रबंधक श्री सुब्रत चाकी ने बताया कि पिछले दो दशक से यह कार्यक्रम प्रतिवर्ष विभिन्न जिलों में आयोजित किया जा रहा है । उन्होंने बताया कि स्वदेशी मेला भारतीय उद्यमियों के लिए नए व्यावसायिक अवसर उपलब्ध करता है। यह मेला भारतीय उत्पादकों, ग्रामीण, कुटीर, निजी, सहकारी और सार्वजनिक क्षेत्रों के उपक्रमों के लिए लाभकारी व्यापार उपक्रम के रूप में उभरा है। जिससे इस कार्यक्रम की लोकप्रियता आमजन के बीच बढ़ती जा रही है। इस वर्ष यह स्वदेशी मेला कबीरधाम में 17 से 23 अक्टूबर, बिलासपुर में 15 से 21 नवम्बर, रायपुर में 27 दिसम्बर 2024 से 3 जनवरी 2025, राजनांदगांव में 7 फ़रवरी से 13 फरवरी 2025 व जगदलपुर में 2 मार्च से 9 मार्च 2025 तक आयोजन किया जाएगा।
इस अवसर पर डॉ. रामप्रताप सिंह, प्रान्त समन्वयक जगदीश पटेल, गोपाल कृष्ण अग्रवाल, प्रवीण मैशेरी, शीला शर्मा, युगबोध अग्रवाल, अमर बंसल, स्वदेशी मेला एवं भारतीय विपणन विकास केंद्र के प्रबंधक सुब्रत चाकी, अमरजीत सिंह छाबड़ा एवं अन्य स्वदेशी कार्यकर्ता उपस्थित थे।
मुख्यमंत्री ने पूर्व प्रधानमंत्री भारत रत्न स्वर्गीय अटल बिहारी वाजपेयी की पुण्यतिथि पर उन्हें नमन किया
रायपुर। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने आज यहां अपने निवास में पूर्व प्रधानमंत्री भारत रत्न श्रद्धेय स्वर्गीय अटल बिहारी वाजपेयी की पुण्यतिथि के अवसर पर उनके छायाचित्र पर माल्यार्पण कर उन्हें नमन किया। इस मौके पर डॉ. रामप्रताप सिंह भी मौजूद रहे।
मुख्यमंत्री श्री साय ने इस अवसर पर कहा कि श्रद्धेय स्वर्गीय श्री अटल जी हमारे राज्य निर्माता है। छत्तीसगढ़वासियों का उनसे विशेष लगाव है। उन्होंने इस भौगोलिक क्षेत्र को नए राज्य के रूप में आकर देकर प्रदेशवासियों की भावनाओं का सम्मान किया। वे बहुमुखी प्रतिभा के धनी थे। पत्रकार, कवि और राजनेता के रूप में उन्होंने अपनी अलग पहचान बनाई थी।
भारत के प्रधानमंत्री के रूप में हो या विदेश मंत्री के रूप में उन्होंने वैश्विक स्तर पर भारत का प्रतिनिधित्व करते हुए अमिट छाप छोड़ी है। उनके प्रधानमंत्री रहते हुए देश में अनेकों ऐसी योजनाएं लागू की गई, जिसने ग्रामीण भारत की तस्वीर बदल दी। श्रद्धेय स्वर्गीय श्री अटल जी भारत के हर एक नागरिक की स्मृतियों में है।
श्री साय ने कहा कि वे ऐसा राजनेता थे, जिन्हें दलगत राजनीति से ऊपर उठकर सभी का स्नेह मिला। अटल जी मां भारती की यश और प्रतिष्ठा के लिए आजीवन समर्पित रहे। मुख्यमंत्री ने कहा कि स्वर्गीय श्रद्धेय अटल जी के साथ मेरी अनेकों स्मृतियां हैं, जो मुझे हमेशा प्रेरित करती हैं। श्री साय ने कहा कि अटल जी युगपुरुष थे, उन्होंने सुशासन का मंत्र दिया और आज हम उसी रास्ते पर आगे बढ़ते हुए छत्तीसगढ़ का विकास सुनिश्चित कर रहे है।


