देखें लिस्ट –



रायपुर। ‘एक पेड़ मां के नाम’ महावृक्षारोपण अभियान के तहत आज उपमुख्यमंत्री श्री विजय शर्मा ने ठाकुर प्यारेलाल पंचायत एवं ग्रामीण विकास संस्थान, निमोरा रायपुर में नीम पौधा का रोपण किया। इस कार्यक्रम का उद्देश्य पर्यावरण जागरूकता बढ़ाने और हरित भविष्य की दिशा में कदम बढ़ाना था। वृक्षारोपण कार्यक्रम में निहारिका बारिक सिंह, सचिव राजेश सिंह राणा, संचालक प्रधानमंत्री आवास योजना ग्रामीण रजत बंसल और अन्य अधिकारियों एवं कर्मचारियों द्वारा विभिन्न प्रकार के फलदार एवं छायादार पौधे लगाए गए।
उल्लेखनीय है कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी द्वारा विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर ‘एक पेड़ मां के नाम’ महावृक्षारोपण अभियान का शुभारंभ किया गया है। इस अभियान के अंतर्गत देश में सितम्बर 2024 तक 80 करोड़ एवं मार्च 2025 तक 140 करोड़ पौधों के रोपण का लक्ष्य है। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के निर्देशन में ‘एक पेड़ मां के नाम’ महावृक्षारोपण अभियान के अंतर्गत छत्तीसगढ़ राज्य में लगभग 4 करोड़ पौधारोपण किए जाने का लक्ष्य है।

रायपुर। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के मार्गदर्शन में छत्तीसगढ़ राज्य में स्वतंत्रता दिवस के उपलक्ष्य में आयोजित हर घर तिरंगा अभियान के तहत 13 अगस्त को रायपुर के बूढ़ा तालाब स्थित इंडोर स्टेडियम में जोहार तिरंगा कार्यक्रम का आयोजन होगा। मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय की उपस्थिति में यह कार्यक्रम संध्या 6 बजे से शुरू होगा।
इस अवसर पर देश के जाने माने गायक कैलाश खेर एवं साथियों द्वारा संस्कृति एवं देशभक्ति पर आधारित गीतों की सुमधुर प्रस्तुति दी जाएगी।
जोहार तिरंगा कार्यक्रम के भव्य आयोजन को लेकर तैयारियां शुरू कर दी गई है। यह आयोजन छत्तीसगढ़ संस्कृति विभाग के विशेष सहयोग से किया जा रहा है। 'हर घर तिरंगा' अभियान के तहत आयोजित यह कार्यक्रम न केवल देशभक्ति की भावना को प्रोत्साहित करेगा बल्कि छत्तीसगढ़ की सांस्कृतिक धरोहर को भी उजागर करेगा।
बिलासपुर। सड़क दुर्घटना में मौत के बाद मृतक एसईसीएल कर्मचारी के पक्ष में फैसला सुनाया। हाईकोर्ट ने बीमा कंपनी को मृत कर्मचारी के परिवार को 1 करोड़ 10 लाख रुपए भुगतान करने का निर्देश दिया है।
तखतपुर के ग्राम खपरी का रहने वाला मृतक हरिराम राजवाड़े एसईसीएल के कुसमुंडा माइनिंग विभाग में पदस्थ गया था। 27 अक्टूबर 2022 को सुबह लगभग 5.30 बजे हरिराम अपनी बाइक से ड्यूटी के लिए कुसमुंडा जा रहा था। रास्ते में पंतोरा की ओर से आ रहे टैंकर सीजी-07, सीए-9468 के चालक ने लापरवाहीपूर्वक गाड़ी चलाते हुए उसे टक्कर मारी दी थी। इस हादसे में हरिराम की मौके पर मौत हो गई।
बलौदा पुलिस ने आरोपी टैंकर चालक के खिलाफ जुर्म दर्ज कर कार्रवाई की। इधर, मृतक की पत्नी व बेटियों ने आर्थिक क्षतिपूर्ति के लिए मोटर दावा अधिकरण के तहत परिवाद दायर किया। इसमें टैंकर चालक, मालिक व टैंकर का बीमा करने वाली द ओरिएंटल इंश्योरेंस कंपनी पुराना बस स्टैंड बिलासपुर को पक्षकार बनाया गया।