महीने के दूसरे बुधवार को शहीद परिवारों की समस्याओं को सुनेंगे : उप मुख्यमंत्री विजय शर्मा
रायपुर। अमर जवान शहीद परिसर के माटा लोना हॉल में उपमुख्यमंत्री विजय शर्मा ने शहीद परिवारों को सम्बोधित करते हुए कहा कि आप सभी उन वीर सैनिकों के परिवार के सदस्य हैं जिन्होंने लोकतंत्र की रक्षा के लिए सर्वाेच्च बलिदान दिया है। देश की रक्षा के लिए किए गए आपके परिवार के इस त्याग और बलिदान को हम सभी बार-बार प्रणाम करते हैं।
आपका यह त्याग और बलिदान हम सभी के लिए प्रेरणा का स्रोत है। सरकार ने निर्णय लिया है कि हर महीने के दूसरे बुधवार को प्रत्येक रेंज के आईजी शहीद परिवारों की समस्याओं को सुनेंगे। इसके साथ ही, डीजीपी से भी उसी दिन वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से चर्चा की जा सकेगी।
सभी शहीद परिवारों का प्रमाण पत्र बनाया जाएगा, और जिन परिवारों को शिक्षा के लिए 25 हजार रुपये की राशि नहीं मिली है, उनका भी शीघ्र निराकरण किया जाएगा। सभी शहीदों के स्मारक बनाए जाएंगे, और इस दिशा में कार्य प्रारंभ हो चुका है। अनुकम्पा नियुक्ति और अन्य सुविधाओं को भी नियमित किया जा रहा है। आगे आने वाले समय में समूचा बस्तर शांत होगा और विकास की ऊंचाइयों को छूएगा, और इस विकास की नींव आपके परिवारों के योगदान पर आधारित होगी। इस अवसर पर विधायक विनायक गोयल, महापौर सफीरा साहू, कमिश्नर डोमन सिंह, आईजी सुंदरराज पी., कलेक्टर विजय दयाराम के., पुलिस अधीक्षक शलभ सिन्हा सहित अन्य गणमान्य जन उपस्थित थे।
उप मुख्यमंत्री शर्मा ने अमर वाटिका में अमर जवान स्मारक में पुष्प अर्पित कर शहीदों को श्रद्धांजलि अर्पित कर नमन किए। परिसर में नक्सल पीड़ित परिजनों से मुलाकात कर उनका कुशलक्षेम पूछा और उनको तिरंगा वितरण किया। परिसर में शहीद जवानों के नाम पट्टिका का अवलोकन करते हुए, परिजनों को पौध वितरण भी किए।
स्वतंत्रता दिवस पर राजभवन में आयोजित हुआ ‘स्वागत समारोह’
रायपुर। स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर आज शाम यहां राजभवन में स्वागत समारोह का आयोजन किया गया, जिसमें प्रदेश के विभिन्न क्षेत्रों की हस्तियां शामिल हुईं। राज्यपाल रमेन डेका ने सभी को स्वतंत्रता दिवस की शुभकामनाएं दी। राज्यपाल श्री डेका को मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने पुष्पगुच्छ भेंट कर स्वतंत्रता दिवस की हार्दिक बधाई और शुभकामनाएं दी। इस अवसर पर प्रथम महिला रानी डेका काकोटी उपस्थित थीं।
इस अवसर पर विधानसभा अध्यक्ष डॉ. रमन सिंह, वन एवं जलवायु परिवर्तन मंत्री केदार कश्यप, राजस्व, खेलकूद एवं युवा कल्याण, मंत्री टंकराम वर्मा, सांसद बृजमोहन अग्रवाल, सहित अन्य विधायकगण एवं जनप्रतिनिधिगण उपस्थित थे। समारोह में पद्मश्री पुरस्कार से सम्मानित मदन सिंह चौहान, शमशाद बेगम, डॉ. राधेश्याम बारले, उषा बारले, स्वामी जी.सी.डी भारती, अनुज शर्मा उपस्थित थे। स्वागत समारोह में शहीदों के परिजन, वीरता पुरस्कार से सम्मानित पुलिस के अधिकारी, विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट कार्य करने वाली हस्तियां, ब्रह्मकुमारी बहनें मौजूद थीं।
समारोह में छत्तीसगढ़ राज्य सूचना आयोग के आयुक्त एन.के. शुक्ला, छत्तीसगढ़ विधानसभा के पूर्व अध्यक्ष धरमलाल कौशिक, पूर्व आयुक्त राज्य निर्वाचन आयोग डॉ. सुशील त्रिवेदी, पूर्व मुख्य सचिव विवेक ढांढ, इतिहासकार डॉ. रमेन्द्रनाथ मिश्रा, मुख्य सचिव अमिताभ जैन, पुलिस महानिदेशक अशोक जुनेजा, अपर मुख्य सचिव रेणु पिल्ले, सुब्रत साहू, मनोज पिंगुआ, राज्यपाल के सचिव यशवंत कुमार, ,राज्यपाल के विधिक सलाहकार भीष्म प्रसाद पाण्डेय, राज्यपाल की संयुक्त सचिव हिना अनिमेष नेताम सहित वरिष्ठ प्रशासनिक अधिकारी, पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी, सेना के वरिष्ठ अधिकारीगण, विश्वविद्यालयों के कुलपति, मीडिया कर्मी एवं अन्य गणमान्य नागरिक उपस्थित थे।






मंत्री ओपी चौधरी ने मड़वा पावर प्लांट के श्रमिकों के लिए शहीद वीर नारायण सिंह श्रम अन्न योजना के तहत कैंटीन का किया वर्चुअली शुभारंभ
शहीद वीर नारायण सिंह श्रम अन्न योजना के तहत संचालित कैंटीन के माध्यम से निर्माणी, संगठित एवं असंगठित वर्ग के श्रमिकों को मात्र 5 रुपए में चावल, दाल, सब्जी, आचार या चटनी के साथ गरमा गरम ताजा भोजन उपलब्ध कराया जाएगा। उल्लेखनीय है की शहीद वीर नारायण सिंह श्रम अन्न योजना वर्ष 2017 से छत्तीसगढ़ में प्रारंभ होकर संचालित है। इस अवसर वर्चुअल माध्यम से मंत्री ओपी चौधरी ने मड़वा पावर प्लांट में कार्यरत श्रमिक सतीश कुमार एवं श्री रमेश कुर्रे से बात की। श्रमिक सतीश कुमार ने कहा कि शहीद वीर नारायण सिंह श्रम अन्न योजना बहुत ही अच्छी योजना है इस कैंटिंन में हमें कम कीमत पर ताजा भोजन मिलता प्राप्त होता है। इस अवसर पर जिला स्तरीय अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित थे।
नींव – एक स्वर्णिम भविष्य कीरू प्राथमिक कक्षा के विद्यार्थियों के लिए आकलन उपकरण तैयार
कार्यक्रम में जिले के प्राथमिक कक्षा के विद्यार्थियों के लिए नींव – एक स्वर्णिम भविष्य की कार्यक्रम की शुरूआत की गई इसके तहत शासकीय शालाओं के प्राथमिक श्रेणी में पढ़ने वाले बच्चों के अंदर हिंदी, अंग्रेजी एवं गणित का बुनियादी साक्षरता एवं संख्यात्मक ज्ञान वर्धन करने का प्रयास किया जाएगा। इसमें पहली बार अंग्रेजी को भी जोड़ा गया है। इसके तहत तीनों विषयों का आकलन उपकरण तैयार किया गया है। उत्कृष्ट जांजगीर-चांपा अभियान अंतर्गत शिक्षा में गुणात्मक सुधार एवं छ.