कोर्ट ने वाहन का बीमा करने वाली कंपनी को क्षतिपूर्ति मुआवजा देने का निर्देश दिया है। कोर्ट ने कहा है कि रिस्क कवर करने के लिए वाहन मालिक अगर समय पर प्रीमियम की राशि जमा कर रहे हैं, तो संबंधित बीमा कंपनी की जिम्मेदारी बनती है कि रिस्क कवर किया जाए।
रायपुर। खाद्य मंत्री दयाल दास बघेल ने आज बेमेतरा जिले के नगर पंचायत नवागढ़ के बस स्टैण्ड में छत्तीसगढ़ की प्रथम महिला सांसद ममतामयी मिनीमाता की पुण्यतिथि पर उनकी प्रतिमा पर माल्यार्पण कर उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की। कार्यक्रम सर्वोच्च गुरु असम दास जी गुरुगोसांई खपरीडीह खुर्द के सानिध्य में संपन्न हुआ।
खाद्य मंत्री श्री बघेल ने कार्यकम को सम्बोधित करते हुए कहा कि ममतामयी मिनी माता ने सतनामी समाज को आगे बढ़ाने के लिए विशेष प्रयास किया। समाज को भी संगठित होकर शिक्षा, स्वास्थ्य, और हर क्षेत्र में युवाओं को आगे बढ़ाने समाज को एकजुट होकर आर्थिक रूप से कमजोर वर्गों को उंचा उठाने के लिए प्रयास किया था । खाद्य मंत्री ने समाज के लोगों को छत्तीसगढ़ की जन कल्याणकारी योजनाओं का लाभ उठाने की बात कही। समाज द्वारा सतनाम भवन नवागढ़ से बस स्टैंड तक भव्य शोभायात्रा निकाली गई। कार्यकम में पद्म उषा बारले ने सांस्कृतिक कार्यक्रम की शानदार प्रस्तुति दी गई।
इस अवसर पर नगर पंचायत नवागढ़ के अध्यक्ष मंजूलता रात्रे , जिला पंचायत सदस्य अंजू बघेल नगर पंचायत मारो के अध्यक्ष धनलाल देशलहरे सहित अनेक जनप्रतिनिधि, जिला सतनामी सेवा समिति नवागढ़ के गणमान्य नागरिक उपस्थित थे।


रायपुर। उपमुख्यमंत्री विजय शर्मा की अध्यक्षता में आज ठाकुर प्यारेलाल पंचायत एवं ग्रामीण विकास संस्थान, निमोरा, रायपुर में छत्तीसगढ़ के सभी मुख्य कार्यपालन अधिकारी (सीईओ), जिला पंचायत की बैठक आयोजित की गई। बैठक में पंचायत एवं ग्रामीण विकास विभाग के अंतर्गत चल रहे कार्यों की जिलेवार गहन समीक्षा की गई। उपमुख्यमंत्री श्री शर्मा ने सभी सीईओ से कहा कि शासन की सभी योजनाएं धरातल पर दिखाई दें और निचले स्तर तक पहुंचे यह सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने जोर देकर कहा कि कोई भी पात्र हितग्राही योजनाओं के लाभ से वंचित न रहे। उपमुख्यमंत्री श्री शर्मा ने प्रत्येक जिले के स्वीकृत, पूर्ण और अपूर्ण आवासों की स्थिति की जानकारी ली और प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत आवास निर्माण कार्यों में तेजी लाने का निर्देश दिया। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिया कि कार्ययोजना बनाकर इन्हें समय-सीमा के भीतर पूर्ण किया जाए। उपमुख्यमंत्री श्री शर्मा ने कहा कि भविष्य में बड़ी संख्या में आवासों की स्वीकृति की संभावना है, इसके लिए पहले से तैयारी रखें। जहां आवास स्वीकृत हो रहे हैं, वहां मेंशन, मटेरियल सप्लायर, बैंक की उपलब्धता, सीएचसी और बैंक सखी की उपलब्धता की जानकारी पहले से सुनिश्चित करें। जहां ये सुविधाएं उपलब्ध नहीं हैं, वहां कार्ययोजना बनाकर काम शुरू करें। उपमुख्यमंत्री श्री शर्मा ने पीएम जनमन योजना के तहत आदिवासी बहुल क्षेत्रों में मूलभूत सुविधाओं सहित सभी प्रमुख योजनाओं का लाभ जनजातीय परिवारों तक पहुंचाने के निर्देश भी दिए। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री आवास योजना के लिए राशि की कोई कमी नहीं होगी, और सभी ग्राम पंचायतों में आवास स्वीकृत किए जा रहे हैं। इन आवासों को तेजी से पूर्ण करने के लिए कार्ययोजना बनाएं। बैठक में प्रमुख सचिव निहारिका बारिक सिंह, सचिव राजेश सिंह राणा, संयुक्त सचिव तारन प्रकाश सिन्हा, प्रधानमंत्री आवास योजना ग्रामीण के संचालक रजत बंसल, पंचायत निदेशक प्रियंका ऋषि महोबिया, राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन और राज्य स्वच्छ भारत मिशन की मिशन संचालक जयश्री जैन, तथा सभी जिलों के मुख्य कार्यपालन अधिकारी एवं अन्य वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित थे।
उपमुख्यमंत्री विजय शर्मा ने महात्मा गांधी राष्ट्रीय ग्रामीण रोजगार गारंटी योजना (मनरेगा) के तहत चल रहे कार्यों की भी समीक्षा की। उन्होंने मानव दिवस सृजन की उपलब्धि और लक्ष्य के विरुद्ध प्राप्त प्रगति की जानकारी ली। सिक्योर के तहत वर्ष 2023-24 एवं 2024-25 में स्वीकृत कार्यों और 266 अनुमेय कार्यों की समीक्षा की गई। उपमुख्यमंत्री ने 77वें स्वतंत्रता दिवस के उपलक्ष्य में प्रत्येक अमृत सरोवर स्थलों पर विशेष उत्सव आयोजित करने की तैयारी की जानकारी ली और सभी जिलों में इस कार्यक्रम को सफल बनाने के निर्देश दिए। उन्होंने एरिया ऑफिसर्स मॉनिटरिंग विजिट ऐप के माध्यम से निरीक्षण को शत-प्रतिशत पूर्ण करने के निर्देश भी दिए। समीक्षा के दौरान सामाजिक अंकेक्षण की प्रगति, निपटाए गए प्रकरणों एवं राशि वसूली, लोकपाल कार्यालय में दर्ज प्रकरणों पर पारित निर्णय और कार्रवाई रिपोर्ट की समीक्षा भी की गई। साथ ही समयबद्ध मजदूरी भुगतान और आधार आधारित भुगतान की प्रगति का भी मूल्यांकन किया गया। महात्मा गांधी नरेगा के अभिसरण से आंगनबाड़ी भवन निर्माण की भी समीक्षा की गई।
बैठक में छत्तीसगढ़ राज्य ग्रामीण आजीविका मिशन के तहत राज्य में कार्यरत बीसी सखियों, लखपति दीदी, स्व सहायता समूह की महिलाओं को न्यूनतम दर पर ऋण, जिले में लंबित अनुकम्पा नियुक्ति, ग्राम पंचायतों में कार्यरत ग्राम पंचायत सचिवों का अंशदायी पेंशन योजना के तहत मूल वेतन से 10 प्रतिशत राशि पोर्टल में जमा करने, जिला, जनपद एवं ग्राम पंचायत विकास योजना की प्रगति, और भारतनेट के माध्यम से इंटरनेट की उपलब्धता आदि कार्यों की भी समीक्षा की गई।




रायपुर। उद्योग मंत्री लखन लाल देवांगन के विशेष प्रयास से सोमवार से शासकीय स्कूलों में बच्चों को मिड डे मील से पहले पौष्टिक नाश्ता भी मिलने जा रहा है। इसकी शुरुआत सोमवार से होने जा रही है।
एनटीपीसी जमनीपाली स्थित शासकीय प्राथमिक और माध्यमिक शाला में आयोजित पोषण आहार नाश्ता के शुभारंभ कार्यक्रम में प्रदेश के वाणिज्य उद्योग और श्रम मंत्री लखन लाल देवांगन शामिल होंगे। पहले चरण में इस योजना का लाभ कोरबा विधानसभा और पोड़ी उपरोड़ा ब्लॉक में योजना की शुरुआत की जा रही है।