ग. राज्य के मेरिट में जांजगीर-चांपा जिला का स्थान सुनिश्चित करने के लिए एवं बेहतर परिणाम के लिए कक्षा 10वीं और 12वीं के विद्यार्थियों का समग्र प्रगति पत्रक बनाया जाएगा। जिसमें छात्र-छात्राओं की उपस्थित, परीक्षा परिणाम एवं शिक्षा के स्तर की प्रगति की प्रतिमाह मॉनिटरिंग की जाएगी। वित्त मंत्री ने शिक्षा के क्षेत्र में बेहतर परिणाम के चलाए जा रहे इस अभियान की सराहना की।
आंगनबाड़ी बाल प्रगति पत्र –
जिले के सभी आंगनबाड़ी केन्द्रों में बच्चों का ‘‘बाल समग्र प्रगति पत्रक‘‘ तैयार किया गया है। यह कार्ड एक शिशु का आंगनबाड़ी में 3 से 6 साल तक की प्रगतियों को रिकॉर्ड करेगा। इसमें हर तिमाही में बच्चों का वजन और लंबाई नापी जाएगी। जिसके तहत बच्चों की आयुगत समृद्धि, कुपोषण की स्थिति नापी जाएगी। इसके अलावा यह आधारभूत शिक्षा एवं अन्य क्रियाकलापों का भी रिकॉर्ड रखेगा। इस रिकॉर्ड के माध्यम से अभिभावकों का हर तिमाही में दस्तखत लिया जाएगा जिसके तहत वह भी अपनी बच्ची की प्रगति के बारे में अपडेटेड रहे।
मेरा स्वच्छ विद्यालय मेरी जिम्मेदारी‘‘ हर शनिवार को होगा विशेष स्वच्छता अभियान
इस कार्यक्रम के तहत स्कूल के बच्चों के अंदर स्वच्छता के प्रति जागरूकता बढ़ाने का प्रयास किया जाएगा। इसके तहत प्रत्येक स्कूल में स्वच्छता नायक तथा स्वच्छता नायिका के रूप में विद्यार्थियों को अभिहित कर स्कूल परिसर को स्वच्छ एवं सुंदर बनाए रखने का प्रयत्न किया जाएगा। तथा इसके अलावा प्रत्येक शनिवार को स्वच्छता श्रमदान के तहत स्कूल को साफ़ रखा जाएगा। अच्छे प्रदर्शन करने वाले स्कूलों को आगामी 02 अक्टूबर को महात्मा गांधी जयंती पर पुरस्कार प्रदान किया जाएगा।
ग्रामो के सर्वागीण विकास के लिए ‘‘दस प्रयत्नम अभियान‘‘ प्रारंभ
गांव के सर्वांगीण विकास और स्वास्थ्य के लिए जिला प्रशासन द्वारा यूनिसेफ के सहयोग से चलो अपनाएं स्वास्थ्य व्यवहार समृद्ध बनेगा घर-द्वार की थीम पर ‘‘दस प्रयत्नम अभियान‘‘ की शुरूआत की गई है। जिसके अंतर्गत दस प्रमुख लक्ष्य सुपोषित जांजगीर-चांपा, शत-प्रतिशत संस्थागत प्रसव, एनीमिया मुक्त जांजगीर-चांपा, शत-प्रतिशत टीकाकरण, शत-प्रतिशत आयुष्मान कार्ड पंजीकरण, कुष्ठरोग मुक्त जांजगीर-चांपा, शत-प्रतिशत शिक्षित जांजगीर-चांपा, स्वस्थ एवं सुरक्षित किशोरावस्था, स्वच्छ जांजगीर-चांपा, महिला स्वसहायता समूहों का सामाजिक उत्थान में सक्रीय भागीदारी सुनिश्चित की जाएगी। कार्यक्रम के तहत जिला प्रशासन ने आम नागरिकों से संकल्प ले कर बदलाव की शुरुआत करने की है।
डिस्ट्रिक्ट लोगो लॉन्च
आज जिला लोगों को भी लॉन्च किया गया। जिसका उद्देश्य इस जिले की परंपरा, संस्कृति एवं मूल्यबोधों को सामने लाकर जिले की एक अलग पहचान बनाना है। कोसा, कांसा कंचन की नगरी जांजगीर चांपा के लोगो में इन तीनों का चित्रात्मक रूप में वर्णन है। इसके अलावा इस लोगो में प्रख्यात विष्णु मंदिर, पावर प्लांट, हसदेव नदी, शिवरीनारायण मंदिर, कोटमी सोनार मगरमच्छ उद्यान तथा धान का भी चित्रात्मक विवरण है।



स्वतंत्रता दिवस पर सुकमा में विधायक किरण देव ने किया ध्वजारोहण और परेड की ली सलामी
रायपुर। सुकमा जिले में देश की आजादी का अमृत महोत्सव पर 78वां स्वतंत्रता दिवस गरिमामय व हर्षोल्लासपूर्वक मनाया गया। स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर आज जिला मुख्यालय सुकमा के मिनी स्टेडियम में आयोजित स्वतंत्रता दिवस मुख्य समारोह में मुख्य अतिथि जगदलपुर विधानसभा क्षेत्र के विधायक किरण देव ने आन-बान और शान का प्रतीक राष्ट्रीय ध्वज तिरंगा फहराया और मुख्यमंत्री विष्णु देव साय की ओर से छत्तीसगढ़ के जनता के नाम संदेश का वाचन किया। श्री देव ने कलेक्टर हरिस. एस और पुलिस अधीक्षक किरण चव्हाण के साथ परेड की सलामी ली।
कार्यक्रम में सलामी के पश्चात मुख्य अतिथि ने शान्ति और प्रेम के प्रतीक सफेद कपोत और हर्ष व उल्लास के प्रतीक रंगीन गुब्बारे आसमान में छोड़े और सभी को स्वतंत्रता दिवस की शुभकामनांए दी। राष्ट्रगान की धुन पर तीन राउंड में हर्ष फायर किया गया। समारोह में परेड की टुकड़ियों द्वारा सधे हुए और कदम-ताल मिलाते हुए शानदार मार्च पास्ट किया गया, जो आकर्षण का केंद्र रहा। समारोह में मुख्य अतिथि किरण देव ने नक्सल हिंसा में शहीद हुए जिले के जवानों के बलिदान को याद करते हुए उनके परिजनों को शॉल और श्रीफल देकर सम्मानित किया।
स्वतंत्रता दिवस के कार्यक्रम में उत्कृष्ट परेड प्रदर्शन और सांस्कृतिक कार्यक्रम को सम्मानित किया गया। जिसमें परेड प्रदर्शन सीनियर विंग प्रथम स्थान सीआरपीएफ बटालियन, द्वितीय स्थान महिला पुलिस बल एवं तृतीय स्थान जिला पुलिस बल को मिला। परेड प्रदर्शन जुनियर विंग में प्रथम स्थान स्वामी आत्मानंद हिन्दी माध्यम उच्च्तर माध्यमिक विद्यालय सुकमा, द्वितीय स्थान शासकीय कन्या उच्चतर माध्यमिक विद्यालय सुकमा, तृतीय स्थान आईएमएसटी उच्चतर माध्यमिक विद्यालय सुकमा को मिला। साथ ही समारोह में परेड की टुकड़ियों को शील्ड प्रदान किया गया। गरिमामय स्वतंत्रता दिवस समारोह में स्कूली छात्र-छात्राओं ने आदिवासी संस्कृति और देश भक्ति पर शानदार प्रस्तुती दी। मुख्य अतिथि किरण देव ने प्रस्तुति दे रहे आकार दिव्यांग संस्था के बच्चों की कार्यक्रम की सरहाना कर उनसे रूबरू होकर परिचय लिया। सास्कृतिक कार्यक्रम में प्रथम स्थान आकार दिव्यांग आवासीय विद्यालय सुकमा, द्वितीय स्थान स्वामी आत्मानंद हिन्दी माध्यम उच्च्तर माध्यमिक विद्यालय सुकमा, तृतीय स्थान पोटाकेबिन बालाटिकरा छिंदगढ़ को मिला। साथ ही कन्या शिक्षा परिसर, सेजेस अंग्रेजी माध्यम स्कूल सुकमा, आर.एम.एस.ए, एकलव्य सुकमा और एकलव्य छिन्दगढ़ के 400 विद्यार्थियों ने पीटी का सामूहिक प्रदर्शन किया।