गौरतलब है कि नई राष्ट्रीय शिक्षा नीति में मिड डे मील के साथ सरकारी या सहायता प्राप्त स्कूलों में बच्चों को नाश्ता मुफ्त मुहैया कराने का प्रावधान रखने का भी प्रस्ताव है। इसके तहत स्कूली बच्चों को स्कूल पहुंचते ही पोषक तत्वों से भरपूर नाश्ता दिया जाना है। इसकी शुरूवात प्रदेश में कोरबा जिले से होने जा रही है। पिछले महीने मंत्री श्री देवांगन ने इस विषय में जिला प्रशासन को पत्र भी लिखा था। अब 40 हजार से अधिक बच्चों को इस योजना का लाभ मिलने जा रहा है। इस योजना की शुरूवात होने से स्कूल के बच्चों का मानसिक और शारीरिक विकास और भी तेजी से हो सकेगा।
पहले चरण में पोड़ी उपरोड़ा विकासखंड के 409 प्राथमिक और 141 पूर्व माध्यमिक विद्यालय, कोरबा विकासखंड के 71 प्राथमिक, 38 पूर्व माध्यमिक विद्यालय, कटघोरा विकासखंड के 45 प्राथमिक और 16 पूर्व माध्यमिक शाला में मिड डे मील से पहले पौष्टिक नाश्ता प्रदाय करने की योजना की शुरूवात हो रही है।
रायपुर। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के आज राजनांदगांव के नया बस स्टैण्ड स्थित सतनाम भवन में छत्तीसगढ़ की प्रथम महिला सांसद ममतामयी मिनीमाता की पुण्यतिथि पर उनकी प्रतिमा पर माल्यार्पण कर उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की। इस अवसर पर विधानसभा अध्यक्ष डॉ. रमन सिंह, सांसद संतोष पाण्डेय और विधायक गुरू खुशवंत साहेब सहित अनेक जनप्रतिनिधि, जिला सतनामी सेवा समिति राजनांदगांव के पदाधिकारी और गणमान्य नागरिक उपस्थित थे।

रायपुर। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय 12 अगस्त को शाम 7.30 बजे राजधानी रायपुर में केंद्रीय पर्यावरण, वन एवं जलवायु परिवर्तन मंत्री भूपेंद्र यादव के मुख्य आतिथ्य में आयोजित ‘‘विश्व हाथी दिवस‘‘ के कार्यक्रम में शामिल होंगे। हाथियों के संरक्षण एवं संवर्धन पर केंद्रित इस राष्ट्रीय स्तर के कार्यक्रम में वन एवं जलवायु परिवर्तन मंत्री केदार कश्यप, लोकसभा सांसद रायपुर बृजमोहन अग्रवाल और भारत सरकार के पर्यावरण, वन एवं जलवायु परिवर्तन मंत्रालय के वनमहानिदेशक एवं विशेष सचिव जितेन्द्र कुमार विशिष्ट अतिथि के रूप में उपस्थित रहेंगे। कार्यक्रम का आयोजन भारत सरकार के पर्यावरण, वन एवं जलवायु परिवर्तन मंत्रालय तथा वन एवं जलवायु परिवर्तन विभाग, छत्तीसगढ़ शासन के संयुक्त तत्वावधान में किया जा रहा है। इस कार्यक्रम का आयोजन रायपुर के कोर्टयार्ड मैरियट होटल में किया जाएगा।
रायपुर। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय आज राजनांदगांव के नया बस स्टैण्ड में आयोजित तिरंगा रैली में शामिल हुए। उन्होंने हरी झंडी दिखाकर तिरंगा रैली को रवाना किया।
गौरतलब है कि आजादी के अमृत महोत्सव के अंतर्गत 09 से 15 अगस्त तक स्वतंत्रता सप्ताह मनाया जा रहा है। जिसमें ‘हर घर तिरंगा’ कार्यक्रम का आयोजन किया जा रहा है। जिसके अंतर्गत सभी भारतीय नागरिकों को राष्ट्रीय ध्वज अपने घर पर फहराने के लिए प्रेरित किया जा रहा है। स्वतंत्रता सप्ताह के दौरान राज्य से लेकर जिला स्तर पर तिरंगा यात्राएं, तिरंगा रैलियां, तिरंगा दौड़ और मैराथन जैसे अनेक देश-भक्ति से जुड़े कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। इसी क्रम में आज राजनांदगांव में तिरंगा रैली का आयोजन किया गया।
इस अवसर पर विधानसभा अध्यक्ष डॉ. रमन सिंह, सांसद संतोष पाण्डेय और विधायक गुरू खुशवंत साहेब सहित अनेक जनप्रतिनिधि, जिला सतनामी सेवा समिति राजनांदगांव के पदाधिकारी और गणमान्य नागरिक उपस्थित थे।





रायपुर। बलौदाबाज़ार-भाटापारा जिला अस्पताल को एक बार पुनः राष्ट्रीय गुणवत्ता आश्वासन मानक प्रमाण पत्र जारी हुआ है । छत्तीसगढ़ के स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल ने अस्पताल को मिले इस उपलब्धि के लिए बधाई दी है। इस प्रमाण पत्र के लिए अस्पताल में दी जा रही सेवाओं का तीन दिवसीय परीक्षण राष्ट्रीय स्तर से आई जाँच टीम ने किया था। इस टीम में भुवनेश्वर से डॉ. सुब्रज्योति राव, लखनऊ से डॉ. रूपेंद्र कुमार और दिल्ली से ऋतु नायर सम्मिलित रहे जिन्होंने अस्पताल के 15 विभागों का बहुत ही बारीकी से निरीक्षण किया तथा मार्किंग की। परीक्षण के बाद अंतिम रूप से जिला अस्पताल उक्त मानकों पर खरा उतरा और प्रमाण पत्र जारी हुआ। राष्ट्रीय गुणवत्ता आश्वासन मानक प्रमाण पत्र जिसे एन. क्यू. ए. एस. भी कहा जाता है,अस्पतालों में दी जा रही सेवाओं की गुणवत्ता जाँचने की भारत सरकार के स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण विभाग द्वारा शुरू की गई मूल्यांकन व्यवस्था है। किसी संस्था को उक्त प्रमाण पत्र मिलना बेहतर होती सुविधा को प्रकट करता है।
जिला अस्पताल में इस एन. क्यू. ए. एस. के अंतर्गत परीक्षण के लिए 15 विभागों जैसे-आई पी डी,ओपीडी,आपातकाल, मैटरनिटी,लेबर,फार्मेसी,ब्लड बैंक, रेडियोलॉजी,लैब,ओटी,एस एन सी यू आदि के 8 क्षेत्रों की जाँच की गई। इनमें सर्विस व्यवस्था मरीज के अधिकार, इनपुट,सपोर्ट सर्विस,क्लीनिकल सर्विस संक्रमण नियंत्रण तथा आउटकम जैसे क्षेत्र शामिल हैं। जिला अस्पताल को एन क्यू ए एस के साथ-साथ लक्ष्य प्राप्ति का भी प्रमाण पत्र हासिल हुआ है जो मातृ और शिशु स्वास्थ्य हेतु निर्धारित है। सीएमएचओ के अनुसार निरीक्षण के लिए आई टीम ने अस्पताल के कुछ विभाग जैसे विशेष नवजात देखभाल इकाई (एस एन सी यू),पोषण पुनर्वास केंद्र (एन आर सी) एवं आपातकालीन को सबसे अधिक सराहा है।गौरतलब है की जिला अस्पताल को इससे पूर्व भी इस हेतु यह प्रमाण पत्र मिल चुका है। नया प्रमाण पत्र यह प्रकट करता है कि यहां गुणवत्तापूर्ण सेवाओं में निरंतरता जारी है।
रायपुर। छत्तीसगढ़ में तेंदूपत्ता को हरा सोना माना जाता है, जो वनांचल के संग्राहकों की अतिरिक्त आय का मुख्य जरिया है। गर्मी के दिनों में जब ग्रामीणों के पास न तो खेतों में काम होता है और न ही घर में कुछ काम, तब इसी तेंदूपत्ता यानी हरा सोना का संग्रहण उन्हें मेहनत एवं संग्रहण के आधार पर भरपूर पारिश्रमिक देता है। वनांचल में रहने वाले ग्रामीणों के लिये तेंदूपत्ता के प्रति मानक बोरा की दर में हुई वृद्धि भी खुशियां जगा दी है। प्रदेश के मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय द्वारा तेंदूपत्ता का प्रति मानक बोरा राशि 5500 रुपए किए जाने के बाद संग्राहकों में अपार खुशी है। वहीं तेंदूपत्ता संग्राहकों को तेंदूपत्ता पारिश्रमिक राशि स्थानीय स्तर पर बैंक सखियों के माध्यम से भुगतान होने के फलस्वरूप विशेषकर दूरस्थ ग्रामीण क्षेत्रों के संग्राहकों को बहुत सहूलियत हो रही है। बस्तर जिले के अंदरूनी ईलाके के संग्राहकों को तेंदूपत्ता पारिश्रमिक राशि का भुगतान बैंक मित्र और बैंक सखियों के माध्यम से किया जा रहा है। बस्तर में तेंदूपत्ता सीजन 2024 में संग्रहित तेंदूपत्ता का 36 हजार 229 संग्राहकों को 12 करोड़ 43 लाख 95 हजार 749 रुपए पारिश्रमिक राशि अपने गांव के बैंक मित्र एवं बैंक सखियों द्वारा भुगतान की गयी है।