कार्यक्रम में बेहतर पुलिसिंग सेवा और जिला प्रशासन के अधीन विभिन्न विभागों में उत्कृष्ट सेवाओं के लिए 188 अधिकारियों-कर्मचारियों को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया। मुख्य समारोह में हरीश कवासी अध्यक्ष जिला पंचायत, जगन्नाथ साहू अध्यक्ष नगर पालिका परिषद सुकमा, आयती कलमू अध्यक्ष जनपद पंचायत सुकमा, सीईओ जिला पंचायत नम्रता जैन, डीएफओ अशोक कुमार पटेल, अपर कलेक्टर गजेन्द्र ठाकुर, एडिशनल एसपी नक्सल ऑपरेशन निखिल राखेजा, सहित स्थानीय जनप्रतिनिधि व वरिष्ठ प्रशासनिक अधिकारी मीडिया प्रतिनिधी, गणमान्य नागरिक, स्कूली बच्चे उपस्थित थे।



वित्त मंत्री ओपी चौधरी ने जांजगीर-चांपा कलेक्टोरेट में किया संवाद कॉल सेंटर का शुभारंभ
रायपुर। जांजगीर-चांपा जिले में आम नागरिकों की समस्याओं का त्वरित निराकरण होगा। जिले के प्रभारी एवं वित्त मंत्री ओपी चौधरी ने आज संवाद कॉल सेंटर का शुभारंभ किया। कलेक्टर आकाश छिकारा के पहल पर जिला प्रशासन द्वारा लोगों की समस्याएं सुनने और इसे दर्ज करने के लिए कलेक्टोरेट में संवाद कॉल सेंटर शुरू किया गया है। कामकाज के सिलसिले में सरकारी दफ्तर में आने वाले लोगों को बड़ी राहत मिलेगी। नागरिकों के शिकायत निवारण के लिए पूर्व में शुरू किए गए वॉट्सऐप चैट संवाद को विस्तार करते हुए एक कॉल सेंटर की स्थापना की गई है। इस नंबर 7970001634 पर जो नागरिक वॉट्सऐप प्रयोग नहीं करते हैं या पुरानी फ़ीचर के फ़ोन प्रयोग करते हैं, वे सोमवार से शुक्रवार तक कार्यालयीन समय सुबह 10 बजे से शाम 6 बजे के बीच में इस नंबर पर अपनी शिकायत या सुझाव या माँग को दर्ज करा सकते हैं। इस संवाद कॉल सेंटर का उद्देश्य बिना परेशानी एवं भागदौड़ के लोगों की समस्याओं का समाधान करना है। संवाद कॉल सेंटर से प्राप्त समस्याओं के निराकरण की लगातार मॉनिटरिंग भी की जाएगी। जिससे लोगों को तेजी से उनकी समस्याओं का समाधान मिल पायेगा। कलेक्टर आकाश छिकारा ने सभी अधिकारी-कर्मचारियों को चैटबॉट एवं संवाद कॉल सेंटर के माध्यम से प्राप्त शिकायतों का तय समय-सीमा में निराकरण करने के निर्देश दिये।
कामकाज के लिए कलेक्ट्रेट पहुंचने वाली शिशुवती माताओं को स्तनपान के लिए कलेक्ट्रेट परिसर में स्तनपान कक्ष बनाया गया है। वित्त मंत्री ओ पी चौधरी ने कलेक्टर आकाश छिकारा की उपस्थिति में स्तनपान कक्ष का अवलोकन किया। उन्होंने कहा कि मातृत्व और शिशु कल्याण स्वास्थ्य को प्राथमिकता देते कलेक्टोरेट परिसर में स्तनपान कक्ष स्थापित करते हुए एक नया कदम उठाया गया हैं।