बैंक मित्र पखनार रामो कुंजाम ने बताया कि वह ईलाके के 05 ग्राम पंचायतों के 250 से ज्यादा तेंदूपत्ता संग्राहकों को तेंदूपत्ता पारिश्रमिक राशि का भुगतान कर चुके हैं। वहीं लोहण्डीगुड़ा ब्लॉक के कस्तूरपाल के बैंक मित्र सामू कश्यप ने 50 से अधिक संग्राहकों तथा बस्तर विकासखण्ड के भानपुरी की बैंक सखी जमुना ठाकुर ने 56 से ज्यादा संग्राहकों को भुगतान किया है। वहीं बकावंड ब्लॉक के डिमरापाल की बैंक सखी तुलेश्वरी पटेल अब तक डिमरापाल एवं छिंदगांव के 90 से अधिक तेंदूपत्ता संग्राहकों को डेढ़ लाख रुपए से ज्यादा का भुगतान कर चुकी हैं।
जिले के 15 समितियों के तेंदूपत्ता संग्राहकों को बैंक सखियों ने किया भुगतान
वनमंडलाधिकारी एवं प्रबंध संचालक जिला सहकारी यूनियन जगदलपुर उत्तम गुप्ता ने बताया कि जिले के सभी 07 विकासखण्डों के अंतर्गत 15 प्राथमिक वनोपज सहकारी समितियों के कुल 36 हजार 229 संग्राहकों को 12 करोड़ 43 लाख 95 हजार 749 रुपए पारिश्रमिक राशि अपने गांव के बैंक मित्र एवं बैंक सखियों से भुगतान किया जा रहा है। जिसके तहत लोहण्डीगुड़ा ब्लॉक के 13 ग्राम पंचायतों के 1947 संग्राहकों को 79 लाख 47 हजार 665 रुपए, तोकापाल विकासखण्ड के एक ग्राम पंचायत के 76 संग्राहकों को 03 लाख 36 हजार 193 रुपए,बास्तानार ब्लॉक के 22 ग्राम पंचायतों के 1831 संग्राहकों को 79 लाख 69 हजार 995 रुपए,बस्तर विकासखण्ड के 65 ग्राम पंचायतों के 10 हजार 78 संग्राहकों को 02 करोड़ 68 लाख 72 हजार 736 रुपए, दरभा ब्लॉक के 21 ग्राम पंचायतों के 1782 संग्राहकों को एक करोड़ 37 लाख 71 हजार 934 रुपए तथा बकावंड विकासखण्ड के 86 ग्राम पंचायतों के 16 हजार 510 संग्राहकों को 05 करोड़ 45 लाख 47 हजार 614 रुपए पारिश्रमिक राशि का भुगतान स्थानीय बैंक सखियों द्वारा किया जा रहा है। जिससे जहां ग्रामीण संग्राहकों को भुगतान प्राप्त करने में सुविधा हुई,वहीं इन बैंक सखियों को भी अच्छी कमीशन राशि मिली।

रायपुर। मानसून सत्र के बाद दिल्ली से लौटे सांसद बृजमोहन अग्रवाल के निज आवास पर प्रति वर्ष की भांति सावन झूले का आयोजन किया गया। जिसमे परिवार के सदस्यों के साथ ही उनके पुराने मित्र अपने परिवार के साथ उपस्थित रहे, और सावन के गीतों के साथ ही झूले का आनंद लिया।
इस अवसर बृजमोहन अग्रवाल ने कहा कि, सावन का महीना हिंदू धर्म में विशेष धार्मिक और सांस्कृतिक महत्व रखता है। यह माह भगवान शिव की उपासना का विशेष समय है। जो भक्ति, ध्यान, और प्रकृति के प्रति प्रेम का प्रतीक है।
सावन का महीना वर्षा ऋतु का भी समय होता है, जो धरती की उर्वरता, हरियाली, और जीवन के पुनरुत्थान का प्रतीक है। यह पर्व सभी के जीवन मे खुशहाली लेकर आये। अच्छी बारिश हो,अन्नदाता किसानों के साथ ही सभी छत्तीसगढ़वासियों का जीवन खुशहाल हो यही भगवान भोले शंकर से प्रार्थना करते हैं।



रायपुर। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने छत्तीसगढ़ की प्रथम महिला सांसद मिनीमाता की 11 अगस्त को पुण्यतिथि पर उन्हें नमन किया है। मुख्यमंत्री ने कहा है कि मिनीमाता ने अपना पूरा जीवन मानव सेवा के लिए समर्पित कर दिया। उन्होंने दलितों के नागरिक अधिकारों के साथ बाल विवाह और दहेज प्रथा के विरोध में समाज से लेकर संसद तक अपनी आवाज उठाई। मिनीमाता मजदूरों के हितों और नारी शिक्षा के प्रति भी जागरुक और सहयोगी रहीं।
श्री साय ने कहा कि समाज एवं महिलाओं के उत्थान के क्षेत्र में उत्कृष्ट योगदान के लिए मिनीमाता के नाम पर राज्य सरकार द्वारा राज्य अलंकरण पुरस्कार भी प्रदान किया जाता है। उन्होंने कहा कि मिनीमाता का सेवाभावी व्यक्तित्व हम सभी को हमेशा प्रेरणा देता रहेगा।
रायपुर। राजधानी रायपुर में 12 अगस्त को विश्व हाथी दिवस के अवसर पर हाथियों के संरक्षण एवं संवर्धन पर केंद्रित राष्ट्रीय स्तर के विश्व हाथी दिवस कार्यक्रम का आयोजन किया जाएगा। यह कार्यक्रम भारत सरकार पर्यावरण, वन एवं जलवायु परिवर्तन मंत्रालय तथा वन एवं जलवायु परिवर्तन विभाग, छत्तीसगढ़ शासन के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित किया जाएगा। विश्व हाथी दिवस कार्यक्रम के मुख्य अतिथि केंद्रीय पर्यावरण, वन एवं जलवायु परिवर्तन मंत्री भूपेंद्र यादव होंगे। कार्यक्रम में मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय विशेष सम्मानित अतिथि तथा वन एवं जलवायु परिवर्तन मंत्री केदार कश्यप विशिष्ट अतिथि के रूप में हिस्सा लेंगे। साथ ही कार्यक्रम में विभिन्न राज्य से वन विभाग के वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहेंगे।
रायपुर। कलेक्टर बिलासपुर अविनाश शरण ने मटियारी के संकुल शैक्षिक समन्वयक हरनारायण सिंह गौतम प्राथमिक शाला मटियारी में पदस्थ शिक्षिका शारदा नारवानी एवं कुमारी मरियम बरवा को निलंबित करने के साथ ही स्कूल के स्वीपर लक्ष्मीनारायण सूर्यवंशी को सेवा से पृथक कर दिया है। कलेक्टर ने यह कार्रवाई बीते दिनों प्राथमिक शाला मटियारी में स्कूली छात्रा से बर्तन धुलवाने के मामले की शिकायत की जांच में प्रथम दृष्टया उक्त सभी को जवाबदार पाये जाने पर की है।
कलेक्टर ने इस मामले में मटियारी हाई स्कूल के प्रभारी प्राचार्य लक्ष्मी नारायण साहू, विकासखण्ड शिक्षा अधिकारी बिल्हा सुनीता ध्रुव एवं विकासखण्ड स्त्रोत समन्वयक देवी चन्द्राकर को भी कारण बताओ नोटिस जारी किया है। कलेक्टर ने इस मामले की प्राथमिक जांच के आधार पर मटियारी प्राथमिक शाला में पदस्थ प्रधान पाठक प्रताप सत्यर्थी एवं शेष पांच शिक्षक स्नेह लता भारद्वाज, सुपर्णा टेंगवर, रामलाल यादव, सरोज जायसवाल, सोनू यादव को बिल्हा विकासखण्ड से अन्य विकासखण्डों में शिक्षकविहीन अथवा एकल शिक्षकीय शाला में अध्यापन कार्य हेतु पदस्थ करने के निर्देश संयुक्त संचालक लोक शिक्षा बिलासपुर को दिए हैं। साथ ही शासकीय प्राथमिक शाला मटियारी में अन्य शालाओं से छह शिक्षकों की व्यवस्था अध्यापन हेतु की गई है।
उल्लेखनीय है कि प्रदेश के संवेदनशील मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने उपरोक्त घटना पर गहरी नाराजगी व्यक्त करते हुए कलेक्टर को संबंधितों के विरूद्ध कड़ी कार्रवाई करने के निर्देश दिए थे। मुख्यमंत्री श्री साय ने कहा है कि शिक्षा की गुणवत्ता में सुधार के लिए शासन निरंतर प्रयास कर रही है तथा स्कूल में अकादमिक एवं अन्य गतिविधियों के सुचारू संचालन में किसी भी प्रकार की लापरवाही अथवा उदासीनता बरते जाने पर संबंधितों के विरूद्ध कड़ी कार्रवाई की जाएगी।



रायपुर। वित्त मंत्री ओपी चौधरी आज रायगढ़ में साहू समाज द्वारा आयोजित प्रतिभा सम्मान समारोह एवं कैरियर मार्गदर्शन कार्यक्रम में शामिल हुए। यहां उन्होंने समाज के 84 प्रतिभावान बच्चों को शील्ड एवं प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया। वित्त मंत्री ओ.पी.चौधरी ने कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कहा कि दूरगामी सोच और रणनीति बनाकर पढ़ाई करें, जिससे बड़े-बड़े लक्ष्य की प्राप्ति हो सकती है। उन्होंने कहा कि केवल डिग्री हासिल करने के लिए पढ़ाई न करें। अपने भविष्य के स्पष्ट लक्ष्य एवं व्यक्तित्व के विकास में कामयाबी हासिल करने के लिए पढ़ाई करें। उन्होंने सभी बच्चों को कहा कि यह चार से पांच साल आपके लिए महत्वपूर्ण है। इसमें अच्छी तरह से पढ़ाई करें ताकि आपका भविष्य बन सके।
वित्त मंत्री ओपी चौधरी ने कहा कि आज के दौर में काफी प्रतिस्पर्धा का माहौल है, कभी निराश और हताश न होकर अपने प्लान ए के साथ-साथ प्लान बी एवं सी भी तैयार रखे। केवल सरकारी नौकरी के फेर में ही न रहे आप। आज भारत विकासशील से विकसित राष्ट्र की ओर अग्रसर हो रहा है। यहां अलग-अलग क्षेत्र में कैरियर के विभिन्न अवसर तैयार हो रहे है। आपको उस अवसर को प्राप्त करने के लिए तैयार होना होगा। इस दौरान उन्होंने सफल लोगों के संघर्ष की भी जानकारी साझा की।
मंत्री श्री चौधरी ने कहा कि आगामी माह में रायगढ़ में प्रयास आवासीय विद्यालय प्रारंभ हो जायेंगे। जिसमें बेहतर शिक्षा के साथ विद्यार्थी विभिन्न प्रतियोगी परीक्षाओं की निःशुल्क तैयारियां कर सकते है। इसी प्रकार प्रदेश में 22 नालंदा परिसर प्रारंभ किए जायेंगे, जिसमें रायगढ़ भी शामिल है। साथ ही हार्टीकल्चर कॉलेज की भी स्वीकृत हो चुका है। हम सब रायगढ़ के विकास के लिए कार्य कर रहे है, यह सब आप सभी के सहयोग से संभव हो पाया है। इस अवसर पर साहू समाज के पदाधिकारी, सीईओ जिला पंचायत जितेन्द्र यादव, सीएसपी आकाश शुक्ला सहित समाज के प्रतिभावान बच्चे एवं गणमान्य नागरिक शामिल थे।
कैरियर मार्गदर्शिका का किया वितरण
वित्त मंत्री ओ.पी.चौधरी ने उच्च शिक्षा, छात्रवृत्ति, शासकीय नौकरी के लिए आयोजित प्रतियोगी परीक्षाओं एवं शासन की छात्रोपयोगी योजनाओं से संबंधित कैरियर मार्गदर्शिका पुस्तक का वितरण किया। उन्होंने कहा कि कैरियर मार्गदर्शिका आपको उच्च शिक्षा से संबंधित जिज्ञासा का समाधान करने के साथ ही सामान्य ज्ञान को पूर्ण करने में सहायक होगी।


संपादक : देवेंद्र गुप्ता
Phone No. : 0771-4046268
Mobile No. : 9039010330
Email : ramraj1008.bharat@gmail.com
पता : सेक्टर -2, दीनदयाल उपाध्याय नगर,रायपुर छत्तीसगढ़ ।
सिटी ऑफिस "रामराज" - सेंट्रल स्कूल के पास, सेक्टर
4, दीनदयाल उपाध्याय नगर, रायपुर (छत्तीसगढ़)
Copyright © 2021-2026. Ram Raj | All Rights Reserved.